Category: Society

  • Special Feature : मतदान- लोकतंत्र की सबसे बड़ी आजादी

    Special Feature : मतदान- लोकतंत्र की सबसे बड़ी आजादी

    – Saroj Kumar Jha.

    Blogger and Analyst.

    भारत- लिखित संविधान का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र। भाषायी, जातीय व धार्मिक विविधता जहां एक ओर सामाजिक विविधता का कारण है तो दूसरी तरफ भौगोलिक विविधता शारीरिक व भौतिक जीवन के विविधता का कारण है। इन सभी विविधताओं को एकसूत्र में बांधता है भारतीय लोकतंत्र एवं इसकी रूपरेखा। हां, कुछ विवादास्पद व अनसुलझे उपबंध भी हैं, जिन्हें सामान्य नागरिक-जीवन में नजरअंदाज किया जाता है और करना चाहिए भी।

    संविधान द्वारा संरचित भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी आजादी है ‘मतदान’। आप अपने सेवक को अपने लिए सेवा करने के पक्ष में अपने मत का दान करते हैं। असल विवेचना यही है चुनाव की, परन्तु क्या लोकतंत्र के लोकप्रिय पर्व चुनाव की महत्ता हम समझते हैं? क्या इसके उद्देश्य पर हमारे प्रतिनिधि खड़ा उतरते हैं? उत्तर तो मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में भी छुपा है और अतीत में भी।
    गरीबी कहें या अशिक्षा, जातीय उन्माद कहें या मजहबी कट्टरता, हम कभी हिंदू होते हैं तो कभी मुसलमान, हम कभी सवर्ण होते हैं तो कभी पिछड़ा वर्ग, हम कभी मैथिलीप्रेमी होते हैं तो कभी भोजपुरीप्रेमी। हम अपने-अपने रस को चखना चाहते हैं, परंतु मतदान के आगाध महासागर में डुबकी लगाने से वंचित रहते हैं। जाहिर है हम जब कभी स्वयं इसके महत्व को नहीं समझेंगे तो हमारे प्रतिनिधि सेवक के बजाय राजतंत्र के महाराजाधिराज ही होंगे न। मतदान का उद्देश्य समाज की जमीन व जमीर को मजबूत करना होता है। आज सोशल मीडिया पर सभी अपनी जमीर की मजबूती तो दिखा देते हैं, लेकिन अपने संबंधित समाज की जमीनी कमजोरी पर समुचित ध्यान नही देते। हमारी मानसिकता का सीधा फायदा राजनीति को अभिनय समझने वाले लोगों को मिलता है। सोशल मीडिया पर एक कंबल वितरण और उस वितरण वाली फोटो को शेयर, लाइक्स या कमेंट्स हमारी मानसिकता तय करने लगा है कि हम किस प्रत्याशी को वोट करें। जबकि हम यह भूल जाते हैं कि हमारे वोट का जितना महत्व है, उतने ही महत्व उनके वोट का है जो सोशल मीडिया पर नहीं हैं या जिन्हें पूर्ण रूप से जमीन पर ही रहना है। अर्थात् एक आम जनता के रूप में एक ही समाज में एक ही छत के नीचे किसी प्रत्याशी को योग्य या अयोग्य करार देने के अलग-अलग मत व मुद्दे होते हैं, जबकि हमारी मांगें और जरूरतें समान होती हैं।
    मतदान का वास्तविक उद्देश्य है कि हम एक आम जनता बिना किसी संकुचित सोच के एक स्वच्छ व उन्नतिप्रेमी प्रतिनिधि का चुनाव करें। अक्सर हमारे पास योग्य प्रतिनिधि विकल्प में नहीं होते। कभी-कभी होते भी हैं तो भी हम उन्हें वोट नहीं करते, क्योंकि उस प्रतिनिधि के पास किसी बड़ी राजनीतिक पार्टी का टिकट नहीं होता, प्रचार के लिए कोई अभिनेता या क्रिकेटर्स नही होता। हम इस असमंजस को राजनीतिक मजबूरी कहें या अपनी उदासीनता, लेकिन यह लोकतंत्र की खूबसूरती को कहीं न कहीं छिन्न-भिन्न अवश्य करता है। धन, बल व मजहबी उन्माद हमारी सोच तय करता है। यह तय करता है कि किस प्रतिनिधि को हम वोट करें। होश कम और जोश ज्यादा दिखता है हमारे सेवक चयन में।
    क्या लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व मतदान का असली आनन्द हम लेते हैं? हम एक होते हैं, लेकिन भाषा, प्रान्त, धर्म व जाति हमें अनेक बना देता है। अर्थात् हम स्वयं ही स्वयं के दास होते हैं और कई पौराणिक कथाओं व पुस्तकों में यह कहा गया है कि एक गुलाम कभी मुक्तचिंतन नही कर सकता! देश आजाद है, मत आजाद है, लेकिन हमारी मानसिकता गुलाम ही है। बहरहाल, हमने लोकतंत्र के इस महोत्सव को कितना धूमिल बनाया, इसे अतीत समझकर बेहतर है कि वर्तमान व भविष्य को उत्कृष्ट बनावें तथा बिना किसी भेदभाव व संकुचन के सब मिलकर शत-प्रतिशत मतदान करें।
    जय भारत, जय लोकतंत्र!
    (लेखक युवा विश्लेषक व समीक्षक हैं।)

