Tag: featured

shows on the Top dynamic slider

  • गुरु पूर्णिमा पर सद्गुरुदेव श्रीमाली ने दिया सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का संदेश, कहा- अब युद्ध तलवारों से नहीं, विचारों से लड़े जाएंगे

    गुरु पूर्णिमा पर सद्गुरुदेव श्रीमाली ने दिया सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का संदेश, कहा- अब युद्ध तलवारों से नहीं, विचारों से लड़े जाएंगे

    रामलला की नगरी अयोध्या में गूंजे ‘जय श्री राम’ और ‘जय गुरुदेव’ के जयकारे, पारमेष्ठि गुरु शक्ति पूर्णिमा महोत्सव में उमड़ा आस्था का महासैलाब

    अयोध्या से विजय कुमार झा
    निखिल मंत्र विज्ञान (अंतरराष्ट्रीय सिद्धाश्रम साधक परिवार) की ओर से रामलला की पवित्र और पावन नगरी अयोध्या के कारसेवकपुरम में जानकी घाट के समीप आयोजित द्विदिवसीय पारमेष्ठि गुरु शक्ति पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन आध्यात्मिक चेतना और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। पूरा परिसर ‘जय श्री राम’, ‘जय गुरुदेव’, ‘जय निखिल’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा। देश-विदेश के कोने-कोने से पधारे हजारों-हजार साधक-साधिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को अलौकिक बना दिया। बुधवार देर रात तक चले इस शिविर में जहां साधना संपन्न कराई गईं, वहीं सद्गुरुदेव श्री नंदकिशोर श्रीमाली जी महाराज ने साधकों को दिव्य गुरुदीक्षा एवं शक्तिपात दीक्षाएं भी प्रदान कीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नए श्रद्धालु निखिल परिवार के सदस्य बने।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    30 पीढ़ियों का धैर्य और शौर्य है राम मंदिर: सद्गुरुदेव नंदकिशोर

    परमहंस स्वामी निखिलेश्वरानंदजी महाराज (डॉ.नारायण दत्त श्रीमाली) एवं वंदनीया माता भगवती की दिव्यतम छत्रछाया में आयोजित इस शिविर में सद्गुरुदेव ने भगवान श्रीराम, गुरु-तत्व और रामलला की नगरी अयोध्या की महिमा का बखान किया। सद्गुरुदेव श्री श्रीमाली ने कारसेवकपुरम की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का स्मरण कराया।

    उन्होंने कहा कि आज हम जिस पावन भूमि पर बैठकर साधना और दर्शन का सौभाग्य प्राप्त कर रहे हैं, वह 500 वर्षों के अनवरत संघर्ष और लगभग 30 पीढ़ियों के अतुलनीय शौर्य तथा धैर्य का परिणाम है। उन्होंने चंपत राय के साथ हुई वार्ता का उल्लेख करते हुए बताया कि 92-93 में मात्र नाममात्र के मूल्य पर खरीदी गई इस भूमि से शुरू हुआ शिला-तराशने का कार्य और तीन दशकों की कानूनी लड़ाई के बाद आज भव्य राम मंदिर के रूप में साकार हुआ है। यह दृढ़ विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। सद्गुरुदेव ने सचेत करते हुए कहा कि राम मंदिर का निर्माण पूर्ण विजय नहीं है। असली चुनौती अब शुरू होती है। अब युद्ध तलवारों, भालों या बंदूकों से नहीं, बल्कि विचारों से लड़े जाएंगे। हमारी पीढ़ी का परम कर्तव्य है कि वह विचारों के इस संग्राम में सनातन संस्कृति की ध्वजा को पूरे आर्यावर्त में पुनः मजबूती से स्थापित करे। 1600-1700 ईस्वी में विश्व की जीडीपी का 35 प्रतिशत हिस्सा भारत का था, क्योंकि हमारा साम्राज्य धर्म और ‘सर्वजन हिताय’ के भाव पर टिका था। हमें उसी रामराज्य की भावना को पुनः स्थापित करना है।

    दुखों से न झुकने वाली समर्थता देना ही गुरु का कार्य

    गुरु तत्व की गूढ़ व्याख्या करते हुए सद्गुरुदेव ने स्पष्ट किया कि गुरु का कार्य केवल व्यावहारिक सलाह देना या समस्याओं को तात्कालिक रूप से हल करना नहीं है। गुरु का वास्तविक कार्य शिष्य को इतना आत्म-समर्थ बनाना है कि जीवन का कोई भी दुख या संकट उसे डिगा न सके, झुका न सके। उन्होंने अन्नमय कोष से आनंदमय कोष की यात्रा का वर्णन करते हुए कहा कि संसार का सामान्य मनुष्य बाहरी आवरणों, वस्त्रों और भौतिक सुख-सुविधाओं में उलझा रहता है। सुख केवल भौतिक संसाधनों का नाम है, जबकि आनंद अंतर्मन का वह खजाना है जिसका बाह्य परिस्थितियों से कोई लेना-देना नहीं होता। गुरु शिष्य के प्राणों के माध्यम से उसके मन में प्रवेश करते हैं और अज्ञान के अंधकार को मिटाकर ज्ञान की ज्योति प्रज्वलित करते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के कथनों को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे पैर से कोई खड़ा नहीं होता। गुरु शिष्य को बड़ा पद देने नहीं, बल्कि उसका मन बड़ा करने आते हैं, क्योंकि बड़ा मन ही क्षमा, प्रेम, बड़े निर्णय और लक्ष्य-सिद्धि प्राप्त कर सकता है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    बुद्धि, विवेक और निष्काम समर्पण के साक्षात प्रतीक हैं श्री हनुमान

    रामकथा और हनुमान जी के प्रसंगों का सुंदर समन्वय करते हुए सद्गुरुदेव ने कहा कि हनुमान जी केवल शारीरिक बल के धाम नहीं थे, बल्कि वे तर्क, विचार और परम बुद्धि के स्वामी थे। जब लंका से लौटने पर श्री राम ने सीता जी के कुशल-क्षेम के विषय में पूछा, तो हनुमान जी ने अपनी चतुर वाणी में कहा—

    नाम पहरू दिवस निसि ध्यान तुम्हारा कपाट।
    लोचन निज पद जंत्रित जाहिं प्राण केहि बाट।।

    अर्थात, आपके नाम का पहरा और आपके ध्यान का किवाड़ इतना सुदृढ़ है कि माता सीता के प्राण बाहर निकल ही नहीं सकते। हनुमान जी ने बातों-बातों में प्रभु राम को बोध कराया कि अपने अनन्य भक्तों की रक्षा की जिम्मेदारी स्वयं भगवान की होती है। उन्होंने रावण वध के प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे हनुमान जी ने अपनी विलक्षण बुद्धि के बल पर रावण के महल से ही उसका ब्रह्मास्त्र हासिल कर प्रभु राम को सौंपा। बल से सदैव बुद्धि बड़ी होती है और बुद्धि मन के शुभ भावों से जागृत होती है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    दृष्टिकोण का परिवर्तन ही जीवन का असली आनंद

    सद्गुरुदेव ने एक दृष्टांत के माध्यम से समझाया कि समस्या पैसों या परिस्थितियों की नहीं, बल्कि हमारी दृष्टि की होती है। जो हमारे पास उपलब्ध है, हम उसका आनंद लेने के बजाय अप्राप्त के पीछे भागते रहते हैं। प्रतिदिन प्रातः उठते ही अपनी श्वासों, अपने शरीर और जीवन के प्रति ईश्वर का कृतज्ञता ज्ञापन करना ही आनंद प्राप्ति का सबसे सरल मार्ग है। उन्होंने बीती बातों को बिसारकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 10-20 साल पुराने मुकदमों और कड़वी यादों को भूलकर आज से ही दोगुनी गति से जीवन की नई शुरुआत करनी चाहिए।

    जीवन एक अनवरत संग्राम है, रण से भागना अज्ञानता है

    सद्गुरुदेव ने साधकों को कर्मयोगी बनने का आह्वान किया। उन्होंने प्रेरक काव्य पंक्तियों के माध्यम से जीवन के यथार्थ को प्रकट किया –

    युद्ध नहीं जिनके जीवन में, वे भी बहुत अभागे होंगे।
    या तो प्रण को तोड़ा होगा, या फिर रण से भागे होंगे॥
    दीपक का कुछ अर्थ नहीं, जब तक वह तम से न लड़ेगा।
    दिनकर नहीं प्रभा बांटेगा, जब तक वह स्वयं न धधकेगा॥

    उन्होंने स्पष्ट किया कि महाभारत में पांडवों ने 13 वर्षों की प्रताड़ना के बाद केवल 5 गाँव माँगे थे, परंतु जब न्याय नहीं मिला तो 18 दिनों के कुरुक्षेत्र युद्ध में पूरी समस्या का समाधान कर धर्म साम्राज्य की स्थापना की गई। राजा हरिश्चंद्र, श्री राम, माता सीता और महाराणा प्रताप से लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज तक सभी को अपने जीवन में संघर्ष का संग्राम स्वयं लड़ना पड़ा।सद्गुरुदेव ने आगे कहा कि जीवन में संघर्ष अनिवार्य है, परंतु साधक कभी अकेला नहीं होता; गुरु की सूक्ष्म चेतना और दिव्य आशीर्वाद हर संग्राम में उसके साथ रहता है। पराजय के भय से कर्मपथ को छोड़ना कायरता है। महोत्सव का समापन गुरु आरती, महाप्रसाद वितरण और सद्गुरुदेव जी के दिव्य आशीर्वाद के साथ हुआ। शिविर के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक महेंद्र मानकर एवं उनकी मंडली के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर संपूर्ण वातावरण को आनंदमय और गुरुमय बना दिया। मंच का कुशल संचालन मनोज भारद्वाज ने किया।

    • Varnan Live Report.

