Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के जमुनिया में अवैध कोयला खनन के दौरान एक बड़े हादसे की सूचना ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि चाल धंसने से कई लोग खदान में दब गए हैं। हालांकि, धनबाद पुलिस इस घटना से साफ इनकार कर रही है, लेकिन जदयू विधायक सरयू राय ने 9 मजदूरों की मौत का चौंकाने वाला दावा किया है।
सरयू राय ने ट्वीट कर साझा की जानकारी
बाघमारा,धनबाद के जमुनिया नामक स्थान पर अवैध खनन की चाल धँसने से आज रात 9 मज़दूरों की मौत हो गई है.अवैध खनन माफिया मृतकों का शव निपटाने में लगे हैं.इसकी सूचना मैंने #ssp#धनबाद को दे दी है.प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार चुनचुन नामक खनन माफिया प्रभावशाली संरक्षण में अवैध खनन करा रहा था.
सरयू राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि अवैध खनन माफिया मृतकों के शवों को ठिकाने लगाने में लगे हैं और उन्होंने इस संबंध में धनबाद एसएसपी को भी सूचना दी है। वहीं, बियाडा के पूर्व अध्यक्ष और समाजसेवी विजय झा ने मंगलवार रात हुए इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें कई लोगों के फोन आए हैं, जिन्होंने घटना की पुष्टि की है। चर्चा है कि खदान में अचानक पानी भर गया, जिससे चाल धंस गई और कई लोग अंदर फंस गए। उन्होंने इस घटना को पिछले कई सालों से जारी अवैध खनन का नतीजा बताया और इसके लिए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर होने की बात भी कही।
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने इस मामले को लेकर झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अवैध खनन चरम पर है, जिसके कारण लगातार चाल धंसने की घटनाएं हो रही हैं, और इसमें लोगों की जान जा रही है। शाहदेव ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए इसे “राज्य सरकार द्वारा की गई संस्थागत हत्याएं” करार दिया।
दूसरी ओर, धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि स्थानीय थाना द्वारा की गई जांच में अवैध उत्खनन में हादसे जैसी कोई भी बात सामने नहीं आई है।
यह घटना एक बार फिर झारखंड में अवैध खनन के गंभीर मुद्दे को सामने लाती है, जहां जान गंवाने वाले मजदूरों की संख्या पर भी सवालिया निशान लगा हुआ है। क्या इस मामले की गहराई तक जांच होगी या यह सच्चाई भी ‘ब्लैक स्पॉट’ में दब कर रह जाएगी?
बोकारो। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सुशासन की प्रतिबद्धता के तहत मंगलवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से 41 से अधिक लोगों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। डीडीसी ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। साथ ही, संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में रेलवे कॉलोनी चास के दुर्घटनाग्रस्त युवक कृष्णकांत महतो का विशेष मामला सामने आया। उनके मित्रों ने बताया कि दुर्घटना के कारण कृष्णकांत चलने-फिरने में असमर्थ हैं और सीढ़ी चढ़कर ऊपर नहीं आ सकते, इसलिए अपनी समस्या खुद नहीं बता पा रहे हैं। इस पर डीडीसी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि वे स्वयं युवक से मिलने जाएंगी। जनता दरबार के बाद डीडीसी समाहरणालय के निचले तल पर पहुंचीं और कृष्णकांत से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके से ही सदर अस्पताल के उपाधीक्षक और चिकित्सकीय टीम को निर्देश दिया कि समन्वय स्थापित कर कृष्णकांत को बेहतर इलाज और उचित चिकित्सकीय सुविधा तुरंत दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन हर जरूरतमंद और असहाय व्यक्ति के साथ है, और जिले में सेवा भाव ही प्रशासन का मूल मंत्र है।
