Author: Mithila Varnan

  • बोकारो के जयदीप दुनिया में जगाएंगे ओलंपिक शिक्षा की अलख, लुसान में IPCC के Global Member चुने गए

    बोकारो के जयदीप दुनिया में जगाएंगे ओलंपिक शिक्षा की अलख, लुसान में IPCC के Global Member चुने गए

    Bokaro: भारत के खेल जगत और ओलंपिक आंदोलन के लिए वैश्विक मंच से एक अत्यंत गौरवशाली और युगांतरकारी समाचार सामने आया है। खेल जगत की सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति’ (IOC) द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमुख वैश्विक संगठन इंटरनेशनल पियरे डी कुबर्तिन कमेटी (IPCC) के वार्षिक अधिवेशन-2026 में भारत के प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय खेल विशेषज्ञ, ओलंपिक एजुकेटर एवं भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम के पूर्व मुख्य कोच श्री जयदीप सरकार को सर्वसम्मति से IPCC का ‘वैश्विक सदस्य’ (Global Member) चुना गया है। स्विट्जरलैंड के लुसान में बीते 22 अगस्त को आयोजित इस उच्चस्तरीय वैश्विक अधिवेशन में विभिन्न नीतिगत विषयों पर गहन विचार-विमर्श के उपरांत वैश्विक स्तर पर ओलंपिक शिक्षा और ओलंपिक आंदोलन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारत को यह महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व सौंपा गया।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    यह ऐतिहासिक उपलब्धि ऐसे समय में हासिल हुई है जब भारत वैश्विक खेल परिदृश्य पर महाशक्ति बनने की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर है। केंद्र सरकार खेलों के समग्र विकास, आधुनिक अवसंरचना और एथलीटों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कदम उठा रही है, वहीं देश वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की सफल मेजबानी के ऐतिहासिक लक्ष्य को लेकर पूरी गंभीरता से जुटा है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय खेल नीति-निर्धारण के सर्वोच्च मंच पर भारत के विशेषज्ञ का चयन देश के खेल कूटनीति (Sports Diplomacy) और ओलंपिक मिशन को नई मजबूती प्रदान करेगा।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    मूल रूप से झारखंड से ताल्लुक रखने वाले बोकारो से निकले जयदीप सरकार वर्तमान में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बतौर मुख्य प्रशिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही वे भारत सरकार के ‘खेलो इंडिया मिशन’ द्वारा मान्यता प्राप्त झारखंड स्थित मोंगिया राष्ट्रीय वॉलीबॉल अकादमी, गिरिडीह के मानद महासचिव भी हैं। मुख्य कोच के रूप में उनके मार्गदर्शन में भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए रैंकिंग में 6 पायदानों की लंबी छलांग लगाई थी, जिसमें एशिया की दो दिग्गज टीमों— दक्षिण कोरिया और चीनी ताइपे पर लगातार मिली यादगार जीत शामिल है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    बोकारो को दिला चुके हैं भारत के पहले ग्लोबल एक्टिव पार्टनर सिटी का दर्जा

    ओलंपिक आंदोलन के सशक्तिकरण में श्री सरकार का योगदान पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा चुका है। वर्ष 2023 में उन्होंने ओलंपिक की जन्मस्थली एथेंस में आयोजित वैश्विक अधिवेशन में भारत का पक्ष अत्यंत प्रखरता से रखा था। इसके अतिरिक्त, झारखंड की इस्पात नगरी बोकारो को संयुक्त राष्ट्र (UN) एवं अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) समर्थित प्रतिष्ठित ‘ग्लोबल एक्टिव सिटी मिशन’ में देश का पहला पार्टनर सिटी (जो बाद में कैंडिडेट सिटी बनी) के रूप में वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने का मुख्य श्रेय भी लीड ऑफिसर के रूप में जयदीप सरकार को ही जाता है। उनके इस चयन पर देश-विदेश के खेल प्रेमियों, प्रशासकों और खेल संघों ने अपार हर्ष व्यक्त करते हुए इसे भारतीय खेल विमर्श की एक बड़ी जीत बताया है।

    • Varnan Live Report.
  • झारखंड के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले ‘सेल’ अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार पांडा

    झारखंड के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले ‘सेल’ अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार पांडा

    संवाददाता
    रांची | झारखंड में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और राज्य के विकास को नई ऊंचाई पर ले जाने के उद्देश्य से गुरुवार को राजधानी रांची में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. अशोक कुमार पांडा ने औपचारिक मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय शिष्टाचार भेंट को राज्य के औद्योगिक परिदृश्य और सार्वजनिक उपक्रमों के साथ बेहतर समन्वय के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।

    इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान राज्य प्रशासन और ‘सेल’ प्रबंधन के कई शीर्ष अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार के साथ-साथ बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के निदेशक-प्रभारी प्रिय रंजन और ‘सेल’ खनन प्रभाग के अधिशाषी निदेशक वी. मानवटी भी उपस्थित रहे।

    झारखंड और ‘सेल’ का गहरा रहा है नाता

    स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड और झारखंड का संबंध दशकों पुराना और अटूट रहा है। बोकारो स्टील प्लांट समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में फैली ‘सेल’ की खदानें झारखंड की अर्थव्यवस्था, औद्योगीकरण और स्थानीय रोजगार में रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य करती हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री और ‘सेल’ अध्यक्ष की यह मुलाकात भविष्य में औद्योगिक परियोजनाओं को सुगमता से आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।

    माना जा रहा है कि इस संवाद से राज्य में खनन गतिविधियों में तेजी आएगी, बोकारो स्टील प्लांट के विस्तार को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर बुनियादी ढांचे व जन-कल्याणकारी कार्यों में तेजी देखने को मिलेगी।

    – Varnan Live Report

  • गुरु पूर्णिमा पर सद्गुरुदेव श्रीमाली ने दिया सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का संदेश, कहा- अब युद्ध तलवारों से नहीं, विचारों से लड़े जाएंगे

