– कुमार संजय की रिपोर्ट बोकारो थर्मल। डीवीसी (DVC) के बोकारो थर्मल प्लांट में एक बड़ा टकराव टल गया है! 18 सितंबर से घोषित सप्लाई मजदूरों का महा-आंदोलन फिलहाल एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया है। यह फैसला डीवीसी के डीजीएम कालीचरण शर्मा और संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों के बीच हुई लंबी और तीखी बातचीत के बाद लिया गया।
क्या है मजदूरों की मांगें? सप्लाई मजदूरों का संयुक्त मोर्चा तीन मुख्य मांगों को लेकर 18 सितंबर से काम बंद करने की तैयारी में था, जिससे पूरे पावर प्लांट का काम ठप हो सकता था। – स्मार्ट मीटर का विरोध: मजदूर स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कड़ा विरोध कर रहे थे। – काटी गई बिजली की बहाली: जिन सप्लाई मजदूरों के घरों की बिजली काटी गई थी, उसे तुरंत बहाल करने की मांग थी। – तीन सूत्री मांगों का निपटारा: इन मांगों में वेतन से बिजली बिल काटने और ऊर्जा भत्ता देने जैसे मुद्दे शामिल थे।
जानिए, बातचीत में क्या हुआ? मजदूरों के तेवर देख, डीवीसी के डीजीएम कालीचरण शर्मा ने मोर्चा प्रतिनिधियों को अपने कार्यालय में बुलाया। बातचीत के दौरान, डीजीएम ने बताया कि बकाया बिजली बिल का भुगतान फिलहाल रोक दिया गया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्ट-पेड में बदलने, वेतन से बिजली बिल काटने और ऊर्जा भत्ता देने की मांगों को मुख्यालय भेजा गया है और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।
चेतावनी- ‘बिजली बहाल नहीं हुई तो आंदोलन होगा और भी उग्र!’ हालांकि, बैठक के दौरान टेंशन तब बढ़ गया जब मोर्चा के प्रतिनिधियों ने स्मार्ट मीटर रीचार्ज करने से साफ इनकार कर दिया और बिजली तुरंत बहाल करने की मांग की। उन्होंने डीजीएम से दो-टूक कहा कि अगर एक हफ्ते के अंदर बिजली बहाल नहीं हुई और मांगों का समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और भी उग्र होगा, जिससे पावर प्लांट का उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है।
डीजीएम शर्मा ने धैर्य रखते हुए मोर्चा को भरोसा दिया कि एक हफ्ते के भीतर कोई न कोई समाधान ज़रूर निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मोर्चा आंदोलन करने के लिए पूरी तरह से स्वतंत्र होगा। इसी आश्वासन के बाद, सप्लाई मजदूरों ने अपना आंदोलन एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया।
इस महत्वपूर्ण वार्ता में डीवीसी ठेका मजदूर संघ, यूनाइटेड कॉन्ट्रैक्टर्स वर्क्स यूनियन, झारखंड श्रमिक संघ, हिंद मजदूर किसान यूनियन और असंगठित श्रमिक मोर्चा के कई प्रमुख नेता मौजूद थे। इनमें मुख्य रूप से डीवीसी ठेका मजदूर संघ के महामंत्री सह भाजपा नेता भरत यादव, यूनाइटेड कॉन्ट्रैक्टर्स वर्क्स यूनियन के ब्रजकिशोर सिंह, नवीन कुमार पाठक, असीम तिवारी, डीवीसी ठेका मजदूर संघ के संजय मिश्रा, झारखंड श्रमिक संघ के गणेश राम, रीत लाल महतो, हिंद मजदूर किसान यूनियन के नागेश्वर महंतो, असंगठित श्रमिक मोर्चा के अमरनाथ सिंह , रामचंद्र महतो आदि शामिल रहे।
बहरहाल, अब देखना यह है कि क्या डीवीसी मुख्यालय एक हफ्ते में कोई ठोस फैसला ले पाएगा या फिर बोकारो थर्मल में फिर से टकराव की स्थिति पैदा होगी? लेकिन, स्मार्ट मीटर के मसले पर तनावपूर्ण स्थिति लगातार बरकरार है।
बोकारो में फिर सक्रिय हुआ तांबा चोर गिरोह, बेखौफ घूम रहे बदमाश
बोकारो : बोकारो में तांबा चोरों का आतंक एक बार फिर से शुरू हो गया है। शहर के सेक्टर चार थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मी मार्केट स्थित डीपीएस बोकारो के सामने और दवा दुकानों के पीछे वाले इलाके में चोरों की सक्रियता फिर दिखी। चोरों का यह गिरोह बीते रविवार और सोमवार की रात को सक्रिय दिखा, जिनकी तस्वीरें वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई हैं।
देखें Video 👇👇👇
फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पहले एक चोर डीलक्स मेडिकल के पिछले हिस्से में कार पार्किंग के दरवाजे को फांदकर अंदर घुसता है। घुसने से पहले पत्थर फेंककर कुत्ते को शायद भगाता है। वह काफी देर तक पूरे इलाके का जायजा लेता रहा। थोड़ी ही देर बाद, एक और युवक उसके पीछे-पीछे आता दिखाई देता है। दुकान के प्रबंधक और युवा समाजसेवी अंकित सिंह ने बताया कि ये चोर गिरोह के सदस्य वहां से तार चुराते हैं और उसमें से तांबा निकालकर बेचते हैं। उस रात भी ये लोग वहां से दर्जनों मीटर तार काटकर बड़े आराम से लेकर चलते बने। यह पहली बार नहीं है जब ये लोग वहां पहुंचे हों, लेकिन इस बार उनका चेहरा फुटेज में साफ-साफ नजर आ रहा है।
अंकित सिंह ने इस प्रकार की घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि यह इलाका बेहद संवेदनशील है और यहां पुलिस की गश्त बढ़ाने की सख्त जरूरत है, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना स्थापित हो सके। स्थानीय लोगों को आशंका है कि इस गिरोह के सदस्य नशे के आदी हैं और वे चोरी कर अपने नशे की लत पूरी करते हैं। आश्चर्य तो है है कि इन बदमाशों को अपनी जान की भी परवाह नहीं है। ये बिजली का करंट प्रवाहित होते हुए भी तार को काटकर ले जाते हैं। उक्त घटना के बाद उचक्कों ने बगल के एक प्रतिष्ठान के सीसीटीवी कैमरे का तार भी यह सोचकर काट डाला कि उनकी तस्वीर उसी में कैद हुई होगी। लेकिन, दूसरा कैमरा उनकी तमाम हरकतें रिकॉर्ड कर रहा था, जो वो समझ न सके।
बोकारो इस्पात नगर में लगातार हो रही इस तरह की चोरियां पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई हैं। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करना बेहद जरूरी है। इस सनसनीखेज घटना के बाद, स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और वे प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बोकारो थर्मल: एक तरफ जहाँ डीवीसी प्रबंधन लाखों खर्च कर कोनार नदी को साफ़ करने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बना रहा है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर कुछ लोग नदी को गंदा करने से बाज़ नहीं आ रहे। बोकारो थर्मल में कुछ खटाल संचालक सीधे नाले के माध्यम से गोबर और अन्य कचरा कोनार नदी में बहा रहे हैं, जिससे नदी का पानी बुरी तरह प्रदूषित हो रहा है।
डीवीसी मध्य विद्यालय के पास से गुजरने वाले एक बड़े नाले से कॉलोनी का सीवेज और राजाबाजार व अंबेडकर नगर के घरों का गंदा पानी भी नदी में मिल रहा है। इस नाले के किनारे कई ऐसे मकान बने हुए हैं, जो सीधे तौर पर अपना मल-मूत्र इसमें प्रवाहित करते हैं।
हालाँकि, कोनार नदी के किनारे बन रहे एसटीपी के पूरा होने के बाद इस नाले का सारा सीवेज वहीं जमा होगा, लेकिन दावत रेस्टोरेंट के पास स्थित खटालों से सीधे नाले में बहाया जा रहा गोबर सीधे नदी में मिल रहा है। यह स्थिति और भी गंभीर इसलिए है क्योंकि इसी नदी से डीवीसी इंटेक के माध्यम से पानी फिल्टर होकर कॉलोनी में पेयजल के रूप में जाता है।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
‘दामोदर बचाओ आंदोलन’ के जिला सह संयोजक श्रवण सिंह ने बोकारो डीसी से इस प्रदूषण को तुरंत रोकने की मांग की है।
संवाददाता बोकारो: बोकारो के प्रशासनिक गलियारों में अब अनुशासन और पारदर्शिता का नया दौर शुरू होता दिख रहा है। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा ने एक बड़ी बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब बिना पूर्व स्वीकृति के मुख्यालय छोड़ना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, वरना सख्त कार्रवाई होगी। उपायुक्त ने साफ कहा कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना लिखित अनुमति के मुख्यालय से बाहर नहीं जाएगा। अगर ऐसा होता है, तो संबंधित व्यक्ति को तत्काल निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। यह निर्देश प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
एक लाख से ज्यादा की नकदी के लिए भी लेना होगा सर्टिफिकेट अब सिर्फ छुट्टी ही नहीं, बल्कि एक लाख रुपए से ज्यादा की नकदी लेकर यात्रा करने पर भी सख्त नियम लागू होंगे। उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी निजी काम जैसे शादी-विवाह के लिए भी 1 लाख से अधिक की नकदी लेकर कहीं जाता है, तो उसे अपर समाहर्ता कार्यालय से ‘प्रमाण पत्र’ लेना होगा। अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके लिए 24 घंटे पहले आवेदन देना होगा, जिसके बाद प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
