Author: Sudeep Kumar

  • कुत्ते का दर्द और गधे की व्यथा

    कुत्ते का दर्द और गधे की व्यथा

    कई दिनों से बच्चे जिद कर रहे थे कि उन्हें एक कुत्ता चाहिए| सरकार इस मांग को समझा बुझा कर दबा देती रही हैं। इस मुद्दे पर मैं सरकार के साथ हूँ और बच्चे विपक्ष में।

    जब आस-पास के दोस्तों के घर भी कुत्ते आ गए तो हमारे बच्चे जो अब तक शांतिपूर्ण तरीकों से अपनी मांग रख रहे थे, अचानक आंदोलन के मूड में आ गए | 

    मैं सोंच में पड़ गया कि जानवरों के विषय में मेरी क्या राय है? क्या जान जोखिम में डालकर पार्टी बदल लूँ और बच्चों के साथ हो लूँ ?

    थोड़ा विचार करने पर पता चला कि मैं अकेला नहीं |

    भारत में जानवरों को लेकर आम सहमति है ही नहीं| कुछ जानवरों को तो थोड़ा प्रेम और आदर मिला भी है, लेकिन कई ऐसे हैं जो अपनी उपयोगिता सिद्ध करने के बाद भी जन मानस में अपने लिए प्रतिष्ठा नहीं अर्जित कर पाये हैं| पशु-समाज के प्रति मानवों का ऐसा दोहरा बर्ताव देख दुख होता है। अब जैसे, गाय-भैंस को ही लीजिये, दोनों उपयोगी हैं। दूध देते हैं | गाय माँ है, उनको कोई मार नहीं सकता लेकिन उनके मृत शरीर की खाल से बने जूते और जैकेट पहन सकता है | बैल-सांढ यदि जलीकट्टू की लड़ाई में मारे गए तो उनको मोक्ष मिलेगा इसलिए वो जायज है| भैंस का क्योंकि दिमाग मोटा होता है इसलिए उसकी कोई इज़्ज़त नहीं|

    शेर के भी समर्थक हैं । शेर बड़े-बच्चे दोनों में एक समान भय पैदा करता है, चिड़ियाघर में शेर हो तो टिकट से आमदनी भी हो जाती है सरकार की | बंदर भी उपयोगी है – मंदिरों के आस-पास लोगों कि थाल से प्रसाद छीन कर ईश्वर (विशेष कर हनुमानजी) में उनकी आस्था बढ़ाता है|

    कुत्ता और गधा दो ऐसे जानवर हैं जिनका समस्त जीवन मानव सेवा में समर्पित है लेकिन सामाजिक स्वीकृति के मामले में गोमाता से दोनों ही काफ़ी पीछे रह गये |

    गधा बेचारा तो बेवकूफ़ी का पर्याय बन कर रह गया है | बचपन में पिताजी ने एक किस्सा सुनाया| एक बार भारतीय सेना को इंग्लैंड (UK) से तीन लाख रुपये प्रति-गधा देकर कुछ गधे खरीदने पड़े, क्योंकि देसी गधों से पैदा किया हुआ ख़च्चर कमजोर पाया गया और सेना कि जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा था।

    ‘भारत में गधों का ऐसा कहाँ अकाल पड़ा है? चार पैर वाले तो हैं ही, दोपाये गधों से भी भारत भूमि पटी पड़ी है। फिर क्या आवश्यकता थी भारत सरकार को विदेशमुद्रा व्यर्थ करने की ?’

    मामला देश की सुरक्षा का था लेकिन तब भी माताजी चुटकी लेने से बाज नहीं आयीं। बोलीं, ‘भारत में गधों का ऐसा कहाँ अकाल पड़ा है? चार पैर वाले तो हैं ही, दोपाये गधों से भी भारत भूमि पटी पड़ी है। फिर क्या आवश्यकता थी भारत सरकार को विदेशमुद्रा व्यर्थ करने की?’

    भारतीय सेना के RVC (Remount and Veterinary Corps) बल में कई हजार जानवर हैं| हिसार, बाबूगढ़, हेमपुर और सहारनपुर की इकाइयाँ फ़ौज को प्रशिक्षित घोड़े, ख़च्चर और कुत्ते मुहैया कराती हैं| ज़रूरत होने पर गधे-घोड़े विदेशों से आयात भी करती रही है |

    हमारे गाँव के एक सज्जन, सेना के इसी RVC यूनिट में थे |

    मैंने बचपन में पूछा, ‘आप फ़ौज में क्या करते हैं ?’