    गुरु पूर्णिमा पर सद्गुरुदेव श्रीमाली ने दिया सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का संदेश, कहा- अब युद्ध तलवारों से नहीं, विचारों से लड़े जाएंगे

    रामलला की नगरी अयोध्या में गूंजे ‘जय श्री राम’ और ‘जय गुरुदेव’ के जयकारे, पारमेष्ठि गुरु शक्ति पूर्णिमा महोत्सव में उमड़ा आस्था का महासैलाब

    अयोध्या से विजय कुमार झा
    निखिल मंत्र विज्ञान (अंतरराष्ट्रीय सिद्धाश्रम साधक परिवार) की ओर से रामलला की पवित्र और पावन नगरी अयोध्या के कारसेवकपुरम में जानकी घाट के समीप आयोजित द्विदिवसीय पारमेष्ठि गुरु शक्ति पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन आध्यात्मिक चेतना और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। पूरा परिसर ‘जय श्री राम’, ‘जय गुरुदेव’, ‘जय निखिल’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा। देश-विदेश के कोने-कोने से पधारे हजारों-हजार साधक-साधिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को अलौकिक बना दिया। बुधवार देर रात तक चले इस शिविर में जहां साधना संपन्न कराई गईं, वहीं सद्गुरुदेव श्री नंदकिशोर श्रीमाली जी महाराज ने साधकों को दिव्य गुरुदीक्षा एवं शक्तिपात दीक्षाएं भी प्रदान कीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नए श्रद्धालु निखिल परिवार के सदस्य बने।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    30 पीढ़ियों का धैर्य और शौर्य है राम मंदिर: सद्गुरुदेव नंदकिशोर

    परमहंस स्वामी निखिलेश्वरानंदजी महाराज (डॉ.नारायण दत्त श्रीमाली) एवं वंदनीया माता भगवती की दिव्यतम छत्रछाया में आयोजित इस शिविर में सद्गुरुदेव ने भगवान श्रीराम, गुरु-तत्व और रामलला की नगरी अयोध्या की महिमा का बखान किया। सद्गुरुदेव श्री श्रीमाली ने कारसेवकपुरम की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का स्मरण कराया।

    उन्होंने कहा कि आज हम जिस पावन भूमि पर बैठकर साधना और दर्शन का सौभाग्य प्राप्त कर रहे हैं, वह 500 वर्षों के अनवरत संघर्ष और लगभग 30 पीढ़ियों के अतुलनीय शौर्य तथा धैर्य का परिणाम है। उन्होंने चंपत राय के साथ हुई वार्ता का उल्लेख करते हुए बताया कि 92-93 में मात्र नाममात्र के मूल्य पर खरीदी गई इस भूमि से शुरू हुआ शिला-तराशने का कार्य और तीन दशकों की कानूनी लड़ाई के बाद आज भव्य राम मंदिर के रूप में साकार हुआ है। यह दृढ़ विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। सद्गुरुदेव ने सचेत करते हुए कहा कि राम मंदिर का निर्माण पूर्ण विजय नहीं है। असली चुनौती अब शुरू होती है। अब युद्ध तलवारों, भालों या बंदूकों से नहीं, बल्कि विचारों से लड़े जाएंगे। हमारी पीढ़ी का परम कर्तव्य है कि वह विचारों के इस संग्राम में सनातन संस्कृति की ध्वजा को पूरे आर्यावर्त में पुनः मजबूती से स्थापित करे। 1600-1700 ईस्वी में विश्व की जीडीपी का 35 प्रतिशत हिस्सा भारत का था, क्योंकि हमारा साम्राज्य धर्म और ‘सर्वजन हिताय’ के भाव पर टिका था। हमें उसी रामराज्य की भावना को पुनः स्थापित करना है।

    दुखों से न झुकने वाली समर्थता देना ही गुरु का कार्य

    गुरु तत्व की गूढ़ व्याख्या करते हुए सद्गुरुदेव ने स्पष्ट किया कि गुरु का कार्य केवल व्यावहारिक सलाह देना या समस्याओं को तात्कालिक रूप से हल करना नहीं है। गुरु का वास्तविक कार्य शिष्य को इतना आत्म-समर्थ बनाना है कि जीवन का कोई भी दुख या संकट उसे डिगा न सके, झुका न सके। उन्होंने अन्नमय कोष से आनंदमय कोष की यात्रा का वर्णन करते हुए कहा कि संसार का सामान्य मनुष्य बाहरी आवरणों, वस्त्रों और भौतिक सुख-सुविधाओं में उलझा रहता है। सुख केवल भौतिक संसाधनों का नाम है, जबकि आनंद अंतर्मन का वह खजाना है जिसका बाह्य परिस्थितियों से कोई लेना-देना नहीं होता। गुरु शिष्य के प्राणों के माध्यम से उसके मन में प्रवेश करते हैं और अज्ञान के अंधकार को मिटाकर ज्ञान की ज्योति प्रज्वलित करते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के कथनों को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे पैर से कोई खड़ा नहीं होता। गुरु शिष्य को बड़ा पद देने नहीं, बल्कि उसका मन बड़ा करने आते हैं, क्योंकि बड़ा मन ही क्षमा, प्रेम, बड़े निर्णय और लक्ष्य-सिद्धि प्राप्त कर सकता है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    बुद्धि, विवेक और निष्काम समर्पण के साक्षात प्रतीक हैं श्री हनुमान

    रामकथा और हनुमान जी के प्रसंगों का सुंदर समन्वय करते हुए सद्गुरुदेव ने कहा कि हनुमान जी केवल शारीरिक बल के धाम नहीं थे, बल्कि वे तर्क, विचार और परम बुद्धि के स्वामी थे। जब लंका से लौटने पर श्री राम ने सीता जी के कुशल-क्षेम के विषय में पूछा, तो हनुमान जी ने अपनी चतुर वाणी में कहा—