अच्छे ड्रेस कोड में बन-ठनकर आएंगे अफसर व कर्मी बैठक में उपायुक्त ने कार्यस्थल पर आचरण और ड्रेस कोड पर भी खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी कार्यालय में अच्छे कपड़े (वेल ड्रेस्ड) पहनकर आएं और उच्च नैतिक मूल्यों के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं। उन्होंने यहां तक कहा कि “किसी भी बाहरी व्यक्ति से एक कप चाय भी नहीं पीनी चाहिए।” उपायुक्त ने कहा कि एकजुट होकर और आपसी तालमेल के साथ काम करने से ही कार्य संस्कृति मजबूत होगी।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
खनन प्रभावित क्षेत्रों का होगा ऑडिट, ग्रामसभा देगी योजनाओं को मंजूरी बैठक में कई महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़े फैसले भी लिए गए। उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को दो दिनों में खनन प्रभावित इलाकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) के फंड का सही तरीके से वितरण किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब किसी भी योजना को पहले ग्राम सभा से अनुमति लेनी होगी, और उसके बाद ही उसे लागू किया जाएगा।
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि डीएमएफटी के तहत हुए कामों का राज्य सरकार द्वारा चिन्हित फर्म से ऑडिट और साथ ही सोशल ऑडिट भी अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। उपायुक्त अजय नाथ झा ने बैठक का समापन करते हुए कहा कि अनुशासन, पारदर्शिता और टीम भावना ही एक मजबूत प्रशासन की पहचान है और जिला प्रशासन जनता को प्रभावी सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
DVC बोकारो थर्मल प्लांट के एक युग का हुआ विस्फोटक अंत
– कुमार संजय बोकारो थर्मल: एक युग का अंत हो गया! जिस डीवीसी (DVC) के बोकारो थर्मल पावर प्लांट ने 31 सालों तक झारखंड और देश के एक बड़े हिस्से को रोशन किया, वो अब सिर्फ इतिहास का हिस्सा बनकर रह गया है. शुक्रवार को इस प्लांट की 180 मीटर ऊंची विशालकाय चिमनी को ध्वस्त कर दिया गया, जिसके साथ ही यह 630 मेगावाट का पावर प्लांट पूरी तरह से धरती में समा गया. यह दृश्य इतना नाटकीय था कि देखने वालों की सांसें थम गईं.
VIdeo देखें 👇👇👇
कैसे गिराई गई 180 मीटर की चिमनी? बोकारो थर्मल के इस बी पावर प्लांट को स्क्रैप घोषित करने के बाद इसके डिस्मेंटलिंग का काम अंतिम चरण में था. हैदराबाद की कंपनी राधा स्मेल्टर्स, जिसे करीब 300 करोड़ रुपये का ठेका मिला था, प्लांट के ज्यादातर हिस्सों को काट चुकी थी, लेकिन चुनौती थी 180 मीटर ऊंची चिमनी को गिराने की. शुक्रवार को इस काम को अंजाम दिया गया. कंपनी के एक्सपर्ट्स की निगरानी में, चिमनी के निचले हिस्से को बड़ी ड्रिल मशीन से काटा जाने लगा, जबकि ऊपरी हिस्से पर केमिकल लगाया गया था.
पलक झपकते ही भरभराकर गिरी चिमनी! सुबह करीब 10 बजे, जब चिमनी को काटने का काम चल रहा था, अचानक उसका ऊपरी आधा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा. यह नजारा इतना भयानक था कि ऑपरेटर और वहां मौजूद कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए भागे. मौके पर मौजूद लोगों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल में कैद किया. दोपहर बाद, बची हुई आधी चिमनी को फिर से काटने का काम शुरू हुआ और शाम 5 बजे यह पूरी तरह से ध्वस्त हो गई.
31 साल का सफर, आखिर क्यों हुआ बंद? इस प्लांट की शुरुआत मार्च 1986 में हुई थी, जब इसका एक नंबर यूनिट चालू हुआ. इसके बाद नवंबर 1990 में दो नंबर और अगस्त 1993 में तीन नंबर यूनिट भी शुरू हो गया. इन तीनों यूनिटों ने 31 साल तक लगातार बिजली का उत्पादन किया. लेकिन, पर्यावरण मानकों पर खरा न उतरने और अत्यधिक कोयले की खपत के कारण केंद्र सरकार ने इसे बंद करने का निर्देश दिया. डीवीसी की बोर्ड बैठक में लिए गए फैसले के बाद, 30 जुलाई 2017 को यूनिट 1 और 2 को और 1 अप्रैल 2021 को यूनिट 3 को रिटायर कर दिया गया था.
