Category: Society

  • नए सिरे से गठित होगी मिथिला सांस्कृतिक परिषद की कार्यकारिणी, 16 को मनेगा ‘कोजागरा महोत्सव’

    नए सिरे से गठित होगी मिथिला सांस्कृतिक परिषद की कार्यकारिणी, 16 को मनेगा ‘कोजागरा महोत्सव’

    संस्था की आमसभा में ध्वनिमत से कई प्रस्ताव पारित, अगली आमसभा 20 को

    बोकारो। बोकारो में मिथिला-मैथिली भाषा-भाषियों की प्रतिष्ठित संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद की आमसभा रविवार को परिषद द्वारा संचालित सेक्टर 4ई स्थित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल के विद्यापति सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के पूर्व महासचिव एवं बीएसएल के सेवानिवृत्त वरिष्ठ सतर्कता पदाधिकारी सतीशचंद्र झा ने की। बैठक के दौरान सांगठनिक सशक्तिकरण, संस्थाहित तथा विद्यालय के उत्थान में आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया, साथ ही ध्वनिमत से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।

        बैठक में विभिन्न वक्ताओं ने परिषद, मिथिला समाज तथा विद्यालय के हित में उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके पश्चात सर्वसम्मति से परिषद की वर्तमान कार्यकारिणी समिति के गठन को इसलिए अमान्य घोषित किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया, क्योंकि उक्त कार्यकारिणी का गठन नियमानुसार न तो पीठासीन पदाधिकारी मंडल की सहमति से हुआ था और न ही उसकी स्वीकृति आमसभा से ली गई थी। इसके लिए अब पीठासीन पदाधिकारी मंडल द्वारा महासचिव नीरज चौधरी के साथ मिलकर नई एवं वैध कार्यकारिणी का गठन करने एवं उसे आमसभा से अनुमोदित कराए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। उपस्थित लगभग 100 सदस्यों ने ध्वनिमत से ताली बजाकर इस पर अपनी सहमति जतायी।

        आमसभा की बैठक में परिषद के वित्त सचिव मिहिर मोहन ठाकुर द्वारा विद्यालय में हुई कथित वित्तीय अनियमितता के उठाये गए मामले की जांच को लेकर पांच सदस्यीय एक समिति के गठन का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसमें अध्यक्ष सतीश चंद्र झा सहित सुदीप कुमार ठाकुर, डीके ईश्वर, दिलीप कुमार झा एवं जयप्रकाश चौधरी शामिल किए गए। इसके साथ ही उक्त सभी निर्णयों के अनुमोदन एवं अन्य विषयों पर विचार-विमर्श को लेकर के परिषद की अगली आमसभा आगामी 20 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10:30 बजे से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा आगामी 16 अक्टूबर को मिथिलांचल का प्रमुख पारम्परिक त्योहार कोजागरा महोत्सव मनाने का निर्णय भी लिया गया, जिसके लिए 10 सदस्यों की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम का भार अरुण पाठक को दिया गया।

        इसके पूर्व, बैठक के आरंभ में परिषद के महासचिव नीरज चौधरी ने आमसभा में उपस्थित सभी अभ्यागतों का स्वागत करते हुए बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। पीठासीन पदाधिकारी मंडल के संयोजक विजय कुमार झा ने बैठक का विषय-प्रवेश कराया, वहीं वित्त सचिव मिहिर मोहन ठाकुर ने विद्यालय प्रबंधन समिति की कथित वित्तीय गड़बड़ी को आमसभा के पटल पर प्रस्तुत किया। बैठक को कृष्ण चंद्र झा, सुदीप कुमार ठाकुर, रवीन्द्र झा, गंगेश पाठक, सुनील मोहन ठाकुर, विनय कुमार झा, श्रवण कुमार झा, अनिल मोहन ठाकुर आदि ने भी संबोधित किया। जबकि, इस अवसर पर मुख्य रूप से परिषद के पूर्व महासचिव राजेंद्र कुमार, बटोही कुमर, पीठासीन पदाधिकारी मंडल के डॉ. दुर्गानंद मिश्रा, प्रो. जयराम झा सहित जेपी चौधरी, मिहिर कुमार झा राजू, दुर्गाचरण चौधरी, सुभद्र चौधरी, हरिश्चंद्र झा, गोविंद कुमार झा, चंद्रकांत मिश्रा, इंद्र कुमार झा, अविनाश झा अवि, श्रीमोहन झा, विश्वनाथ झा, रमण कुमार ठाकुर, संजय चौधरी, प्रकाश झा, विमलकांत झा, मनोज कुमार झा, मिंटू झा, संतोष कुमार मिश्र, रोशन कुमार तरुण आदि उपस्थित थे।

    – Varnan Live Report

  • गर्व के क्षण… बोकारो के इस स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति के साथ मनाया रक्षा बंधन का त्योहार, पेंटिंग भी भेंट की

    गर्व के क्षण… बोकारो के इस स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति के साथ मनाया रक्षा बंधन का त्योहार, पेंटिंग भी भेंट की

    बोकारो। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के विद्यार्थियों के लिए इस बार रक्षाबंधन का त्यौहार अनूठा और हमेशा के लिए यादगार बन गया। बात ही कुछ ऐसी थी। शिक्षा, खेलकूद और कला के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल चार विद्यार्थियों की टीम अपने प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार के नेतृत्व में देश की राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू से मिली। बच्चों ने रक्षा बंधन का त्यौहार राष्ट्रपति भवन में महामहिम श्रीमती मुर्मू के साथ मनाने और इस अवसर की खुशियां साझा करने का सौभाग्य प्राप्त किया। उन्होंने राष्ट्रपति को राखियां तथा विद्यालय की ओर से उनकी एक आकर्षक पेंटिंग भी भेंट कीं, जिसे उन्होंने खूब सराहा। राष्ट्रपति भवन से स्वीकृति एवं विशेष आमंत्रण के पश्चात गई विद्यालय की टीम में प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार, प्रधानाध्यापिका प्रीति सिन्हा तथा विद्यार्थियों में कक्षा 9 से अन्वेषा शर्मा, अनन्या सिंह व प्रीतम सागर तथा कक्षा 10 के छात्र आदि आयुष्मान शामिल रहे। गर्व के इस अविस्मरणीय अनुभव पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। राष्ट्रपति भवन से लौटे बच्चों ने मंगलवार को प्राचार्य डॉ. गंगवार को पुष्पगुच्छ भेंटकर यह सुखद अवसर प्रदान करने के लिए उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

    नौ वर्ष पूर्व विद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में आई थीं महामहिम, बातचीत में हुई चर्चा

    उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू वर्ष 2015 में 2 जुलाई को डीपीएस बोकारो के 28वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची थीं। उस समय वह झारखंड की राज्यपाल थीं। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में रक्षा बंधन कार्यक्रम के दौरान जैसे ही विद्यालय के बच्चों ने उन्हें उनकी पेंटिंग दीं कि उसके नीचे लिखे डीपीएस बोकारो पर उनकी नजर गई। इस पर वह मुस्कुरा उठीं और उनके साथ बातचीत में इस स्मृति पर भी चर्चा हुई। प्राचार्य डॉ. गंगवार ने इसकी चर्चा की तथा महामहिम ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा- इतनी दूर से आपलोग आए, अच्छा लगा। उन्होंने हिन्दी में ही बच्चों के साथ बातचीत की और उन्हें बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद डीपीएस बोकारो सहित देशभर के विभिन्न राज्यों के अलग-अलग विद्यालयों से पहुंचे सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने महामहिम के साथ राष्ट्रगान गाने का भी गौरव प्राप्त किया। उन्होंने महामहिम के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। कार्यक्रम में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और शिक्षा राज्यमंत्री तथा कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी सहित स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) के सचिव संजय कुमार एवं शिक्षा मंत्रालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

    बच्चों ने कहा – इतने बड़े प्लेटफॉर्म पर जाना यादगार अनुभव, कभी नहीं भूलेंगे

    राष्ट्रपति के साथ रक्षा बंधन का उत्साह साझा कर लौटे विद्यार्थियों में अपार खुशी है। छात्रा अन्वेषा शर्मा ने कहा कि वह टीवी पर राष्ट्रपति और राष्ट्रपति भवन को देखा करती थी। आज पहली बार वहां पहुंचना और महामहिम से मिलना उसके लिए जीवन का यादगार पल है। छात्रा अनन्या सिंह ने कहा कि इतने बड़े प्लेटफॉर्म पर पहुंचना वह कभी नहीं भूलेगी। इसी प्रकार छात्र प्रीतम सागर और आदि आयुष्मान ने भी कहा कि उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। राष्ट्रपति से मिलना और उनसे बातें करना उनके लिए बहुत बड़ी बात है।

    प्राचार्य डॉ. गंगवार बोले- यह एक लाइफटाइम अचीवमेंट

    विद्यालय के प्राचार्य डॉ. गंगवार ने कहा कि रक्षा बंधन का त्यौहार राष्ट्रपति के साथ मनाना न केवल हम सभी के लिए, बल्कि साथ गए बच्चों और पूरे डीपीएस बोकारो परिवार के लिए एक लाइफटाइम अचीवमेंट है। राष्ट्रपति को देखना तक बहुत बड़ी बात होती है और हमारे विद्यार्थियों ने उनके साथ राखी की खुशियां साझा कीं, उनसे बातें कीं और तस्वीरें भी खिंचवाईं। यह अत्यंत ही गर्व का विषय और जीवन में कभी न भूलने वाला चिरस्मरणीय अनुभव है। इससे विद्यार्थी काफी प्रेरित और प्रोत्साहित हुए हैं।

    -Varnan Live Report

  • Why Temple is not able to Unite Hindus

    Unexplained shock of 2024 election

    “After 500 years, even the grand Ram Temple at Ayodhya could not unite 1.2 billion Hindus. Instead it successfully united 180 million Muslims against Hindus”.

    Above is a general sentiment after 2024 election results. Question is why has the temple not been able to unite the Hindus.

    The awakening conversation

    Last few weeks I have been travelling extensively in rural Bihar. One i actually gave me one possible and most probable answer for this intriguing question. The incident deserves few paragraphs.

    Nanmum (name changed) has been associated with my family since his childhood. His family has been toiling on our village field for last three generations. Whether this arrangement will continue after Nanmum is uncertain because neither Nanmun’s children live in village any more, nor our family has anyone living in our village anymore. But that is not the point of discussion here. I want to talk about my discussion with Nanmun when he took me to the local village “Brahma Sthan” the centre of faith for the entire village. Just after I arrived in my home, he opened and cleaned the house and made it comfortable for me. He asked me to wash up and pray to our “bhagwati” first. Bhagwati is our family deity and one of the rooms in our house is dedicated for her. Anyone coming home first goes and bows to Bhagwati.   

    After praying to the Bhagwati, Nanmun asked me to come with him to the “Brahma Sthan” and pay my prayers to “Brahma baba” and “Mahavira Ji”. I followed Nanmun’s advice. But one thing I noticed distinctly. He did not come inside “Bhagwati’s” room in my house, neither he came inside “Brahma Sthan”. He did pray from outside. When I asked him, his answer was, “we are lower caste so we pray from outside the pedestal”. I was not surprised and I asked him to come inside; but he did not. During the course of day when he was taking me around my fields, I came to know that he has been pure vegetarian for last twenty years, following strict schedules of eating and prayer and has been follower of Kabirpanth. He has a guru from Kabirpanth about 100 Kilometers away and he regularly visits the Guru.

    “Jati” created a distant relationship with core faith

    The whole episode opened my eyes. It seemed to give me some answers to the question that I was searching for a long time. Few things were very clear. Firstly, the roots of Sanatan thought was very strong that even in the face of discrimation and ostracization the connection to the core philosophy always remained. Nanmun and his family have been exposed to Islam for three generations now in my village and adjoining areas. Few of his caste members had converted to Islam two generations ago and had set up a small Muslim hamlet outside our village. He has remained strongly attached to the core of Sanatan. The temple has not been able to represent the centre of his faith because his caste people have not been allowed to enter temples for long time. After several generations, that has become a ritual which no one wants to break and that is why when I asked him to come inside the Bhagwati room or inside the temple, he stayed away. However, he has found the same strength of faith in Kabeer panthi teachings where he is able to find his spiritual expression more freely and openly.

    Large section of population of our country in North India experienced temple as centre of their faith only from a distance. That is why a temple movement makes them happy, but is is not able to become a strong emotional linkage.

    “Jati” can be eradicated through temples very quickly

    This needs to be reformed from within Hindu society. In my opinion following can be the fastest way to bring this reform.

    .

    1. Legal changes to free temples from government control and that temples should manage their own affairs just like Church, Gurudwara, Mosques are allowed to do.

    2. Government should farme rules for management and governance of temples by the local community. 

    3. “Pujari” should considered as a skill in the same was a there any other skill

    4. Government should enable courses of “Agamas” to certify Pujaris

    5. “Pujaris’ should be appointed by the temple committees based on the knowledge of Agamas and shastras and not based on the born caste.

    6. Of course, entry and exist can not be restricted based on born caste, however local temples should frame rules of entry / exist based on the specific nature and purpose of deity

    If we do this, we will unleash the true temple economy which will be all inclusive and centre of Sanatan faith.