    नाम पहरू दिवस निसि ध्यान तुम्हारा कपाट।
    लोचन निज पद जंत्रित जाहिं प्राण केहि बाट।।

    अर्थात, आपके नाम का पहरा और आपके ध्यान का किवाड़ इतना सुदृढ़ है कि माता सीता के प्राण बाहर निकल ही नहीं सकते। हनुमान जी ने बातों-बातों में प्रभु राम को बोध कराया कि अपने अनन्य भक्तों की रक्षा की जिम्मेदारी स्वयं भगवान की होती है। उन्होंने रावण वध के प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे हनुमान जी ने अपनी विलक्षण बुद्धि के बल पर रावण के महल से ही उसका ब्रह्मास्त्र हासिल कर प्रभु राम को सौंपा। बल से सदैव बुद्धि बड़ी होती है और बुद्धि मन के शुभ भावों से जागृत होती है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    दृष्टिकोण का परिवर्तन ही जीवन का असली आनंद

    सद्गुरुदेव ने एक दृष्टांत के माध्यम से समझाया कि समस्या पैसों या परिस्थितियों की नहीं, बल्कि हमारी दृष्टि की होती है। जो हमारे पास उपलब्ध है, हम उसका आनंद लेने के बजाय अप्राप्त के पीछे भागते रहते हैं। प्रतिदिन प्रातः उठते ही अपनी श्वासों, अपने शरीर और जीवन के प्रति ईश्वर का कृतज्ञता ज्ञापन करना ही आनंद प्राप्ति का सबसे सरल मार्ग है। उन्होंने बीती बातों को बिसारकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 10-20 साल पुराने मुकदमों और कड़वी यादों को भूलकर आज से ही दोगुनी गति से जीवन की नई शुरुआत करनी चाहिए।

    जीवन एक अनवरत संग्राम है, रण से भागना अज्ञानता है

    सद्गुरुदेव ने साधकों को कर्मयोगी बनने का आह्वान किया। उन्होंने प्रेरक काव्य पंक्तियों के माध्यम से जीवन के यथार्थ को प्रकट किया –

    युद्ध नहीं जिनके जीवन में, वे भी बहुत अभागे होंगे।
    या तो प्रण को तोड़ा होगा, या फिर रण से भागे होंगे॥
    दीपक का कुछ अर्थ नहीं, जब तक वह तम से न लड़ेगा।
    दिनकर नहीं प्रभा बांटेगा, जब तक वह स्वयं न धधकेगा॥

    उन्होंने स्पष्ट किया कि महाभारत में पांडवों ने 13 वर्षों की प्रताड़ना के बाद केवल 5 गाँव माँगे थे, परंतु जब न्याय नहीं मिला तो 18 दिनों के कुरुक्षेत्र युद्ध में पूरी समस्या का समाधान कर धर्म साम्राज्य की स्थापना की गई। राजा हरिश्चंद्र, श्री राम, माता सीता और महाराणा प्रताप से लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज तक सभी को अपने जीवन में संघर्ष का संग्राम स्वयं लड़ना पड़ा।सद्गुरुदेव ने आगे कहा कि जीवन में संघर्ष अनिवार्य है, परंतु साधक कभी अकेला नहीं होता; गुरु की सूक्ष्म चेतना और दिव्य आशीर्वाद हर संग्राम में उसके साथ रहता है। पराजय के भय से कर्मपथ को छोड़ना कायरता है। महोत्सव का समापन गुरु आरती, महाप्रसाद वितरण और सद्गुरुदेव जी के दिव्य आशीर्वाद के साथ हुआ। शिविर के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक महेंद्र मानकर एवं उनकी मंडली के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर संपूर्ण वातावरण को आनंदमय और गुरुमय बना दिया। मंच का कुशल संचालन मनोज भारद्वाज ने किया।

    • Varnan Live Report.

  • मौसीबाड़ी से घर लौटे भगवान जगन्नाथ, लेकिन 2 दिनों तक मंदिर में नहीं मिलेगी ‘एंट्री’, जानिए क्यों

    मौसीबाड़ी से घर लौटे भगवान जगन्नाथ, लेकिन 2 दिनों तक मंदिर में नहीं मिलेगी ‘एंट्री’, जानिए क्यों

    दो दिन बाहर रहने की है खास मान्यता, बोकारो में बाहुड़ा यात्रा की रही धूम

    संवाददाता
    बोकारो।
    बोकारो इस्पात नगर में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भ्राता बलभद्र की प्रसिद्ध बाहुड़ा यात्रा (वापसी रथयात्रा) अत्यंत भव्य, गरिमामय और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। पूरा नगर ‘जय जगन्नाथ’, ‘हरे कृष्णा’, ‘हरि बोल’ और शंखध्वनि के गूंजते जयकारों से सराबोर हो उठा। वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रभु की पवित्र देव प्रतिमाओं को जगन्नाथ मंदिर प्रांगण से लाकर नयनभिराम सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया। प्राचीन सनातनी परंपरा का निर्वहन करते हुए अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ने रथ की सफाई की पवित्र रस्म ‘छेरा-पन्हारा’ पूरी निष्ठा के साथ संपन्न की। इस अलौकिक क्षण के साक्षी बनने के लिए बोकारो महिला समिति की सदस्याएं, वरिष्ठ अधिकारी और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। जनवृत्त-1 स्थित ऐतिहासिक राम मंदिर परिसर से शुरू होकर पत्थरकट्टा चौक, गांधी चौक और बीजीएच मार्ग होते हुए यह विशाल रथयात्रा वापस जगन्नाथ मंदिर पहुंची, जहां भक्तों ने प्रभु के रथ की रस्सियों को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    रथ के वापस मंदिर पहुंचने के बाद भी भक्तों के मन में सबसे बड़ा कौतूहल इस बात को लेकर है कि आखिर भगवान अपने घर लौटने के बाद भी दो दिनों तक मंदिर के अंदर प्रवेश क्यों नहीं कर पाते? इसके पीछे एक बेहद दिलचस्प और मीठी पौराणिक मान्यता छिपी हुई है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ देवी लक्ष्मी को बिना बताए अपनी मौसीबाड़ी (गुंडिचा मंदिर) चले गए थे, तो मां लक्ष्मी उनसे बेहद रुष्ट हो गईं। पति के बिना बताए घर से चले जाने के कारण उनका गुस्सा इतना बढ़ गया कि जब भगवान नौ दिनों बाद मौसीबाड़ी से वापस अपने धाम लौटे, तो देवी लक्ष्मी ने गुस्से में आकर मंदिर का मुख्य द्वार बंद कर दिया!
    मां लक्ष्मी की इसी नाराजगी और ‘गृह-कलह’ के कारण भगवान जगन्नाथ को दो दिनों तक अपनी बहन और भाई के साथ मंदिर के बाहर रथ पर ही गुजारने पड़ते हैं। वे मंदिर के मुख्य द्वार पर ही विराजमान होकर अपनी रूठी हुई पत्नी (मां लक्ष्मी) को मनाते हैं और भक्तों को दर्शन देते हैं। दो दिनों तक मनावन और विशेष रस्मों के बाद ही उन्हें मंदिर के भीतर जाने की अनुमति मिलती है। यह अनूठी परंपरा सदियों से चली आ रही है और आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जाती है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    वर्ष 2001 से जारी है बोकारो में यह अटूट धार्मिक परंपरा