  • SAIL में ‘ईमानदारी’ का ‘Encounter’! ₹1.11 लाख करोड़ का रिकॉर्ड बनानेवाले CMD को क्यों देना पड़ा इस्तीफा, जानिए अंदरखाने की रिपोर्ट

    SAIL में ‘ईमानदारी’ का ‘Encounter’! ₹1.11 लाख करोड़ का रिकॉर्ड बनानेवाले CMD को क्यों देना पड़ा इस्तीफा, जानिए अंदरखाने की रिपोर्ट

    Varnan #Exclusive… सवालों के कटघरे में सीएमडी अमरेंदु प्रकाश का ‘Forced Resignation’

    जब पीएम मोदी के ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा’ के मिशन को अपनों ने ही बनाया निशाना

    विजय कुमार झा
    नई दिल्ली/बोकारो :
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से हुंकार भरी थी- ‘‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा।’’ भ्रष्टाचार के खिलाफ इस महायज्ञ में स्टील अथॉरिटी आॅफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष सह- प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अमरेंदु प्रकाश एक ‘सच्चे सारथी’ बनकर उभरे थे। लेकिन, आज सेल के गलियारों में सन्नाटा है और हवाओं में एक ही सवाल तैर रहा है- क्या इस तंत्र में ईमानदारी की कीमत अब शहादत से चुकानी होगी? अपनी 31 साल की बेदाग सेवा और रिटायरमेंट से चार साल पहले ही अमरेंदु प्रकाश का इस्तीफा देना केवल एक पद का खाली होना नहीं है, बल्कि यह भ्रष्टाचार के उस ‘सिंडिकेट’ की जीत होगी, जिसने राष्ट्रसेवा के लिए अपना घर-संसार तक त्याग देने वाले एक कर्मयोगी को सिस्टम से बाहर कर दिया।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    जो कोई न कर सका, वो कर दिखाए अमरेंदु

    आंकड़ों की जुबानी कहें तो अमरेंदु प्रकाश ने सेल को वहां पहुंचाया, जहां पहुंचने का सपना पिछली कई पीढ़ियों ने देखा था। उनके नेतृत्व में चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों में सेल ने 1.11 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक नकद संग्रह किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10 फीसदी अधिक है। यही नहीं, 18.24 मिलियन टन इस्पात की बिक्री का वह रिकॉर्ड कायम किया, जिसने सेल को दुनिया के स्टील मानचित्र पर मजबूती से खड़ा कर दिया। जब कप्तान अपनी टीम को जीत की दहलीज पर ले जा रहा हो, तब उसे जबरन ‘रिटायरमेंट’ की ओर धकेलना यह बताता है कि पर्दे के पीछे कोई बहुत बड़ा ‘खेल’ चल रहा है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    ₹1 लाख करोड़ के विस्तारीकरण का ‘कमीशन’ चक्रव्यूह

    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस इस्तीफे के पीछे की असली वजह सेल की विस्तारीकरण योजनाएं हैं। प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के सपने को पंख देने के लिए सेल 1 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है, जिसमें अकेले बोकारो संयंत्र में 20,000 करोड़ का निवेश होना है। चर्चा आम है कि इन अरबों के कामों में कई उच्च पदस्थ अधिकारियों को मोटे ‘चढ़ावे’ और ‘कमीशन’ की आस थी। लेकिन, अटल बिहारी वाजपेयी को अपना आदर्श मानने वाले और बीआईटी सिंदरी से निकले इस टेक्नोक्रेट ने सिद्धांतों से समझौता करने के बजाय कुर्सी छोड़ना बेहतर समझा। उन्होंने न खाने की कसम ली थी और न ही किसी को खाने दिया और शायद यही उनकी सबसे बड़ी ‘खता’ बन गई। एक निष्पक्ष और सख्त टेक्नोक्रेट के रूप में अमरेंदु प्रकाश शायद इस व्यवस्था के लिए फिट नहीं बैठ रहे थे। क्या इसी ‘अड़ियल’ ईमानदारी की कीमत उन्हें चार साल पहले इस्तीफा देकर चुकानी पड़ी? यदि ऐसा है, तो यह न केवल सेल, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण अध्याय है। अमरेंदु प्रकाश 31 मार्च, 2026 को सेल के सीएमडी पद से विदा हो जाएंगे। नए सीएमडी पद पर नियुक्ति के लिए वैकेंसी निकल चुकी है, लेकिन नई नियुक्ति होने में कुछ महीने का समय लग सकता है। ऐसी स्थिति में तत्काल सेल का प्रभार मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव संभाल सकते हैं, लेकिन अमरेंदु प्रकाश का रिक्त स्थान भरना नामुमकिन नजर आता है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    सादगी की मिसाल, राष्ट्र को समर्पित कर दिया जीवन

    अमरेंदु प्रकाश कोई साधारण अधिकारी नहीं थे। उन्होंने राष्ट्र सेवा को इतना सर्वोपरि रखा कि अपना घर तक नहीं बसाया। एक युवा इंजीनियर के रूप में बोकारो से अपना करियर शुरू करने वाले श्री प्रकाश ने शॉप फ्लोर की बारीकियों से लेकर बोर्ड रूम की रणनीतियों तक अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया। 1991 में एक ट्रेनी के रूप में सेल में कदम रखने वाले इस शख्स ने बोकारो को न केवल सजाया, बल्कि वहां पहली बार चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन शुरू कराकर झारखंड को औद्योगिक गौरव दिलाया। अमरेंदु प्रकाश का सेल के साथ रिश्ता केवल एक पद का नहीं, बल्कि जज्बात और मिट्टी का रहा है। वर्ष 2020 में जब उन्होंने बोकारो के निदेशक प्रभारी (डीआई) की कमान संभाली, तो वह कोरोना का भीषण दौर था। उन्होंने न केवल उत्पादन के रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) को आधुनिक बनाकर हजारों लोगों की जान बचाई। झारखंड के बोकारो प्लांट में पहली बार चेकर्ड प्लेट्स का सफल उत्पादन शुरू करना उनकी तकनीकी दूरदर्शिता का सबसे ताजा प्रमाण है। शहरी सौंदर्यीकरण में भी उनकी भूमिका अद्वितीय रही है। उन्होंने बोकारो को देश के सर्वोच्च पांच शहरों में शुमार कराने की योजना पर काम शुरू किया, जिसे मौजूदा निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन यकीनन गति देने में लगे हैं, परंतु उनके साथ ऐसी कथित ‘जबरदस्ती’ इस्पात जगत के गलियारे में चर्चा और अचरज का विषय बनी है। श्री प्रकाश के कार्यकाल में कंपनी ने फरवरी महीने में ही 1,000 करोड़ रुपये का कर्ज कम किया और इन्वेंट्री में भारी कटौती की। इसी वित्तीय अनुशासन का नतीजा था कि कंपनी के शेयर 155 रुपये के पार पहुंच गए। लेकिन अफसोस, जो अधिकारी कंपनी के शेयर बढ़ा रहा था, वह उन लोगों की आंखों की किरकिरी बन गया, जिनकी नजर कंपनी की तिजोरी पर थी।

    31 को निकलेगी ‘नैतिकता की अर्थी’