  • DPS बोकारो में पुलिस महकमे का बड़ा जमावड़ा, स्थापना दिवस में DGP से लेकर DSP तक हुए शरीक

    बोले पुलिस महानिदेशक– शैक्षणिक विकास से राष्ट्र-निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा डीपीएस बोकारो

    उत्सव के रूप में मनाया गया 38वां स्थापना दिवस, बच्चों ने बिखेरी बहुरंगी छटा

    संवाददाता
    बोकारो। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो में मंगलवार को पुलिस महकमे का बड़ा जमावड़ा लगा रहा। राज्य के पुलिस विभाग के मुखिया डीजीपी अजय कुमार सिंह से लेकर डीएसपी स्तर तक के अधिकारी यहां घंटों मौजूद रहे। अवसर था विद्यालय के 38वें स्थापना दिवस का, जिसका सभी अधिकारियों ने आनंद लिया।

    समारोह को संबोधित करते डीजीपी अजय कुमार सिंह।

    बतौर मुख्य अतिथि डीपीजी ने अपने संबोधन में कहा कि बोकारो को पूरे झारखंड की शैक्षणिक राजधानी माना जाता है। इस शहर को यह महत्वपूर्ण ख्याति दिलाने में अगर किसी विद्यालय का सबसे बड़ा योगदान है तो वह है दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो। विगत 38 वर्षों की इस विद्यालय की यात्रा और गौरवपूर्ण अतीत आज किसी परिचय का मोहताज नहीं है। डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों ने हर विधा में देश-विदेश में अपना परचम लहराया है। यह विद्यालय प्रतिवर्ष टॉपर्स के रूप में प्रतिभावान, सक्षम और होनहार नागरिक प्रदान कर सशक्त समाज व राष्ट्र-निर्माण में अपनी महती भूमिका निभा रहा है। बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सम्मानित अतिथि के रूप में उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) माइकल राज एस. एवं कोयला क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सुरेन्द्र कुमार झा तथा बतौर विशिष्ट अतिथि बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पूज्य प्रकाश उपस्थित थे। इसके अलावा, सभी डीएसपी भी मौजूद रहे।


    डीजीपी श्री सिंह ने समस्त विद्यालय परिवार को एक मील के पत्थर स्वरूप इस स्थापना दिवस की बधाई दी। साथ ही, उत्तरोत्तर विकास की शुभकामनाएं देते हुए तथा छात्र-छात्राओं के समग्र विकास एवं सामुदायिक उत्थान की दिशा में डीपीएस बोकारो द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शिक्षा में समय के साथ आए बदलाव की चर्चा करते हुए इसके जरिए एक सुशिक्षित एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने पर बल दिया। श्री सिंह ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के संतुलित इस्तेमाल करने का भी संदेश दिया।

    संबोधित करते प्राचार्य डॉ ए एस गंगवार।


    विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार ने सभी अभ्यागतों का स्वागत करते हुए स्कूल के स्थापना काल से लेकर अबतक की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहने तथा विशेष रूप से अपने माता-पिता का सदैव आदर करने की प्रेरणा दी। कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद से बढ़कर कुछ नहीं। वो अपने बच्चों को तैयार करने में अपना पूरा जीवन लगा देते हैं। प्राचार्य ने डीपीएस बोकारो द्वारा विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षण-व्यवस्था मुहैया कराने, उनके सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय द्वारा निर्धन बच्चों के शिक्षार्थ संचालित दीपांश शिक्षा केंद्र एवं निशुल्क महिला व्यावसायिक प्रशिक्षण केन्द्र कोशिश की गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।

    उद्घाटन करते डीजीपी। साथ मौजूद आईजी, डीआईजी, एसपी व प्राचार्य।


    इसके पूर्व, अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर स्थापना दिवस उत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मनभावन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बहुरंगी छटा बिखेरी। स्वागत गान स्वागतम आपका आप आए… एवं विद्यालय गीत आया है नया सवेरा… के बाद स्वागत नृत्य में उन्होंने खुशहाली का संदेश दिया। इसके बाद डीजीपी श्री सिंह व अन्य अतिथियों ने मिलकर केक काटा।

    नृत्य प्रस्तुत करतीं छात्राएं।

    इस बीच बच्चों ने ऋतु-आधारित सुरीला गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं, समारोह की अंतिम कड़ी में प्रस्तुत आकर्षक समूह-नृत्य के जरिए धरा की रक्षा का आह्वान किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. गंगवार ने डीजीपी, आईजी, डीआईजी व एसपी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया।

    दीपांश शिक्षा केन्द्र के बच्चों के साथ मुख्य अतिथि।

    तीन राज्यों के मेधावी व शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थी पुरस्कृत

    समारोह के दौरान अतिथियों ने प्री-नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले 409 विद्यार्थियों के साथ-साथ आर्यभट्ट मैथमेटिक्स कंपटीशन (एएमसी) के लगभग 40 विजेताओं को प्रमाण-पत्र, मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। एएमसी के तहत पुरस्कृत विद्यार्थियों में झारखंड सहित ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल के बच्चे भी शामिल थे। वहीं, विद्यालय द्वारा समाज के अभिवंचित वर्ग के शिक्षार्थ संचालित दीपांश शिक्षा केन्द्र के दर्जनों विद्यार्थियों को केन्द्र प्रभारी डॉ. सरिता गंगवार की मौजूदगी में विद्यालय परिधान प्रदान किया गया। डीजीपी श्री सिंह ने पुरस्कृत किए गए सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस क्रम में प्राचार्य ने मुख्य अतिथि एवं सम्मानित अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में डीपीएस बोकारो परिवार के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे। आरंभ में स्वागत भाषण वाइस हेड गर्ल हिमानी सिंह, मंच संचालन छात्र मोहित कुमार, छात्रा आव्या सिंह, अवण्या पाहवा एवं शिप्रा हेम्ब्रम तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन सांस्कृतिक सचिव ऋद्धिमा कौशल ने किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुब्बारों से सुसज्जित बना रहा और उत्सव का रंग छाया रहा।

    करियर मार्गदर्शिका का विमोचन

    समारोह के दौरान अतिथियों ने विद्यालय की टीम द्वारा तैयार करियर मार्गदर्शिका – डीपीएस बोकारो करियर एवेन्यू का विमोचन भी किया। 100 से अधिक पृष्ठों वाली इस रंगीन पत्रिका में आकर्षक पृष्ठ-सज्जा के साथ 12वीं के बाद अलग-अलग क्षेत्रों में करियर के विभिन्न विकल्पों की सचित्र विस्तृत जानकारी दी गई है। डीजीपी ने इसे विद्यार्थियों के लिए काफी महत्वपूर्ण एवं लाभप्रद बताया। उक्त अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी व उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

    – Varnan Live Report.