    बोकारो में वर्ष 2001 से श्री जगन्नाथ रथयात्रा का यह भव्य आयोजन बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) द्वारा निरंतर किया जा रहा है। इस साल बीते 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ अपनी मौसीबाड़ी पधारे थे और अब शुक्रवार को उनकी वापसी हुई है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    दशकों से चली आ रही यह परंपरा न केवल शहर के सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने को मजबूती देती है, बल्कि आपसी सौहार्द, अटूट एकता और निस्वार्थ सेवा भावना का अनूठा उदाहरण भी पेश करती है। दो दिनों तक चलने वाले इस विशेष दर्शनोत्सव को लेकर बोकारो के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

    • Varnan Live Report.

  • BSL फिर No. 1…. सर्वाधिक EBITDA के साथ रचा नया इतिहास, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में पूरे ‘सेल’ में सबसे अव्वल

    BSL फिर No. 1…. सर्वाधिक EBITDA के साथ रचा नया इतिहास, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में पूरे ‘सेल’ में सबसे अव्वल

    संवाददाता
    बोकारो।
    स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के लिए चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही बेहद धमाकेदार और उपलब्धियों से भरी रही है। सेल द्वारा घोषित किए गए प्रथम तिमाही के वित्तीय परिणामों में कंपनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार वित्तीय रिकॉर्ड कायम किए हैं। सेल की इस वैश्विक और राष्ट्रीय सफलता के पीछे बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) का योगदान सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक रहा है। पहली तिमाही के दौरान बोकारो स्टील प्लांट ने सेल के देश भर में मौजूद सभी एकीकृत इस्पात संयंत्रों (इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट्स) को पछाड़ते हुए सर्वाधिक ईबीआईटीडीए (EBITDA – ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पूर्व आय) दर्ज करने का गौरव हासिल किया है।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, परिचालन दक्षता और नवाचार का दिखा कमाल

    बोकारो स्टील प्लांट की यह अभूतपूर्व उपलब्धि संयंत्र की बेहतरीन परिचालन दक्षता, मजबूत टीम भावना, उत्पादन उत्कृष्टता और चुनौतीपूर्ण बाजार परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अद्भुत क्षमता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। यह शानदार वित्तीय नतीजा बीएसएल की सुदृढ़ कार्य संस्कृति, नवाचार आधारित दृष्टिकोण तथा सतत सुधार के प्रति संयंत्र प्रबंधन और कर्मचारियों की अटूट प्रतिबद्धता का ही प्रतिफल है। प्रथम तिमाही में प्राप्त यह ऐतिहासिक मुकाम न केवल संयंत्र की आंतरिक मजबूती और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को रेखांकित करता है, बल्कि सेल की समग्र सफलता में बोकारो की अग्रणी भूमिका को भी एक बार फिर से साबित करता है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    भविष्य में लागत दक्षता और उत्पादकता के नए कीर्तिमान गढ़ने की तैयारी

    सेल के वित्तीय मानचित्र पर खुद को सिरमौर साबित करने के बाद बोकारो स्टील प्लांट की पूरी टीम इस सफलता से बेहद उत्साहित है और भविष्य में भी उत्कृष्टता की इस यात्रा को इसी गति से आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से संकल्पित है। संयंत्र का मुख्य लक्ष्य आने वाली तिमाहियों में अपने परिचालन प्रदर्शन, उत्पादकता, गुणवत्ता और लागत दक्षता (कॉस्ट एफिशिएंसी) के क्षेत्रों में निरंतर सुधार करते हुए सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करना है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    संचार प्रमुख मणिकांत धान के अनुसार, बीएसएल प्रबंधन ने इस शानदार उपलब्धि का पूरा श्रेय संयंत्र के प्रत्येक अधिकारी, इंजीनियर और कर्मचारी के अथक परिश्रम व समर्पित योगदान को दिया है।

    • Varnan Live Repot.
  • अलग पहचान चाहिए, तो औरों से हटकर करें मेहनत- DPS बोकारो में IG शैलेंद्र सिन्हा ने विद्यार्थियों को दी सीख

    अलग पहचान चाहिए, तो औरों से हटकर करें मेहनत- DPS बोकारो में IG शैलेंद्र सिन्हा ने विद्यार्थियों को दी सीख