    अमरेंदु प्रकाश का जाना एक डरावना संकेत है। यह बताता है कि यदि आप ईमानदार हैं, यदि आप रिकॉर्ड तोड़ मुनाफा दे रहे हैं, और यदि आप प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार विरोधी मिशन के सच्चे सिपाही हैं, तो आप इस ‘सिस्टम’ के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। यह इस्तीफा केवल अमरेंदु प्रकाश की हार नहीं है, बल्कि उन हजारों युवाओं के सपनों की हार है, जो ईमानदारी के दम पर सर्वोच्च पदों पर बैठने की चाहत रखते हैं। क्या 1.11 लाख करोड़ का नकद संग्रह करने वाले को इसलिए विदा किया गया, ताकि 1 लाख करोड़ के विस्तारीकरण में ‘कमीशन की बंदरबांट’ आसानी से हो सके? कुल मिलाकर, झारखंड की माटी और सेल के कारखानों में पसीना बहाने वाले मजदूर आज पूछ रहे हैं – अमरेंदु तो बेदाग निकले, पर उन्हें दागदार बनाने वाली ताकतों का हिसाब कौन करेगा? 31 मार्च को जब वह औपचारिक रूप से विदा होंगे, तो वह अपने साथ केवल अपनी फाइलें नहीं ले जाएंगे, बल्कि अपने साथ उस नैतिकता की अर्थी भी ले जाएंगे, जिसे उन्होंने 31 सालों तक सींचकर बड़ा किया था।

    • Varnan Live Report.
  • बोकारो में विस्तारीकरण और प्रगति पर फिर खतरे की आहट ! संकट में रोजगार और उन्नति की संभावना, जानें पूरा मामला-

    बोकारो में विस्तारीकरण और प्रगति पर फिर खतरे की आहट ! संकट में रोजगार और उन्नति की संभावना, जानें पूरा मामला-

    प्रबंधन ने की सभी से सहयोग की अपील, कहा- बोकारो इस्पात संयंत्र की प्रगति ही बोकारो के विकास का आधार

    – दीपक झा
    बोकारो।
    Steel Authority of India Limited (SAIL) की प्रमुख इकाई Bokaro Steel Plant (BSL) के विस्तारीकरण और बोकारो की औद्योगिक प्रगति के नए द्वार खुलते ही पुनः एक नए आंदोलन की आहट से विकास की नई संभावनाओं पर कुठाराघात होने का खतरा मंडराने लगा है। आंदोलन की इस नई सुगबुगाहट ने सेल प्रबंधन के साथ-साथ बोकारो की उन्नति की चाह रखने वालों की भी चिंता बढ़ा दी है।
    दरअसल, प्रतिकूल परिस्थितियों और कठिन चुनौतियों का सामना करने के एक साल बाद बोकारो इस्पात संयंत्र एक बार पुनः विस्तारीकरण के नए और सुखद मुहाने पर पहुंच सका है। संयंत्र के विस्तारीकरण हेतु लगभग 20,000 करोड़ रुपये का निवेश रोजगार, आधारभूत संरचना और औद्योगिक प्रगति के नए द्वार खोलने जा रहा है। बोकारो स्टील प्लांट के विस्तारीकरण से सम्बंधित कई टेंडर निकल चुके हैं और कई निकलने वाले हैं। इससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, बल्कि विस्थापित युवाओं के लिए भी रोजगार और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर सृजित होंगे। यह निवेश निश्चय ही पूरे क्षेत्र के लिए अभूतपूर्व विकास का आधार बन सकता है। लेकिन, प्रगति के नए द्वार खुलते ही एक बार फिर आंदोलनों की आहट ने विकास की उस उम्मीद पर ग्रहण लगाने की चिंता बढ़ा दी है।


    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    दरअसल, पिछले वर्ष 3 अप्रैल 2025 को बोकारो इस्पात संयंत्र के प्रशासनिक भवन के समक्ष हुए आंदोलन और इस दौरान हुई हिंसक घटनाओं के कारण लगभग 20,000 करोड़ रुपए के निवेश से संयंत्र के विस्तारीकरण की परियोजना खटाई में पड़ गई थी और बोकारो के भविष्य पर खतरे के घने कोहरे छा गए थे। लिहाजा, केंद्रीय इस्पात मंत्रालय द्वारा बोकारो इस्पात संयंत्र के विस्तारीकरण की स्वीकृत यह परियोजना सेल की दूसरी इकाई में शिफ्ट किए जाने पर न सिर्फ मंथन शुरू हुआ था, बल्कि इसे अमल में लाने पर भी सहमति बन चुकी थी। लेकिन फिर कई सांसदों और जन-प्रतिनिधियों की पहल पर लगभग एक साल बाद इस ब्राउनफील्ड विस्तार परियोजना को बोकारो में ही मूर्त रूप देना तय हुआ और अब इसे धरातल उतारने की दिशा में कार्य प्रारंभ हो चुके हैं।


    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    गत वर्ष आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले प्रेम प्रसाद की माता गोमती देवी ने अपनी मांगों के पूरा न होने पर आगामी 06 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का ऐलान किया है। उन्होंने इस संबंध में सतर्कता अधिकारी, बोकारो इस्पात संयंत्र को विधिवत नोटिस सौंपते हुए स्पष्ट किया है कि 5 अप्रैल 2025 को जिला प्रशासन और प्रबंधन के साथ हुई मध्यस्थता के बावजूद एक साल बीत जाने पर भी उन्हें न्याय नहीं मिला है। गोमती देवी का आरोप है कि उनके पुत्र की मृत्यु के बाद उपायुक्त बोकारो की अध्यक्षता में, जिसमें सांसद, विधायक और बीएसएल के निदेशक प्रभारी भी मौजूद थे, कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। समझौते के अनुसार, शहीद के परिजनों को 15 दिनों के भीतर नियोजन देना, पार्क निर्माण हेतु 20 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराना और विस्थापित अप्रेंटिस बच्चों के नियोजन की प्रक्रिया 3 महीने के भीतर पूरी करनी थी। गोमती देवी का आरोप है कि प्रशासन और संयंत्र प्रबंधन द्वारा इन शर्तों पर केवल बरगलाया जा रहा है, जिसके कारण विवश होकर उन्हें विस्थापित अप्रेंटिस संघ और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर दोबारा आंदोलन की राह चुननी पड़ रही है। इस संभावित धरने की संपूर्ण जवाबदेही उन्होंने जिला प्रशासन और बोकारो इस्पात संयंत्र पर तय की है।


    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    उल्लेखनीय है कि बोकारो इस्पात संयंत्र केवल एक औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि पूरे बोकारो स्टील सिटी और आसपास के क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है। यह संयंत्र 20 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष तथा बड़ी संख्या में अन्य लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराता है। छोटे व्यवसायियों की आजीविका, शिक्षा-स्वास्थ्य जैसी सामाजिक व्यवस्थाएं और क्षेत्रीय विकास – सभी इस संयंत्र की स्थिरता और सतत उत्पादन पर निर्भर हैं।

    गौरतलब है कि बोकारो इस्पात संयंत्र एक तरफ जहां इस शहर की लाइफलाइन है, वहीं दूसरी तरफ चंद लोगों की सियासत ने इसके लाइफ को ही संकट में डालने का प्रयास किया। एक बार नहीं, अनेक बार। दशकों से बीएसएल में विस्थापितों और बेरोजगारों की नाम की राजनीति होती आ रही है। प्रबंधन की मानें, तो जो योग्य एवं अर्हताधारी विस्थापित थे, उन्हें बहुत पहले ही लाभान्वित किया जा चुका है, उनके गांवों में भी परिक्षेत्रीय विकास की योजनाओं के तहत कई काम किए जा चुके हैं। लेकिन, आजतक विस्थापित आंदोलन के नाम पर विकास-कार्य को प्रभावित किया जा रहा है। दावों की मानें, तो इस छद्म लड़ाई में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनका न तो विस्थापितों के हित से कोई नाता है और न ही उनके संगठन से, उन्हें बस केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकनी और खुद के विकास से ताल्लुक है। और, सच्चाई भी यह है कि विस्थापितों के नाम की राजनीति करने वाले दर्जनों नेता ऐसे हैं, जो साइकिल से एसयूवी तक का क्रांतिकारी सफर तय कर चुके हैं, लेकिन उनका साथ देने वाले कुछ लोग आज भी जस की तस हालात में हैं। सूत्र बताते हैं कि गत वर्ष के कथित विस्थापित आंदोलन में घुसे कुछ तत्वों ने जिस प्रकार का आतंक फैलाया था, शहर में आगजनी, राह चलते निर्दोष लोगों की निर्मम पिटाई की गई थी और प्लांट के उत्पादन को ठप किए जाने आदि घटनाओं के कारण बोकारो में भोपाल गैस कांड जैसी बड़ी त्रासदी को आमंत्रित किया गया था। शहर की असुरक्षा और अराजकता की स्थिति के कारण बीएसएल के विस्तारीकरण की उक्त परियोजना खटाई में पड़ गई थी, लेकिन काफी प्रयासों के बाद यह डूबती नैया बचाई जा सकी है। शहर के प्रबुद्धजनों का कहना है कि अब भी कुछ नहीं बिगड़ा है। अब भी अगर सभी मिलकर इस विकास की यात्रा में साथ देंगे, तो यकीनन बीएसएल विकास के नए कीर्तिमान रचेगा और बोकारो देश ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय पटल पर औद्योगिक क्रांति की एक नई इबारत रचने में कामयाब होगा।