  • JEE Advanced 2024 : DPS बोकारो का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, शानदार रैंकिंग के साथ सर्वाधिक 30 से अधिक विद्यार्थी सफल

    JEE Advanced 2024 : DPS बोकारो का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, शानदार रैंकिंग के साथ सर्वाधिक 30 से अधिक विद्यार्थी सफल

    516वीं रैंक (Cat.) के साथ स्पर्श रहा टॉपर, रक्षित को AIR 1193

    बोकारो : दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के विद्यार्थियों ने इंजीनियरिंग की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई एडवांस्ड) 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी कामयाबी का परचम लहराया। रविवार को जारी किए गए परीक्षा परिणाम के अनुसार समाचार भेजे जाने तक 30 से अधिक विद्यार्थियों के सफल होने की सूचना है। विद्यालय के स्पर्श राज ने अपनी कैटेगरी में देशभर में 516वीं रैंक लाकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। दूसरे स्थान पर विशाल मेहता (कैटेगरी रैंक 803) तथा तीसरे स्थान पर दिव्यांशु जायसवाल (कैटेगरी रैंक 1163) रहे। रक्षित राज – एआईआर 1193, रेयान सिंह – एआईआर 1374 और ऋषव कुमार – 2500 (कैटेगरी) रैंक के साथ क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे।
        अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त विद्यार्थियों के अलावा अवंतिका गुप्ता – एआईआर 2845, तेजस अग्रवाल – 3017 (जनरल-ईडब्ल्यूएस), सुहानी कुमारी – 5012 (कैटेगरी), स्पर्श कुमार- एआईआर 6381, उत्कर्ष कुमार- एआईआर 7752, आशुतोष सिंह- एआईआर 8715, मानव राज- एआईआर 8905, मो. रमीश फैजी- 9268 (कैटेगरी), नमन जैन- एआईआर 9358 सहित आयुष्मान दत्ता, आकाश माहता, पौलम कुंडू, साक्षी प्रिया आदि ने भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। और भी विद्यार्थियों के नाम आने बाकी हैं।
          गौरतलब है कि एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) की ओर से जेईई मेन दो सत्रों में आयोजित किया गया था। परीक्षा का पहला सत्र 24 जनवरी से 01 फरवरी के बीच तथा दूसरा सत्र 4 से 12 अप्रैल की अवधि में आयोजित किया गया था। उम्मीदवारों द्वारा प्राप्त सर्वश्रेष्ठ स्कोर को जेईई एडवांस परीक्षा के लिए क्वालीफाइंग पर्सेंटाइल के रूप में लिया गया था। 26 मई को आयोजित जेईई एडवांस्ड 2024 परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थी आईआईटी में नामांकन के लिए आवेदन कर पाएंगे। इस उत्कृष्ट सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

    Topper’s Talk

    आत्मविश्वास को सफलता का सूत्र मानता है स्पर्श, रोजाना 9 घंटे की पढ़ाई लाई रंग

    अपने माता-पिता व बहन के साथ स्पर्श राज।

    जेईई एडवांस्ड 2024 में कैटेगरी रैंक 516 तथा ऑल इंडिया रैंक 2920 लाकर डीपीएस बोकारो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र स्पर्श राज आत्मविश्वास को सफलता का मूल मंत्र मानता है। एक खास बातचीत में उसने बताया कि सेल्फ स्टडी और शिक्षकों के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत के साथ पढ़ाई अंततः रंग लाती है। उसने बताया कि इस परीक्षा में उत्तीर्णता के सपने के साथ वह रोजाना 8 से 9 घंटे तक पढ़ाई किया करता था। उसने बताया कि बचपन से उसे कंप्यूटर इंजीनियरिंग में विशेष रूचि थी।मूलतः बक्सर (बिहार) के रहनेवाले बीपीएससीएल के कार्मिक विभाग में कार्यरत मनोज कुमार एवं गृहिणी मालती कुमारी के होनहार पुत्र स्पर्श ने इसी साल 94 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं उत्तीर्ण की है। इसके पूर्व, दसवीं में उसे 97 प्रतिशत अंक मिले थे। स्पर्श ने अपनी कामयाबी का श्रेय डीपीएस बोकारो में नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक मिले कुशल शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अपने माता-पिता के सहयोग को दिया है। उसे शतरंज, फुटबॉल, क्रिकेट और बास्केटबॉल खेलने का भी काफी शौक है। स्पर्श मिसाइल-मैन पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को अपना आदर्श मानता है। उसका मानना है कि इस तरह की परीक्षाएं जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं होतीं। अपने लक्ष्य पर सदैव केंद्रित होकर रहना चाहिए और कड़ी मेहनत से उसे पाने का प्रयास करना चाहिए। अगर किसी कारणवश उसमें असफलता मिलती है तो हताश होने की बजाय और अधिक मेहनत के साथ उसे पाने का प्रयास किया जाना चाहिए। स्पर्श राज की छोटी बहन इशिका सिंह भी डीपीएस बोकारो में कक्षा आठवीं में अध्यनरत है।

    एआईआर 1193 पानेवाले रक्षित को पेंटिंग और फोटोग्राफी का शौक

    अपने माता-पिता और बहन के साथ रक्षित राज।

    जेईई एडवांस्ड में आल इंडिया रैंक 1193 पाने वाले डीपीएस बोकारो के मेधावी विद्यार्थी रक्षित राज को पढ़ाई के साथ-साथ फोटोग्राफी का भी खासा शौक है। चित्रांकन में भी उसकी रुचि है, लेकिन 11वीं और 12वीं में पढ़ाई के इन दो वर्षों में उसने अपने इन दोनों शौक को किनारे कर दिया और रोजाना 7 से लेकर 9 घंटे तक पढ़ाई की। तब कहीं जाकर उसे सफलता मिल सकी है। इसके पूर्व, जेईई मेन के दूसरे सत्र में उसने विद्यालय में सर्वाधिक 99.92 परसेंटाइल प्राप्त किया था। उसने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता, अपने विद्यालय एवं उन सभी शिक्षकों को दिया है जिन्होंने उसे सही रास्ता दिखाया। बोकारो जिले के गोमिया में बतौर सरकारी शिक्षक पदस्थापित राजेश तिवारी के पुत्र रक्षित की दिली ख्वाहिश आगे चलकर कंप्यूटर साइंस में एक सफल इंजीनियर बनने की है। उसने नर्सरी से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई डीपीएस बोकारो से ही है। 10वीं में उसने 97.6% अंक प्राप्त किए थे। 12वीं में उसने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किया था।

    बचपन से ही कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहता था विशाल

    विशाल मेहता अपने माता-पिता के साथ।

    जेईई एडवांस्ड 2024 में 803वीं रैंक लाने वाले डीपीएस बोकारो के विशाल मेहता की दिली ख्वाहिश आगे चलकर एक सफल कंप्यूटर इंजीनियर बनने की है। उसने बताया कि रोजाना लगभग आठ घंटे की पढ़ाई पूरी मेहनत व लगन से उसकी की, जिसका परिणाम आज सामने है। बोकारो के पेटरवार में बतौर सीआरसी (अंचल साधनसेवी) के पद पर कार्यरत विकास चन्द्र मेहता और शिक्षिका सविता कुमारी के होनहार पुत्र विशाल ने 10वीं की परीक्षा 92.4 प्रतिशत अंक से पास की थी। उसकी बेहतरीन कामयाबी पर उसके घर में हर्ष का माहौल है। उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, डीपीएस बोकारो परिवार, अपने माता-पिता के हर कदम पर मिले सहयोग और अपने परिश्रम को दिया है। विशाल को क्रिकेट खेलने मोबाइल गेमिंग भी का शौक है। नाकामी से घबराने वालों को अपने संदेश में विशाल ने कहा कि ऐसे साथियों को निराश होने की जरूरत नहीं है। उसने जेईई मेन में 99.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किया था।

    – Varnan Live Report.