  • ” चल बेटा, ले चल वोट दिलाने…!”

    ” चल बेटा, ले चल वोट दिलाने…!”

    123 वर्षीया ठकुरी देवी ने भी किया मतदान

    गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिले में मतदान के प्रति रविवार को एेसा उत्साह दिखा कि क्या लाचार, क्या बीमार, क्या बुजुर्ग और क्या युवा, सब के सब ने अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग किया। इसी क्रम में बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत जरकुंडी की रहने वाली 123 वर्षीय वृद्धा ठकुरी देवी ने अपना वोट डाला। उसने अपने पोते महावीर महतो को वोट दिलाने की जिद की और पोता श्रवण कुमार की तरह अपनी दादी को गोद में लेकर सीधे अपने मतदान केन्द्र पर ले आया। वोट डालने के बाद वह फिर पोते के साथ खुशी-खुशी लौट गयी। शारीरिक तौर पर बोलने में और चलने में ठकुरी थोड़ी लाचार तो जरूर दिखी, लेकिन वोट डालने के बाद उसकी आंखों में जो खुशी दिखी, उसका वर्णन नहीं किया जा सकता।

    • VarnanLive (12/05/19).
  • The Democratic Devotion : विवाह मंडप से उठकर मतदान देने पहुंची दुल्हन

    विदाई से पहले हो आयी मतदान केन्द्र, कहा- है हमारा संवैधानिक अधिकार

    Kumar Sanjay

    Correspondent, Bokaro Thermal.
    मतदान केंद्र के बाहर मत देने के बाद दुल्हन पुष्पा अपने दूल्हा के साथ.

    बोकारो थर्मल ः बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जरीडीह पश्चिमी पंचायत के सरैयाटांड़ चैती दुर्गा मंदिर के समीप सामुदायिक भवन में बूथ संख्या 44 में सुबह मतदान शुरू होते ही एक दुल्हन शादी के जोड़े में वोट देने पहुंची.मतदान केंद्र पर आते ही देखने के लिए काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। डिहवा गांव के चंद्रदेव महतो उर्फ सीडी सिंह की पुत्री पुष्पा कुमारी का विवाह बगोदर के राजकुमार के साथ रविवार की सुबह संपन्न हुआ। बारात शनिवार रात्रि को पहुंची थी। सुबह दुल्हन ने वोट देने की इच्छा जाहिर की तो सजी कार पर विदाई के पूर्व दुल्हन दूल्हे के साथ अपना वोट देने मतदान केंद्र पहुंची। दुल्हन पुष्पा ने शादी के जोड़े में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दुल्हन पुष्पा ने कहा कि मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार है। चुनाव में एक-एक मत का महत्व होता है, इसलिए हमने अपने मत का प्रयोग करने की सोची। पुष्पा केवी कॉलेज से स्नातक की शिक्षा पूरी कर चुकी है। पुष्पा ने मतदाताओं से अपील किया कि हर व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें.गांधीनगर थाना प्रभारी आरबी सिंह ने भी दुल्हन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए दूल्हा दुल्हन को आशीर्वाद दिया।

    • Varnan Live Report. (12/05/2019)
  • Ballets beat Bullets : नक्सलियों के गढ़ में भारी रही लोकतांत्रिक धमक

    विशाल अग्रवाल, Correspondent.

