जयंत मर्डर केस: मास्टरमाइंड की थी ‘खोपड़ी’ और ‘कट्टा’, ‘लूसी’ आदि ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

पुलिस ने किया अपहरण व हत्याकांड का खुलासा, 18 से अधिक मामलों के आरोपी विनोद खोपड़ी समेत छह शिकंजे में

संवाददाता
बोकारो।
बोकारो पुलिस ने जयंत सिंह के सनसनीखेज अपहरण और उसकी हत्या के मामले का उद्भेदन करते हुए घटना के मुख्य आरोपी विनोद खोपड़ी सहित कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के निर्देश पर बोकारो के नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में गठित एक विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की गई।

मंगलवार को उक्त जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने यहां पत्रकारों को बताया कि इस मामले की शुरुआत 11 दिसंबर, 2025 को हुई थी, जब अमृता सिंह ने हरला थाना में अपने पति जयंत सिंह के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस सूचना के आलोक में एसआईटी ने तत्कालीन परिस्थितियों और तकनीकी साक्ष्य की मदद से कांड का उद्भेदन किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही के आधार पर अपहृत जयंत सिंह के शव को गिरिडीह जिला के पीरटांड़ थाना अंतर्गत जलेबिया घाटी के पास से बरामद किया गया, जिससे यह मामला अपहरण से हत्या में बदल गया। इस जघन्य अपराध में कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है।

प्राथमिकी अभियुक्त विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी के अलावा पांच अप्राथमिकी अभियुक्तों- मनोज कुमार उर्फ लूसी, संजय कुमार उर्फ संजय डोम, आनंद कुमार, वरुण कुमार उर्फ वरुण पासवान और संजय सिंह उर्फ कट्टा को भी गिरफ्तार किया गया है। मास्टर माइंड विनोद खोपड़ी के इशारे पर सहयोगियों – लूसी, संजय कुमार उर्फ संजय डोम, आनंद कुमार, वरुण कुमार उर्फ वरुण पासवान और संजय सिंह उर्फ कट्टा ने जयंत को सेक्टर 8 डी स्कूल परिसर में लाठी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया और उसके बाद शव को गिरिडीह जिले के जिलेबिया मोड़ के जंगल में ठिकाने लगा दिया था। पुलिस ने अपराधियों की कार, हत्या में उपयोग की गई लाठी और दो मोबाइल बरामद किए हैं।

एसपी के कहा कि जयंत की हत्या एक तरह से अहंकार की वजह से की गई। मुख्य आरोपी विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी का आपराधिक इतिहास खौफनाक है। उसके खिलाफ हत्या (धारा 302), हत्या का प्रयास (धारा 307), अपहरण (धारा 364), रंगदारी (धारा 387, 386) और आर्म्स एक्ट सहित 18 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इस सफल छापामारी दल में आलोक रंजन (पुलिस उपाधीक्षक, नगर, बोकारो), पु.नि. खुर्शीद आलम (थाना प्रभारी, हरला), पु.नि. सुदामा कुमार (थाना प्रभारी, बी.एस. सिटी), पु.नि. संजय कुमार (थाना प्रभारी, सेक्टर-04), पु.नि. आजाद अंसारी (थाना प्रभारी, माराफारी) तथा अनुसंधानकर्ता पु.अ.नि. सहदेव कुमार साव सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने विनोद खोपड़ी की गिरफ्तारी को शहर की शांति और सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया और इसके लिए एसआईटी का नेतृत्व करने वाले सिटी डीएसपी आलोक रंजन की प्रशंसा की है।

  • Varnan Live Report.

Comments

Leave a Reply

More posts