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
इतिहास बन चुका है यह पावर प्लांट दो साल से ज्यादा समय तक बंद रहने के बाद, इसे स्क्रैप घोषित कर दिया गया और अब इसकी चिमनी भी गिरा दी गई है. जल्द ही प्लांट की बाकी एक और तीन नंबर चिमनियों को भी ध्वस्त किया जाएगा, जिसके बाद यह प्लांट सिर्फ तस्वीरों और लोगों की यादों में ही जिंदा रहेगा.
‘भगोड़े’ अफसरों के वेतन पर लटकी ‘तलवार’, Civil Surgeon समेत कई को शो-कॉज, समीक्षा बैठक में न आने पर हुई कार्रवाई
उपायुक्त ने चेताया- अब पारदर्शी न हुए काम, तो भ्रष्ट अफसरों की खैर नहीं
कार्यालय संवाददाता
बोकारो: जिले की पूर्व उपायुक्त विजया जाधव के कार्यकाल के दौरान हुए 500 करोड़ रुपये से अधिक के कथित DMFT (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट) महाघोटाले ने पूरे राज्य में भूचाल ला दिया है। यह घोटाला अब सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे राष्ट्रपति तक पहुंच चुका है और जनता की जुबान पर आ चुका है। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी इस ‘महा-लूट’ पर सीबीआई जांच की मांग कर आग में घी डालने का काम किया है। लेकिन, अब इस ‘भ्रष्टाचार के खेल’ में एक नया मोड़ मंगलवार को दिखा। बोकारो के वर्तमान उपायुक्त अजय नाथ झा ने एक ऐसी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की है, जिसने भ्रष्ट अफसरों की नींद उड़ा दी है। डीसी श्री झा ने घोटाले की खबरों के बीच वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में हुए सभी कार्यों के लिए राज्य द्वारा निर्धारित ऑडिट एजेंसी से रेगुलर ऑडिट कराने तथा उनका भौतिक सत्यापन किये जाने का सख्त निर्देश दिया है। साथ ही, भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही को रोकने के लिए भी कमर कस ली है। उन्होंने डीएमएफटी के कार्यों में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी और एक एक्शन प्लान तैयार किया।
आश्चर्य की बात तो यह है कि डीएमएफटी के कार्य एक तरफ इन दिनों जहां सुर्खियों में हैं, वहीं इस महत्वपूर्ण मामले को लेकर हुई समीक्षा बैठक में कई बड़े-बड़े अधिकारी गायब थे। बिना किसी सूचना के नदारत रहे इन अफसरों पर डीसी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पूछा कि जब डीएमएफटी जैसे गंभीर मुद्दे पर बैठक हो रही थी तो ये ‘बड़े लोग’ कहां थे? उन्होंने कार्यपालक अभियंता तेनुघाट डैम, सिविल सर्जन, कार्यपालक अभियंता जिला परिषद, कार्यपालक अभियंता आरईओ, कार्यपालक अभियंता एनआरईपी, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी तेनुघाट और कई अन्य ‘भगोड़े’ अफसरों से 24 घंटे में जवाब मांगा है। डीसी ने एक और ‘धमाका’ करते हुए कहा है कि जब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, इन सभी का वेतन रोक दिया जाए!