जनता दरबार में भूमि अतिक्रमण, जमीन पर अवैध कब्जा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, सिविल सर्जन कार्यालय, बीएसएल, श्रम अधीक्षक कार्यालय, भू-अर्जन, राजस्व, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं पदाधिकारी कार्यालय, जिला समाज कल्याण विभाग, अंचलाधिकारी कार्यालय, जिला आपूर्ति कार्यालय, लीड बैंक प्रबंधन और जिला ग्रामीण विकास अभिकरण जैसे विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
डीडीसी ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य केवल सुनवाई नहीं, बल्कि समाधान है। आम जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों की तुरंत जांच करें और आवेदकों को आवश्यक जानकारी प्रदान कर समाधान सुनिश्चित करें। जनता दरबार में डीपीएलआर निदेशक श्रीमती मेनका, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री पीयूष, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बोकारो : DPS Bokaro के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है! इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट ऑफ यूनाइट नेशंस (IIMUN) 2025 के झारखंड चैप्टर सम्मेलन में उन्होंने ‘बेस्ट स्कूल डेलिगेशन’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है। धनबाद के क्रेडो वर्ल्ड स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में डीपीएस बोकारो की टीम ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
झारखंड भर से आए लगभग 250 छात्रों ने संयुक्त राष्ट्र की कार्यप्रणाली के अनुरूप विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए जलवायु परिवर्तन, वैश्विक सुरक्षा, मानवाधिकार और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार और प्रस्ताव प्रस्तुत किए। डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों ने अपनी गंभीरता, आत्मविश्वास और परिपक्वता से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और कई श्रेणियों में पुरस्कार जीते।
विजेताओं की सूची:
लोकसभा: नितेश कुमार, ध्रुव लोधा और स्वर्णिम
झारखंड विधानसभा (JLA): भाविनी सिन्हा और प्रीतम सागर
AIPPM (ऑल इंडिया पॉलिटिकल पार्टीज मीट): मीनाक्षी तनु
इसके अलावा, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) की सभी श्रेणियों में डीपीएस बोकारो का दबदबा रहा:
स्पेशल मेंशन: अनवी राय
हाई कमेंडेशन: अदित्रि प्रिया
वर्बल मेंशन: आदित्य राज और सम्योजिता ठाकुर
बेस्ट डेलिगेट: अचिंत कौर
बोले प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार- DPS Bokaro बच्चों को वैश्विक नागरिक बना रहा
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा –
IIMUN जैसे मंच छात्रों को वैश्विक दृष्टिकोण, संवाद कौशल और समस्या-समाधान की समझ विकसित करने में मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि डीपीएस बोकारो छात्रों को वैश्विक नागरिक के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बोकारो: बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाने का चौथा मामला सामने आया है। इस फर्जी अकाउंट के माध्यम से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजे जा रहे हैं, जिसे #Cyber धोखाधड़ी का मामला बताया जा रहा है। इस संबंध में उपायुक्त अजय नाथ झा ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी अनधिकृत सोशल मीडिया अकाउंट या फोन नंबर से पैसों की मांग की जाती है, या किसी प्रकार का प्रलोभन या लिंक भेजा जाता है, तो उसे तुरंत ब्लॉक करके फेसबुक को रिपोर्ट करें। साथ ही, मैसेंजर या किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक पर क्लिक करने से बचें।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति की निजी जानकारी का दुरुपयोग हुआ है या आर्थिक क्षति हुई है, तो वह इसकी शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल साइबर क्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पर या अपने निकटवर्ती पुलिस थाने में दर्ज करा सकते हैं। इस मामले की जानकारी जिला पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि इसके पहले तीन-तीन बार डीसी श्री झा के नाम से फेक फेसबुक आईडी के साथ-साथ दो-दो बार फर्जी वाट्सएप #Whatsapp एकाउंट संचालित किए का मामला सामने आ चुका है।