  • CBSE Results : DPS बोकारो ने रचा इतिहास, लगातार तीसरे वर्ष सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की लगाई हैट्रिक, टॉपरों में 72 फीसदी इसी स्कूल से

    CBSE Results : DPS बोकारो ने रचा इतिहास, लगातार तीसरे वर्ष सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की लगाई हैट्रिक, टॉपरों में 72 फीसदी इसी स्कूल से

    कार्यालय संवाददाता
    बोकारो। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के समग्र विकास को कटिबद्ध डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) बोकारो ने एक बार नया इतिहास रचा है। CBSE की बोर्ड परीक्षाओं में लगातार तीसरे वर्ष इस विद्यालय ने जिले को टॉपर देकर बेस्ट परफॉर्मेंस को हैट्रिक लगाई है। इस वर्ष भी 10वीं और 12वीं में इसी स्कूल के विद्यार्थियों ने जिले के अव्वल विद्यार्थियों की फेहरिस्त में अपना नाम शीर्ष पर रखा है। 12वीं साइंस में साक्षी प्रिया ने जिले में सर्वाधिक 97.6 प्रतिशत अंक पाया, वहीं 10वीं में इसी स्कूल के दो विद्यार्थी आव्या सिंह और पीयूष कुमार ने 98.8 फीसद अंक के साथ संयुक्त रूप से जिले में सेकेंड टॉपर का स्थान पाया। बता दें कि 2023 में 10वीं में रिशिमा तिवारी 99 प्रतिशत और 12वीं कॉमर्स में 97.6 फीसद अंक के साथ निकिता घिरिया जिला टॉपर रही थीं। इसी प्रकार, 2022 में श्रेया सुमन और साक्षी प्रिया संयुक्त रूप से 99.4% अंक के साथ 10वीं में अव्वल स्थान पाया था, तो 12वीं कॉमर्स में नेहा कुमारी भगत 98.6 प्रतिशत अंक लाकर बोकारो टॉपर बनी थीं। इस वर्ष 10वीं के टॉप 10 में शामिल 39 विद्यार्थियों में 28 अकेले डीपीएस बोकारो से ही रहे। यानी लगभग 72 फीसदी विद्यार्थी इसी स्कूल के रहे।

    रंग लाई लगनशीलता : प्राचार्य डॉ. गंगवार

    अब लगातार तीसरे वर्ष शानदार प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। प्राचार्य डॉ ए एस गंगवार ने विद्यालय पहुंचे सभी सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ऐतिहासिक परिणाम लाए जाने पर प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बच्चों की मेहनत, विद्यालय के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का ही परिणाम है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे इसी प्रकार लगनशीलता व परिश्रम के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया। कहा कि अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित होकर पूरी इच्छाशक्ति के साथ पढ़ाई करेंगे, तो कामयाबी जरूर मिलेगी। 

    साक्षी प्रिया ने बढ़ाया विद्यालय का मान, 97.6% के साथ रही साइंस टॉपर

    12वीं का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद उत्साहित डीपीएस बोकारो के विद्यार्थी।

    इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में विज्ञान संकाय की छात्रा साक्षी प्रिया ने सर्वाधिक 97.6 प्रतिशत अंक लाकर अव्वल स्थान प्राप्त किया। 97 प्रतिशत अंक के साथ तमन्ना रे एवं 95.8 फीसदी अंक लाकर रितिका साहा एवं सायन कर्माकर ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी प्रकार, कॉमर्स संकाय में श्रीकृति केडिया (96.4 प्रतिशत) ने सर्वाधिक अंक हासिल किया। परीक्षा में विद्यालय के कुल 441 विद्यार्थी शामिल हुए थे। परिणाम शत-प्रतिशत रहा और सभी परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। 19 विद्यार्थियों को 95 प्रतिशत व इससे अधिक तथा 139 को 90 प्रतिशत व इससे ज्यादा अंक मिले। 340 बच्चों को 80 प्रतिशत व इससे अधिक तथा 407 को 75 प्रतिशत व इससे अधिक अंक मिले। जबकि, कुल 29 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक हासिल किए।


    विज्ञान संकाय के सर्वश्रेष्ठ 10 विद्यार्थियों में साक्षी प्रिया (97.6 प्रतिशत), तमन्ना रे (97 प्रतिशत), रितिका साहा, सायन कर्माकर (95.8 प्रतिशत), आयुष कुमार पांडे, संकल्प सिंह, सौम्यदीप मंडल, लिजा सिंह (95.4 प्रतिशत), भूमि श्रीवास्तव, हर्ष अचरा, रुचि प्रिया (95.2 प्रतिशत), प्राची चटर्जी, आयुष्मान दत्ता, सुष्मित कुमार सिंह (95 प्रतिशत), दिव्यांशु जायसवाल, अभिषेक कुमार सिंह, रयान सिंह, पौलम कुंडू, अभिनव राज, कामरीन फातिमा, अनमोली सिंह, इप्सा, ईशान आलोक (94.8 प्रतिशत), मोहित कुमार, हर्षवर्द्धन, प्रियांशु कुमार सिंह, यश्वी सिंह (94.6 प्रतिशत), अक्षिता पाठक (94.2 प्रतिशत), श्रेया सुमन व अनीशा प्रिया (94 प्रतिशत) के नाम शामिल हैं।
    वहीं, कॉमर्स संकाय के सर्वश्रेष्ठ पांच विद्यार्थियों में श्रीकृति केडिया (96.4 प्रतिशत), आकाश चन्द्र दे (95.6 प्रतिशत), आस्था सिंह, सुहानी मान्या एवं श्रुति सिंह (95.2 प्रतिशत), अनन्या सिन्हा (94.8 प्रतिशत), आनंद खेतान (94.6 प्रतिशत) के नाम शामिल हैं।