    Investiture Ceremony में नए छात्र परिषद ने संभाली कमान, गूंजा नेतृत्व का संकल्प

    संवाददाता
    बोकारो
    : विद्यार्थियों में सशक्त नेतृत्व कौशल, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के पावन उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), बोकारो में नवगठित छात्र परिषद का भव्य ‘बैज अलंकरण समारोह’ (Investiture Ceremony) गुरुवार को अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवमयी कार्यक्रम में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए नए छात्र प्रतिनिधियों ने पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने-अपने पदों की शपथ ली।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    समारोह के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो जोन) के पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेंद्र कुमार सिन्हा (भापुसे) ने अनुशासित ढंग से मंच तक मार्चपास्ट कर पहुंचे छात्र परिषद के सदस्यों को सैश पहनाकर और बैज से अलंकृत कर उन्हें उनके दायित्व सौंपे। नव-चयनित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि छात्र परिषद की जवाबदेही का यह बैज केवल एक पद नहीं, बल्कि कर्तव्य और उत्तरदायित्व का अहसास है, जो जीवन के हर मोड़ पर काम आएगा। विद्यार्थी-जीवन के अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को समय और परिस्थितियों के अनुकूल त्वरित निर्णय लेने, जनसेवा को ध्येय बनाने और खेलों से जुड़े रहने का आह्वान किया और कहा कि जब आप औरों से अलग हटकर मेहनत करेंगे, तभी आप समाज में अपनी एक विशिष्ट पहचान बना पाएंगे।

    ‘DPS बोकारो की पूरे हिन्दुस्तान में अलग पहचान’

    उन्होंने कहा कि डीपीएस बोकारो की पूरे हिन्दुस्तान में अपने-आप में विशिष्ट पहचान है। विद्यार्थी यहां के अवसरों का लाभ लें और एक सफल व अच्छा इंसान बनें। आज के वैश्विक परिवेश में करियर का दायरा असीमित है। जिस क्षेत्र में रुचि हो, उसमें अपना लक्ष्य तय करें।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    बेहतर कल के लिए जिम्मेदारी का उत्सव : प्राचार्य डॉ. गंगवार

    विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि अलंकरण समारोह बेहतर कल के लिए नेतृत्व और जिम्मेदारी का उत्सव है। डीपीएस बोकारो अपने विद्यार्थियों में नेतृत्वकर्ता के गुण गढ़ते हुए समृद्ध राष्ट्र-निर्माण की दिशा में सतत अग्रसर है। उन्होंने नव-चयनित छात्र प्रतिनिधियों को टीम वर्क, विनम्रता, सत्यनिष्ठा और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

    स्केटिंग स्टंट, ‘एकला चलो’ नृत्य और सुरों के संगम ने मोहा

    समारोह की शुरुआत बेहद रोमांचक अंदाज में हुई, जहाँ स्कूल के बाल स्केटरों की टोली ने स्केटिंग के हैरतअंगेज स्टंट करते हुए मुख्य अतिथि और प्राचार्य का पौधा भेंटकर अनूठा स्वागत किया। इसके उपरांत ‘स्वागत की बेला में…’ और विद्यालय गीत ‘आया है नया सवेरा….’ की सुरीली गूंज ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। वहीं, छात्राओं ने जीवन की चुनौतियों पर विजय पाकर ‘एकला चलो रे…’ यानी अकेले आगे बढ़ते रहने का भावपूर्ण संदेश देते हुए एक शानदार नृत्य प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

    ईशान-सफल बने हेड बॉय, अनुष्का-स्वर्णिम हेड गर्ल

    नवगठित छात्र परिषद में ईशान अश्विन एवं सफल ने हेड बॉय तथा अनुष्का आर्या एवं स्वर्णिम ने हेड गर्ल के रूप में कमान संभाली। सुवर्ण अग्रवाल को वॉइस हेड बॉय तथा आर्या झा व अन्वेषा शर्मा को संयुक्त रूप से वॉइस हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई। साहित्यिक सचिव पद पर श्रुति शांडिल्य व वर्षा सिंह तथा उप सचिव पद पर आराध्या साहा व नायशा सिंह नागी चुनी गईं।

    सांस्कृतिक सचिव के रूप में वर्तिका दुबे तथा उप सचिव के रूप में कृतिका तमांग ने शपथ ली। खेल सचिव के रूप में मृदुल अमन व त्रिनयोना तथा उप खेल सचिव के रूप में सैशा लाला ने कमान संभाली। अनुशासन सचिव पद पर नेहाल शर्मा व आस्था कुमारी तथा उप सचिव पद पर प्रीतम सागर ने जिम्मेदारी ली। साइबर सेक्रेटरी सुकृति सिया तथा डिप्टी साइबर सेक्रेटरी नयन कुमार व शिवम जायसवाल बनाए गए। इनके अलावा विद्यालय के छह सदनों— गंगा, जमुना, रावी, चेनाब, सतलज और झेलम —के नवनिर्वाचित कैप्टन, वाइस कैप्टन और प्रिफेक्ट्स ने भी अपने-अपने सदन के झंडे तले निष्ठा की शपथ ली।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    राष्ट्रगान से हुआ समापन

    समारोह के अंत में प्राचार्य डॉ. गंगवार ने मुख्य अतिथि आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। मंच का कुशल संचालन छात्रा अवनी अनन्या पांडेय, आराध्या सिल्की और छात्र रुद्र कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नवचयनित हेड गर्ल अनुष्का आर्या द्वारा प्रस्तुत किया गया। सामूहिक राष्ट्रगान की गूंज के साथ इस भव्य अलंकरण समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

    • Varnan Live Report.