संवाददाता बोकारो। बोकारो के नवपदस्थापित उपायुक्त अजय नाथ झा लगातार एक्शन मोड में दिख रहे हैं। गुरुवार को अपने दफ्तर से निकल वह बारिश के बीच जलजमाव से होने वाली परेशानियों का जायजा लेने खुद पहुंच गए। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच उपायुक्त शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर जलजमाव, गरगा डैम की स्थिति और शहरी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने बारिश की परवाह किए बिना स्वयं मैदान में उतरकर वास्तविक हालात की समीक्षा की और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। इस क्रम में उपायुक्त ने बोकारो स्टील सिटी क्षेत्र, चीराचास, पांडेय पुल, सोलागीडीह तालाब, आईटीआई मोड़, चास गुरुद्वारा रोड आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी, चास सुश्री प्रांजल ढांडा, जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना शेजवलकर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चास डा. प्रदीप कुमार, अंचलाधिकारी, चास दिवाकर दूबे, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
उजागर हुईं गरगा डैम में सुरक्षा की खामियां, जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त गरगा डैम भी पहुंचे, जहां जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने डैम का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे बताया। निरीक्षण क्रम में डैम की सुरक्षा को लेकर कई कमियां उजागर हुईं। डैम के छह में से केवल दो गेट ही कार्यरत हैं और मरम्मत कार्य समय पर नहीं किए गए हैं। उपायुक्त ने इसे गंभीर मामला मानते हुए बीएसएल प्रबंधन एवं डैम की व्यवस्था देखरेख करने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर मरम्मत से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को समर्पित करने, डैम की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था, रोशनी, ऑपरेशनल गेट आदि को तत्काल दुरुस्त करने को कहा। इसके लिए उन्होंने एक विशेष टास्क फोर्स गठित करने का निर्देश दिया।
आपात स्थिति से निपटने पर दिया जोर
उपायुक्त ने संभावित आपात स्थिति को लेकर पहले से तैयार रहने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जलस्तर बढ़ता है तो डैम का गेट खोलने की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसी स्थिति में निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों को समय रहते सतर्क किया जाए। उन्होंने चास बीडीओ/सीओ को माइकिंग कराकर सूचना देने की बात कहीं। साथ ही, उनके लिए सुरक्षित स्थल चिन्हित करने और उसे राहत केंद्रों के रूप में तैयार करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने तेनुघाट डैम के आस-पास के निचले इलाकों को लेकर भी संबंधित बीडीओ व सीओ को भी ऐसी तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपर समाहर्ता को इसे सुनिश्चित कराने को कहा।
गरगा नदी किनारे कचरे पर जताई नाराजगी उपायुक्त ने शहर के कई हिस्सों में कचरा फैले होने पर कड़ी नाराजगी जताई। पांडेय पुल के नीचे गरगा नदी के किनारे कूड़े के ढेर देखकर उन्होंने नगर निगम को अविलंब सफाई को लेकर निर्देश दिया। वहीं, जल जमाव की स्थिति से निपटने को लेकर नगर निगम चास, नगर परिषद फुसरो एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को 24 से 48 घंटे के भीतर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती कर नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई तत्काल करने को कहा। उन्होंने सभी इकाइयों को जल निकासी व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने का आदेश दिया, ताकि जलजमाव की स्थिति नहीं बने। उपायुक्त ने चास गुरुद्वारे का भी जायजा लिया, जहां जलजमाव की शिकायत गुरुद्वारा प्रबंधन द्वारा की गई थी। उपायुक्त ने चास नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से समन्वय स्थापित कर अविलंब नालियों की सफाई का निर्देश दिया।
