Category: Society

  • घर बंद कर जा रहे हैं शादी में, तो हो जाएं सावधान! 2 घंटे में चोरों ने ऐसे उड़ा डाली 15 लाख की संपत्ति

    घर बंद कर जा रहे हैं शादी में, तो हो जाएं सावधान! 2 घंटे में चोरों ने ऐसे उड़ा डाली 15 लाख की संपत्ति

    बोकारो के सिटी थाना इलाके में चोरों की बढ़ी सक्रियता, दहशत में शहरवासी

    बोकारो: अगर आप पूरे परिवार के साथ शादी या किसी समारोह में जा रहे हैं और घर बंद छोड़कर जा रहे हैं, तो हो जाएं सावधान! बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों की सक्रियता इस कदर बढ़ गई है कि वे बंद घरों को सिर्फ दो घंटे में निशाना बना रहे हैं। मंगलवार की रात सेक्टर-3सी में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने यह साबित कर दिया कि चोर अब ‘न्योता’ देखकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    चोरों ने एक घर से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया, जबकि पड़ोस के दूसरे घर में भी चोरी का असफल प्रयास किया गया। इस ‘डबल अटैक’ ने पॉश इलाके के निवासियों में भीषण रोष और दहशत पैदा कर दी है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    चोरी की मुख्य वारदात सेक्टर-3सी में रीना श्रीवास्तव के आवास संख्या 172 में हुई। परिवार मंगलवार की रात को एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मात्र दो घंटे के लिए घर बंद कर गया था। परिवार की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और रिकॉर्ड समय में पूरे घर की तलाशी ली।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    जब रीना श्रीवास्तव के पुत्र शुभम श्रीवास्तव रात को लौटे, तो दरवाजा खुला था और अंदर का दृश्य दिल दहला देने वाला था—पूरा सामान बिखरा पड़ा था और सभी अलमारियां टूटी हुई थीं। शुभम श्रीवास्तव के मुताबिक, चोरों ने लगभग ₹15 लाख की संपत्ति, जिसमें कीमती गहने और नकदी शामिल थी, पर हाथ साफ किया है।

    पड़ोस में भी सेंधमारी, 6 महीने पहले भी हुई थी बड़ी चोरी
    रीना श्रीवास्तव के पड़ोस में ही आवास संख्या 200 में भी चोरों ने सेंध लगाने की दुस्साहसिक कोशिश की। घर के मालिक रामशरण प्रसाद ने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि चोरों ने बाहरी ताला तोड़ दिया था, लेकिन मजबूत इंटरलॉक के कारण वे अंदर नहीं घुस पाए और उन्हें खाली हाथ भागना पड़ा।

    रामशरण प्रसाद का दर्द तब और बढ़ गया जब उन्होंने बताया कि लगभग छह महीने पहले भी उनके घर से 12 लाख रुपए की बड़ी चोरी हुई थी, जिसके अपराधी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इस बात से स्थानीय लोगों का गुस्सा अब बोकारो पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर खुलकर बरस रहा है।

    CCTV में दिखे संदिग्ध, ‘गैंग’ की तलाश में पुलिस
    पुलिस ने दोनों घटनास्थल पर पहुंचकर गहन छानबीन की और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध कार और एक बाइक सवार युवक दिखाई दिए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के लिए व्यापक जाँच अभियान चला रही है।

    बहरहाल, शहर में लगातार बढ़ती चोरों की सक्रियता ने सुरक्षा व्यवस्था पर एक गंभीर सवालिया निशान लगा दिया है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से तत्काल रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और इन दुस्साहसिक चोरों के गैंग को पकड़ने की मांग की है। आए दिन चोरों की सक्रियता से शहरवासियों में दहशत है।

    • Varnan Live Report.
  • वृंदावन में ‘सेवा परमोधर्मः’ का महायज्ञ! 140 एकड़ में 540 ‘पंचवटी’ का रोपण, ब्रज में सबसे बड़ा पुनरुद्धार

    वृंदावन में ‘सेवा परमोधर्मः’ का महायज्ञ! 140 एकड़ में 540 ‘पंचवटी’ का रोपण, ब्रज में सबसे बड़ा पुनरुद्धार

    इन्फिनिटी ग्रुप ने किया ऐतिहासिक कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक स्थल पर पर्यावरण संरक्षण का शंखनाद; मंत्री और ग्रैमी विजेता कलाकारों ने दिया साथ

    विशेष संवाददाता
    मथुरा।
    आस्था और पर्यावरण संरक्षण का एक अभूतपूर्व संगम आज वृंदावन धाम में देखने को मिला, जिसने ब्रज क्षेत्र में आध्यात्मिक व पारिस्थितिक पुनरुद्धार के एक नए युग का सूत्रपात किया है। यह पहल ब्रज की हज़ारों वर्ष पुरानी ‘वन’ परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। अपने निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) की पहल के तहत इन्फिनिटी ग्रुप की कृष्णा भूमि आर्केड ने उत्तर प्रदेश के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और ब्रज तीर्थ विकास परिषद (बीटीवीपी) के सहयोग से श्री बिहार पंचमी पंचवटी महोत्सव 2025 के अवसर पर एक विशाल रोपण अभियान का प्रारंभ किया है। इस अभियान के तहत, ऐतिहासिक कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक स्थल पर 140 एकड़ के अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में 108 पंचवटी क्लस्टर (कुल 540 पवित्र वृक्ष) का रोपण शुरू किया गया। यह रोपण क्षेत्र परिक्रमा मार्ग और यमुना तट के बीच स्थित है—जो वृंदावन का सबसे आध्यात्मिक रूप से सघन और पर्यावरणीय रूप से कमजोर कॉरिडोर है।