    98.8% अंक लाकर 10वीं में आव्या और पीयूष रहे बोकारो टॉपर

    10वीं में सफल रहे विद्यार्थियों के साथ प्राचार्य व अन्य।

    सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के विद्यार्थियों ने एक बार पुनः बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी कामयाबी का डंका बजाया। विद्यालय की छात्रा आव्या सिंह एवं छात्र पीयूष कुमार ने ने सर्वाधिक 98.8 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में अव्वल होने का गौरव हासिल किया। 98.6 प्रतिशत अंक लाकर आदित्य मिश्रा, यशार्थ गौतम एवं ईशान गौरव ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि यश कुमार, मानसी पांडेय एवं जुधाजीत घोष 98.4 फीसद अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। परीक्षा में कुल 225 विद्यार्थी शामिल हुए थे और परिणाम शत-प्रतिशत रहा। 72 विद्यार्थियों को 95 प्रतिशत व इससे अधिक तथा 145 को 90 प्रतिशत व इससे ज्यादा अंक मिले। 201 बच्चों को 80 प्रतिशत व इससे अधिक तथा 216 को 75 प्रतिशत व इससे अधिक अंक मिले। 26 बच्चों को विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक मिले।
       विद्यालय के सर्वश्रेष्ठ 10 परीक्षार्थियों में आव्या सिंह व पीयूष कुमार (98.8 प्रतिशत), आदित्य मिश्रा, यशार्थ गौतम व ईशान गौरव (98.6 प्रतिशत), यश कुमार, मानसी पांडेय व जुधाजीत घोष (98.4 प्रतिशत), प्राप्ति दास (98.2 प्रतिशत), उन्नयन, अमोघ आनंद झा एवं ऋद्धिम गुप्ता (98 प्रतिशत), शुभम सिंह, आदित्य राज (97.8 प्रतिशत), मोहिता, आयुष केसरी, अत्रायु कुमार, हर्षित कुमार झा, ऋतन्मय मिश्रा, मयंक, शगुन वर्मा (97.6 प्रतिशत), सोहम राज, कनिष्क, सिद्धि श्री (97.4), लोकेश नंदन, साई शुभम साहु (97.2 प्रतिशत), प्रियाशा सिंह, अनुज, काव्या सिंह एवं राघव रॉय (97 प्रतिशत) के नाम शामिल हैं।

    • Varnan Live Report
  • JEE Main में DPS Bokaro का जिले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, सर्वाधिक 17 विद्यार्थियों को 99 से ज्यादा पर्सेंटाइल, 99.92 के साथ रक्षित अव्वल

    JEE Main में DPS Bokaro का जिले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, सर्वाधिक 17 विद्यार्थियों को 99 से ज्यादा पर्सेंटाइल, 99.92 के साथ रक्षित अव्वल

    बोकारो।  इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित देश की सबसे प्रतिष्ठित संयुक्त प्रवेश परीक्षा मुख्य (JEE Main) के दूसरे व अंतिम सत्र का परिणाम भी गुरुवार को जारी कर दिया गया। इसमें भी विद्यालय के होनहार छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दमखम बरकरार रखा। 60 से अधिक विद्यार्थियों ने इसमें शानदार कामयाबी पाई। विद्यालय के छात्र रक्षित राज ने सर्वाधिक 99.92 पर्सेंटाइल अंक पाकर विद्यालय में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया है। जबकि, रेयान सिंह 99.91 पर्सेंटाइल लाकर दूसरे स्थान पर रहे, तो अवंतिका गुप्ता ने 99.84 पर्संटाइल के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। समाचार लिखे जाने तक कुल 17 विद्यार्थियों को 99 और 43 को 95 पर्सेंटाइल से अधिक अंक मिले।

    DPS Bokaro के 15 सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी।


    समाचार लिखे जाने तक सफल विद्यार्थियों की फेहरिस्त में रक्षित राज – 99.92, रेयान सिंह – 99.91, अवंतिका गुप्ता – 99.84, विशाल मेहता – 99.82, मो. अम्मार – 99.80, दिव्यांशु जायसवाल – 99.64, स्पर्श कुमार – 99.64, स्पर्श राज – 99.56, उत्कर्ष कुमार – 99.52, नमन जैन – 99.45, तरुण गुप्ता – 99.45, मानव राज- 99.44, ऋषव कुमार – 99.4, आशुतोष सिंह- 99.34, मोहित कुमार – 99.20, आकाश महता – 99.06, सौम्यदीप मंडल – 99.00, आशुतोष सिंह – 98.94, मानव राज – 98.92, बख्तावर जावेद – 98.82, पुष्पित किसलय – 98.6, आर्यन रंजन सिंह – 98.5, जानवी कुमारी – 98.48, साक्षी प्रिया – 98.47, अंशु राज – 97.90, सैयद अशदुल्लाह – 97.56, विचांशु राज – 97.43,  विक्रांत कुमार – 97.38, श्रेयांशु घोष – 96.65, आयुष्मान दत्ता – 96.64, ऋषव कुमार – 96.62, दिव्य प्रकाश सिंह – 96.49, पौलम कुंडू – 96.42, कमरीन फातिमा – 96.39, कृष शांडिल्य – 96.34, अजितेश आनंद – 96.32, सिद्धांत वैभव – 96.32, आर्यन राज – 95.73, विवेक आनंद – 95.73, आर्यन कुमार – 95.52, हर्षवर्धन – 95.41, रितिका साहा – 95.36, अंशल कुमार – 95.12, अधृत सिंह – 94.24, श्रेया सुमन – 94.09, कार्तिक राज – 94.04, सिल्वी सृष्टि – 93.91, तेजस अग्रवाल – 93.83, आयुष राज – 93.52, आदर्श कुमार मिश्रा – 93.50, राधिका अग्रवाल, समर सिंह, ऋषभ रंजन, अभिनव राज आदि के नाम शामिल हैं।


    उल्लेखनीय है कि एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) की ओर से जेईई मेन दो सत्रों में आयोजित किया गया था। परीक्षा का पहला सत्र 24 जनवरी से 01 फरवरी के बीच हुआ था, जबकि दूसरा सत्र 4 से 12 अप्रैल की अवधि में आयोजित किया गया था। बोकारो जिले में 3569 विद्यार्थी जेईई मेन 2 की परीक्षा में शामिल हुए थे। सफल हुए विद्यार्थियों ने आगामी 26 मई को होनेवाली जेईई एडवांस्ड की परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया है। डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने अपने विद्यालय के छात्र-छात्राओं की इस अच्छी सफलता पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए जेईई एडवांस्ड में भी उनके बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई और इसके लिए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।

    – Varnan Live Report.

  • जन-समर्थन मिला तो बदली जाएगी जिले की सूरत : देवेश चन्द्र ठाकुर

    जन-समर्थन मिला तो बदली जाएगी जिले की सूरत : देवेश चन्द्र ठाकुर

    सीतामढ़ी : जन-सम्पर्क में सबसे आगे चल रहे NDA उम्मीदवार



    कार्यालय संवाददाता
    सीतामढ़ी : बिहार के सीतामढ़ी संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव 2024 के 5वें चरण के लिए होने वाले नामांकन के पूर्व से ही भीषण गर्मी के इस मौसम में जिले में राजनीतिक तापमान भी बढ़ता जा रहा है। इस क्षेत्र से भाजपा-जदयू गठबंधन (राष्ट्रीय जनतंत्रिक गठबंधन) ने बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चन्द्र ठाकुर को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि राजद (इंडी गठबंधन) की ओर से पूर्व सांसद अर्जुन राय प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। इस बीच यदि हम चुनाव प्रचार और जन-सम्पर्क अभियान की बात करें तो इसमें राजग उम्मीदवार देवेश चन्द्र ठाकुर सबसे आगे चल रहे हैं।