‘Operation Clean’! 500 करोड़ के ‘घपले’ पर सबसे बड़ा प्रहार
मंगलवार को डीसी श्री झा ने अपने कार्यालय में डीएमएफटी की समीक्षा बैठक बुलाई और उन्होंने सीधे-सीधे एजेंसियों और पीएमयू टीम से कहा कि अब ‘सब कुछ’ शीशे की तरह साफ होगा। वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी एजेंसियों को अपने कार्यों में पूरी पारदर्शिता लाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी एजेंसियों को सिर्फ 48 घंटे का ‘अल्टीमेटम’ दिया है। इन एजेंसियों में तेनुघाट डैम प्रमंडल, सिविल सर्जन, जिला अभियंता, विद्युत प्रमंडल, भवन प्रमंडल, विशेष प्रमंडल, एनआरईपी, पीएचईडी, आरईओ शामिल हैं। डीसी ने आदेश दिया है कि ये सभी ‘समरी रिपोर्ट’ में हर काम का हिसाब दें— निविदा से लेकर काम की प्रगति तक। यह रिपोर्ट डीएमएफटी के पब्लिक पोर्टल पर लाइव होगी, ताकि जनता खुद देख सके कि उनके पैसे का क्या हुआ। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि जो एजेंसी अगले 02 दिनों में रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराएगी, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीसी की औचक जांच में अगर मिली गड़बड़ी, तो जाएगी नौकरी
बैठक में उपायुक्त ने अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी को तुरंत एक टीम गठित करने का निर्देश दिया, जो सभी डीएमएफटी कार्यों का मौके पर जाकर भौतिक निरीक्षण करेगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जो भी अधिकारी/कर्मी सिस्टम को हल्के में लेगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
DC ने चेतावनी दी है कि वे किसी भी वक्त किसी भी दफ्तर का ‘औचक निरीक्षण’ कर सकते हैं। अगर कोई भी फाइल या रजिस्टर एक हफ्ते से ‘गायब’ या अपडेट नहीं मिला, तो संबंधित अधिकारी की नौकरी पर तलवार लटक जाएगी। आज की बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी राज शर्मा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
DC ने लिया दिल छू लेने वाला फैसला, देखिए उन्होंने क्या कहा – Video Inside
बोकारो। अब तक जो समाज की नजरों से दूर थे, जो हर चौराहे पर तालियां बजाते और दुआएं देते नजर आते थे, आज उनकी किस्मत का दरवाजा खुलने जा रहा है! बोकारो जिला प्रशासन ने एक ऐसा क्रांतिकारी फैसला लिया है, जिसने पूरे देश को एक नया रास्ता दिखाया है। अब हमारे ट्रांसजेंडर भाई-बहनों को न सिर्फ पहचान मिलेगी, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मान और रोजगार भी मिलेगा। उपायुक्त अजय नाथ झा, जिनके दिल में समाज के इस सबसे वंचित वर्ग के लिए सच्ची हमदर्दी है, ने सोमवार को एक ऐतिहासिक बैठक की। उन्होंने ऐलान किया है कि अब बोकारो में ट्रांसजेंडरों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा, ठीक वैसे ही जैसे किसी और नागरिक को मिलता है। लेकिन ये सिर्फ कागज पर नहीं, बल्कि जमीन पर होगा!
प्रशासन ने तैयार किया यह खाका
पहचान पत्र का महाअभियान: जल्द ही एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा, जिसमें हर ट्रांसजेंडर को पहचान पत्र (ID Card) मिलेगा। अब उन्हें कोई ‘किन्नर’ कहकर नहीं बुलाएगा, बल्कि वह एक सम्मानित नागरिक होंगे, जिनके पास अपनी पहचान होगी!
रोजगार की गारंटी: अब सिर्फ दुआएं नहीं, बल्कि काम भी मिलेगा! प्रशासन ने तय किया है कि ट्रांसजेंडरों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें। उन्हें सरकारी योजनाओं और स्वयं सहायता समूहों (SHG) से भी जोड़ा जाएगा, ताकि वे अपना खुद का काम शुरू कर सकें।
गोपनीयता और सम्मान: इस पूरे काम में उनकी निजता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। प्रशासन ने साफ कहा है कि जब भी उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति का सर्वे होगा, तो उनकी गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
समाहरणालय में अब होगा ‘ट्रांसजेंडर हेल्प डेस्क’
अगर कोई समस्या है तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं! उपायुक्त ने एक और बड़ा कदम उठाया है। अब समाहरणालय परिसर में एक खास हेल्प डेस्क बनेगा, जो सिर्फ ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए होगा। यहां उन्हें पेंशन से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं और कानूनी मदद तक हर जानकारी मिलेगी। यह डेस्क उनकी हर समस्या को सुनेगा और तुरंत उसका समाधान करेगा।
बोले डीसी- ट्रांसजेंडर समुदाय हमारे समाज का अभिन्न अंग
यह सिर्फ एक सरकारी फैसला नहीं, बल्कि एक ‘दिल से’ लिया गया कदम है। उपायुक्त श्री झा ने साफ कहा है कि ट्रांसजेंडर समुदाय हमारे समाज का अभिन्न अंग है और उन्हें भी सम्मान और सुरक्षित जीवन जीने का पूरा हक है। बोकारो अब एक ऐसा जिला बनने जा रहा है, जो समाज के हर वर्ग को गले लगा रहा है। क्या बोकारो का यह कदम पूरे देश में एक नई क्रांति लाएगा? यह तो वक्त बताएगा, लेकिन इतना तय है कि बोकारो आज एक ऐसे सुनहरे भविष्य की नींव रख रहा है, जहां हर इंसान को सम्मान से जीने का अधिकार होगा!