    वृंदावन की पारिस्थितिक आत्मा की रक्षा की प्रतिज्ञा
    इन्फिनिटी ग्रुप की यह पहल ‘सेवा परमोधर्मः’ की मूल भावना पर आधारित है। कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रविंद्र चमरिया ने इसे केवल सीएसआर प्रयास मानने से इनकार किया। उन्होंने स्पष्ट किया, “ब्रज केवल आध्यात्मिक महत्व का क्षेत्र नहीं, यह हजारों वर्षों की सांस्कृतिक स्मृति समेटे एक पारिस्थितिक धरोहर है। पंचवटी रोपण केवल सीएसआर प्रयास नहीं, यह इस धाम की पारिस्थितिक आत्मा की रक्षा की प्रतिज्ञा है। हम मानते हैं कि विकास हमेशा भूमि, विरासत और दिव्यता का सम्मान करते हुए होना चाहिए। यह 140 एकड़ हरित पुनर्स्थापन, शास्त्रों में वर्णित वृंदावन को पुनर्जीवित करने का हमारा प्रयास है।” इस कार्यक्रम में रोपे गए 108 पंचवटी (पीपल, बरगद, गुलर, देसी आम और पाकड़—ये पांच पवित्र पौधे) के समूहों को 108 प्रतिष्ठित महंतों और संतों की दिव्य उपस्थिति में रोपा गया, जिसके साथ ही समुदाय ने तुलसी पौधारोपण में भी भाग लिया।

    6 करोड़ तीर्थयात्रियों को शीतल छाया देने की मुहिम
    वृंदावन जिस तेज़ी से वैश्विक आध्यात्मिक गंतव्य बन रहा है, उसे देखते हुए पर्यावरण की सुरक्षा और तीर्थयात्री प्रबंधन एक बड़ी चुनौती है। कृष्णा भूमि आर्केड के सीएमओ रवि शंकर ने भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आने वाले पांच वर्षों में तीर्थयात्रियों की संख्या 2.45 करोड़ से बढ़कर लगभग 6 करोड़ होने की संभावना है। 30,000 करोड़ रुपए से अधिक के विकास और जेवर एयरपोर्ट से वैश्विक कनेक्टिविटी मिलने के साथ, वृंदावन तेज़ी से विश्व के प्रमुख आध्यात्मिक नगरों में उभर रहा है। ऐसी स्थिति में पर्यावरण की रक्षा, समुदाय का सहयोग, तीर्थयात्रियों के अनुभव का संवर्धन और वृंदावन की पावनता का संरक्षण, सतत हरित बफर क्षेत्रों के बिना संभव नहीं। उन्होंने आगे कहा कि कृष्णा भूमि आर्केड, भारत का पहला धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रोडक्ट मॉल, उनके ‘सेवा’ के मूल दर्शन का विस्तार है, जहाँ स्थानीय व्यवसायों को वैश्विक मंच मिलेगा और तीर्थयात्री मानकीकृत खरीदारी अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

    रोपण का ‘बहुआयामी’ लक्ष्य: एक आत्मनिर्भर पारिस्थितिक तंत्र
    यह 140 एकड़ का रोपण केवल हरित आवरण बढ़ाना नहीं है, बल्कि इन्फिनिटी ग्रुप ब्रज क्षेत्र के लिए एक आत्मनिर्भर पारिस्थितिक अर्थव्यवस्था विकसित कर रहा है। इसके अंतर्गत फलदार वृक्षों का रोपण किया जा रहा है, जिनकी उपज श्री कृष्ण गौशाला का सहयोग करेगी। पुष्पीय पौधारोपण किया जा रहा है, जिनके फूल प्रतिदिन वृंदावन के आश्रमों और मंदिरों में अर्पित होंगे। इसके अलावा, यमुना तट की प्राकृतिक संरचना को मजबूत करने, ताप-नियंत्रण क्षेत्रों को विकसित करने, मिट्टी के स्वास्थ्य को सुधारने, जैव विविधता को पुनर्स्थापित करने और प्रदूषण अवशोषण बढ़ाने हेतु देशज प्रजातियों का बड़े पैमाने पर रोपण किया जा रहा है। इन सभी प्रयासों का लक्ष्य वृंदावन धाम के लिए एक स्थायी पारिस्थितिक अर्थव्यवस्था स्थापित करना है।

    मंत्री और ग्रैमी विजेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
    कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने किया। उन्होंने ज़ोर दिया, “जन्माष्टमी और होली जैसे प्रमुख उत्सवों में एक ही दिन में इस कॉरिडोर से 5 लाख तक तीर्थयात्री गुजरते हैं। ऐसे में पर्यावरणीय स्वास्थ्य और सुरक्षित आवागमन के लिए मजबूत हरित क्षेत्रों की अत्यंत आवश्यकता है। यमुना तटवर्ती क्षेत्र में बार-बार बाढ़ और लगातार गतिविधियों के कारण पर्यावरणीय दबाव बढ़ा है, और यह पुनर्स्थापन इसी महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करता है।”

    कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध कला जगत की हस्तियां भी उपस्थित रहीं, जिनमें पद्म भूषण एवं ग्रैमी पुरस्कार विजेता पंडित विश्व मोहन भट्ट (मोहन वीणा के जनक), तनत्री सम्राट पंडित सलील भट्ट (सतविक वीणा के जनक) और तीन बार के ग्रैमी नामांकित प्रसिद्ध वादक पंडित अजय प्रसन्ना शामिल थे।

    गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों से कृष्णा भूमि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और नगर निगम के साथ त्रिपक्षीय समझौते के तहत कुंभ-पूर्व वैष्णव बैठक भूमि का पुनरुद्धार कर रही है, जो पिछली मानसून की बाढ़ और जलभराव में गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। पंचवटी महोत्सव 2025 इस बहुवर्षीय बहाली को गति देता है।