  • खोजी पत्रकारिता के धुरंधर थे अरविंद शर्मा, DC सहित BSL व जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं पत्रकारों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

    खोजी पत्रकारिता के धुरंधर थे अरविंद शर्मा, DC सहित BSL व जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं पत्रकारों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

    बोकारो परिसदन में बोकारो प्रेस क्लब की शोकसभा आयोजित

    संवाददाता
    बोकारो :
    बोकारो प्रेस क्लब की ओर से बोकारो परिसदन (सर्किट हाउस) में बुधवार को प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) जिला संवाददाता अरविन्द शर्मा के असामयिक निधन पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व. शर्मा के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश हुए उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
    इधर, बोकारो जिले के उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्वीटर) पर अपने एक पोस्ट के साथ स्व. शर्मा को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


    श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके निधन को बोकारो जिले की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति बताया। श्रद्धांजलि सभा में न केवल शहर के कई वरिष्ठ पत्रकारगण, बल्कि जिला प्रशासन और बोकारो इस्पात प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। सभी ने स्व. शर्मा के मिलनसार व मृदु स्वभाव की चर्चा करते हुए उनके आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। सभी ने बारी-बारी से स्व. शर्मा के चित्र पर पुष्पार्चन कर अपनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।

    कलमकारों के लिए अनुकरणीय उदाहरण छोड़ गए स्व. शर्मा : DPRO रवि कुमार

    श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) रवि कुमार ने स्व. शर्मा के कृतित्व और व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण और समर्पित जीवन हर कलमकार के लिए अनुकरणीय है। वहीं, बोकारो स्टील प्लांट के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. शर्मा एक निष्पक्ष, ईमानदार और समर्पित पत्रकार थे। उनकी कार्य के प्रति अटूट निष्ठा, पेशेवर प्रतिबद्धता और मृदुभाषी स्वभाव हमेशा स्मरणीय रहेगा। इसके अलावा बीएसएल जनसंपर्क विभाग के वरीय प्रबंधक अभिनव शंकर एवं रवि कुमार सिन्हा ने भी अपने विचार रखते हुए उनके आकस्मिक जाने को व्यक्तिगत क्षति बताया।

    खोजी पत्रकारिता और जुझारूपन को किया याद

    शोकसभा में वक्ताओं ने स्व. शर्मा की खोजी पत्रकारिता में गहरी अभिरुचि, उनके मिलनसार स्वभाव और जुझारूपन की स्मृतियों को साझा किया। कार्यक्रम में बोकारो प्रेस क्लब के शशांक शेखर, विजय कुमार झा, जय सिन्हा, अक्षय कुमार, आशीष सिन्हा, रजत नाथ, शशिकांत शर्मा, अखिलेश कुमार सिंह, विनय कुमार तिवारी और पंकज सिंह सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों ने भावपूर्ण विचार व्यक्त किए।

    ये रहे मौजूद

    इस दौरान त्रिलोकी सिंह, मनीष सिंह, हेमंत कुमार, पीयूष राय, इश्तियाक अहमद, विजय पांडेय, धर्मेन्द्र पांडेय, सुजीत कुमार, सुदीप सिन्हा, मंगलाकान्त तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आशुतोष, मो. सलाम, दीपक सहित भारी संख्या में पत्रकार बंधु, शहर के गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में दिवंगत पत्रकार के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और ईश्वर से प्रार्थना की कि इस कठिन घड़ी में परिवार को संबल प्राप्त हो। उल्लेखनीय है कि बोकारो प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्यों में से एक स्व. शर्मा का आकस्मिक निधन पिछले दिनों इलाज के दौरान चंद्रपुरा स्थित एक अस्पताल में हो गया था। वे हृदयरोग से पीड़ित थे और फेफड़े में पानी जमा हो जाने के कारण उनकी तबीयत खराब हो गई थी।

    • Varnan Live Report.
  • 40 लाख लोगों में से किसी एक में पाया जाता है ऐसा खून, BGH के ब्लड सेंटर में अत्यंत दुर्लभ ‘Bombay Blood Group’ की हुई पहचान

    40 लाख लोगों में से किसी एक में पाया जाता है ऐसा खून, BGH के ब्लड सेंटर में अत्यंत दुर्लभ ‘Bombay Blood Group’ की हुई पहचान

    विशेष परीक्षण, Cross Matching और एंटीजन टेस्ट के बाद हुई विशिष्ट रक्त समूह की आधिकारिक पुष्टि

    संवाददाता
    बोकारो:
    बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित बोकारो सामान्य अस्पताल के रक्त केंद्र में चिकित्सीय सजगता और सूक्ष्म जांच के दौरान दुनिया के सबसे विरल रक्त समूहों में शामिल बॉम्बे रक्त समूह की पहचान की गई है। अस्पताल के रक्त केंद्र में विशेष परीक्षण, क्रॉस मैचिंग और एंटीजन टेस्ट के बाद इस विशिष्ट रक्त समूह की आधिकारिक पुष्टि हुई। चिकित्सकों के अनुसार, बॉम्बे ब्लड ग्रुप (जिसे O-H या H-H ग्रुप भी कहा जाता है) विश्व के अत्यंत दुर्लभ रक्त प्रकारों में से एक है। वैश्विक स्तर पर यह प्रति चालीस लाख लोगों में से किसी एक में पाया जाता है, जबकि भारत में इसकी उपस्थिति औसतन प्रति दस हजार व्यक्तियों में से एक में होती है। इस अनोखे रक्त समूह की खोज पहली बार वर्ष 1952 में तत्कालीन बॉम्बे (अब मुंबई) में हुई थी, जिसके आधार पर इसका नामकरण किया गया।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    अस्पताल के चिकित्सकों ने इस रक्त समूह की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अधिकांश लोग ए, बी, एबी और ओ ब्लड ग्रुप तथा उनके पॉजिटिव व नेगेटिव प्रकारों से ही परिचित होते हैं। बॉम्बे ब्लड ग्रुप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह सामान्य ओ ब्लड ग्रुप जैसा प्रतीत होने के बावजूद इसमें एच एंटीजन उपस्थित नहीं होता। इस कारण इस ग्रुप के मरीजों को केवल बॉम्बे ब्लड ग्रुप का ही खून चढ़ाया जा सकता है और उन्हें ओ पॉजिटिव या ओ नेगेटिव रक्त नहीं दिया जा सकता। यदि अनजाने में कोई अन्य रक्त चढ़ा दिया जाए तो शरीर में अत्यंत गंभीर और जानलेवा रक्ताधान प्रतिक्रिया (हेमोलिटिक ट्रांसफ्यूजन रिएक्शन) हो सकती है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    अस्पताल के प्रमुख, लैब सर्विसेज व ब्लड सेंटर प्रभारी, प्रभारी उप मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) तथा उनकी संपूर्ण चिकित्सा टीम के कुशल मार्गदर्शन में इस दुर्लभ रक्तदाता की पूरी जानकारी रिकॉर्ड में सुरक्षित कर ली गई है। इसका मुख्य उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीज की जान बचाने के लिए रक्तदाता से तत्काल संपर्क साधना है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद, अस्पताल प्रबंधन अब संबंधित परिवार के अन्य सदस्यों की भी व्यापक पारिवारिक जांच (फैमिली स्क्रीनिंग) कर रहा है, क्योंकि यह एक आनुवंशिक लक्षण है। इस विरल रक्त समूह की सटीक पहचान बोकारो सामान्य अस्पताल की अत्याधुनिक नैदानिक क्षमताओं, उच्च विशेषज्ञता और उत्कृष्ट चिकित्सा मानकों को दर्शाती है।