बोकारो थर्मल: जिंदगी की आपाधापी में सालों बाद जब बचपन के दोस्त मिलते हैं, तो वक्त मानो थम सा जाता है। सोमवार को कुछ ऐसा ही नजारा बोकारो थर्मल में देखने को मिला, जहां डीवीसी हाई स्कूल के 1974 बैच के छात्र 51 साल बाद अपने घर लौटे। दो दिनों का यह रीयूनियन केवल एक मुलाकात नहीं, बल्कि भावनाओं का एक ज्वार था, जिसमें सभी ने हंसी-ठिठोली, पुरानी यादों और सुनहरे पलों को फिर से जिया। रविवार की रात त्रिजल मैरेज हॉल में हुई पार्टी रात एक बजे तक चली, जहां हर चेहरे पर बीते दिनों की चमक और जिंदगी के अनुभव की परिपक्वता साफ झलक रही थी। अपने-अपने क्षेत्र में सफल ये दोस्त आज भी एक-दूजे के लिए वही पुराने यार थे। पार्टी का समापन एक-दूसरे के सम्मान और हौसला अफजाई के साथ हुआ। सोमवार की सुबह विदा होने से पहले सबने मिलकर केक काटा, जैसे वे सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि एक नए सफर का जश्न मना रहे हों।
51 साल बाद भी बोकारो की मिट्टी ने हमें खींच लिया इस भावुक पल में डॉ. ब्रज किशोर सिन्हा ने कहा- जिंदगी के आखिरी पड़ाव में आकर जब हम अपने लिए मुश्किल से वक्त निकाल पाते हैं, तो ऐसे कार्यक्रम जिंदगी में नई ऊर्जा भर देते हैं। उन्होंने कहा कि बोकारो थर्मल की मिट्टी की यही खासियत है कि 51 साल बाद भी यह सबको यहां खींच लाई। शैलेंद्र सिंह, बीना घोष, आशा वर्मा और अन्य दोस्तों ने भी अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कहा कि भले ही आज ये दो दिन खत्म हो रहे हैं, लेकिन इनकी यादें हमेशा ताज़ा रहेंगी।
शिक्षकों के प्यार और मार की खुशबू आज भी ताजा है छात्रों ने अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए बताया कि कैसे डीवीसी स्कूल ने उनके सपनों को पंख दिए। उन्होंने अपने गुरुओं के प्यार और अनुशासन को याद करते हुए कहा कि उनके प्यार और मार की सौंधी खुशबू आज भी उनके दिलों में बसी है। इस खास मौके पर आयोजकों में शामिल जानकी महतो, केसो प्रसाद सिंह, मृत्युंजय प्रसाद और मानस घोषाल ने वादा किया कि अब यह मिलने का सिलसिला थमेगा नहीं, बल्कि हर साल जारी रहेगा।
प्रेरणादायक रहा विरासत का जश्न समारोह में 1981 बैच के छात्र जोगेंद्र गिरि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने पूर्व छात्रों के इस प्रयास की सराहना की। यह रीयूनियन सिर्फ एक समारोह नहीं था, बल्कि एक ऐसी विरासत का जश्न था जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देती रहेगी कि सच्चे संबंध और दोस्ती कभी खत्म नहीं होते। विदाई के समय सबकी आंखें नम थीं, लेकिन चेहरे पर एक गौरव था कि वे अपने स्कूल और अपनी यादों से जुड़े रहे। सभी ने 2026 में फिर से मिलने का वादा कर एक-दूसरे से विदा ली। मौके पर शैलेंद्र सिंह, सलिल घोष, वीणा घोष, आशा वर्मा, मंजू सिंह, अशोक कुमार, मानस घोषाल, मंजूला घोषाल, कौशल किशोर प्रसाद, अनिता प्रसाद, डॉ. एसके सिंह, सुषमा सिंह, रंजीता कौर, उषा मिश्रा, मोहन लाल प्रसाद, अशोक प्रसाद, शोभा कुमार, स्वपन राय, सुबेश चौधरी, सुषमा प्रसाद सहित कई अन्य पूर्व छात्र मौजूद रहे।
पूर्व DC पर लगे गंभीर आरोप, विपक्ष ने की CBI जांच की मांग, आंदोलन की भी चेतावनी, जानिए पूरा मामला…
संवाददाता रांची/बोकारो। बोकारो में भ्रष्टाचार का एक और बम फूटा है! झारखंड की इस्पातनगरी बोकारो में एक नया और सनसनीखेज घोटाला सामने आया है, जिसने पूरे राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। यह घोटाला जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के सैकड़ों करोड़ रुपये के फंड में हुआ है और इसके केंद्र में हैं बोकारो की तत्कालीन उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, DMFT विजया जाधव नारायण राव। उन पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी खजाने की राशि को अपने चहेते ठेकेदारों और एजेंसियों पर लुटाने का आरोप लगा है। इस मामले का खुलासा RTI कार्यकर्ता राज कुमार द्वारा मिली जानकारी के बाद हुआ, जिसके आधार पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को विस्तृत शिकायत भेजी गई है।