    इस पहल ने वृंदावन के प्राचीन ‘वन’ स्वरूप को पुनर्जीवित करने और तेज़ी से बढ़ती तीर्थयात्री अर्थव्यवस्था की आवश्यकताओं का समर्थन करने का संकल्प लिया है, जो इसे ब्रज क्षेत्र के इतिहास के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण आध्यात्मिक व पारिस्थितिक प्रयासों में से एक बनाता है।

    • Varnan Live Report.
  • बोकारो के आसमान में हवाई जहाजों की गूंज जल्द, बीच Runway पर लगी ‘सत्ता की चौपाल’, जानिए क्या हुआ

    बोकारो के आसमान में हवाई जहाजों की गूंज जल्द, बीच Runway पर लगी ‘सत्ता की चौपाल’, जानिए क्या हुआ

    खुले में हुई बैठक में DC का सख्त निर्देश- समय पर पूरा कर लें बाकी काम

    संवाददाता
    बोकारो:
    क्या आपने कभी सुना है कि किसी सरकारी बैठक के लिए एयरपोर्ट का मुख्य रनवे ही दफ्तर बन जाए? जी हां, बोकारो में सोमवार को कुछ ऐसा ही धमाकेदार नज़ारा देखने को मिला! बंद कमरे की एसी को छोड़कर, उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने हवाई सेवा शुरू करने की कार्य प्रगति की समीक्षा के लिए एक अभूतपूर्व कदम उठाया— उन्होंने बोकारो हवाई अड्डा के बीचों-बीच रनवे पर टेबुल-कुर्सी लगाकर बैठक बुलाई।

    यह केवल एक बैठक नहीं थी, बल्कि ज़िले के सर्वोच्च अधिकारी की ओर से समय पर काम पूरा करने का ‘अल्टीमेटम’ था! हवाई पट्टी पर बुलाई गई इस बैठक ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट संकेत दे दिया है कि अब किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह शानदार कदम दिखाता है कि बोकारो DC उड़ान सेवा शुरू करने के लिए कितने गंभीर और प्रतिबद्ध हैं। हवाई पट्टी पर बुलाई गई यह बैठक एक ऐतिहासिक मिसाल कायम कर गई है, और बोकारो के आसमान में जल्द ही हवाई जहाजों की गूंज सुनाई देगी।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    DC झा ने सख्त हिदायत देते हुए कहा:

    “बोकारो हवाई अड्डा के क्रियान्वयन का अधिकतम आवश्यक कार्य पूरा हो चुका है। अब मात्र 15 प्रतिशत कार्य शेष बचे हैं, जिन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाना है। व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शीघ्र ही शुरू होंगी!”

    डेडलाइन फिक्स: 15 दिसंबर तक सफाई, 15 दिनों में एम्बुलेंस

    उपायुक्त ने शेष बचे कार्यों के लिए सख्त समय सीमा तय कर दी है। हवाई अड्डा परिसर के अंदर की सफाई का काम 15 दिसंबर, 2025 तक पूरा करने, अग्निशमन व्यवस्था के संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रखने और नियमित निरीक्षण व टेस्टिंग सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सुविधा में सिविल सर्जन को 15 दिनों के भीतर चार बेड वाले एम्बुलेंस की खरीद प्रक्रिया पूरी करने तथा एलोरा हॉस्टल में अवैध कब्जे वाले हिस्से को नियमानुसार तुरंत खाली कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, बीएसएल प्रबंधन और पुलिस पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    उच्च-स्तरीय टीम रही मौजूद

    इस बेहद प्रभावशाली समीक्षा बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी रांची के उप महाप्रबंधक मनोज सिंह, बिरसा मुंडा हवाई अड्डा रांची के निदेशक विनोद कुमार, BSL के मुख्य महाप्रबंधक लक्ष्मी दास व कुंदन कुमार, अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, और पुलिस उपाधीक्षक, नगर आलोक रंजन सहित उच्चाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    • Varnan Live Report.
  • BIG BREAKING : झारखंड पर मंडराया अंधेरे का साया, DVC बोकारो थर्मल का 500 मेगावाट पावर प्लांट बंद

    BIG BREAKING : झारखंड पर मंडराया अंधेरे का साया, DVC बोकारो थर्मल का 500 मेगावाट पावर प्लांट बंद

    Exclusive: ऐश पौंड में रत्ती भर जगह नहीं बची, प्रबंधन ने आनन-फानन में लिया ‘विस्फोटक’ फैसला

    – कुमार संजय

    बोकारो थर्मल: झारखंड के लाखों बिजली उपभोक्ताओं और विशाल औद्योगिक क्षेत्रों के लिए एक विनाशकारी और सनसनीखेज खबर सामने आई है! बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी (DVC) के 500 मेगावाट वाले ‘ए’ पावर प्लांट की यूनिट को मंगलवार की देर रात्रि ठीक 11 बजे अचानक और मजबूरीवश ठप कर दिया गया है। यह विस्फोटक फैसला डीवीसी के उच्च अधिकारियों की एक आपातकालीन बैठक के बाद लिया गया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। प्लांट बंद करने के पीछे का कारण कोई सामान्य तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि एक अत्यंत गंभीर मजबूरी है: ऐश पौंड (राख जमा करने का तालाब) में रत्ती भर भी जगह नहीं बची है!