    आधिकारिक सूत्रों की मानें तो पूर्व में हुए अवरोध और हिंसक विरोध से उत्पादन, वित्तीय प्रदर्शन और विस्तार योजनाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई थीं, जिससे विकास की रफ्तार थम गई थी। इस वित्त वर्ष पहले के 9 महीनों में प्लांट का वित्तीय प्रदर्शन भी उतना आशाजनक नहीं रहा है। हालांकि, हाल के महीनों में इसने वापस रफ़्तार पकड़ी है, इसलिए ऐसे समय में, जब बोकारो में परिस्थितियां पुनः सामान्य हो रही हैं और विकास की रफ्तार फिर से पटरी पर लौट रही है, यहां के आद्योगिक-सामाजिक वातावरण में किसी भी समूह द्वारा अस्थिरता पैदा करना दुर्भाग्यपूर्ण होगा। क्योंकि, किसी भी प्रकार का आंदोलन यदि संयंत्र के संचालन को बाधित करता है, तो उसका प्रभाव केवल प्रबंधन या कंपनी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि एक बड़े जन समुदाय को प्रभावित करता है। ऐसी घटनाएं बोकारो को आगे बढ़ाने के बजाय वर्षों पीछे धकेल देती हैं। बड़ी कठिनाइयों और अथक प्रयासों के बाद ही निवेश और औद्योगिक विश्वास को पुनः स्थापित किया जा सका है।

    यह भी ध्यान देने योग्य है कि इस संयंत्र की भूमिका केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां निर्मित इस्पात देश की प्रमुख आधारभूत परियोजनाओं से लेकर भारतीय नौसेना के युद्धपोतों तक में उपयोग होता है, जो राष्ट्र की आर्थिक और सामरिक शक्ति को सुदृढ़ करता है। पिछले एक वर्ष में ही नौसेना के अनेक नए जहाजों के निर्माण में बोकारो के इस्पात की आपूर्ति की गई है।

    बोकारो इस्पात प्रबंधन का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण और रचनात्मक विरोध सभी का अधिकार है, परंतु यह भी उतना ही आवश्यक है कि विरोध का स्वरूप ऐसा हो, जिससे औद्योगिक माहौल, निवेश और रोजगार प्रभावित न हों। संवाद, सहयोग और आपसी समझ ही स्थायी समाधान का मार्ग हैं, टकराव नहीं। संयंत्र प्रबंधन ने भी क्षेत्र की जनता, खासकर विस्थापित समूहों और युवाओं के कई मुद्दों पर सकारात्मक पहल करते हुए उनके कल्याण के लिए कई कदम जैसे- अप्रेंटिस युवाओं को संवेदकों द्वारा संयंत्र के कार्य में प्राथमिकता में नियोजन उपलब्ध कराना, विस्थापित ठेकेदारों को वरीयता के आधार पर कार्य उपलब्ध कराना इत्यादि उठाए है। प्लांट के विस्तारीकरण से ऐसे कल्याणकारी पहलों में और बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।

    प्रबंधन ने शहर के विकास में सहयोग की भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि बोकारो की तरक्की, बोकारो स्टील प्लांट की तरक्की से सीधे जुड़ी है। इसलिए सभी हितधारकों और पक्षों से यह अपेक्षा है कि संयंत्र और शहर की शांति, सुरक्षा और निरंतरता बनाए रखने में उनका सहयोग रहे, ताकि बोकारो और इस क्षेत्र की प्रगति जारी रहे।

    • Varnan Live Report.
  • इंडिगो घटना – एक चेतावनी – सरकारी रेगुलेटर नींद में  

    इंडिगो घटना – एक चेतावनी – सरकारी रेगुलेटर नींद में  

    इंडिगो एयरलाइंस की घटना को एक साधारण कंपनी के व्यवसाइक और व्यापारिक गलत निर्णय मानकर भूल जाने की गलती ना तो जनता को करनी चाहिए़ और ना तो सरकार को| देश में हर दिन लगभग ढाई हजार व्यावसायिक उड़ाने होती हैं और पांच दिसंबर को इन में से एक हजार फ्लाइट को रद्द कर देना पड़ा | इस का मतलब है कि लगभग पूरे देश की वायु परिवहन सेवाएं बस एक कंपनी की गलती की वजह से ठप्प हो गई और वो भी छुट्टियों और शादियों के सब से व्यस्त समय में | लाखों की संख्या में यात्रियों को जो परेशानी हुई है उस का कोई सानी नहीं है | इतनी बड़ी घटना से देश की वायु परिवहन सेवाओं के बारे में पूरी दुनिया में एक बहुत बदनामी हुई है| मैं इस घटना की रिपोर्ट नहीं लिख रहा हूं परन्तु सब से महत्वपूर्ण मुद्दा ये है कि इस के आगे सरकार क्या करती है जिस से ऐसी स्थिति फिर से नहीं आए |

    पहली बात, क्या इस घटना की निष्पक्ष और विशेषज्ञ से जांच होगी और जनता को ये पता चलेगा कि गलती किसकी थी और गलती करने वाले को सजा मिली या नहीं? और सजा मिली तो क्या सजा मिली? जब इस कानून को दो साल पहले लागू कर दिया गया था और  दिसंबर का दिन बहुत पहले से तय था तो कंपनी ने इस दिन के लिय तैयारी क्यों नहीं की? और अगर मंत्रालय ने इस कानून को लागू कर दिया था तो उन्होंने इस बात को सुनिश्चित क्यों नहीं किया कि सारे एयरलाइंस इस को लागू करने को तैयार है या नहीं ?इन को एयरलाइंस के निर्णयों पर क्यों छोड़ दिया गया था? DGCA, या मंत्रालय के सचिव की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और चूक की सजा होनी चाहिए| एयरलाइंस पर एक वित्तीय पेनल्टी होनी चाहिए जिस से हर पैसेंजर को एक मुआवजा दिया जाए जिस से उनके मानसिक और वित्तीय कष्ट की कुछ भरपाई हो| एयरलाइंस के सीईओ और बोर्ड में किस स्तर पर इस बारे में कोताही हुई और किस ने इस काम को नहीं किया, उस पर मुकदमा होना चाहिए| इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि इस पूरी घटना में कोई मिली भगत तो नहीं है या कोई विदेशी शाजिश तो नहीं है |

    एक विशेषज्ञ कमिटी को इस बात का भी अध्ययन करना चाहिए कि भारतीय वायु परिवहन इंडस्ट्री में किसी एक एयरलाइंस की इतनी बड़ी मार्केट पर कब्जा कैसे हो गया और एक एकाधिकार की स्थिति आई कैसे ? मार्केट रेगुलेटर और DGCA कर क्या रहे थे? भारत जहां उड़ान जैसे कार्यक्रम से अपने वायु परिवहन क्षेत्र का विकास और विस्तार कर रहा है वहीं यहां किसी एक कंपनी का इतना बड़ा एकाधिकार होना बहुत खतरे की घंटी है| ये इस क्षेत्र के विकास के लिए बाधक है और देश के लिए सामरिक खतरे की घंटी है| ये एयरलाइंस अपने फायदे के लिए देश के बुरे समय में देश को बंधक बना सकते हैं, देश की जनता से मनमाने दाम वसूल सकते हैं और एक अफरा तफरी फैला सकते हैं| इस पूरी घटना से देश की साख पर अंतरराष्ट्रीय जगत में किरकिरी को हुई ही साथ में इस सरकार के विकास के मॉडल पर भी एक सवालिया निशान लगा दिया है | भारतीय वायु परिवहन व्यापार में मांग बहुत है पर फिर भी पिछले कुछ वर्षों में कई कंपनियाँ बंद हो गई| पिछले दो सालों से मुख्यतः दो कंपनियां ही चल रही थीं| इस घटना के तुरंत बाद सरकार ने तीन नए एयरलाइंस को मंजूरी दी है| आखिर ये कैसे हो गया? क्या मंत्रालय किसी ऐसे घटना का इंतजार कर रही थी? मंत्रालय में मंत्री और उनके बाबुओं से ये सवाल तो किया जाना जरूरी है| ये भी देखने वाली बात है कि इन कंपनियों की मंजूरी तो दे दी गई है पर किसी कंपनी ने अभी तक कोई शुरू करने की तारीख या कार्यक्रम नहीं बताया है| क्या ये मंजूरी की घोषणा बस जनता को तुरंत शांत करने के लिए है और अब ये कंपनियां अपने हिसाब से जब तक समय लगे तब तक इन लाइसेंस को लेकर बैठी रहेंगी?