इस बीच सोमवार को इस मामले में सियासत की भी इंट्री हो गई। इस मामले के सामने आने के बाद झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इसे एक गंभीर मुद्दा बताते हुए मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इतनी बड़ी वित्तीय गड़बड़ी मुख्यमंत्री के संज्ञान में ना हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि यह गरीबों और बच्चों का पैसा है, जिसे अधिकारियों और मुख्यमंत्री की मिलीभगत से लूटा गया है।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
रांची बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मीडियाकर्मियों से बातचीत में इस गड़बड़ी का खुलासा करते हुए श्री मरांडी ने आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों और मुख्यमंत्री की मिलीभगत से इतना बड़ा घोटाला हुआ है। जिसमें निश्चित रूप से इस लूट का पैसा सीएम की तिजोरी में गया होगा। मुख्यमंत्री ने डीएमएफटी फंड को एटीएम समझ लिया और अधिकारियों के जरिए वह पैसा निकलवाते रहे। इसीलिए हम मांग करते हैं कि इसकी जांच CBI से कराई जाए, तभी पूरे मामले का उद्भेदन हो सकेगा। मरांडी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जांच नहीं हुई, तो बीजेपी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।
घोटाले की परतें : मनमानी टेंडरिंग से लेकर फर्जीवाड़े तक
इस घोटाले में कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आई हैं। पूर्व उपायुक्त पर आरोप है कि उन्होंने DMFT की प्रबंधकीय समिति की बैठक और मंजूरी के बिना ही मनमाने ढंग से टेंडर जारी किए। वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के बीच 631 करोड़ रुपये के टेंडर आवंटित किए गए।
शॉर्ट टेंडर नोटिस: टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता को ताक पर रखकर, जान-बूझकर ‘शॉर्ट टेंडर नोटिस’ निकाले गए। इससे सिर्फ चुनिंदा और चहेती एजेंसियों को ही टेंडर में भाग लेने का मौका मिला।
बाहरी एजेंसियों को फायदा: स्थानीय एजेंसियों को दरकिनार करते हुए, लगभग सभी बड़े काम बाहर की एजेंसियों को दिए गए।
चुनिंदा 17 एजेंसियां: इनमें से 17 प्राइवेट एजेंसियों को अकेले 444 करोड़ रुपये से ज्यादा के टेंडर दिए गए। नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन ऑफ इंडिया, लि., रांची और सम्सकारा, रांची जैसी एजेंसियों को करोड़ों का भुगतान किया गया।
कीमतों में भारी हेरफेर: 700% से 2000% तक की लूट! घोटाले का एक और चौंकाने वाला पहलू है, सामानों की खरीद में भारी भ्रष्टाचार।
जनरेटर घोटाला: एक ही एजेंसी को एक ही वित्तीय वर्ष में जनरेटर आपूर्ति के लिए दो अलग-अलग दरों पर कार्यादेश दिया गया। पहले 7.97 लाख रुपये का जनरेटर कुछ ही समय बाद 12.28 लाख रुपये में खरीदा गया, जिससे करोड़ों की धांधली हुई।
आंगनबाड़ी की किताबें: बच्चों के लिए खरीदी गई किताबें निजी स्कूलों की किताबों से भी कई गुना महंगी थीं। 400 रुपये प्रति पुस्तक की दर से किताबें खरीदी गईं, जबकि बाजार में उनकी कीमत कहीं कम थी।
सोलर लिफ्ट इरिगेशन: सोलर लिफ्ट इरिगेशन यूनिट जिसकी बाजार में कीमत मात्र 1.5 से 2 लाख रुपये है, उसे 6.92 लाख रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदा गया।
फर्जी कागजात और फर्जी बैठकें: लूट का फुलप्रूफ प्लान! आरोप है कि इस महाघोटाले को अंजाम देने के लिए सरकारी प्रक्रियाओं को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया।
फर्जी बैठकें: शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन उपायुक्त ने DMFT की प्रबंधकीय समिति की फर्जी बैठकों का हवाला देकर दस्तावेज तैयार किए। कहा गया है कि अधिकारियों पर दबाव डालकर मिनट्स ऑफ मीटिंग पर हस्ताक्षर करवाए गए।
बिना काम के भुगतान: कई मामलों में एजेंसियों को बिना काम किए या अधूरा काम करने पर भी पूरी राशि का भुगतान कर दिया गया।
पेंडिंग बिलों का निपटारा: वर्षों से लंबित करोड़ों की राशि को भी बिना किसी मंजूरी के जल्दबाजी में चुका दिया गया।