    बोखड़ा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में एनडीए प्रत्याशी श्री ठाकुर ने जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहीं पाग दुपट्टा पहनाकर तो कहीं फूल मालाओं से उनका जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें चार लाख मतों से जीत का आशीर्वाद दिया गया। भाउर पंचायत स्थित रविन्द्र शाही मार्केट में आयोजीत कार्यक्रम का संचालन करते हुए मुखिया सुनील पासवान ने लोगों से उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान सटेढ़ गांव स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेश चन्द्र ठाकुर ने कहा कि यदि उन्हें आम लोगों का स्नेह व समर्थन मिला तो जिले की सूरत बदली जाएगी। कहा कि उन्होंने
    वे शुरू से ही हमेशा जात पात से ऊपर उठकर राजनीति की है। इसी का प्रतिफल है कि वह पहली बार 2002 में तिरहुत स्नातक क्षेत्र से विधान पार्षद बने। तबसे आज तक उन्हें सभी जाति व धर्म के लोगों का समर्थन मिलता रहा है और वह पूरी ईमानदारी के साथ काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी लोगों के सहयोग व समर्थन से जिले के विकास के साथ देश स्तर पर सीतामढ़ी की पहचान दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। वहीं, अखिल बिहारी मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल पाठक ने कहा कि देवेशचन्द्र ठाकुर सांसद चुनकर संसद में जाएंगे और जिले का मान देश स्तर पर बढ़ाएंगे। उन्होंने आने वाले दिनों में देवेशचंद्र ठाकुर को सहयोग व समर्थन की अपील लोगों से की। इससे पहले महिसौथा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अखिलेश पटेल एवं पूर्व जिप सदस्य संजय कुमार झा समेत कई लोगों ने फूल माला, पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर एनडीए प्रत्याशी श्री ठाकुर का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिलेश पटेल ने की, जबकि मंच संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष कमोद कुमार बसंत ने किया।

    कार्यक्रम को एमएलसी रेखा कुमारी, पूर्व मंत्री रंजू गीता, पूर्व एनडीए प्रत्याशी रेखा गुप्ता, भाजपा नेता देवेंद्र साह, जदयू जिलाध्यक्ष सतेन्द्र कुशवाहा, रविंद्र शाही, संजय झा, समाजसेवी जावेद अख्तर, हाफ़िज़ अंसार, मुखिया सुनील पासवान, राम किशोर साह सिकंदर यादव, शम्भू सहनी, पूर्व जिला पार्षद संदीप कुमार पटेल, पूर्व मुखिया मदन मोहन झा, भाजपा नेता अशोक चौधरी, पवन साह, प्रवीण पाठक, कौशल पाठक, चन्द्रमोहन पटेल एवं उर्मिला देवी के अलावा कई लोगों ने संबोधित किया।

    वहीं, चकौती पंचायत में मुखिया अशोक कुमार, विजय झा, बशिष्ठ बाबू, अख्तर बाबू ओसामा, दिलीप ठाकुर, मोहमद तनवीर, बिक्की सहित दर्जनों लोगों ने स्वागत किया। दूसरी ओर, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता व किसान आंदोलन से जुड़े नेता गोविन्द नारायण पाठक, पुपरी राजबाग क्षेत्र के नगर पार्षद धर्मेंद्र पाठक सहित कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खड़का, हरिनगर आदि गांवों में लोगों से मिलकर श्री ठाकुर को समर्थन देने की अपील की।

    – Varnan Live Report.

  • जहां जलती हुई लकड़ी से भगवान शिव को लगी थी पिटाई, जानिए क्यों

    जहां जलती हुई लकड़ी से भगवान शिव को लगी थी पिटाई, जानिए क्यों

    भक्त की भक्ति के आगे नौकर बन गए थे देवाधिदेव महादेव

    प्रवीण कुमार झा, वरिष्ठ लेखक व समीक्षक (E-mail: Praveenfnp@gmail.com)

    भगवान शिव की कोई जलती लकड़ी से पिटाई करे ऐसा कोई सोच भी नहीं सकता लेकिन, यह बात बिल्कुल सच है। बात कुछ 1360 ई. के आस-पास की है। उन दिनों बिहार के मिथिला क्षेत्र में विस्फी गांव में एक कवि हुआ करते थे। कवि का नाम विद्यापति था। कवि होने के साथ-साथ विद्यापति भगवान शिव के अनन्य भक्त भी थे। इनकी भक्ति और रचनाओं से प्रसन्न होकर भगवान शिव को इनके घर नौकर बनकर रहने की इच्छा हुई।


    भगवान शिव एक दिन एक जाहिल गंवार का वेश बनाकर विद्यापति के घर आ गये। विद्यापति को शिव जी ने अपना नाम उगना बताया। विद्यापति की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, अतः उन्होंने उगना को नौकरी पर रखने से मना कर दिया। लेकिन, शिवजी मानने वाले कहां थे। सिर्फ दो वक्त के भोजन पर नौकरी करने के लिए तैयार हो गये। इस पर विद्यापति की पत्नी ने विद्यापति से उगना को नौकरी पर रखने के लिए कहा। पत्नी की बात मानकर विद्यापति ने उगना को नौकरी पर रख लिया।
    एक दिन उगना विद्यापति के साथ राजा के दरबार में जा रहे थे। तेज गर्मी के वजह से विद्यापति का गला सूखने लगा। लेकिन आस-पास जल का कोई स्रोत नहीं था। विद्यापति ने उगना से कहा कि कहीं से जल का प्रबंध करो अन्यथा मैं प्यासा ही मर जाऊंगा। भगवान शिव कुछ दूर जाकर अपनी जटा खोलकर एक लोटा गंगा जल भर लाए।
    विद्यापति ने जब जल पिया तो उन्हें गंगा जल का स्वाद लगा और वह आश्चर्य चकित हो उठे कि इस वन में जहां कहीं जल का स्रोत तक नहीं दिखता यह जल कहां से आया। वह भी ऐसा जल जिसका स्वाद गंगा जल के जैसा है। कवि विद्यापति उगना पर संदेह हो गया कि यह कोई सामान्य व्यक्ति नहीं बल्कि स्वयं भगवान शिव हैं अतः उगना से उसका वास्तविक परिचय जानने के लिए जिद करने लगे।
    जब विद्यापति ने उगना को शिव कहकर उनके चरण पकड़ लिये तब उगना को अपने वास्तविक स्वरूप में आना पड़ा। उगना के स्थान पर स्वयं भगवान शिव प्रकट हो गये। शिव ने विद्यापति से कहा कि मैं तुम्हारे साथ उगना बनकर रहना चाहता हूं लेकिन इस बात को कभी किसी से मेरा वास्तविक परिचय मत बताना।