    उन्होने गर्व से कहा, ‘AT ड्राईवर हूँ |’

    मैं जबर्दस्त प्रभावित हुआ। मैंने सोचा कि  AT भी शक्तिमान ट्रक जैसा कोई चमत्कारिक वाहन है | पिताजी के अनुसार शक्तिमान ट्रक पेट्रोल, डीज़ल और ज़रूरत पड़ने पर ब्रांडी से भी चल जाया करता था| मैंने कभी इसकी पुष्टि नहीं की |

    बाद में पता चला कि मेरे ग्रामीण भाई जो AT वाहन चलाते हैं वो तो शक्तिमान से भी ज़्यादा चमत्कारिक है | वो पेट्रोल- डीज़ल नहीं, बल्कि घास-फूस पर दौड़ता है, रस्से नाम के remote से चलता है और बोलचाल में ख़च्चर कहलाता है | (AT driver = animal transport driver)। मैंने भी बड़े होकर AT ड्राइविंग की भारत में और यहाँ अमेरिका में भी |

    2 साल पहले, खबर आई कि पाकिस्तान चीन को अगले तीन सालों में 80,000 गधे निर्यात करने वाला है | खैबर-पखतुनवा सूबे से | पाकिस्तान सरकार का यह निर्णय आर्थिक भी था और कूटनीतिक भी |

    माताजी ने कहा, ‘ये ठीक किया है पाकिस्तान ने | उनके यहाँ थोड़े ज्यादा गधे हो भी गए हैं |’

    माताजी ने कहा, ‘ये ठीक किया है पाकिस्तान ने | उनके यहाँ थोड़े ज्यादा गधे हो भी गए हैं’ | अब ऐसा उन्होने आँकड़ों के आधार पर कहा या सहज चुटकी ली यह कहना कठिन है |

    कुत्ते तक आते-आते मामला बहुत पेचीदा हो जाता है| कुत्ता वफादार होता है, और अपने स्वामी को बेपनाह प्यार करता है | वैज्ञानिक कहते हैं कि मनुष्यों के साथ रहने वाले भेड़िये की कुछ नस्लें क्रमिकविकास (evolution) से कुत्ते में तबदील हो गईं | उसमें वो सारे गुण आ गए जो उसे मानवों के उपयोगी बनाती थीं| कुत्ता चौकन्ना और फुरतीला था, खेतों और मवेशियों की रखवाली करने लगा | भोली सूरत बना कर घर के लोगों का दिल जीतने लगा | अब जिस जीव को प्रकृति ने बनाया ही मनुष्य के साथ रहने को उसे घर में आने से रोकना मुझे पाप जैसा लगा | फिर शिव के अवतार, महाकाल भैरव की सवारी भी श्वान(कुत्ता) है | संस्कृत में भी कहा गया कि विद्यार्थी में कुछ लक्षण कुत्ते जैसे होने चाहियें,

    “अल्पहारी, गृहत्यागी, श्वाननिद्रा तथैव च, काक चेष्टा, बकोध्यानम, विद्यार्थी इति पञ्चलक्षणम” 

    अब कुत्ते के समर्थन में सारे वैज्ञानिक और धार्मिक तथ्य इकट्ठा कर मैंने कुत्ता घर में लाने कि सिफ़ारिश सरकार से लगभग कर ही डाली थी | सोंचा कि चलो ये गुड न्यूज़ माताजी को भी दे दूँ ।

    मैंने कहा, ‘मम्मी सोचा है कि बच्चों के लिए एक कुत्ता ले ही देते हैं | बहुत सालों से जिद कर रहे हैं |’

    माताजी बोलीं, ‘तुम अब बड़े और समझदार हो | ठीक ही निर्णय किए होगे | लेकिन मेरे विचार से पढ़ने-लिखने वाले बच्चों के घर कुत्ता नहीं रहे तो ही ठीक है |’

    मुझे लगा कि सारे रिसर्च पर ये एक झटके में पानी डाल रही हैं | यदि रक्षा मंत्रालय इनकी बात सुनता तो सत्तर के दशक में इंग्लैंड से गधे नहीं आ पाते | मैंने तुरंत अपने पौराणिक रिसर्च का हवाला दिया, भगवान काल भैरव और दत्तात्रेय का भी नाम लिया|