    मोदी सरकार को इस घटना से चेतावनी लेनी चाहिए और कुछ सामरिक क्षेत्रों में रेगुलेटरों की कार्य प्रणाली और उनके कार्य प्रभाव का विश्लेषण किया जाना चाहिए| टेलीकॉम संचार क्षेत्र एक दूसरा ऐसा क्षेत्र है जहाँ बस कुछ कंपनी का एकाधिकार बढ़ता जा रहा है| टेलीकॉम व्यापार क्षेत्र में बहुत छोटी कंपनियां बंद हो गई और बस कुछ कंपनियों का अधिकार हो गया है| विगत समय में भारत में मोबाइल संचार में गुणवत्ता में गिरावट और दाम में उछाल आया है| सरकार को इस क्षेत्र में भी आगे बढ़कर कुछ कदम उठाने की जरूरत है जिस से इंडिगो आपदा जैसी स्थिति टेलीकॉम क्षेत्र में ना आए |

    विकसित भारत के सपने बहुत अच्छे हैं, पर अगर हमने इंडिगो आपदा जैसी घटनाओं से नहीं सीखा तो विकसित भारत की यात्रा रास्ते में ही दुर्घटना ग्रस्त हो सकती है |

  • BSL में ‘प्रिय रंजन युग’ का आगाज, 2029 तक बने रहेंगे ‘बॉस’; BIT छात्र से DIC तक का ऐसे तय किया सफ़र

    BSL में ‘प्रिय रंजन युग’ का आगाज, 2029 तक बने रहेंगे ‘बॉस’; BIT छात्र से DIC तक का ऐसे तय किया सफ़र

    32 वर्षों के सशक्त अनुभव से रचेंगे सफलता की नई इबारत, अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

    बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के नेतृत्व को लेकर पिछले कई महीनों से चल रहा सस्पेंस और इंतज़ार बुधवार को उस वक्त खत्म हो गया, जब प्रिय रंजन ने आधिकारिक रूप से निदेशक-प्रभारी (Director-in-Charge) का पदभार ग्रहण कर लिया। बीएसएल के शीर्ष पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने कार्यभार संभाला। इससे पूर्व, मंगलवार को राष्ट्रपति का मुहर लगने के बाद भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के इस अनुभवी अधिकारी को बीएसएल की कमान सौंपने का आदेश जारी किया था।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अवर सचिव शुभेन्दु होता द्वारा जारी पत्र के अनुसार, प्रिय रंजन पदभार ग्रहण करने की तिथि से लेकर अपनी सेवानिवृत्ति यानी 31 दिसंबर 2029 तक (अथवा अगले आदेश तक) इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन रहेंगे। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उनकी नियुक्ति से संबंधित विस्तृत नियम एवं शर्तें जल्द ही अलग से जारी की जाएंगी। उनकी इस नियुक्ति से बीएसएल में ‘प्रभार’ के उस दौर का अंत हो गया है, जो 31 अगस्त 2025 को तत्कालीन निदेशक-प्रभारी बीरेंद्र कुमार तिवारी के सेवानिवृत्त होने के बाद शुरू हुआ था।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    प्रिय रंजन के पास सेल में कार्य करने का 32 वर्षों का विशाल अनुभव है। बीआईटी (BIT) सिंदरी से मेटलर्जी इंजीनियरिंग करने के बाद वर्ष 1994 में वे सेल से जुड़े थे। उन्होंने अपने करियर की नींव इस्को इस्पात संयंत्र (IISCO) के स्टील मेल्टिंग शॉप और पीपीसी विभागों में रखी। 2016 में उप महाप्रबंधक बनने के बाद उन्होंने तकनीकी सहायक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। 2017 में उनका सफर सेल मुख्यालय दिल्ली पहुँचा, जहाँ उन्होंने चेयरमैन सचिवालय में रहकर रणनीतिक कौशल सीखा। 15 नवंबर 2024 को वे अधिशासी निदेशक (ED-Operations) बने और फिर 26 अगस्त 2025 को उन्हें बोकारो स्टील प्लांट में ईडी (संकार्य) की जिम्मेदारी दी गई। अब 24 दिसंबर 2025 को निदेशक-प्रभारी बनकर वे बीएसएल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने को तैयार हैं।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    12 दिग्गजों को पछाड़ आगे निकले थे प्रियरंजन

    12 दिग्गजों को छोड़ा पीछे प्रिय रंजन का इस शिखर तक पहुंचना किसी रोमांचक कहानी से कम नहीं है। अगस्त 2025 में लोक उद्यम चयन बोर्ड (PESB) द्वारा आयोजित एक ‘मैराथन’ साक्षात्कार में देश भर के 12 सबसे कद्दावर स्टील अधिकारियों ने दावेदारी पेश की थी। इस उच्च स्तरीय मुकाबले में अपनी रणनीतिक सोच और तकनीकी कौशल का लोहा मनवाते हुए प्रिय रंजन ने सबको पीछे छोड़ दिया और चयन समिति की पहली पसंद बनकर उभरे।

    अधिकारी संघ को विश्वास- विकास और सुरक्षा को मिलेगी नई रफ्तार

    प्रिय रंजन के नेतृत्व से बीएसएल के आधुनिकीकरण, उत्पादन लक्ष्यों और विस्तार योजनाओं को जबरदस्त गति मिलने की उम्मीद है। बोकारो स्टील ऑफिसर्स एसोसिएशन (BSOA) के महासचिव एवं सेफी के वाइस चेयरमैन अजय कुमार पांडेय ने उनकी नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्लांट सफलता के नए प्रतिमान स्थापित करेगा। उन्होंने बीएसओए की ओर से हर कदम पर पूर्ण सहयोग का वादा किया और उन्हें नए दायित्व के लिए ढेरों बधाइयां दीं।

    • Varnan Live Report.
  • ‘Novasapien’ रोबोट संभालेगा आपके काम, तो ‘Agroshield’ बचाएगा किसानों का मान; DPS बोकारो के नन्हे वैज्ञानिकों ने पेश किए AI Wonders

    ‘Novasapien’ रोबोट संभालेगा आपके काम, तो ‘Agroshield’ बचाएगा किसानों का मान; DPS बोकारो के नन्हे वैज्ञानिकों ने पेश किए AI Wonders

    बच्चों ने जिलास्तर पर किया कमाल, अब राज्य स्तर पर मचाएंगे धमाल; 4 प्रोजेक्ट चयनित

    संवाददाता
    बोकारो।
    आपने सुना होगा कि प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती, लेकिन जब यह प्रतिभा ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ (AI) के पंख लगाकर उड़ान भरे और समाज की असली समस्याओं का समाधान पेश करे, तो बात ही कुछ और है! बोकारो के दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के नन्हे वैज्ञानिकों ने ऐसा ही कमाल कर दिखाया है, जिसकी चर्चा आज पूरे जिले में है। डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार के कुशल मार्गदर्शन में, इन युवा दिमागों ने AI को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जरूरतों से जोड़ दिया। अपनी इसी असाधारण प्रतिभा के दम पर, विद्यालय के इन युवा वैज्ञानिकों के चार अद्भुत प्रोजेक्ट्स अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना जलवा बिखेरने को तैयार हैं!