    • Varnan Live Report.
  • NEET UG: परीक्षा रद्द होने के बाद टूट गया था SSCE नेशनल टॉपर आदित्य, निराशा की चुनौतियों पर फतह पाकर पाई शानदार कामयाबी

    NEET UG: परीक्षा रद्द होने के बाद टूट गया था SSCE नेशनल टॉपर आदित्य, निराशा की चुनौतियों पर फतह पाकर पाई शानदार कामयाबी

    सफल चिकित्सक बन मानवता की सेवा को बनाया अपने जीवन का ध्येय

    दीपक झा
    बोकारो :
    दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) बोकारो के प्रतिभावान विद्यार्थी आदित्य मिश्रा ने न केवल पढ़ाई-लिखाई, बल्कि इच्छाशक्ति के मामले में भी मिसाल पेश की है। री-नीट में देशभर में 546वीं तथा श्रेणीवार 344वीं रैंक पाकर आदित्य ने न केवल अपने विद्यालय, बल्कि बोकारो जिला सहित पूरे झारखंड का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद शुक्रवार को एक बातचीत में आदित्य ने कहा कि नीट का पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की खबर जैसे ही उसे मिली, वह काफी निराश हो गया था। एक हताशा सी स्थिति थी। उसने इसके लिए सालभर मेहनत की थी और परीक्षा काफी अच्छी गई थी। इसी बीच CBSE (SSCE) 12वीं बोर्ड का रिजल्ट भी था। संयोगवश, बोर्ड परीक्षा में तो उसने कीर्तिमान रचते हुए 99.60 प्रतिशत अंक लाकर देशभर में साइंस स्ट्रीम में अव्वल होने का गौरव पाया। लेकिन, नीट की दोबारा परीक्षा को लेकर थोड़ी निराशा वाली स्थिति बनी रही। इसके बावजूद उसने हार न मानी और इसमें उसका साथ दिया परिवार के लोगों, शिक्षकों और स्वजनों ने।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    CGM (Finance) प्रजेशचंद्र मिश्रा व सस्मिता मिश्रा के होनहार पुत्र हैं आदित्य

    आदित्य के पिता SAIL SRU के मुख्य महाप्रबंधक (वित्त) प्रजेश चन्द्र मिश्रा एवं माता गृहिणी श्रीमती सस्मिता मिश्रा के साथ-साथ सभी रिश्तेदारों, विद्यालय के शिक्षकों एवं अन्य इष्टजनों ने भी उसका हौसला बढ़ाया। चूंकि आदित्य की तैयारी पहले से ही थी, इसलिए बहुत अधिक परिश्रम नहीं करना पड़ा। फिर भी, उसने उन विषयों को और ज्यादा मजबूती से तैयार किया, जिसे और सशक्त बनाना था। बगैर कोई तनाव लिए खेलकूद के साथ-साथ लगभग पांच-छह घंटे उसने पढ़ाई जारी रखी। अंततः, निराशा की चुनौतियों पर उसने फतह पाई और उत्कृष्टता सफलता दर्ज की।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    720 में मिले 670 अंक, स्कूल से लेकर घर तक हर्ष ही हर्ष

    आदित्य की इस कामयाबी पर जहां उसके माता-पिता प्रफुल्लित हैं, वहीं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार सहित सभी शिक्षकों ने उसे बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। री-नीट की परीक्षा में उसने कुल 720 में से 670 अंक प्राप्त किए हैं। बायोलॉजी में 98.59, केमिस्ट्री में 99.88 और फिजिक्स में 99.99 परसेंटाइल को मिलाकर कुल 99.972 परसेंटाइल के साथ उसने सफलता प्राप्त की। विदित हो कि आदित्य को 10वीं में कुल 96.8 प्रतिशत अंक मिले थे। डीपीएस बोकारो में उसने शुरू से ही पढ़ाई की है और हमेशा ही अपनी मेधाविता का परिचय दिया है। विभिन्न ओलंपियाडों एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उम्दा प्रदर्शन कर उसने राष्ट्रीय स्तर पर कई बार शानदार उपलब्धियां अर्जित की हैं। अपनी सफलता का श्रेय आदित्य ने अपने विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों तथा अपने माता-पिता के अथक सहयोग को दिया है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    कोरोनाकाल बना जीवन का टर्निंग प्वाइंट, फुटबॉल-कबड्डी खेलना है पसंद

    आदित्य को फुटबॉल और कबड्डी खेलना पसंद है। एक प्रश्न के जवाब में उसने बताया कि कोरोनाकाल उसके जीवन की पढ़ाई में टर्निंग प्वाइंट रहा, जहां से उसने अपनी पढ़ाई को एक नई दिशा दी। ऑनलाइन क्लास में उसकी पढ़ाई शिथिल हो गई थी, जिससे परिणाम प्रभावित होने लगे, जिससे उसने सीख लेते हुए कठिन परिश्रम शुरू किया और पढ़ाई में निरंतरता लाई। उसने कहा कि एक सफल चिकित्सक बनकर वह मानवता की सेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाना चाहता है। उसकी बड़ी बहन आद्या मिश्रा भी एक चिकित्सक है और वह भी डीपीएस बोकारो की ही छात्रा थी।