    माँ ने कहा, बेटा थोड़ा बहुत धर्म का ज्ञान हमको भी है|

    ‘रामचरितमानस में तुलसीदास ने कहा है,

     “काटे-चाटे श्वान के दोहूँ भांति विपरीत” ।

    कुत्ते का चाटना और काटना दोनों बुरा है | दूर रहना उत्तम है |

    मैं निरुत्तर हो गया | मेरी दुविधा खत्म होते-होते मुझे फिर से त्रिशंकु कर गई | मैंने भी ऐसे में रामचरितमानस का सहारा लिया,‘ होइन्हे वही जो राम रचि राखा’

    जिस फाइल में कुत्ते के अनुषंशा की अर्जी थी उसे कुछ दिनों के लिए दबा दिया है|

  • सुपर 30 और बाढ़ का बखेड़ा

    सुपर 30 और बाढ़ का बखेड़ा

    इन दिनों देश में किसी बात के लिए बवाल हो जाता है। कभी किसी नेता के वक्तव्य पर बवाल, तो कभी चुनावी नतीजों पर। नरेंद्र मोदी भारी बहुमत से चुनाव जीत गए तो बिहार के एक युवक ने उनकी जीत की खुशी में अपने सीने पर चाकू से “मोदी” गोद लिया। 

    चुनाव की सरगर्मी अभी थमी भी नहीं थी, कि बिहार में बाढ़ की त्रासदी आ गयी। अब संयोग देखिये कि ऐसे कठिन वक्त पर हृतिक रोशन ने बिना सोचे-समझे अपनी फ़िल्म “सुपर 30” रिलीज कर दी | सुनने में आया है कि फ़िल्म बहुत बढ़िया है।

    फिल्म रिलीज होते ही खबर छपी, ‘एक तरफ जहाँ बिहार के लाखों लोग बाढ़ के चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ, सुशील कुमार मोदीजी “सुपर 30” फ़िल्म देखते हुए कैमरे पर पकड़े गए’ | एक नया बवाल शुरू हो गया|

    हमें सिर्फ ये समझ नहीं आया कि “सुपर 30” जैसी साफ-सुथरी और प्रेरक फ़िल्म देखने में रंगे-हाथों पकड़े जाने जैसी क्या बात है । पकड़े जाने का भय तो हमें रहता था जब हम कुछ मित्र स्कूल छोड़ कर, सुबह 10:30 बजे “इंग्लिश” शो देखने जाते थे |

    हमें सिर्फ ये समझ नहीं आया कि “सुपर 30” जैसी साफ-सुथरी और प्रेरक फ़िल्म देखने में रंगे-हाथों पकड़े जाने जैसी क्या बात है । पकड़े जाने का भय तो हमें रहता था जब हम कुछ मित्रों के साथ स्कूल छोड़ कर, सुबह 10:30 बजे का “इंग्लिश” शो देखने जाते थे |

    हमारी नीयत साफ थी| एकदम सुलझा हुआ तर्क भी था, ‘भाई, यदि आप अंग्रेजों को इंग्लिश बोलते नहीं देखेंगे-सुनेंगे तो आपकी इंग्लिश कैसे सुधरेगी ?’

    लेकिन हमारे टीचर और माँ-बाप के विचार हमसे भिन्न थे | उन्हें लगता था कि अँग्रेजी फ़िल्मों में अश्लीलता होती है| खास कर, उन फ़िल्मों में जो सिनेमाघरों में सुबह 11:00 बजे के पहले दिखाई जाती हैं। उन्हें इस बात का इल्म तक नहीं था कि सब का चहेता दूरदर्शन भी शुक्रवार को देर रात इंगलिश फिल्में दिखा पूरे देश का भाषाज्ञान सुधार रहा है। और-तो-और बच्चे, सोमवार को स्कूल में late-night फिल्म पर ग्रूप डिस्कशन (group discussion) भी करते हैं। साफ नीयत और अकाट्य तर्क के बावजूद हमें पकड़े जाने का भय सताता था, क्योंकि हमारे टीचर या पिता दोनों ही बात-चीत कर मतभेद सुलझाने में कम और एक-आधा थप्पड़ चलाकर मामला सैटल करने में ज्यादा यकीन करते थे|