    डीवीसी के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया की अध्यक्षता में मंगलवार रात हुई बैठक में जीएम ऐश मैनेजमेंट सिस्टम राजेश विश्वास और अन्य अभियंताओं ने यह पीड़ादायक निर्णय लिया। जीएम राजेश विश्वास ने खुद स्वीकारा कि डीवीसी प्रबंधन के पास दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा था, क्योंकि नूरी नगर स्थित डीवीसी के दोनों ऐश पौंड पूरी तरह से भरे हुए हैं और अब छाई (राख) का एक कण भी गिराने की जगह शेष नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐश पौंड से छाई उठाव के प्रयास को भी बकाया वेतन मांग रहे 55 मजदूरों ने काम शुरू करने से रोक दिया।

    यह 500 मेगावाट की यूनिट जब बंद की गई, उससे ठीक पहले 360 मेगावाट बिजली का उत्पादन कर रही थी। इसके ठप होते ही, डीवीसी के पावर सप्लाई वाले 7 कमांड जिलों – धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, रांची और बोकारो – पर गंभीर ब्लैक आउट का संकट गहरा गया है। इन जिलों के उपभोक्ताओं को अब रोटेशन पर लंबी और अनिश्चित बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा, जबकि CCL समेत धनबाद और बोकारो जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में कल-कारखानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित होगा, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की प्रबल आशंका है और आम जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो जाएगा।

    इस शटडाउन का सीधा और तत्काल असर लगभग 500 मजदूरों की रोजी-रोटी पर पड़ेगा, जो विभिन्न विभागों (जैसे सीएचपी, बॉयलर, टर्बाइन आदि) में कार्यरत हैं। पहले से ही, विगत साढ़े तीन माह से ऐश पौंड बंद होने के कारण इसमें कार्यरत 57 मजदूर काम से बैठ चुके हैं, जिससे उनके परिवारों को भारी कठिनाई झेलनी पड़ी है और अब बेरोजगारी का नया महासंकट आ खड़ा हुआ है। बोकारो थर्मल के दोनों ऐश पौंड पिछले चार माह से छाई से अटे पड़े हैं। विगत 15 जुलाई से ही छाई उठाव बेरमो हाईवा कोयलांचल एसोसिएशन एवं विस्थापितों के आंदोलन के कारण बंद था। 1 नवंबर को एसडीएम मुकेश मछुआ की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय वार्ता हुई, आंदोलन भी समाप्त हो गया, लेकिन आज तक छाई उठाव शुरू नहीं हो सका है। डीवीसी प्रबंधन स्थानीय प्रशासन (बेरमो अनुमंडल एवं बोकारो जिला प्रशासन) से सहायता न मिलने के कारण खुद को हतोत्साहित महसूस कर रहा है। सवाल यह है कि क्या झारखंड अब ‘अंधकार युग’ का सामना करेगा और इस महासंकट का समाधान कब निकलेगा?

    • Varnan Live Exclusive

  • नक्सलियों के गढ़ में सुरक्षा पर बड़ा संकट! 4 माह से ‘प्रभारी विहीन’ अति-संवेदनशील थाना

    नक्सलियों के गढ़ में सुरक्षा पर बड़ा संकट! 4 माह से ‘प्रभारी विहीन’ अति-संवेदनशील थाना

    15 किलोमीटर दूर के ‘प्रभारी’ के भरोसे दोहरे नक्सल क्षेत्रों की सुरक्षा

    कुमार संजय
    बोकारो थर्मल।
    बोकारो जिले के अत्यंत संवेदनशील और घोर नक्सल प्रभावित इलाके जगेश्वर विहार का पुलिस थाना पिछले चार माह से स्थायी थाना प्रभारी की पदस्थापना न होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

    जगेश्वर विहार थाना प्रभारी परमानंद कुमार मेहरा को हटाए जाने के बाद से यह थाना स्थायी थानेदार से वंचित है। चौंकाने वाली बात यह है कि प्रशासन ने स्थायी तौर पर थाना प्रभारी की पदस्थापना करने के बजाय, 15 किलोमीटर दूर स्थित महुआटांड़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार कुशवाहा को ही जगेश्वर विहार थाना का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।

    यह विडंबना इसलिए और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि जगेश्वर विहार और महुआटांड़ दोनों ही थाना क्षेत्र घोर नक्सल प्रभावित माने जाते हैं। एक ही थाना प्रभारी के लिए 15 किलोमीटर की दूरी तय करके दो अति-संवेदनशील थानों के प्रशासनिक, कानूनी और सुरक्षा दायित्वों को प्रभावी ढंग से निभाना एक बड़ी चुनौती है। इससे न केवल कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है, बल्कि नक्सली तत्वों को सक्रिय होने का मौका भी मिल सकता है।

    सरकार ने जगेश्वर विहार और ऊपरघाट में पेंक नारायणपुर थाना का निर्माण मूल रूप से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने और ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए किया था। ऐसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण थाने को चार महीने से स्थायी नेतृत्व न मिलना, पुलिस प्रशासन की नक्सल विरोधी रणनीति पर सवाल खड़े करता है।

    थाना क्षेत्र के लोगों का मानना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एक पूर्णकालिक और समर्पित थाना प्रभारी का होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि खुफिया जानकारी जुटाने, त्वरित कार्रवाई करने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। पुलिस प्रशासन को इस संवेदनशील मुद्दे पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और जगेश्वर विहार थाना में जल्द से जल्द एक स्थायी एवं अनुभवी थाना प्रभारी की नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और नक्सलवाद पर नियंत्रण बनाए रखा जा सके।

    –

  • महा-मिलन… 32 साल बाद बिछड़े यार मिले, बहा यादों का सैलाब, सेक्टर 12 हाई स्कूल के 1993 बैच का ऐतिहासिक रीयूनियन

    महा-मिलन… 32 साल बाद बिछड़े यार मिले, बहा यादों का सैलाब, सेक्टर 12 हाई स्कूल के 1993 बैच का ऐतिहासिक रीयूनियन