    विद्यापति को बिना मांगे संसार के ईश्वर का सानिध्य मिल चुका था। इन्होंने शिव की शर्त को मान लिया। लेकिन एक दिन विद्यापति की पत्नी सुशीला ने उगना को कोई काम दिया। उगना उस काम को ठीक से नहीं समझा और गलती कर बैठा। सुशीला इससे नाराज हो गयी और चूल्हे से जलती लकड़ी निकालकर लगी शिव जी की पिटाई करने। विद्यापति ने जब यह दृश्य देख तो अनायास ही उनके मुंह से निकल पड़ा ‘ये साक्षात भगवान शिव हैं, इन्हें जलती लकड़ी से मार रही हो।’ फिर क्या था, विद्यापति के मुंह से यह शब्द निकलते ही शिव वहां से अन्तर्धान हो गये।


    इसके बाद तो विद्यापति पागलों की भांति उगना -उगना कहते हुए वनों में, खेतों में हर जगह उगना बने शिव को ढूंढने लगे। भक्त की ऐसी दशा देखकर शिव को दया आ गयी। भगवान शिव, विद्यापति के सामने प्रकट हो गये और कहा – “अब मैं तुम्हारे साथ नहीं रह सकता। उगना रूप में मैं जो तुम्हारे साथ रहा उसके प्रतीक चिन्ह के रूप में अब मैं शिव लिंग के रूप विराजमान रहूंगा।” – इसके बाद शिव अपने लोक लौट गये और उस स्थान पर शिव लिंग प्रकट हो गया। उगना महादेव का प्रसिद्ध मंदिर वर्तमान में मधुबनी जिला में भवानीपुर गांव में स्थित है।

  • ESL Vedanta में नौकरी की मांग हुई हिंसक, भिड़ंत में सुरक्षाकर्मियों व पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल, प्रबंधन बोला- ये निंदनीय

    ESL Vedanta में नौकरी की मांग हुई हिंसक, भिड़ंत में सुरक्षाकर्मियों व पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल, प्रबंधन बोला- ये निंदनीय

    लगातार दो दिन से स्थिति तनावपूर्ण, प्लांट के कर्मी भी बदहाल

    बोकारो : ईएसएल वेदांता में नियोजन की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन होता रहा है। लेकिन, सोमवार का आंदोलन गेट जाम, प्रदर्शन और नारेबाजी से बढ़कर हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। आंदोलनकारियों और सुरक्षाकर्मियों में हिंसक भिड़ंत हो गई। दोनों तरफ से जमकर रोड़ेबाजी और लाठियां भांजी गईं। ईएसएल वेदांता के गेट पर जेबीकेएसएस के प्रदर्शन के दौरान हुई इस घटना में सियालजोरी ओपी प्रभारी ललन पासवान सहित करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी, कंपनी के गार्ड और ग्रामीण घायल हो गए। बताया जाता है कि जेबीकेएसएस के लोग नौकरी, रोजगार, क्षेत्रीय विकास सहित 13 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। लगभग साढ़े बारह बजे भागाबांध आरएम एचएस गेट में आंदोलनकारी और सुरक्षाकर्मी जाम को लेकर आमने-सामने हो गए। इस दौरान कपंनी के गार्ड व पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ से रोड़ेबाजी लाठियां चलने लगी। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन में इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। खबर लिखे जाने तक जाम जारी है। इस आंदोलन के कारण प्लांट के कर्मी भी बदहाल हैं। बीती रात लगभग दो हजार स्टाफ नाश्ते के लिए लाइन में लगे रहे। हालात संभालने में चार घण्टे लग गए।

    निषेधाज्ञा के बाद भी गेटजाम, धरना-प्रदर्शन

    मालूम हो कि ईएसएल वेदांता में आंदोलन की पूर्व सूचना के आलोक में चास के अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने 27 नवंबर को ही इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी थी। कंपनी के 47 खाता रोड तथा RMHS गेट रोड से पांच किलोमीटर के दायरे में भादवि की धारा 144 लगा दी थी। इसके बाद भी जाम लगाया गया और धरना-प्रदर्शन हुआ। इसे लेकर प्रबंधन ने निंदा व्यक्त की है। कहा कि ये गलत है। बातचीत से समस्याओं का समाधान होना चाहिए।

    सीओ की गाड़ी पर पथराव, कई वाहनों से शीशे टूटे

    प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण इतना उग्र हो गए कि चंदनकियारी सीओ की गाड़ी पर उन्होंने पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में ओपी प्रभारी ललन पासवान को सिर पर और होमगार्ड जवान किरण कुमारी की आंख में चोट लगी है। उनका बोकारो जनरल (बीजीएच) में इलाज चल रहा है। इसके अलावा, कई सुरक्षाकर्मी और कुमाटांड़ की लक्ष्मी देवी, मधुनिया के दिलीप महतो और अर्जुन महतो भी घायल हो गए। इस मामले को लेकर ईएसएल वेदांता की ओर से सियालजोरी थाना में ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की प्रक्रिया की जा रही थी। इधर, शाम लगभग 4 बजे कुछ लोग फिर उग्र हो गए, ब्रिज गेट पर एक पुलिस वाहन (चास मुफस्सिल) पर हमला कर दिया। इससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। गश्त के दौरान एक पुलिस कर्मी के सिर और उंगली पर चोट लगी।

    प्रबंधन ने की निंदा, कहा- बातचीत से हो समस्या-समाधान

    इधर, ईएसएल वेदांता प्रबंधन ने घटना के संबंध में अपना बयान जारी करते हुए कहा कि मुद्दों पर बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान होना चाहिए। स्थानीय लोगों ने कानून अपने हाथ में ले लिया। पुलिस और हमारे सुरक्षाकर्मियों पर लाठियों और पत्थरों से हमला किया है। इसमें कई पुलिसकर्मी और सुरक्षा गार्ड घायल हो गए हैं। प्लांट गेट के बाहर निजी, सरकारी और पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रबंधन इसकी निंदा करता है। कंपनी की ओर से अनंघा जोशी द्वारा बयान में प्रबंधन का दावा है कि 13 जून, 2023 को ईएसएल, जेबीकेएसएस और थाना प्रभारी, सियालजोरी/ बनगड़िया के बीच त्रिपक्षीय चर्चा के सभी 13 बिन्दुओं में से 90 फीसदी का सौहार्दपूर्ण समाधान हो गया है। इस्पात कारखाने के निर्माण के लिए जिनलोगों ने अपनी-अपनी जमीन दी थी, उनमें से हरेक को पर्याप्त और न्यायोचित रूप से क्षतिपूर्ति कर दी गई है। कोई भी जमीनदाता छूट न जाय, यह सुनिश्चित करने के लिए कंपनी ने समय लिया है। यदि कोई मामला बचा रह गया होगा, तो समझौते के अनुसार उसका निपटारा कर दिया जाएगा। प्रबंधन का कहना है कि एक संगठन के रूप में ईएसएल अपने परिचालन क्षेत्र के आसपास के सभी समुदायों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध है। बातचीत के द्वारा सभी समस्याओं का सौहार्दपूर्ण समाधान किया जा सकता है।

    – Varnan Live Report.