    गोमिया (बोकारो) : लोकतंत्र के महापर्व के लिए रविवार का दिन मंगलकारी साबित हुआ। कल तक जहां बदूकें लहरती थी, वहां अब लोकतंत्र की जय-जयकार हो रही है। गोमिया के नक्सल प्रभावित इलाके तुइयो, राजडेरवा, कुरकुटिया, चैयाटांड़, दनरा, अमन, चचुआबेड़ा, खराबेड़ा गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चुट्टे बूथ संख्या 36, 37, 38 एवं 39 सहित विभिन्न बूथों पर वोट बरसते रहे। सुबह से मौसम में गर्मी के बावजूद लोधी, कुर्कनालो, पेजुआ के विभिन्न बूथों पर वोटरों की लंबी लाइन लग गयी थी। वोट देने के लिये मतदाताओं का उत्साह व उमंग चरम पर नजर आया। बूथों पर पुरुष और महिला मतदाताओं से लंबी लाइन जागरूकता का संदेश दे रही थी। क्षेत्र के करीब 3-4 मतदान केंद्रों पर इवीएम सहित अन्य तकनीकी खराबी के कारण कुछ देर मतदान बाधित रहा। हालांकि प्रशासन की तत्परता के कारण जल्द ही आयी खराबी को दूर कर मतदान सुचारु रूप से शुरू करवा दिया गया। हाई प्रोफाइल चेहरों ने किया मतदाननये से लेकर बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यहां मतदान करने गोमिया प्रखंड प्रमुख गुलाब चन्द्र हांसदा, उप प्रमुख मिना देवी ने भी मतदान किया। मतदान केंद्रों पर स्काउट एंड गाइड मुस्तैदी से कर्तव्य निर्वहन में लगे रहे. वोटरों को लाइन में लगाने से लेकर दिव्यांग सहित बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान में स्काउंट एंड गाइड की मदद ली गयी।

    चुनावी गतिविधि पर होती रही कड़ी निगरानी

    चुनाव के दौरान चुनावी गतिविधि को लेकर प्रखंड क्षेत्र में चुनाव कार्य में लगे 110 वाहनों से निगरानी की जा रही थी। खासकर नक्सल प्रभावित क्षेत्र झुमरा पहाड़ स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मतदान केंद्र की संख्या 44 पर हेलीकॉप्टर द्वारा मतदान कर्मियों को वहां पहुंचाया गया। में हेलीकॉप्टर द्वारा झुमरा क्षेत्र कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। तो दूसरी तरफ गोमिया बीडीओ मोनी कुमारी, सीओ ओम प्रकाश मंडल, गोमिया सीआई सुरेश बर्णवाल मतदान केंद्रों पर जाकर हालात का जायजा लिया। नक्सल गतिविधियों को देखते हुए तुइयो, राजडेरवा, कुरकुटिया, चैयाटांड़, दनरा, अमन, चचुआबेड़ा, खराबेड़ा आदि नक्सल प्रभावित इलाके में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अति उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र चतरोचट्टी थाना, महुआटांड़ थाना एवं जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंध की व्यापक व्यवस्था की गई थी। वहां केंद्रीय अर्धसैनिक बल, सीआरपीएफ की कंपनी के अलावा जगुआर, जैप, जिला पुलिस, होमगार्ड के पांच कंपनियां क्षेत्र में तैनात किए गए तथाा सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया था।

    • Varnanlive Report 12/05/19.
  • #LoksabhaElection2019- नये वोटरों ने दिया सजग नागरिकता का परिचय

    New Voters in Bokaro, who casted their votes fist time in life.

    बोकारो ः 18 वर्ष की उम्र पर पहुंचे नये मतदाताओं में पहली बार वोट डालने का खासा उत्साह बोकारो में देखा गया। चास-बोकारो के विभिन्न बूथों पर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां बतौर वोटर पहली बार पहुंचे और पूरी प्रसन्नता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चास निवासी सोनल खंडेलवाल ने अपने भाई के साथ पहली बार मतदान दिया, तो बोकारो के सेक्टर-12सी में पूजा कुमारी, दुंदीबाद निवासी सरस्वती कुमारी और सेक्टर-2डी निवासी स्मृति सिंह ने पहली बार वोटिंग की। सबों ने कहा कि पहली बार उन्हें वोट कर काफी अच्छा लगा। सोनल ने कहा कि वह एक जागरुक नागरिक है और सबको हमेशा ही अपना वोट अवश्य देना चाहिये।

    • Varnan Live.
  • तपिश को देकर मात उमड़ पड़ी जमात

    तपिश को देकर मात उमड़ पड़ी जमात

    लोकतांत्रिक आस्था के महापर्व पर उमड़ा जनसैलाब

    – Deepak Kumar Jha.