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    हाल ही में साइंस फॉर सोसाइटी, बोकारो और विज्ञान जागरण समिति, झारखंड की ओर से शहर में आयोजित जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में डीपीएस बोकारो की ओर से विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आधारित चार अभिनव प्रोजेक्ट्स पेश किए गए। छात्र-छात्राओं ने कमाल के आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडल्स की कार्यप्रणाली को जजों और सैकड़ों आगंतुकों के सामने साझा किया। निर्णायकों ने नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शानदार प्रस्तुतीकरण और सामाजिक प्रासंगिकता के कठोर मापदंडों पर मूल्यांकन करते हुए इन प्रोजेक्ट्स को अगले चक्र के लिए चुना। विभिन्न स्कूलों से कुल 77 मॉडल प्रस्तुत किए गए थे और उनमें से डीपीएस बोकारो के चार चमकते सितारे आगे बढ़े।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    मिलिए ‘नोवासेपियन’ से: आपका मल्टीटास्किंग ह्यूमनॉइड दोस्त

    क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि एक रोबोट आपके घर के सारे काम निपटा दे? या अस्पताल में मरीजों की देखभाल करे? या भीड़ में खोए हुए लोगों की मदद करे? जी हां, ये कोई साइंस फिक्शन नहीं, बल्कि डीपीएस बोकारो के छात्र सरित चक्रवर्ती और लक्ष्य रंजन की देन है! मात्र 13 साल के इन नन्हे वैज्ञानिकों ने एक ऐसे मल्टीटास्किंग ह्यूमनॉइड रोबोट को प्रस्तुत किया है, जो AI के जरिए यह समझने में सक्षम है कि उसे कब और कहां क्या मदद देनी है। उन्होंने इसे नाम दिया है – ‘नोवासेपियन’। यह महज लोहे और तारों का ढांचा नहीं, बल्कि भविष्य का वह ‘सुपर-असिस्टेंट’ है जो इंसानों के बोझ को कम करने और मुश्किलों को आसान करने के लिए तैयार किया गया है। अब घर के काम हों, अस्पताल की सेवा हो या भीड़ में राह दिखाना, यह रोबोट आपके काम आसान करेगा!

    किसानों का नया ‘रक्षक’: फसलों की हिफाजत करेगा ‘एग्रोशील्ड AI’

    कृषि प्रधान भारत में जब फसलें बीमारियों की चपेट में आती हैं, तो अन्नदाताओं की कमर टूट जाती है। इस गंभीर दर्द का एक स्मार्ट और स्थायी इलाज ढूंढा है होनहार छात्र श्रेय कश्यप और यश राज ने। उन्होंने ‘एग्रोशील्ड एआई’ नामक एक ऐसा स्मार्ट प्लेटफॉर्म बनाया है, जो फसलों के स्वास्थ्य पर चौबीसों घंटे डिजिटल पहरा देता है! सेंसर और डेटा एनालिसिस के जरिए यह जादुई सिस्टम फसल के खराब होने से बहुत पहले ही कीटों और बीमारियों की सटीक भविष्यवाणी कर देता है। कल्पना कीजिए, बीमारी आने से पहले ही उसका पता चल जाए और समय पर इलाज हो सके, तो कितनी फसलें बचेंगी और किसानों का कितना फायदा होगा! यह सच में कृषि क्रांति की दिशा में एक बड़ा कदम है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    जल-ऊर्जा की बर्बादी रोकेगा ‘टेरानोवा’, तो सड़क-पुलों की सुरक्षा करेगा ‘इंफ्रेक्टो’

    आजकल जल और ऊर्जा की बर्बादी एक वैश्विक समस्या है, लेकिन डीपीएस बोकारो के श्रेष्टा चतुर्वेदी और प्रतीक वर्मा ने इसे रोकने के लिए एक इंटेलिजेंट मैनेजमेंट सिस्टम ‘टेरानोवा’ पेश किया है। इसका एक जादुई हिस्सा है ‘स्मार्ट वाटर-एनर्जी सेवर’! यह सिस्टम इतना समझदार है कि पाइप में मामूली लीकेज होते ही खुद-ब-खुद पंप को बंद कर देता है। बारिश होने पर यह मोटर को चालू होने से रोक देता है, और तो और, बादलों के फटने जैसी आपात स्थिति में यह चेतावनी भी जारी करता है! अब न पानी बर्बाद होगा, न बिजली की फिजूलखर्ची!

    और बात यहीं खत्म नहीं होती! छात्र प्रियम हरनंदका और अनिकेत सिंह ने पुलों और ऊंची इमारतों की देखरेख की एक अनूठी यांत्रिकी प्रस्तुत की है। उनके ‘इंफ्रेक्टो’ नामक प्रोजेक्ट में एक AI-पावर्ड सिस्टम बुनियादी ढांचे की सतहों का सूक्ष्म विश्लेषण करता है और ऐसी बारीक दरारों को भी पहचान लेता है, जिन्हें इंसानी आंखें आसानी से नहीं देख पातीं। यह तकनीक आने वाले समय में हमारे पुलों, इमारतों और सड़कों को और भी सुरक्षित बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगी।

    प्राचार्य डॉ. गंगवार बोले – देश को Smart India बनाने की राह पर हैं बच्चे

    इन सभी अद्भुत प्रोजेक्ट्स की सफलता और राज्य स्तर पर इनके चयन को लेकर डीपीएस बोकारो के प्राचार्य तथा साइंस फॉर सोसाइटी, बोकारो एवं विज्ञान जागरण समिति, झारखंड के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. ए. एस. गंगवार ने असीमित प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षक डॉ. मो. ओबैदुल्लाह अंसारी को दिल से बधाई दी।

    डॉ. गंगवार ने गर्व से कहा, “आज हमारे बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि वे केवल तकनीक के उपभोक्ता नहीं, बल्कि निर्माता हैं। डीपीएस बोकारो बच्चों की वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारने का हर संभव अवसर प्रदान करने के लिए सदैव कटिबद्ध रहा है। प्रदर्शनी में बच्चों ने जिस प्रकार का तकनीकी नवाचार दिखाया, उससे यह स्पष्ट है कि भविष्य के ये कर्णधार कल के भारत को ‘स्मार्ट इंडिया’ बनाने की दिशा में न केवल बढ़ रहे हैं, बल्कि उसे हकीकत में बदलने का माद्दा भी रखते हैं!”

    कुल मिलाकर, यह कहना गलत नहीं होगा कि बोकारो के इन युवा ‘सुपर हीरोज’ ने न केवल अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, बल्कि AI को लेकर आम लोगों की सोच को भी एक नई दिशा दी है। अब सभी की निगाहें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां ये बच्चे निश्चित रूप से बोकारो का नाम रोशन करेंगे।

    • Varnan Live Report.

  • तंत्र पीठ की पावन धरा पर तोड़ा ‘तंत्र’ का भ्रम! बोले सद्गुरुदेव श्रीमाली- यह न कोई डरावनी विद्या, न काला जादू; आपकी ही आंतरिक शक्ति!

    तंत्र पीठ की पावन धरा पर तोड़ा ‘तंत्र’ का भ्रम! बोले सद्गुरुदेव श्रीमाली- यह न कोई डरावनी विद्या, न काला जादू; आपकी ही आंतरिक शक्ति!

    दो-दिवसीय मां कामाख्या साधना शिविर भव्यता से संपन्न; गुरुदीक्षा लेकर हज़ारों लोग निखिल परिवार से जुड़े

    • कामाख्या से विजय कुमार झा

    ब्रह्मपुत्र की दिव्य लहरों के बीच, कामाख्या की पवित्र धरा… यहां स्थित भगवान महावीर स्थल, दिगंबर जैन पंचायत ने लगातार दो दिनों तक आध्यात्मिक चेतना के उस ‘चरम उत्कर्ष’ को जिया, जिसका इंतज़ार लाखों साधक करते हैं। अंतरराष्ट्रीय सिद्धाश्रम साधक परिवार (निखिल मंत्र विज्ञान) की ओर से आयोजित दो-दिवसीय ‘मां कामाख्या साधना शिविर’ रविवार को परम सफलता और भव्यता के साथ संपन्न हो गया। यह शिविर ज्ञान, शक्ति और उत्सव का ऐसा अद्भुत संगम था, जिसमें देश-विदेश से आए हज़ारों निखिल शिष्य साधक-साधिकाओं और धर्मानुरागियों ने गोते लगाए।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    परमहंस स्वामी निखिलेश्वरानंदजी महाराज (डा. नारायण दत्त श्रीमाली) एवं वंदनीया माता भगवती की दिव्यतम छत्रछाया में आयोजित इस शिविर में सद्गुरुदेव श्री नंदकिशोर श्रीमाली ने साधकों को मां कामाख्या साधना संपन्न कराई। लेकिन, उनके ओजपूर्ण प्रवचन ने न केवल ज्ञानरस की सरिता प्रवाहित की, बल्कि लाखों साधकों के मन में ‘तंत्र’ को लेकर बैठी सभी भ्रांतियों को जड़ से उखाड़ फेंका।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़े

    अपने प्रवचन में सद्गुरुदेव ने साधकों को संबोधित करते हुए ‘तंत्र’ के बारे में स्पष्ट किया कि लोगों के मन में इसे लेकर कई तरह के भ्रम और डर होते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि “तंत्र कोई काला जादू या भयावह विद्या नहीं है।”