    संवाददाता
    बोकारो।
    वक्त की रेत पर कई निशान छूट जाते हैं, पर कुछ रिश्ते हमेशा दिल में धड़कते हैं। इसी अटूट बंधन का प्रमाण बना बोकारो के सेक्टर 12 हाई स्कूल के 1993 बैच के विद्यार्थियों का ऐतिहासिक और भावपूर्ण रीयूनियन, जो ‘मिलन मंच’ के बैनर तले 8 एवं 9 नवंबर को आयोजित किया गया। यह दो दिवसीय कार्यक्रम पुरानी यादों को ताज़ा करने और गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भव्य उत्सव बन गया।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    कार्यक्रम के पहले दिन की शुरुआत स्कूल परिसर में हुई, जहां वर्षों बाद अपने गलियारों में कदम रखने पर विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं, वहीं दूसरे दिन का भव्य आयोजन महुदा स्थित महा मिलन रिसॉर्ट में किया गया। इस महा-मिलन में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से ही नहीं, बल्कि अलग-अलग देशों से भी विद्यार्थीगण बोकारो पहुंचे, जिन्होंने सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी अपने स्कूल के दिनों को दिल में संजोकर रखा है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

    इस रीयूनियन का सबसे मार्मिक और प्रभावशाली हिस्सा रहा अपने पूज्य शिक्षकों का सम्मान। विद्यार्थियों ने अपने समय के गुरुजनों को मंच पर बुलाकर शॉल और पुष्प भेंट किए तथा उनके चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। जिन सम्मानित शिक्षकों ने इस बैच को जीवन की राह दिखाई, उनमें तत्कालीन प्रधानाचार्य एम एल उपाध्याय, कला के शिक्षक एल एन नायक, अंग्रेजी के शिक्षक के एन उपाध्याय तथा खेलकूद के शिक्षक वीपी सिंह और कृष्ण प्रसाद उपस्थित हुए।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    शिक्षकों ने भी अपने ‘बच्चों’ को सफलता की राह पर देखकर खुशी व्यक्त की और उन्हें उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इस पूरे महा-मिलन को सफल बनाने का श्रेय कोर कमेटी की एकजुट टीम को जाता है, जिसकी अगुआई कोर कमेटी अध्यक्ष निखिल ओझा ने की। उनके साथ कोर कमेटी सदस्य बिरेन्द्र कुमार, अजीत झा, मीनाक्षी सिंह, राजेश सिंह (बंटी), अश्विनी, नीतू, ममता, शुभ्रा, कौशिक, नीलकमल चक्रवर्ती एवं संजय कुमार प्रजापति ने एक टीम मेम्बर की तरह काम करके इस आयोजन को एक यादगार और भावपूर्ण पर्व बना दिया। एक पूर्व छात्र ने कहा – “हम कहीं भी रहें, दिल का एक कोना आज भी स्कूल की घंटी और मैदान में अटका है। 32 साल बाद इन चेहरों को देखना मेरे लिए जीवन का सबसे खूबसूरत पल है।”

    • Varnan Live Report.
  • दहला देने वाली वारदात! सोई हुई पत्नी का हथौड़े से सिर फोड़ा, फिर चाकू से गला रेता; तीन मासूमों के सामने हैवान बना पिता

    दहला देने वाली वारदात! सोई हुई पत्नी का हथौड़े से सिर फोड़ा, फिर चाकू से गला रेता; तीन मासूमों के सामने हैवान बना पिता

    संवाददाता
    बोकारो थर्मल:
    शनिवार रात बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत डीवीसी के पुनर्वासित गांव नया बस्ती में एक ऐसी सनसनीखेज और हृदयविदारक घटना घटी है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक निर्दयी और क्रूर पति ने नींद में सोई हुई अपनी 30 वर्षीय पत्नी झालो देवी की निर्मम हत्या कर दी। हत्या का तरीका इतना भयानक था कि सुनने वालों की रूह कांप उठेगी— पहले सिर पर हथौड़े से वार किया गया, और फिर चाकू से गला काट दिया गया।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    सबसे मार्मिक पहलू यह है कि जब यह खूनी खेल खेला जा रहा था, तब मृतका के तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चे— सात वर्षीय ऋद्धी रानी, चार वर्षीय पीयूष और डेढ़ वर्षीय नन्ही बेटी— उसी कमरे में अपनी मां के बगल में सो रहे थे।

    पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार देर रात लगभग ढाई बजे के आसपास हुई। 35 वर्षीय आरोपी रूपेश यादव ने खाना खाने के बाद सोई हुई पत्नी पर अचानक हमला कर दिया। हथौड़े के वार से झालो देवी की चीत्कार सुनकर सात वर्षीय बेटी ऋद्धि रानी की आंख खुल गई। माँ को खून से लथपथ देखकर वह जोर-जोर से रोने लगी।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़े

    मासूम पोती के रोने की आवाज रूपेश की वृद्ध मां, नुनवा देवी (65) तक पहुंची, जो बगल में ही रहती थीं। वह भागकर बेटे के कमरे तक गईं और रोती हुई पोती से दरवाजा खुलवाया।

    कमरे का दृश्य देखकर वृद्धा का कलेजा फट गया। पलंग पर झालो देवी का रक्तरंजित शव पड़ा था और रूपेश यादव शांत भाव से वहीं बैठा था। यह दृश्य देखकर नुनवा देवी रोते-चिल्लाते बाहर भागीं और गांव के महेंद्र यादव, रामचंद्र यादव समेत अन्य लोगों को आवाज दी।

    घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रूपेश यादव के घर की ओर दौड़ लगाई। कमरे में पहुंचकर ग्रामीणों ने तुरंत ही आरोपी पति रूपेश यादव को दबोच लिया, उसके हाथ-पैर बांध दिए और जमीन पर लिटा दिया। इसके बाद फौरन स्थानीय थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव को सूचना दी गई। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी रूपेश यादव को अपनी हिरासत में लेकर थाना भिजवाया। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथौड़ा और चाकू को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