तालाबों के किनारे ड्रेस चेंजिंग रूम बनाने का दिया निर्देश निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पाया कि शहरी क्षेत्रों में स्थित तालाबों के आसपास बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, विशेषकर महिलाओं के लिए। उन्होंने चास स्थित सोलाहडीह तालाब के निरीक्षण क्रम में निर्देश दिया कि घनी आबादी क्षेत्र स्थित तालाबों के किनारे ड्रेस चेंजिंग रूम बनाएं। साथ ही, इन क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था भी की जाए, ताकि यह स्थल सुरक्षित और उपयोगी बन सके। चास नगर निगम प्रबंधन एवं सीएसआर नोडल अफसर को इस बाबत निर्देश दिया।
गरगा डैम को पर्यटन के लिए विकसित करने पर दिया जोर गरगा डैम और उसके आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना पर भी उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। उपायुक्त ने कहा कि गरगा डैम क्षेत्र में सुरक्षित पिकनिक स्थल और सेल्फी प्वाइंट बनाए जा सकते हैं। इससे स्थानीय लोगों को मनोरंजन और रोजगार के अवसर मिलेंगे, साथ ही जिले में स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
शहर को गंदा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई उपायुक्त ने कहा है कि अपने घर को साफ रखने के लिए शहर को गंदा करना अनुचित है। सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से सहयोग की अपील की। विशेषकर, सोसाइटी व अपार्टमेंट में रहने वाले आमजन कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि उसकी नियमित साफ-सफाई हो सके। उपायुक्त ने गंदगी फैलाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए निगम प्रशासन को जुर्माना वसूलने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि हमारी प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा है। बारिश और संभावित आपदा की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी विभागों को सक्रिय रूप से काम करना है। आम नागरिकों से अपील है कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष 8986660333/06542-223705/247891/डायल 100/डायल 112 को सूचना दें।
गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में इस बार विचित्र चुनावी संयोग की संभावना, चर्चा का बाजार गर्म
चंद्र प्रकाश चौधरी को स्वजातीय उम्मीदवारों ने दी है कड़ी टक्कर, अब फैसला जनता के हाथ
‘टाईगर’ के नाम से मशहूर निर्दलीय उम्मीदवार जयराम महतो का चुनावी दंगल में कूदना आजसू उम्मीदवार के लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी कर रही हैं। चन्द्र प्रकाश चौधरी को केवल अपने कोर वोटरों के अलावा भाजपा के परंपरागत मतदाताओं का भरोसा है तो झामुमो के मथुरा महतो इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ-साथ आदिवासी और झामुमो के समर्पित मतदाताओं को गोलबंद करने में लगे हैं। श्री महतो जहां अपनी चुनावी सभाओं में वर्तमान सांसद आजसू के चन्द्र प्रकाश चौधरी को ललकार रहे हैं, वहीं जयराम महतो की गर्जना इन दोनों को डरा रही है।
विजय कुमार झा