    Bokaro Steel City (Jharkhand).

    बोकारो : विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का सबसे बड़े पर्व चुनाव का आनंद रविवार को बोकारो जिले के निवासियों ने भी लिया। राज्य में तीसरे तरण के निर्वाचन के तहत बोकारो जिले में धनबाद तथा गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के लिये मतदाताओं ने अपने-अपने पसंदीदा प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद कर डाली। इस बार के चुनाव में लोगों की जागरुकता को लेकर प्रशासन की कवायदें काफी हद तक रंग दिखाने वाली रहीं। अपने मतदान के जरिये लोकतंत्र को सशक्त बनाने तथा देश की नयी तकदीर व तस्वीर गढ़ने की उम्मीदों के साथ जिले के वोटरों में वोटिंग के प्रति अपार उत्साह देखा गया। लोकतांत्रिक महोत्सव के इस उमंग में प्रातः बेला से ही लोग अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर जुटने लगे। बूथों के समीप रहने वाले कई लोग मार्निंग वाक करते हुए पहुंचे तो कोई वाहनों से आये। कोई अकेला पहुंचा, तो कोई पूरे परिवार के साथ। कई महिलायें गोद में बच्चा तक साथ में लेकर उत्साह में बूथों तक जाती दिखीं, मानो वह किसी मेले में जा रही हों। मतदान शुरू होने के निर्धारित समय सात बजे से लगभग एक घंटा-डेढ़ पहले से ही लोगों की चहल-कदमी बूथों पर शुरू हो गयी, जो दिनभर जारी रही। 44 डिग्री सेल्सियस की झुलसाती गर्मी, आग उगलती सड़क और शोले बरसाते आसमान के बीच लू के थपेड़े भी लोकतंत्र के इन आस्थावीरों की आस्था को डगमगा न सके। दिनभर बम्पर वोटिंग चलती रही। अपना राष्ट्रीय नेतृत्व चुनने की खुशी में दिव्यांगता और अन्य सभी तरह की शारीरिक लाचारी को भी वोटरों ने ठेंगा दिखाते हुए जमकर मतदान किये। कोई ट्राइसाइकिल से आया, तो कोई अपनी तिपहिया स्कूटी से, तो कोई वैशाखी लेकर, सबमें गजब का उत्साह देखा गया। इधर, वोटिंग के बाद सोशल मीडिया पर मतदान की स्याही लगी उंगलियों के साथ फोटो शेयर करने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। सबों ने फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर जैसी सोशल साइट्स के जरिये अपनी सजग नागरिकता होने का प्रमाण अपने इष्टमित्रों के साथ साझ किया।

    View Video Report.


    शहरी बाबुओं में फिर दिखी उदासीनता

    बोकारो जिले में इस बार भी शहरी इलाके के बजाय ग्रामीण वोटरों में अपेक्षाकृत अच्छी जागरुकता दिखी। चास-बोकारो के ज्यादा चंदनकियारी तथा नक्सल प्रभावित गोमिया एवं आसपास के इलाकों में ज्यादा भीड़ देखी गयी। अपराह्न तीन बजे तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 62.5 प्रतिशत वोटिंग हुई। 62.3 प्रतिशत मतदान के साथ गोमिया दूसरे, 57.23 प्रतिशत वोटिंग के साथ बेरमो तीसरे 46.86 प्रतिशत मतदान के साथ बोकारो विधानसभा क्षेत्र चौथे स्थान पर रहा। 

    • Varnan Live.