    इस दुखद और संवेदनशील घटना ने झालो देवी के मायके वालों को गहरा सदमा दिया है, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। लेकिन सबसे बुरा हाल मृतका के तीनों छोटे-छोटे बच्चों का है, जिन्होंने अपनी आंखों के सामने अपनी मां को खो दिया। साथ ही, रूपेश की वृद्ध मां नुनवा देवी और 70 वर्षीय पिता बीरचंद गोप का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    रूपेश यादव का आपराधिक व्यवहार यहीं नहीं रुकता। ग्रामीणों और पुलिस के अनुसार, वह अक्सर अपने वृद्ध मां-बाप की भी बुरी तरह पिटाई करता था। बताया गया कि करीब एक साल पहले उसने अपनी माँ नुनवा देवी का सिर फोड़ दिया था, जिसके चलते माँ-बाप डर के मारे रूपेश के घर से अलग बगल में ही रहने लगे थे।

    वृद्धा नुनवा देवी रोते हुए कह रही थीं कि वह अपनी वृद्धा पेंशन की मामूली राशि से खुद का और इन तीन अनाथ हो चुके छोटे बच्चों का लालन-पालन कैसे करेंगी!

    ग्रामीणों ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले भी रूपेश यादव ने झालो देवी पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। उस समय झालो देवी आंगन में बर्तन धो रही थीं, जब रूपेश ने पीछे से उनकी गर्दन और पीठ पर चाकू से कई वार किए थे। गंभीर रूप से घायल झालो देवी का इलाज डीवीसी अस्पताल और फिर बोकारो बीजीएच में चला था।

    पुलिस की पूछताछ में आरोपी पति रूपेश यादव का बयान बेहद चौंकाने वाला रहा। उसने कहा कि उसकी पत्नी झालो देवी पिछले तीन दिनों से उसे लगातार कह रही थी कि वह उसे जान से मार दे, क्योंकि “बहुत बदनामी हो रही है।” रूपेश के अनुसार, शनिवार की रात भी पत्नी ने वही बात दोहराई, जिसके बाद उसने हथौड़ा मारकर और गला काटकर हत्या कर दी।

    हालांकि, किस तरह की ‘बदनामी’ हो रही थी, इस सवाल पर आरोपी पति खामोश हो गया। पुलिस ने आरोपी रूपेश यादव पर स्थानीय थाना में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और अब इस जघन्य हत्याकांड के पीछे के असली मकसद की गहन जाँच में जुट गई है।

    • Varnan Live Report.

  • अद्भुत परंपरा! चुगले का मुंह झुलसाकर बहनों ने की भाई के दीर्घायुत्व की कामना, सामा-चकेवा पर्व की ऐतिहासिक विदाई

    अद्भुत परंपरा! चुगले का मुंह झुलसाकर बहनों ने की भाई के दीर्घायुत्व की कामना, सामा-चकेवा पर्व की ऐतिहासिक विदाई

    मिथिला सांस्कृतिक परिषद बोकारो का हुआ भव्य आयोजन

    बोकारो : भाई-बहन के अटूट स्नेह और प्रेम का प्रतीक, मिथिलांचल का अतिपावन पर्व सामा-चकेवा बुधवार देर शाम बोकारो में अत्यंत ही शानदार और प्रभावशाली तरीके से संपन्न हुआ। बोकारो की प्रतिष्ठित संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद ने नगर के सेक्टर-4ई स्थित मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल में इस पर्व का ऐतिहासिक आयोजन कर मिथिला की महान संस्कृति की अमिट छाप छोड़ी।

    मैथिल-परम्परानुसार, चास-बोकारो के विभिन्न भागों से पहुंचीं महिलाओं ने मिट्टी से निर्मित सामा-चकेवा, सतभइया, बृंदावन, ढोलिया बजनिया, पंडित और सबसे रोचक पात्र ‘चुगला’ की मूर्तियों वाले डाला को एक साथ जमा किया। इसके बाद, पर्व की सबसे अनूठी रस्म पूरी की गई— सन (पटुआ) से बने ‘चुगला’ को जलाया गया और उसका मुंह झुलसाया गया। इस क्रिया के माध्यम से चुगले (बुराई करने वाले) को दंडित करते हुए, भाई के दीर्घायुत्व और सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद सामूहिक रूप से खेत में विसर्जन किया गया।

    भाई-बहन के अटूट स्नेह का है प्रतीक, विष्णु पुराण में भी चर्चा

    इसके पूर्व, प्रारंभ में आगंतुकों का स्वागत परिषद् के सांस्कृतिक कार्यक्रम निदेशक अरुण कुमार पाठक ने किया। परिषद् के महासचिव नीरज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मिथिला की महान लोक संस्कृति से जुड़े भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक यह पर्व मात्र मिथिला में ही मनाये जाने की परंपरा रही है। इसकी चर्चा विष्णु-पुराण में भी मिलती है। मिथिला के पारंपरिक पर्व-त्योहारों व कला-संस्कृति से नई पीढ़ी को जोड़े रखने के उद्देश्य से परिषद् द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

    मैथिलानियों ने समदाओन गीतों से दी भावपूर्ण विदाई

    मिथिला महिला समिति की अध्यक्ष पूनम मिश्रा, सचिव आभा झा, किरण मिश्रा, डॉ मंजु झा, वीणा झा, जयंती पाठक, बीनू चौधरी, आशा  झा, इंदिरा झा, प्रीति प्रिया, कमला झा, अलका झा, शिखा चौधरी, उपासना, ममता झा, पिंकी, आशा पाठक, लीला झा, मुन्नी झा, पूनम झा, अपर्णा, बिनीता राय, कंचन सिन्हा आदि ने सामा-चकेवा पर्व के गीत ‘वृंदावन में आगि लागल कियो ने बुझाबै हे…’, ‘चुगला लगन बिताकऽ एलै ससुरारी में…’, ‘देने जइयौ भईया के आशीष हे मनमोहिनी सामा…’, ‘कोने भैया के धोतिया आकाश सूखे हे पाताल डोले हे…’, ‘अरे भंवरा सामा जाई छै ससुरा किछु गहना दहिन…’, ‘सामचक-सामचक अईह हो जोतिला खेत में बसिह हे…’, ‘गाम के अधिकारी तोहें बड़का भैया हो…’, समदाओन ‘बड़ा रे जतन सँ हम सामा बेटी पोसलौं, सेहो सामा सासुर जाई…’ आदि गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियों से सबको आनंदित किया।