बोकारो। गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के चुनाव में इस बार विचित्र संयोग बनने की संभावना है। वर्ष 2019 के चुनाव में गिरिडीह संसदीय सीट एनडीए गठबंधन की सहयोगी आजसू पार्टी ने भाजपा की झोली से छीनी थी। गिरिडीह से भाजपा के पांच बार के सांसद रहे तत्कालीन सांसद रविन्द्र कुमार पांडेय को इस सीट से बेदखल कर आजसू ने भाजपा नेतृत्व से यह सीट अपनी झोली में ली थी और रामगढ़ के विधायक व राज्य सरकार के मंत्री चन्द्र प्रकाश चौधरी को उम्मीदवार बनाया था। संयोगवश, चन्द्र प्रकाश चौधरी गिरिडीह से सांसद भी निर्वाचित हुए। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी यह सीट आजसू पार्टी के खाते में ही रह गई और चन्द्र प्रकाश चौधरी पुन: चुनाव मैदान में हैं। लेकिन, इस बार उन्हें अपने दो अन्य स्वजातीय उम्मीदवारों ने ही कड़ी चुनौती दी है। यहां से इंडी गठबंधन की ओर से झामुमो के मथुरा प्रसाद महतो उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इसी बीच अपने समर्थकों के बीच ‘टाईगर’ के नाम से मशहूर निर्दलीय उम्मीदवार जयराम महतो का चुनावी दंगल में कूदना आजसू उम्मीदवार के लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी कर रही हैं। चन्द्र प्रकाश चौधरी को केवल अपने कोर वोटरों के अलावा भाजपा के परंपरागत मतदाताओं का भरोसा है तो झामुमो के मथुरा महतो इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ-साथ आदिवासी और झामुमो के समर्पित मतदाताओं को गोलबंद करने में लगे हैं।
मथुरा महतो जहां अपनी चुनावी सभाओं में वर्तमान सांसद आजसू के चन्द्र प्रकाश चौधरी को ललकार रहे हैं, वहीं जयराम महतो की गर्जना इन दोनों को डरा रही है। क्योंकि, जयराम की सभा में लाखों की भीड़ जमा हो रही है। जयराम अपनी सभाओं में गिरिडीह के आजसू प्रत्याशी चन्द्र प्रकाश चौधरी और धनबाद की कांग्रेस उम्मीदवार अनुपमा सिंह के पति बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह पर भी जोरदार हमले कर रहे हैं। एक सभा को संबोधित करते हुए जयराम ने कहा – जो नेता यहां से जीतकर जाएगा, वह हमारे बच्चों की दवाई, पढ़ाई और कमाई की बात करेगा। लेकिन, आज देखिए, अगर गिरिडीह लोकसभा की बात करें तो यहां के जो सांसद हैं, उन्होंने कभी यहां के जनमानस की चिन्ता नहीं की। उन्होंने चिन्ता की खुद गिरिडीह से सांसद और पत्नी को रामगढ़ से विधायक बनाने की। इसी तरह कांग्रेस के अनूप सिंह खुद बेरमो के विधायक बने और अब पत्नी को धनबाद से लोकसभा से सांसद का चुनाव लड़वा रहे हैं। इन दोनों की गजब कहानी है। गिरिडीह लोकसभा और बेरमो विधानसभा की कहानी गजब है। एक की पत्नी विधायक और पति सांसद और दूसरे खुद विधायक और पत्नी को सांसद बनाने की तैयारी में हैं। मतलब, कोयला भी उनका, लोहा भी उनका, बालू भी उनका, पत्थर भी उनका। बाकी जनता गरीबी में पिसती रहे, उन्हें कोई मतलब नहीं। जयराम की यह चुनौती आजसू के लिए भारी पड़ रही है। बहरहाल, ऐसे में निर्दलीय जयराम महतो (टाईगर) की दहाड़ और मथुरा महतो की ललकार से चन्द्र प्रकाश की जीत पर कहीं ग्रहण न लग जाए। वैसे, इसका फैसला तो क्षेत्र के मतदाताओं को ही करना है कि वे इस बार गिरिडीह से किसके सिर पर जीत का ताज पहनाते हैं।
झारखंड सरकार के मंत्री आलमगीर आलम मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार, चुनाव पूर्व इंडी गठबंधन को झटका
विशेष संवाददाता
रांची। झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। मंत्री हो या मुख्यमंत्री, सभी शिकंजे में हैं। बुधवार को राज्य सरकार के एक और शीर्ष नेता दबोच लिए गए। झारखंड सरकार के मंत्री आलमगीर आलम को मई लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने गिरफ्तार कर लिया है। ईडी के अधिकारियों ने बुधवार को दूसरे दिन लगभग सात घंटे तक चली पूछताछ के बाद आलम को गिरफ्तार किया। मालूम हो कि आलम के पीएस संजीव लाल और उनके नौकर जहांगीर आलम को भारी नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया था। 