प्रधानमंत्री आवास योजना में देशभर में बोकारो का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, DDC हुए सम्मानित

संवाददाता
बोकारो। सरकार की नवोन्मेषी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर बोकारो का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर गौरवान्वित हुआ है। बोकारो जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का खिताब मिला है। इसके लिए गुरुवार को जिले के उपविकास आयुक्त रविरंजन मिश्रा को नई दिल्ली में खास तौर से नवाजा गया। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने डीडीसी मिश्रा को साध्वी निरंजन ज्योति (राज्य ग्रामीण विकास मंत्री), ग्रामीण विकास विभाग के सचिव अमरजीत सिन्हा तथा झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार सहित अन्य गणमान्यजनों की उपस्थिति में शील्ड देकर सम्मानित किया। पूसा, नई दिल्ली स्थित एनएएससी कंप्लेक्स में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। 
 
बेरमो को पूरे राष्ट्र में पहला पुरस्कार
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से झारखंड को उत्कृष्ट प्रदर्शन के आलोक में चार श्रेणियों में पुरस्कृत किया है। आवास निर्माण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बोकारो जिले के बेरमो प्रखंड को सम्पूर्ण राष्ट्र में प्रथम पुरस्कार दिया गया है। इसके अलावा साहेबगंज जिले के राजमहल प्रखंड अंतर्गत पंडरिया पंचायत के मुखिया नायकी सोरेन को सर्वश्रेष्ठ मुखिया, खूंटी के तोरपा प्रखंड स्थित हुसीर पंचायत के जनसेवक स्व. अफजल अंसारी को सर्वश्रेष्ठ पंचायत स्तरीय कर्मी तथा राजमिस्त्री प्रशिक्षण में सम्पूर्ण राष्ट्र में झारखंड को तीसरे स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया है। चूंकि अफजल अंसारी की मृत्यु हो चुकी है, अतः उनका पुरस्कार उनके पुत्र ने ग्रहण किया।
– Varnan Live Report.

Comments

Leave a Reply

More posts