    ऐसा नहीं कि हमने इजाजत लेकर फिल्में नहीं देखीं, लेकिन इजाजत मिलती थी “मासूम”  जैसी फिल्म के लिए| अब ऐसी फिल्में कई वर्षों में एक बनती थीं| एकबारगी, बोकारो में संगम फिल्म आई तो हमने अपनी माँ से पूछा,  ‘राज कपूर – राजेन्द्र कुमार की हिट फिल्म है| 60 के दशक में बनी है तो साफ-सुथरी ही होगी | हम देख आयें क्या ? ‘

    माताजी की भृकुटी तनी, तुरंत बोली, ‘बिलकुल नहीं ! इस सिनेमा में हीरोइन swimming costume पहन कर नदी में तैर रही है, और राज कपूर एकदम बेहूदा अंदाज में पेड़ पर बैठ कर उसे निहारते हुए  गाना गा रहा है ‘ | ऐसी फ़िल्में देखोगे तो संस्कार खराब होंगे| तुम भी मवालियों जैसी हरकत करोगे।

    हमारे मन में आया कि कहूँ, ‘नदी में नहाने में आखिर बुराई क्या है और swimming costume तो बनाया ही इसी लिए गया है की लोग उसे पहन सरलता से तैर सकें ।बेचारे राज कपूर साहब ! उनका क्या दोष?  सारा दोष तो मुकेश जी  का था जो  ‘बोल-राधा-बोल संगम होगा की नहीं’ गा रहे थे | बेचारे राजकपूर तो सिर्फ़ पेड़ पर बैठ होंठ हिला रहे थे |’

    खैर, हमने ये बात सिर्फ सोची, कही नहीं। हमें पता था की पिताजी जितना तो नहीं, लेकिन माँ को भी ‘कनैठी’ और ‘थप्पड़’ की उपयोगिता का पूरा ज्ञान है| जरूरत होने पर यदा-कदा, माँ भी को भी इनके इस्तेमाल से परहेज़ नहीं था|  

    हमने सोचा फिजूल में क्या बहस करना। बेहतर है, इंगलिश सुधारने पर ही ध्यान दूँ | दोस्तों के साथ अगले शनिवार 10:00 बजे का इंग्लिश कोर्स कर आया देवी सिनेमाघर में। बचपन का कौतूहल  अँग्रेजी के कई कोर्स  करने के बाद भी खत्म नहीं हुआ |  मसलन, वर्षों बाद कानपुर में कॉलेज के दौरान, फिर  से ‘संगम’ फिल्म लगी | दोस्तों को जबर्दस्ती ले गया फिल्म देखने| चार घंटे के शो के बाद सारे मित्र गुस्से में मुझे पीटने पर उतारू थे | ‘ तुम भी न ! इससे कम कपड़े तो हीरोइनों ने दयावान, परिंदा, सागर, बाजीगर और न जाने कितनी फिल्मों पहने और निर्माताओं के पैसे-बचाए | चलो सबके टिकट के 20-20 रुपये वापस करो और सबके खाने का बिल भी तुम भरोगे’ |

    वक्त बीतने के साथ ऐसा लगा कि  देश मे लोगों  की बौद्धिक सहिष्णुता बढ़ी है ।  NetFlix और Amazon Prime Video मे ऐसे-ऐसे शो आ रहे हैं  जिन्हे देख  Hollywood के निर्माता नतमस्तक हो जाएँ।

    समाज कि तमाम विसंगतियों को बहुत परिपक्वता से दिखा रहे हैं ।  भाषा की शालीनता की तो बात ही न करें । इतनी शालीन भाषा तो अनुकरण के योग्य है | कल्पना के लिए  कुछ नहीं छोड़ते निर्माता -निर्देशक । जबरदस्त लोकप्रिय हैं ये शो। इनके लिए कोई सेंसर बोर्ड नहीं है | 

    हमें अपने समय से पहले पैदा हो जाने पर बड़ा क्रोध आता है | अब देखिये, कहाँ तो हम छुप-छुप कर  इंग्लिश सीखते रहे और कामचलाऊ इंग्लिश पर ही अटक गए |कहाँ ये आजकल के बच्चे घर बैठे रात-रात भर इंग्लिश का क्रैश-कोर्स कर रहे हैं और धड़ल्ले से इंग्लिश बोल रहे हैं |

    अख़बारनवीसों! सुशील कुमार मोदी जी को कम से कम  चैन से “सुपर 30” तो देख लेने दो | किसी अच्छी फिल्म को टैक्स-फ्री करने से ज़्यादा लोग देख-पाते हैं, सामाजिक जागरूकता बढ़ती है| यदि इसका निर्णय करने के लिए उन्होंने फिल्म देख ली तो ठीक ही तो किया|  यदि मनोरंजन के लिए भी देखा तो क्या गलत है?