  • मृतकों के नाम रहे लिस्ट में, पर कई जीवित रहे गायब

    Mother’s Day पर  अपनी मां को वोट न दिला पाने का रह गया मलाल

    वोट देने से वंचित रह गयीं अपनी मां सोना देवी के साथ के साथ मनोज यादव।
    • Deepak Jha

    बोकारो ः बोकारो जिले के विभिन्न मतदान केन्द्रों के लिये इस बार नये बीएलओ प्रतिनियुक्ति किये जाने के बाद कई जगहों पर भारी गड़बड़ियां सामने आयीं। मतदाताओं के सत्यापन से लेकर वोटर्स स्लिप के वितरण तक में काफी खामियां दिखीं। एक खामी तो एेसी आयी, जिसने एक बेटे को मदर्स डे पर अपनी मां को लोकतांत्रिक पर्व की खुशी न दे पाने का मलाल छोड़ गयी। सेक्टर-2डी निवासी मनोज यादव की मां और श्री विशुनदेव यादव की सहधर्मिणी श्रीमती सोना देवी इस बार अपने मताधिकार से वंचित रह गयीं। वजह यह रही कि वोटर्स लिस्ट में उनका नाम ही नहीं मिला। बूथकर्मी खोजकर थक गये, पर सोना देवी का नाम नहीं मिला। इसके बजाय आसपास रहने वाले उसी इलाके के कई एेसे लोगों के नाम वोटर लिस्ट में मौजूद रहे जो या तो स्वर्ग सिधार चुके हैं या लिस्ट में वर्णित पता से स्थानांतरित होकर चले गये हैं। मनोज ने कहा कि उसी इलाके की दुलारी देवी, राजेन्द्र झा, प्रभुनाथ मिश्रा और वीरेन्द्र सिंह के नाम मतदाता सूची में दर्ज पाये गये। आश्चर्य की बात तो यह है कि ये सभी के सभी मृत हो चुके हैं। इनके अलावा कई लोग जो अपने घर बदल चुके हैं, उनके भी नाम वोटर लिस्ट में मौजूद रहे। मनोज ने कहा- आज मदर्स डे था और अपनी मां को मैं वोट नहीं दिला पाया, इसका दुख रह गया। दूसरी तरफ राज्य के मुख्य निर्वाचन एल. खिंयाग्ते तथा स्थानीय प्रशासन के सख्त निर्देश के बाद भी मतदाता पर्ची के वितरण में बीएलओ ने रुचि नहीं दिखायी। बोकारोे के सेक्टर- 3बी, सेक्टर-4 के कई इलाकों में सैकड़ों वोटरों ने वोटर्स स्लिप नहीं मिल पाने की शिकायत की। इसके कारण मतदान-कार्य के लिये नाम खोजने में अनावश्यक विलम्ब हुआ।

  • बस वोट का मुद्दा ही रह गयी चास की बिजली-समस्या

    बस वोट का मुद्दा ही रह गयी चास की बिजली-समस्या

    संवाददाता

    चास : बोकारो के उपशहर और प्रमुख व्यावसायिक केन्द्र चास में दशकों से जारी बिजली संकट की आज भी वही स्थिति है। सुधार के लिये बड़े-बड़े दावे तो होते रहे है, परंतु धरातल पर होता कुछ नहीं दिख रहा। हर बार चुनाव में यह हमेशा चुनावी मुद्दा और वोट का केन्द्र रहा है, परंतु नेताओं से लेकर अफसरों तक ने इस गंभीर संकट पर कभी भी गंभीर ध्यान नहीं दिया। लिहाजा आज भी स्थिति जस की तस ही है।  कई सांसद आये और गये, लेकिन चासवासियों की निर्बाध विद्युतापूर्ति का सपना बस सपना ही रह गया है। चास और पूरे चीरा चास में बिजली की किल्लत से लोग परेशान हैं। प्रचंड गर्मी शुरू हो चुकी है और लोग दिन-दिनभर कभी-कभी तो दो-दो दिन तक चासवासी बिना बिजली के बिताने को विवश हैं। बिजली संकट के कारण आम जन-जीवन तथा व्यवसायी पूरी तरह से चरमरा गया है। आमलोगों का कहना है कि बिजली दिनभर में मात्र तीन-चार घंटे ही बिजली रहती है। जीना मुहाल हो गया है। वहीं, नेता लोग अपना चेहरा चमकाने के लिये पुतला-दहन कर रहे हैं। अगर नेताओं, जनप्रतिनिधियों को इतना ही दर्द है तो सब एक हो क्यों नहीं आंदोलन करते, अलग-अलग क्यों? 