    ये रहे मौजूद

    इस अवसर पर मिथिला सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष जे पी चौधरी, मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सहित मिहिर झा राजू, अविनाश अवि, के सी झा, विजय कुमार झा, शंभु झा, सुनील मोहन ठाकुर, श्रवण कुमार झा, गोविन्द कुमार झा, गणेश झा, ए के मिश्रा, विश्व नाथ झा, पशुपति झा, उमेश झा, विश्वनाथ गोस्वामी, नवीन कुमार झा, गिरिजानंद मिश्र आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

    • Varnan Live Report.
  • छठ बाद झारखंड में छाएगा अंधेरा… बंद होगा DVC बोकारो थर्मल का पावर प्लांट, नौकरी पर भी आफत!

    छठ बाद झारखंड में छाएगा अंधेरा… बंद होगा DVC बोकारो थर्मल का पावर प्लांट, नौकरी पर भी आफत!

    105 दिनों से लगातार ठप छाई ट्रांसपोर्टिंग ने 500 मेगावाट के प्लांट को डाला खतरे में

    कुमार संजय

    बोकारो थर्मल : झारखंड में बिजली संकट का एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है। डीवीसी (दामोदर घाटी निगम) के बोकारो थर्मल स्थित 500 मेगावाट वाले ए पावर प्लांट को प्रबंधन ने आखिरकार छठ पूजा के ठीक बाद 29 अक्टूबर से अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का जबरदस्त फैसला कर लिया है। यह कदम विगत 105 दिनों से ऐश (छाई) ट्रांसपोर्टिंग के पूरी तरह ठप होने और प्रशासनिक सहयोग न मिलने के कारण उठाया गया है, जिसने प्लांट के दोनों ऐश पौंड को लबालब भर दिया है। बोकारो थर्मल के विद्युत सह छाई प्रबंधन प्रणाली के महाप्रबंधक राजेश विश्वास ने शनिवार को इस विस्फोटक जानकारी की पुष्टि की। उन्होंने स्पष्ट किया कि गतिरोध 105 दिनों से जारी है, जिसके कारण प्लांट को बंद करने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था। जीएम विश्वास ने कहा कि वर्तमान में छाई ट्रांसपोर्टिंग पूर्णतः ठप है, जिससे हमारे दोनों ऐश पौंड (1 और 2 नंबर) पूरी तरह भर चुके हैं। इस स्थिति में पावर प्लांट को चलाना संभव नहीं है। दरअसल, यह गतिरोध स्थानीय ट्रांसपोर्टरों की प्रति टन प्रति किलोमीटर दस रुपये की वृद्धि की मांग के कारण जारी है, जिसे डीवीसी पूरा करने में असमर्थता जता रहा है।

    खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े-
    https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

    2019 की त्रासदी दोहराने का खौफ, फिर जुर्माना का खतरा
    भरे हुए पौंड के कारण पर्यावरण प्रदूषण के मानकों की तलवार लटक रही है और 2019 की त्रासदी की पुनरावृत्ति का प्रबल खतरा बन गया है। जीएम राजेश ने जोर देकर कहा कि ऐश पौंड की सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पावर प्लांट को बंद करना ही एकमात्र विकल्प रह गया था। उन्होंने बताया कि ऐश पौंड छाई से पूरी तरह भर गए हैं और छह फीट ऊपर तक छाई जमा होने से पौंड पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। वर्ष 2019 के सितंबर में भी ऐसी ही स्थिति बनी थी, जब पौंड में छह फीट तक छाई जमा होने के बाद 19 सितंबर 2019 को ऐश पौंड टूट गया था। उस भयंकर आपदा में सैकड़ों टन छाई बहकर कोनार और दामोदर नदी में समाहित हो गई थी, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हुई थीं। इस मामले में एनजीटी (एनजीटी) ने डीवीसी पर एक करोड़ रुपये का भारी जुर्माना भी लगाया था। जीएम ने चेताया कि वर्तमान स्थिति उसी त्रासदी की पुनरावृत्ति का सीधा संकेत दे रही है, जिसे प्रबंधन नज़रअंदाज़ नहीं कर सकता।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़े

    GM का दावा- गुहार के बावजूद डीसी और एसडीएम ने नहीं किया सहयोग
    जीएम विश्वास ने बेहद निराशा जताते हुए कहा कि विगत 105 दिनों से बंद ऐश पौंड को चालू करवाने की दिशा में बोकारो डीसी एवं बेरमो एसडीएम से किसी भी प्रकार का सहयोग नहीं मिल पाया है। तीन दिन पूर्व भी बोकारो डीसी से मिलकर हस्तक्षेप की गुहार लगाई गई, लेकिन उन्होंने बेरमो एसडीएम से बात करने को कहकर टाल दिया। जीएम ने बताया कि विधायक कुमार जयमंगल और सांसद सीपी चौधरी से भी बात की गई, परंतु सकारात्मक परिणाम नहीं मिला।

    खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

    बिजली संकट के साथ मजदूरों की रोजी-रोटी पर भी आफत
    इस संयंत्र के उत्पादन की बात करें, तो बंद होने से पहले पावर प्लांट नार्मल टाइम में 300-350 मेगावाट तथा पीक आवर में 500 मेगावाट बिजली उत्पादन कर रहा है। पावर प्लांट बंद होने की स्थिति में झारखंड के कई जिलों को गंभीर बिजली संकट का सामना करना पड़ सकता है। इतना ही नहीं, प्लांट बंद होते ही, इसमें कार्यरत सभी एएमसी-एआरसी मजदूरों को दोबारा प्लांट चालू होने तक कार्य से बैठाया जा सकता है। प्रबंधन का कहना है कि प्लांट बंद रहने की स्थिति में उन्हें बैठाकर भुगतान करना संभव नहीं होगा। जीएम ने कहा कि सामने छठ पूजा के कारण प्लांट को तीन से चार दिन चलाने का फैसला लिया गया, अन्यथा प्लांट को शनिवार रात्रि से ही बंद करने पर विचार किया गया था।

    • Varnan Live Report.
  • आखिरी सफर… भाजपा के झंडे में लिपटकर विदा हुए सबके प्रिय ‘नेताजी’ इन्द्र कुमार

    आखिरी सफर… भाजपा के झंडे में लिपटकर विदा हुए सबके प्रिय ‘नेताजी’ इन्द्र कुमार

    हृदयविदारक क्रंदन के बीच पुत्र अमित ने दी मुखाग्नि, सैकड़ों लोगों ने दी अश्रुपूरित अंतिम विदाई

    बोकारो। एक ऐसी विदाई, जिसने बोकारो की धरती को गमगीन कर दिया। आज, शुक्रवार को, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व बोकारो महानगर अध्यक्ष और मिथिला समाज के आधारस्तंभ, वरिष्ठ समाजसेवी इन्द्र कुमार झा (57), हमेशा के लिए पंचतत्व में विलीन हो गए। चास स्थित गरगा श्मशान घाट का वातावरण उस समय हृदयविदारक हो उठा, जब सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।

    उनके बड़े पुत्र अमित कुमार झा ने जब अपने पिता को मुखाग्नि दी, तो उपस्थित जनसमूह के बीच परिजनों की कारुणिक चीत्कार और हृदयविदारक क्रंदन सुनकर हर कोई मर्माहत हो उठा। यकीन करना मुश्किल था कि अपनी जिंदादिली और खुशमिजाजी से हर किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने वाले इन्द्र कुमार अचानक यूं सबको रुलाकर, मौन होकर हमेशा के लिए चले गए।

    इससे पूर्व, सेक्टर-2 स्थित उनके आवास से जब उनकी अंतिम यात्रा निकली, तो दृश्य अत्यंत भावुक था। बीजेपी के एक समर्पित कार्यकर्ता को पार्टी ने भी अंतिम सम्मान दिया। श्री झा पार्टी के झंडे में लिपटकर विदा हुए—यह दृश्य उनके समर्पण और त्याग की कहानी कह रहा था।

    रास्ते में, सेक्टर-2डी श्यामा काली मंदिर के मुख्यद्वार पर, जब उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, तो भारी तादाद में लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। हर कोई निःशब्द था, पर आंखें सब कुछ कह रही थीं। रास्ते भर लोग ‘इंद्रकुमार झा अमर रहे, अमर रहे’ के नारे लगा रहे थे, मानो वे उन्हें इस नश्वर दुनिया से जाने ही नहीं देना चाहते थे।

    गरगा श्मशान घाट पर मिथिला सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष जे पी चौधरी, महासचिव नीरज चौधरी, निदेशक मंडल सदस्य कृष्ण चन्द्र झा व विजय कुमार झा सहित सुनील मोहन ठाकुर, रामबाबू चौधरी, मिहिर कुमार झा राजू, प्रेम चन्द्र झा, विजय कुमार मिश्र अंजू, भूषण पाठक, डॉ डी एन मिश्रा, दिलीप ठाकुर, ऋषि झा, सुदीप ठाकुर, गंगेश पाठक, शिवेश पाठक, पंडित गोविन्द झा, तरुण कुमार झा, गोविंद कुमार झा, सुमन कुमार ठाकुर, प्रदीप कुमार झा, श्रीमोहन झा, मनोज कुमार झा, मिन्टू, राज कृष्ण राज, अविनाश मिश्र, कमलेश मिश्र, हेमचन्द्र झा, हेमानन्द झा, रमण कुमार झा, एसके झा, चतुरानन पाठक, मुकेश कुमार झा, संतोष मिश्र, किशोरी, उत्तम, विनय दरिहरे आदि, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगरनाथ राम, पार्टी नेता प्रवीण सिंह, मुकुल ओझा, संजय त्यागी, कमलेश राय,राजीव कंठ, विकास कुमार, दिलीप श्रीवास्तव, संतोष सिंह, कुमार अमित, अवधेश कुमार यादव, अनिल सिंह, धर्मवीर सिंह, स्वामी सत्य कृष्ण, श्याम मंडल,डॉ. अशोक कुमार, चास नगर निगम के निवर्तमान मेयर भोलू पासवान, जेलर सिंह सहित सैकड़ों शुभचिंतक उपस्थित थे, जिनकी आंखें अपने प्रिय नेता के लिए छलछला उठी थीं।

    श्री झा अपने पीछे एक भरा-पूरा, बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। उनकी बुजुर्ग मां, छोटे भाई अविनाश कुमार झा अवि, पत्नी, दो बेटों और बहू का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी और छोटा पुत्र बिट्टू घटना के बाद से ही लगातार बेहोश पर बेहोश हो रहा है। श्री झा की यह अचानक विदाई हर किसी को झकझोर गई है।

    विदित हो कि बीमारी से जूझ रहे श्री झा की तबीयत गुरुवार सुबह अचानक बिगड़ी और बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके आवास पर लगातार शोक संवेदना जताने वालों का तांता लगा हुआ है। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे इस कर्मठ और स्नेही आत्मा को शांति प्रदान करें, और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें। बोकारो आज अपने एक सच्चे सेवक की कमी शिद्दत से महसूस कर रहा है।

    • Varnan Live Report.