    “तंत्र तो वह विज्ञान है, वह शक्ति है जो हर मनुष्य के भीतर मौजूद है। यह वह शक्ति है जिसके द्वारा हम जीवन में शिव (जागरूकता) और शक्ति (ऊर्जा) के बीच संतुलन स्थापित करते हैं।”

    उन्होंने आगे कहा कि आपके अंदर की यही तंत्र शक्ति, ‘दश महाविद्याओं’ के रूप में स्थापित होती है। ये महाविद्याएं कोई बाहर की देवियां नहीं हैं, बल्कि आपके ‘आंतरिक ऊर्जा चक्रों’ की अधिष्ठात्री शक्तियां हैं। चाहे वह मां काली हों, छिन्नमस्ता हों या धूमावती—इन सब का आह्वान इसीलिए किया जाता है, ताकि आपके अंदर के ‘तंत्र को जागृत’ किया जा सके। जब यह शक्ति जागृत होती है, तभी आप अपने जीवन की सभी बाधाओं, नकारात्मकताओं और समस्याओं का स्वयं ही शमन करने में सक्षम हो पाते हैं। सद्गुरुदेव ने साधकों को आश्वस्त किया कि “तंत्र-शक्ति का जागरण आपके जीवन को शक्ति का ‘वरदान’ देता है।”

    कामाख्या में साधना करना परम सौभाग्य, दादा गुरुदेव के चरणों की रज है यहां!
    सद्गुरुदेव ने कहा कि आज मां कामाख्या की इस दिव्य धरा पर बैठकर साधना करना अपने-आप में एक ‘परम सौभाग्य’ है, क्योंकि इस धरा की धूल में वर्षों पूर्व स्वयं दादा गुरुदेव निखिल जी (डॉ. श्रीमाली) के चरणों की रज मौजूद है, जिन्होंने इस तंत्र क्षेत्र में कई साधनाएं संपन्न की थीं।

    प्रवचन के बाद सद्गुरुदेव ने हजारों साधकों को विशेष दीक्षाएं प्रदान कीं। उनके अंदर तंत्र शक्ति को स्थापित करने के लिए विशेष रूप से ‘दस महाविद्या दीक्षा’ प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, साधकों ने ‘भैरव दीक्षा’ और ‘उमानंद महामृत्युंजय महाकाल दीक्षा’ भी ग्रहण कीं, जो जीवन में सुरक्षा, शक्ति और मृत्यु पर विजय का ‘वरदान’ प्रदान करती हैं।

    इस दिव्यतम वातावरण में भारी तादाद में धर्मानुरागियों ने सद्गुरुदेव से ‘गुरुदीक्षा’ लेकर स्वयं को निखिल परिवार से जोड़ा। सद्गुरुदेव ने समझाया कि “गुरु दीक्षा केवल एक ‘रस्म नहीं, शक्ति का हस्तांतरण है।’ गुरु ही वह माध्यम है जो शिष्य के अंदर की सोयी हुई शक्ति को जागृत करता है।”

    उन्होंने समझाया- “दीक्षा लेकर आप केवल निखिल परिवार से नहीं जुड़ते, बल्कि आप शक्ति के मार्ग पर एक कदम आगे बढ़ाते हैं। हमारा उद्देश्य है कि आप अपने जीवन में शक्ति को स्थापित करें और एक ‘परिपूर्ण जीवन’ जिएं।”

    इस दो-दिवसीय उत्सव के दौरान शिविर-स्थल और आसपास का पूरा इलाका मां कामाख्या, गुरुदेव और महादेव के जयघोषों से गुंजायमान बना रहा। कलाकार महेन्द्र मानकर और उनकी भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों से यह अवसर और भी जीवंत बना रहा। सद्गुरुदेव श्री श्रीमाली ने शिविर के सफल आयोजन में लगे साधकों को निखिल परिवार की ओर से माला पहनाकर सम्मानित व प्रोत्साहित किया। गुरु-भक्ति, श्रद्धा व चेतनायुक्त वातावरण में शिविर का समापन मां जगदंबा की आरती, गुरु आरती और समर्पण स्तुति से हुआ। मंच संचालन मनोज भारद्वाज ने किया।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    • Varnan Live.

  • DVC में बड़ा टकराव टला! मजदूरों का उग्र आंदोलन एक हफ्ते के लिए रुका, जानें क्या है पूरा मामला

    DVC में बड़ा टकराव टला! मजदूरों का उग्र आंदोलन एक हफ्ते के लिए रुका, जानें क्या है पूरा मामला

    – कुमार संजय की रिपोर्ट
    बोकारो थर्मल। डीवीसी (DVC) के बोकारो थर्मल प्लांट में एक बड़ा टकराव टल गया है! 18 सितंबर से घोषित सप्लाई मजदूरों का महा-आंदोलन फिलहाल एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया है। यह फैसला डीवीसी के डीजीएम कालीचरण शर्मा और संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों के बीच हुई लंबी और तीखी बातचीत के बाद लिया गया।

    क्या है मजदूरों की मांगें?
    सप्लाई मजदूरों का संयुक्त मोर्चा तीन मुख्य मांगों को लेकर 18 सितंबर से काम बंद करने की तैयारी में था, जिससे पूरे पावर प्लांट का काम ठप हो सकता था।
    – स्मार्ट मीटर का विरोध: मजदूर स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कड़ा विरोध कर रहे थे।
    – काटी गई बिजली की बहाली: जिन सप्लाई मजदूरों के घरों की बिजली काटी गई थी, उसे तुरंत बहाल करने की मांग थी।
    – तीन सूत्री मांगों का निपटारा: इन मांगों में वेतन से बिजली बिल काटने और ऊर्जा भत्ता देने जैसे मुद्दे शामिल थे।

    जानिए, बातचीत में क्या हुआ?
    मजदूरों के तेवर देख, डीवीसी के डीजीएम कालीचरण शर्मा ने मोर्चा प्रतिनिधियों को अपने कार्यालय में बुलाया। बातचीत के दौरान, डीजीएम ने बताया कि बकाया बिजली बिल का भुगतान फिलहाल रोक दिया गया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्ट-पेड में बदलने, वेतन से बिजली बिल काटने और ऊर्जा भत्ता देने की मांगों को मुख्यालय भेजा गया है और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।

    चेतावनी- ‘बिजली बहाल नहीं हुई तो आंदोलन होगा और भी उग्र!’
    हालांकि, बैठक के दौरान टेंशन तब बढ़ गया जब मोर्चा के प्रतिनिधियों ने स्मार्ट मीटर रीचार्ज करने से साफ इनकार कर दिया और बिजली तुरंत बहाल करने की मांग की। उन्होंने डीजीएम से दो-टूक कहा कि अगर एक हफ्ते के अंदर बिजली बहाल नहीं हुई और मांगों का समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और भी उग्र होगा, जिससे पावर प्लांट का उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है।

    डीजीएम शर्मा ने धैर्य रखते हुए मोर्चा को भरोसा दिया कि एक हफ्ते के भीतर कोई न कोई समाधान ज़रूर निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मोर्चा आंदोलन करने के लिए पूरी तरह से स्वतंत्र होगा। इसी आश्वासन के बाद, सप्लाई मजदूरों ने अपना आंदोलन एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया।

    इस महत्वपूर्ण वार्ता में डीवीसी ठेका मजदूर संघ, यूनाइटेड कॉन्ट्रैक्टर्स वर्क्स यूनियन, झारखंड श्रमिक संघ, हिंद मजदूर किसान यूनियन और असंगठित श्रमिक मोर्चा के कई प्रमुख नेता मौजूद थे। इनमें मुख्य रूप से डीवीसी ठेका मजदूर संघ के महामंत्री सह भाजपा नेता भरत यादव, यूनाइटेड कॉन्ट्रैक्टर्स वर्क्स यूनियन के ब्रजकिशोर सिंह, नवीन कुमार पाठक, असीम तिवारी, डीवीसी ठेका मजदूर संघ के संजय मिश्रा, झारखंड श्रमिक संघ के गणेश राम, रीत लाल महतो, हिंद मजदूर किसान यूनियन के नागेश्वर महंतो, असंगठित श्रमिक मोर्चा के अमरनाथ सिंह , रामचंद्र महतो आदि शामिल रहे।

    बहरहाल, अब देखना यह है कि क्या डीवीसी मुख्यालय एक हफ्ते में कोई ठोस फैसला ले पाएगा या फिर बोकारो थर्मल में फिर से टकराव की स्थिति पैदा होगी? लेकिन, स्मार्ट मीटर के मसले पर तनावपूर्ण स्थिति लगातार बरकरार है।

  • पलक झपकते खिलौने की तरह भरभराकर खाक में मिल गया 180 मीटर ऊंचा ‘बिजली का स्तंभ’, देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला Video

    पलक झपकते खिलौने की तरह भरभराकर खाक में मिल गया 180 मीटर ऊंचा ‘बिजली का स्तंभ’, देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला Video

    DVC बोकारो थर्मल प्लांट के एक युग का हुआ विस्फोटक अंत

    – कुमार संजय
    बोकारो थर्मल: एक युग का अंत हो गया! जिस डीवीसी (DVC) के बोकारो थर्मल पावर प्लांट ने 31 सालों तक झारखंड और देश के एक बड़े हिस्से को रोशन किया, वो अब सिर्फ इतिहास का हिस्सा बनकर रह गया है. शुक्रवार को इस प्लांट की 180 मीटर ऊंची विशालकाय चिमनी को ध्वस्त कर दिया गया, जिसके साथ ही यह 630 मेगावाट का पावर प्लांट पूरी तरह से धरती में समा गया. यह दृश्य इतना नाटकीय था कि देखने वालों की सांसें थम गईं.