    जरूरत से कम मिल रही बिजली

    चास में बिजली संकट को लेकर विभागीय सूत्रों का कहना है कि चास में जरूरत से कम बिजली मिल रही है, जिसके कारण समस्या है। 70 मेगावाट की जरूरत है, जबकि 40-45 मेगावाट ही बिजली मिल पा रही है। फलस्वरूप अन्य जगहों पर लोड शेडिंग की जा रही है। इस समस्या को दूर करने के लिये दो-तीन काम किये जा रहे हैं। फुदनीडीह सब-स्टेशन के लिये सर्किट लाया जा रहा है, जिससे 30 मेगावाट बिजली बढ़ेगी। इसके साथ ही बियाडा से भी सर्किट आ रहा है। उससे भी 30-35 मेगावाट बिजली मिलेगी। इस प्रकार 25 मेगावाट की कमी को दूर करने के लिये 60-65 मेगावाट की उपलब्धता बढ़ जायेगी। उन्होंने डीवीसी से लोड शेडिंग बंद कराये जाने की भी बात कही।


    क्या कहते हैं लोग

    चीराचास निवासी एक सरकारी चिकित्सक ने कहा कि बोकारो जिले की बिजली से पड़ोसी राज्य बिहार और बंगाल रोशन तो होते हैं, लेकिन यहीं बिजली की किल्लत चिराग तले अंधेरा वाली कहावत को चरितार्थ कर रहा है। चीरा चास विकास समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह कहते हैं कि अगर जनप्रतिनिधियों में विकास पुरुष बनने की चाहत हो तो बिहार की तरह झारखंड में भी विकास और बिजली की कमी नहीं होगी। यहां के जनप्रतिनिधियों को दृढ़ इच्छाशक्ति खुद में पैदा करनी होगी सारे संसाधनों से युक्त झारखंड में बिजली नहीं और बिहार में 24 घंटे बिजली यह यकीनन सोचने वाली बात है। चिन्मय विद्यालय बोकारो के उप प्राचार्य अशोक झा ने कहा कि चीरा चास में विद्युत आपूर्ति की स्थिति काफी नाजुक हो चुकी है खासकर बुजुर्गों और नवजात शिशुओं सहित छोटे-छोटे बच्चों को दिन रात भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह केवल इसलिए है, क्योंकि नेतागिरी केवल खुद तक ही केंद्रित रह गई है सब के हित की बात नहीं रह गई है।

  • निर्धन छात्रों ने इंजीनियरिंग में पायी कामयाबी

    गोमिया : गोमिया प्लस टू उच्च विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नित्य नए आयाम गढ़ रहा है। इसी क्रम में वर्ष 2019 के जेईई मेंस में वर्तमान सत्र 2018-19 में अध्ययनरत दो छात्रों- सत्यम कुमार एवं शिवा कुमार ने सफलता पाकर स्कूल का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि अपने प्रथम प्रयास में ही इन दोनों विद्यार्थियों ने प्राप्त कर लिया। उक्त छात्रों ने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के सभी गुरुजनों एवं अपने माता-पिता को दिया है। बता दें कि उक्त दोनों छात्र निर्धन परिवार से आते हैं। गोमिया उच्च विद्यालय के शिक्षकों ने छात्रों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

  • चिन्मय विद्यालय का फिर शत-प्रतिशत परिणाम

    12वीं का परीक्षाफल अन्य वर्ष की भांति इस वर्ष भी काफी शानदार रहा है। इस बार भी विद्यालय का 100 प्रतिशत परिणाम रहा। कुल 166 बच्चों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त हुए हैं। विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय सचिव महेश त्रिपाठी ने शिक्षक और छात्रों को हार्दिक बधाई देते हए कहा कि, प्रबंधन, शिक्षक, छात्र एवं अभिभावक के सम्मिलित प्रयास से ऐसा शानदार परीक्षाफल हुआ है और आगे भी आने वाले वर्षो में और भी बेहततर होने वाला है। इस विद्यालय के वाणिज्य संकाय में नेहा बुधिया (97.6), निशांत नयन (97.4) तथा रानी अग्रवाल (97.2) क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार विज्ञान संकाय में मनीष कुमार (97.2), महाश्वैता महेश्वरी (96.4) तथा अपर्णा सरकार व अदिति चैधरी (96.2) तथा कला संकाय में कृष्णा कुमार सिंह (95.8), गौतम कुमार गुंजन ( 95) व साहिल बागची (94.6)  क्रमश- पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। इस स्वर्णिम सफलता के लिए चिन्मय मिशन केन्द्र बोकारो की आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंद सरस्वती, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विश्वरुप मुखोपध्याय, प्राचार्य डा. अशोक सिंह तथा उप प्राचार्य अशोक कुमार झा ने सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों व शिक्षकों को बधाई दी है।