6 मई को ईडी ने रांची में राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के पीएस समेत अन्य करीबियों और सरकारी पदाधिकारियों के ठिकाने पर छापेमारी की थी। संजीव लाल के नौकर के घर पिछले दिनों 30 करोड़ रुपए कैश मिले थे। इसी सिलसिले में ईडी ने आलमगीर आलम को भी समन जारी किया था। ईडी के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रही थी। बुधवार को दूसरे दिन भी ईडी के अधिकारियों द्वारा पूछताछ जारी थी। मंगलवार को ईडी ने उनसे पूछताछ की थी, जो पूरी नहीं हुई। हालांकि, आलमगीर आलम ने अपने आपको बेदाग बताया था। बता दें कि समन मिलने के बाद मंगलवार को ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ईडी कार्यालय पहुंचे थे। ईडी अधिकारियों ने उनसे 10 घंटे तक पूछताछ की थी। कार्यालय से निकलने के बाद मंत्री ने कहा कि उनसे जो भी सवाल किए गए, सबका उन्होंने जवाब उन्होंने दिया। बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारियों की पूछताछ पूरी नहीं हुई, इसलिए उन्हें फिर से आज बुलाया गया था।
वीरेन्द्र राम से जुड़े तार
मंत्री आलमगीर के खिलाफ शिकंजा कसे जाने की कार्रवाई चर्चित निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम से जुड़े मामले में बताई जा रही है। मामले में मंत्रीजी का तार जुड़ने से अब और भी कई खुलासे होने के आसार हैं। बता दें कि 13 नवंबर 2019 को एसीबी ने जूनियर इंजीनियर सुरेश प्रसाद वर्मा को एक ठेकेदार से 10 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा था। जिस वक्त सुरेश प्रसाद वर्मा को पकड़ा गया, उस दौरान वे जमशेदपुर में वीरेंद्र राम के मकान में रहता था। एसीबी ने सुरेश के घर से 2.67 करोड़ रुपए से अधिक बरामद किए थे, जिसके बाद उसने ये पैसे वीरेंद्र राम के बताए थे। इस मामले में सुरेश प्रसाद वर्मा को जेल हुई और एसीबी की जांच में आगे जाकर वीरेंद्र राम की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ।
चुनाव पूर्व इंडी गठबंधन में हलचल
मंत्री आलमगीर आलम की गिरफ्तारी से इंडी गठबंधन में जोरदार हलचल मच गई। चुनाव से पहले इसे एक बड़ा झटका माना जा रहा है, जो चुनाव को प्रभावित भी कर सकता है। सूत्रों का कहना है कि विभाग में कमीशन का खेल के साथ-साथ अधिकारी और कर्मचारी के स्थानांतरण-पदस्थापन में भी मोटी राशि ली जाती थी। करोड़ों का खेल होता था। टेंडर घोटाला और कमीशनखोरी के कारण पूरे राज्य में चर्चा जोरों पर थी। नकदी के साथ चल-अचल सम्पत्ति बेशुमार बतायी जाती है। सूत्र बताते हैं कि मंत्री की गिरफ्तारी के बाद भ्रष्टाचार के और भी कई चौंकानेवाले रहस्य सामने आ सकते हैं। आगे-आगे देखिए, होता है क्या….।
लगातार दो दिन से स्थिति तनावपूर्ण, प्लांट के कर्मी भी बदहाल
बोकारो : ईएसएल वेदांता में नियोजन की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन होता रहा है। लेकिन, सोमवार का आंदोलन गेट जाम, प्रदर्शन और नारेबाजी से बढ़कर हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। आंदोलनकारियों और सुरक्षाकर्मियों में हिंसक भिड़ंत हो गई। दोनों तरफ से जमकर रोड़ेबाजी और लाठियां भांजी गईं। ईएसएल वेदांता के गेट पर जेबीकेएसएस के प्रदर्शन के दौरान हुई इस घटना में सियालजोरी ओपी प्रभारी ललन पासवान सहित करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी, कंपनी के गार्ड और ग्रामीण घायल हो गए। बताया जाता है कि जेबीकेएसएस के लोग नौकरी, रोजगार, क्षेत्रीय विकास सहित 13 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। लगभग साढ़े बारह बजे भागाबांध आरएम एचएस गेट में आंदोलनकारी और सुरक्षाकर्मी जाम को लेकर आमने-सामने हो गए। इस दौरान कपंनी के गार्ड व पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ से रोड़ेबाजी लाठियां चलने लगी। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन में इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। खबर लिखे जाने तक जाम जारी है। इस आंदोलन के कारण प्लांट के कर्मी भी बदहाल हैं। बीती रात लगभग दो हजार स्टाफ नाश्ते के लिए लाइन में लगे रहे। हालात संभालने में चार घण्टे लग गए।
निषेधाज्ञा के बाद भी गेटजाम, धरना-प्रदर्शन