    बिहार के शीर्षस्थ प्रशासक और मंत्री यदि इस फिल्म से कुछ प्रेरणा लेकर शिक्षा व्यवस्था सुधारेंगे तभी तो इनमें से कोई विद्यार्थी इंजीनियर बन कर कोशी, बागमती, कमला, नारायनी, महानंदा-नदियों से हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या का दूरगामी निदान करेगा|

    इस विवाद को लेकर मुझे सुशील कुमार मोदी जी से विशेष सहानुभूति है!

    Acknowledgements and image sources (साभार )
    Super 30 Poster : By Source, Fair use, https://en.wikipedia.org/w/index.php?curid=60926054
    Sushil Kumar Modi picture : http://sushilmodi.in/

  • धनतेरस और सोने का संताप

    धनतेरस और सोने का संताप

    दीपावली से दो दिन पहले ही धनतेरस मनाने की प्रथा है. लोगों का मानना है की धनतेरस के दिन धन (धातु) खरीदने से उसमें 13 गुणा वृद्धि होती है. बचपन में तो माँ स्टील के कुछ बर्तन खरीद लेती थी इस दिन. मुझे भी ठीक लगता था. रस्म की रस्म भी हो गयी और जरूरत के बर्तन भी आ गए घर में.

    बाद में पता चला कि धनतेरस पर सचमुच यदि 13 गुणा धन बढ़ाना हो तो फिर सोना खरीदना चाहिए. फिर ये लगा कि साल दर साल धन ऐसे ही यदि तेरहगुणा होता रहे तो फिर सारी दुनिया क्यों इतनी मेहनत-मशक्कत करती है. मैंने उसके बाद फिर दुबारा कभी इस रस्म को ज्यादा तवज्जो नहीं दी. पढाई -लिखाई करके नौकरी -चाकरी वाला जो घिसा-पिटा तरीका है उसी से धन जोड़ता रहा. चूँकि ये गैर-चमत्कारिक रास्ता है तो जाहिर है कि कई सालों बाद भी धन का घड़ा बूँद-बूँद ही भरेगा और अभी भी पेंदे से ज़रा ही ऊपर है.

    लेकिन रस्म तो भाई रस्म है. आपके अकेले की प्रोग्रेसिव सोच से क्या होना है. शादी होने के बाद धनतेरस की प्रथा ने फिर से मुझे मूँह चिढ़ाया. श्रीमतीजी ने कहा, ‘अरे आज धनतेरस है ‘.

    मैंने कहा , ‘ठीक है , कुछ स्टील के चम्मच खरीद लेते हैं ‘.

    यह शांतिपूर्ण वार्ता कुछ देर और चली, फिर श्रीमतीजी को अहसास हुआ कि धन को तेरहगुणा करने के लिए पहले धन का होना जरूरी है ठीक वैसे ही जैसे दही जमाने के लिए जामन/जोरन चाहिए होता है.

    कुछ सालों धनतेरस पर शान्ति रही इस नए ज्ञान के आलोक में. फिर हमारी सास आ गयीं. दिवाली के निकट आने पर उन्होंने फरमाया, ‘ इस बार मेरी दोनों नातिनों के लिए सोने की चेन खरीद लो धनतेरस पर’.मैं निरुत्तर हो गया कुछ पल को. अब इन्हें कैसे समझाऊँ ? थोड़ा रुक कर मैंने कहा कि अमेरिका में सोना खरीदना बेवकूफी है. केवल फैशन jewelery  मिलती है यहाँ वो भी 13-14 कैरेट से ऊपर नहीं. उनको बात में दम लगी, बोलीं तब चेन खरीदने में फायदा नहीं .ऐसा करो, पत्नी के लिए ही कुछ खरीद दो, रस्म भी हो जायेगी और पार्टी-वार्टी में पहनेगी भी. मैंने हाँथ खड़े कर दिए. शाम को फ्रेड-मायर (Fred Myer) ज्वैलर के यहाँ से श्रीमती के साथ धनतेरस की रस्म -अदायगी कर आया.