    VIdeo देखें 👇👇👇

    कैसे गिराई गई 180 मीटर की चिमनी?
    बोकारो थर्मल के इस बी पावर प्लांट को स्क्रैप घोषित करने के बाद इसके डिस्मेंटलिंग का काम अंतिम चरण में था. हैदराबाद की कंपनी राधा स्मेल्टर्स, जिसे करीब 300 करोड़ रुपये का ठेका मिला था, प्लांट के ज्यादातर हिस्सों को काट चुकी थी, लेकिन चुनौती थी 180 मीटर ऊंची चिमनी को गिराने की. शुक्रवार को इस काम को अंजाम दिया गया. कंपनी के एक्सपर्ट्स की निगरानी में, चिमनी के निचले हिस्से को बड़ी ड्रिल मशीन से काटा जाने लगा, जबकि ऊपरी हिस्से पर केमिकल लगाया गया था.

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    पलक झपकते ही भरभराकर गिरी चिमनी!
    सुबह करीब 10 बजे, जब चिमनी को काटने का काम चल रहा था, अचानक उसका ऊपरी आधा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा. यह नजारा इतना भयानक था कि ऑपरेटर और वहां मौजूद कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए भागे. मौके पर मौजूद लोगों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल में कैद किया. दोपहर बाद, बची हुई आधी चिमनी को फिर से काटने का काम शुरू हुआ और शाम 5 बजे यह पूरी तरह से ध्वस्त हो गई.

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़े

    31 साल का सफर, आखिर क्यों हुआ बंद?
    इस प्लांट की शुरुआत मार्च 1986 में हुई थी, जब इसका एक नंबर यूनिट चालू हुआ. इसके बाद नवंबर 1990 में दो नंबर और अगस्त 1993 में तीन नंबर यूनिट भी शुरू हो गया. इन तीनों यूनिटों ने 31 साल तक लगातार बिजली का उत्पादन किया. लेकिन, पर्यावरण मानकों पर खरा न उतरने और अत्यधिक कोयले की खपत के कारण केंद्र सरकार ने इसे बंद करने का निर्देश दिया. डीवीसी की बोर्ड बैठक में लिए गए फैसले के बाद, 30 जुलाई 2017 को यूनिट 1 और 2 को और 1 अप्रैल 2021 को यूनिट 3 को रिटायर कर दिया गया था.

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    इतिहास बन चुका है यह पावर प्लांट
    दो साल से ज्यादा समय तक बंद रहने के बाद, इसे स्क्रैप घोषित कर दिया गया और अब इसकी चिमनी भी गिरा दी गई है. जल्द ही प्लांट की बाकी एक और तीन नंबर चिमनियों को भी ध्वस्त किया जाएगा, जिसके बाद यह प्लांट सिर्फ तस्वीरों और लोगों की यादों में ही जिंदा रहेगा.

  • 500 करोड़ के DMFT महाघोटाले पर DC का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, बीते 2 साल के सभी कार्यों का होगा भौतिक सत्यापन, Audit भी

    500 करोड़ के DMFT महाघोटाले पर DC का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, बीते 2 साल के सभी कार्यों का होगा भौतिक सत्यापन, Audit भी

    ‘भगोड़े’ अफसरों के वेतन पर लटकी ‘तलवार’, Civil Surgeon समेत कई को शो-कॉज, समीक्षा बैठक में न आने पर हुई कार्रवाई

    कार्यालय संवाददाता

    बोकारो: जिले की पूर्व उपायुक्त विजया जाधव के कार्यकाल के दौरान हुए 500 करोड़ रुपये से अधिक के कथित DMFT (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट) महाघोटाले ने पूरे राज्य में भूचाल ला दिया है। यह घोटाला अब सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे राष्ट्रपति तक पहुंच चुका है और जनता की जुबान पर आ चुका है। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी इस ‘महा-लूट’ पर सीबीआई जांच की मांग कर आग में घी डालने का काम किया है। लेकिन, अब इस ‘भ्रष्टाचार के खेल’ में एक नया मोड़ मंगलवार को दिखा। बोकारो के वर्तमान उपायुक्त अजय नाथ झा ने एक ऐसी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की है, जिसने भ्रष्ट अफसरों की नींद उड़ा दी है। डीसी श्री झा ने घोटाले की खबरों के बीच वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में हुए सभी कार्यों के लिए राज्य द्वारा निर्धारित ऑडिट एजेंसी से रेगुलर ऑडिट कराने तथा उनका भौतिक सत्यापन किये जाने का सख्त निर्देश दिया है। साथ ही, भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही को रोकने के लिए भी कमर कस ली है। उन्होंने डीएमएफटी के कार्यों में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी और एक एक्शन प्लान तैयार किया।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    आश्चर्य की बात तो यह है कि डीएमएफटी के कार्य एक तरफ इन दिनों जहां सुर्खियों में हैं, वहीं इस महत्वपूर्ण मामले को लेकर हुई समीक्षा बैठक में कई बड़े-बड़े अधिकारी गायब थे। बिना किसी सूचना के नदारत रहे इन अफसरों पर डीसी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पूछा कि जब डीएमएफटी जैसे गंभीर मुद्दे पर बैठक हो रही थी तो ये ‘बड़े लोग’ कहां थे? उन्होंने कार्यपालक अभियंता तेनुघाट डैम, सिविल सर्जन, कार्यपालक अभियंता जिला परिषद, कार्यपालक अभियंता आरईओ, कार्यपालक अभियंता एनआरईपी, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी तेनुघाट और कई अन्य ‘भगोड़े’ अफसरों से 24 घंटे में जवाब मांगा है। डीसी ने एक और ‘धमाका’ करते हुए कहा है कि जब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, इन सभी का वेतन रोक दिया जाए!

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़े

    मंगलवार को डीसी श्री झा ने अपने कार्यालय में डीएमएफटी की समीक्षा बैठक बुलाई और उन्होंने सीधे-सीधे एजेंसियों और पीएमयू टीम से कहा कि अब ‘सब कुछ’ शीशे की तरह साफ होगा। वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी एजेंसियों को अपने कार्यों में पूरी पारदर्शिता लाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी एजेंसियों को सिर्फ 48 घंटे का ‘अल्टीमेटम’ दिया है। इन एजेंसियों में तेनुघाट डैम प्रमंडल, सिविल सर्जन, जिला अभियंता, विद्युत प्रमंडल, भवन प्रमंडल, विशेष प्रमंडल, एनआरईपी, पीएचईडी, आरईओ शामिल हैं। डीसी ने आदेश दिया है कि ये सभी ‘समरी रिपोर्ट’ में हर काम का हिसाब दें— निविदा से लेकर काम की प्रगति तक। यह रिपोर्ट डीएमएफटी के पब्लिक पोर्टल पर लाइव होगी, ताकि जनता खुद देख सके कि उनके पैसे का क्या हुआ। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि जो एजेंसी अगले 02 दिनों में रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराएगी, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    बैठक में उपायुक्त ने अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी को तुरंत एक टीम गठित करने का निर्देश दिया, जो सभी डीएमएफटी कार्यों का मौके पर जाकर भौतिक निरीक्षण करेगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जो भी अधिकारी/कर्मी सिस्टम को हल्के में लेगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    DC ने चेतावनी दी है कि वे किसी भी वक्त किसी भी दफ्तर का ‘औचक निरीक्षण’ कर सकते हैं। अगर कोई भी फाइल या रजिस्टर एक हफ्ते से ‘गायब’ या अपडेट नहीं मिला, तो संबंधित अधिकारी की नौकरी पर तलवार लटक जाएगी। आज की बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी राज शर्मा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

    • Varnan Live Report.