मालूम हो कि ईएसएल वेदांता में आंदोलन की पूर्व सूचना के आलोक में चास के अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने 27 नवंबर को ही इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी थी। कंपनी के 47 खाता रोड तथा RMHS गेट रोड से पांच किलोमीटर के दायरे में भादवि की धारा 144 लगा दी थी। इसके बाद भी जाम लगाया गया और धरना-प्रदर्शन हुआ। इसे लेकर प्रबंधन ने निंदा व्यक्त की है। कहा कि ये गलत है। बातचीत से समस्याओं का समाधान होना चाहिए।
सीओ की गाड़ी पर पथराव, कई वाहनों से शीशे टूटे
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण इतना उग्र हो गए कि चंदनकियारी सीओ की गाड़ी पर उन्होंने पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में ओपी प्रभारी ललन पासवान को सिर पर और होमगार्ड जवान किरण कुमारी की आंख में चोट लगी है। उनका बोकारो जनरल (बीजीएच) में इलाज चल रहा है। इसके अलावा, कई सुरक्षाकर्मी और कुमाटांड़ की लक्ष्मी देवी, मधुनिया के दिलीप महतो और अर्जुन महतो भी घायल हो गए। इस मामले को लेकर ईएसएल वेदांता की ओर से सियालजोरी थाना में ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की प्रक्रिया की जा रही थी। इधर, शाम लगभग 4 बजे कुछ लोग फिर उग्र हो गए, ब्रिज गेट पर एक पुलिस वाहन (चास मुफस्सिल) पर हमला कर दिया। इससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। गश्त के दौरान एक पुलिस कर्मी के सिर और उंगली पर चोट लगी।
प्रबंधन ने की निंदा, कहा- बातचीत से हो समस्या-समाधान
इधर, ईएसएल वेदांता प्रबंधन ने घटना के संबंध में अपना बयान जारी करते हुए कहा कि मुद्दों पर बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान होना चाहिए। स्थानीय लोगों ने कानून अपने हाथ में ले लिया। पुलिस और हमारे सुरक्षाकर्मियों पर लाठियों और पत्थरों से हमला किया है। इसमें कई पुलिसकर्मी और सुरक्षा गार्ड घायल हो गए हैं। प्लांट गेट के बाहर निजी, सरकारी और पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रबंधन इसकी निंदा करता है। कंपनी की ओर से अनंघा जोशी द्वारा बयान में प्रबंधन का दावा है कि 13 जून, 2023 को ईएसएल, जेबीकेएसएस और थाना प्रभारी, सियालजोरी/ बनगड़िया के बीच त्रिपक्षीय चर्चा के सभी 13 बिन्दुओं में से 90 फीसदी का सौहार्दपूर्ण समाधान हो गया है। इस्पात कारखाने के निर्माण के लिए जिनलोगों ने अपनी-अपनी जमीन दी थी, उनमें से हरेक को पर्याप्त और न्यायोचित रूप से क्षतिपूर्ति कर दी गई है। कोई भी जमीनदाता छूट न जाय, यह सुनिश्चित करने के लिए कंपनी ने समय लिया है। यदि कोई मामला बचा रह गया होगा, तो समझौते के अनुसार उसका निपटारा कर दिया जाएगा। प्रबंधन का कहना है कि एक संगठन के रूप में ईएसएल अपने परिचालन क्षेत्र के आसपास के सभी समुदायों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध है। बातचीत के द्वारा सभी समस्याओं का सौहार्दपूर्ण समाधान किया जा सकता है।
झालबरदा जंगल में देखे गए आदमखोर, भटककर आने की आशंका
पुलिस घूम-घूमकर लोगों को कर रही सावधान, आसपास है आबादी वाला इलाका
संजय भारद्वाज चंदनकियारी। बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत बरमसिया में रविवार देर शाम दो चीते घूमते देखे गए। प्रत्यक्षदर्शी इसे जहां चीता बता रहे हैं, वहीं जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) रजनीश कुमार ने तेंदुआ होने की पुष्टि की है। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। रातभर लोग खौफ के मारे सो न सके। आदमखोर पशुओं को जहां देखा गया, वहां आबादी वाला इलाका ही है, जिससे लोगों में भारी दहशत है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दो चीते चंदनकियारी की तरफ ही बढ़ रहे थे।
बरमसिया के झालबरदा स्थित डुगरीटांड़ जंगल के समीप झालबरदा ग्राम निवासी बबन तिवारी नामक एक व्यक्ति ने बाजार से खरीदारी के बाद घर लौटने के क्रम में चीतों को देखा। चूंकि रास्ता जंगल से होकर ही गुजरता है, इसलिए उस मार्ग में उसने चीतों को देखा। चीता देखकर उसके होश उड़ गए। वह लौटकर बरमसिया की ओर आ गया और हो-हल्ला करने लगा। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। पुलिस घूम-घूमकर लोगों को सतर्क करने में लगी हुई है।