    • Varnan Live Report.
  • #ReNEET : इन दो स्कूलों के विद्यार्थियों ने बढ़ाया बोकारो का मान; ईशान, आदित्य व पायल समेत चमके प्रतिभा के दर्जनों सितारे

    #ReNEET : इन दो स्कूलों के विद्यार्थियों ने बढ़ाया बोकारो का मान; ईशान, आदित्य व पायल समेत चमके प्रतिभा के दर्जनों सितारे

    संवाददाता
    बोकारो
    : देश के मेडिकल संस्थानों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से इस वर्ष पुनः आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (Re-NEET) यूजी 2026 में इस वर्ष भी इस्पातनगरी बोकारो के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शहर की शैक्षणिक शान दो स्कूलों – डीपीएस बोकारो और चिन्मय विद्यालय ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की। DPS बोकारो में जहां 26 छात्र-छात्राओं ने कामयाबी पाई, वहीं चिन्मय विद्यालय के भी एक दर्जन विद्यार्थी कामयाब रहे। चिन्मय के ईशान गोप एआईआर 517, तो डीपीएस बोकारो के आदित्य मिश्रा एआईआर 546 के साथ जिले के टॉपरों में सर्वश्रेष्ठ रहे।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    सीबीएसई 12वीं साइंस के नेशनल टॉपर आदित्य ने फिर साबित की श्रेष्ठता

    सीबीएसई 12वीं बोर्ड की साइंस स्ट्रीम में नेशनल टॉपर रहे दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के आदित्य मिश्रा ने नीट में भी अपनी सर्वश्रेष्ठता सिद्ध की। आदित्य ने ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 546 तथा जनरल कैटेगरी रैंक 344 प्राप्त कर यहां टॉपर होने का गौरव प्राप्त किया। कुल प्राप्तांक 720 में 670 अंक उसने हासिल किए, जबकि उसका कुल परसेंटाइल 99.972 रहा। कैटेगरी रैंक एआईआर 859 और ओवरऑल एआईआर 7927 के साथ तेजस्वी दूसरे स्थान पर रही। उसने कुल 607 अंक प्राप्त किए तथा परसेंटाइल 99.594 रहा। वहीं, ईशान गौरव कैटेगरी रैंक 1296 के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    10 विद्यार्थियों को 99 परसेंटाइल से अधिक अंक

    डीपीएस बोकारो में समाचार लिखे जाने तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय के 26 छात्र-छात्राओं के सफल होने की सूचना है। इनमें से 10 परीक्षार्थियों ने 99 परसेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त किए। श्रेणीवार प्राप्त आंकड़ों के तहत विद्यालय के सफल छात्र-छात्राओं में आदित्य मिश्रा (एआईआर 344- जनरल), तेजस्वी (एआईआर 859- जनरल-ईडब्ल्यूएस), ईशान गौरव (एआईआर 1296- एससी), तनिष्क यश (एआईआर 2785- जनरल), आयशा फलक सिद्दीकी (एआईआर 3585- जनरल), विनीत कुमार झा (एआईआर 4288- जनरल), अनुपम शर्मा (एआईआर 4731- ओबीसी एनसीएल), ईधा सिंह (एआईआर 5265- जनरल), अरिंजय सिंह (एआईआर 6711- जनरल) और मयंक राज (एआईआर 7449- ओबीसी एनसीएल) के अलावा तौज़ीह दूजा, श्रीसंत कुमार सिंह, अदिति चन्द्रा, अक्षिता पाठक, तान्या श्री, आव्या सिंह, रोहन कुमार राठौर सहित अन्य विद्यार्थियों के नाम शामिल हैं।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    रंग लाया छात्रों की मेहनत, लगन और शिक्षकों का मार्गदर्शन : डॉ. गंगवार

    डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने अपने विद्यार्थियों की शानदार कामयाबी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सफल परीक्षार्थियों को बधाई दी। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्राचार्य ने कहा कि यह विद्यार्थियों की मेहनत व लगन और विद्यालय के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। पहली परीक्षा रद्द होने के बावजूद जिन विकट परिस्थितियों में छात्र-छात्राओं ने कामयाबी पाई, वह वास्तव में सराहनीय है। विदित हो कि बीते 21 जून 2026 को बोकारो में आठ सेंटरों पर कुल 2655 अभ्यर्थियों ने दोबारा नीट की परीक्षा दी थी।

    चिन्मय विद्यालय में हर्ष और गर्व का वातावरण

    चिन्मय विद्यालय के ईशान गोप ने ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 517 तथा सामान्य वर्ग में 325वां रैंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का वातावरण है। विद्यालय के सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य नरमेंद्र कुमार एवं उप-प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में ईशान गोप ने एआईआर 517 एवं सामान्य वर्ग में 325वां रैंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। पायल मंडल ने एआईआर 666 एवं कैटेगरी रैंक 201, जबकि सानवी शर्मा ने एआईआर 12326 एवं कैटेगरी रैंक 4968 प्राप्त की। मिशाल भारती, यश राज, आकांक्षा महावर, पल्लवी रानी, अर्पित राज, अभिषेक कुमार, अनन्या प्रिया आदि ने भी कामयाबी पाई।

    बरकरार रही उत्कृष्टता की परम्परा : महेश त्रिपाठी

    इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सचिव महेश त्रिपाठी ने कहा कि चिन्मय विद्यालय, बोकारो ने सदैव शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की परंपरा को बनाए रखा है। प्राचार्य सूरज शर्मा ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है और विश्वास है कि वे भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, परिश्रम एवं संस्कारों के बल पर नई ऊंचाइयां प्राप्त करेंगे।

    • Varnan Live Report.