बाद में कुछ और लोगों ने दो चीतों को देखा, जिसके आधार पर बरमसिया ओपी प्रभारी चंचल कुमार ने बताया कि चीते डुंगरीटांड़ से होते हुए कोड़िया की तरफ जा रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि पश्चिम बंगाल के झालदा व कसमार के बीच सेवाती घाटी के घने जंगल में अक्सर ही चीता देखे जाने की बात बताई जाती है। उक्त क्षेत्र यहां से नजदीक व रास्ते में जंगल झाड़ी से सटा है, इसलिए आशंका है कि चीते वहीं से भटककर आए होंगे। फिलहाल पुलिस द्वारा आसपास के ग्रामीणों को इससे सावधान रहने की चेतावनी दी जा रही है। इधर, डीएफओ रजनीश कुमार का कहना है कि वन विभाग इस मामले को लेकर सतर्क व सजग है। डीएफओ ने तेंदुआ होने की पुष्टि की है।
मायावती और जगनमोहन रेड्डी जैसा कहीं न हो हश्र, सवालों के घेरे में झारखंड CID की भूमिका
ED Summons Hemant Soren
शशांक शेखर की विशेष रिपोर्ट
रांची। जमीन घोटाले के मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय ने आगामी 14 अगस्त को हाजिर होने का समन जारी किया है। अगर वह हाजिर नहीं हुए, तो संभवतः उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है। आगामी 31 अगस्त को मुंबई में होने वाली I.N.D.I.A.(Indian National Developmental Inclusive Alliance) की बैठक से ठीक पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) हेमंत सोरेन को घेरने की तैयारी में है। ईडी ने अपने समन में यह दर्शा दिया है कि या तो नवीन पटनायक, मायावती या वाईएस जगनमोहन रेड्डी की तरह एनडीए के समक्ष नतमस्तक हो जाएं या जमीन व अकूत संपत्ति इकट्ठा करने के मामले में अपने कथित भ्रष्टाचार के चलते गिरफ्तारी के लिए तैयार हो जाएं।
ED द्वारा जारी समन की प्रति- पेज -1ED द्वारा जारी समन की प्रति- पेज – 2
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार जेल में बंद जमीन घोटाले से संबंधित तीन लोगों ने इस मामले में सरकारी गवाह बनने की पेशकश की है और झारखंड सीआईडी टीम इस मामले में भयंकर कमजोर साबित हुई है, जिसने मुख्यमंत्री कार्यालय को कई जगहों पर गुमराह करने की कोशिश की। यह समन जमीन मुख्य रूप से भूमि घोटालों से संबंधित हैं, लेकिन इसके अलावा चार ऐसे व्यवसायी, जिनकी अकूत संपत्ति रांची, कोलकाता, दिल्ली, बेंगलुरु तथा विदेशों में भी है, उन्होंने भी मुख्यमंत्री को गुमराह किया।
इस संवाददाता से बात करते हुए एक वरीय ईडी अधिकारी ने कहा कि यहां तो भ्रष्टाचार का दलदल है। जहां भी हाथ डालो, वहीं भ्रष्टाचार है। रांची में 31 एकड़ जमीन, जिसमें आईएएस अधिकारी भी सम्मिलित हैं, संथाल परगना में दर्जनों एकड़ जमीन तथा वैसे आईपीएस अधिकारी, जिनके विरुद्ध कई आपराधिक मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं, उनको वरिष्ठ पदों पर मुख्यमंत्री को बैठाना अब महंगा पड़ेगा। ईडी के अधिकारी के द्वारा दी गई सूचना के अनुसार रांची, जमशेदपुर, दुमका, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग के जमीन घोटाले कहीं-न-कहीं मुख्यमंत्री की ओर इंगित करते हैं, जिनमें उनके सिपहसालार के फोन रिकॉर्ड ईडी के पास मौजूद हैं। आगामी 14 अगस्त 2023 को यदि सीएम ईडी के पास अपनी उपस्थिति किसी कारणवश नहीं दर्ज करा पाते हैं, तो दूसरी तिथि दी जाएगी। लेकिन, 31 अगस्त के पहले वह अपनी ईमानदारी साबित नहीं कर सके, तो उनके लिए यह खतरे की घंटी साबित हो सकती है। विदित हो कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकारी कार्रवाई का सामना कर चुके वाईएस जगनमोहन रेड्डी, मायावती जैसे कई नेता आज मोदी के समक्ष नतमस्तक हैं। ईडी की सख्ती कहीं-न-कहीं हेमंत सोरेन को भी घेरने की कोशिश में है।