शिक्षा के नाम पर करोड़ों का फर्जीवाड़ा, अधिकारी के पति की कोचिंग पर खूब मेहरबानी
DMFT फंड का दुरुपयोग सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर में ही नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी हुआ। ट्रेनिंग, प्लेसमेंट और कोचिंग प्रोजेक्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों पर 1,07,483 रुपये प्रति छात्र की दर से खर्च किया गया, जो देश के नामी-गिरामी कोचिंग संस्थानों की फीस से भी कहीं ज्यादा है। ‘करियर प्लस एजुकेशनल सोसाइटी’ को 9.15 करोड़ रुपये आवंटित किए गए, लेकिन अब वहां क्लास नहीं चल रही है। सूत्र बताते हैं कि पूरे साल में मात्र 30 बच्चों ने ही पढ़ाई की, फिर भी 9 करोड़ से ज्यादा खर्च हुए।
– अधिकारी के रिश्तेदार की कोचिंग: सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस कोचिंग का उद्घाटन तत्कालीन डीसी विजया जाधव ने किया था, वह कथित तौर पर एक अन्य पूर्व अधिकारी के पति द्वारा चलाई जाती है, जो डीसी के काफी करीब थीं। उक्त महिला अधिकारी यहां सीओ से लेकर वरिष्ठ पद तक आसीन रह चुकी है। आश्चर्य इस बात का है कि जिस दिन उस कोचिंग का उद्घाटन हुआ, वह महिला अधिकारी अपने ही पति के कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहीं।
इधर, पूर्व DC ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी तरफ, आरोपों से घिरी पूर्व उपायुक्त विजया जाधव नारायण राव ने सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा है कि सारे काम नियमानुसार किए गए हैं और किसी को लाभ पहुंचाने के लिए काम नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन के किसी अधिकारी का कोई रिश्तेदार नहीं है।
बहरहाल, यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सरकार इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई करती है, या यह भी सिर्फ एक और जांच की फाइल बनकर रह जाएगी। क्या CBI जांच होगी, और क्या इस महाघोटाले के असली गुनहगारों का पर्दाफाश होगा?
नहीं रहे बोकारो में रक्तदान के क्रांतिदूत, मानवता के पुजारी के रूप में थी अलग पहचान; चौतरफा शोक की लहर
दीपक झा –
बोकारो। बोकारो आज स्तब्ध है, निःशब्द है, मौन है, मर्माहत है। डॉ. यू. मोहंती। यह नाम बोकारो और आसपास के इलाकों के हजारों ऐसे लोगों की रग-रग में बसा है, जिनकी उन रगों में डॉ. मोहंती की मदद से जीवनदायिनी रक्त की बूंदें दौड़ रही हैं। यह नाम केवल तीन शब्द नहीं, बल्कि वास्तव में मानवता, जनसेवा और परोपकार की मिसाल थे। डॉक्टर को अगर धरती का भगवान माना जाता है, तो डॉ. मोहंती इसकी जीती-जागती मिसाल थे। रक्तदान को महादान कहा जाता है और बोकारो में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के ब्लड बैंक की स्थापना से लेकर उसके संचालन तक के अलावा पूरे जिले में रक्तदान के क्रांतिदूत के रूप में उनकी पहचान थी, है और सदैव यह पहचान अमर रहेगी।
अत्यंत ही मृदु स्वभाव के धनी, दिव्य ललाट और हल्की पतली मूंछों के नीचे अधरों पर मीठी मुस्कान। क्या छोटा, क्या बड़ा, सब के साथ सम्मानपूर्वक और स्नेह के साथ बातें करना उन्हें सबसे अलग और सबसे खास बनाता था। हजारों जरूरतमंद लोगों के लिए जीवदाता के रूप में सुप्रसिद्ध इन शख्सियत ने हमेशा-हमेशा के लिए इस दुनिया से विदा ले लिया। ऐसी विदाई, जिसकी कल्पना किसी ने भी नहीं की थी। स्वयं डॉ. मोहंती ने भी नहीं। नहीं पहले की तरह इस बार भी वह अपने हार्ट के के रुटीन चेकअप के लिए अपनी पत्नी के साथ बेंगलुरु जा रहे थे। रांची हवाई अड्डे से जैसे ही फ्लाइट ने टेकऑफ किया, उनकी परेशानी बढ़ गई। फ्लाइट को तत्काल रोक लिया गया और आपात रूप से उसे रोककर उन्हें वहीं के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उन्होंने वहीं अपनी अंतिम सांसें ले ली थी। उनके करीबियों की मानें तो मंगलवार को भुवनेश्वर स्थित उनके पैतृक स्थान पर उनकी अंत्येष्टि संपन्न हुई और वे पंचतत्व में विलीन हो गए। वे पहले से हृदयरोग से ग्रसित थे और उनकी सर्जरी भी हो चुकी थी।
ब्लड बैंक की स्थापना में अहम योगदान, जगाई रक्तदान की नई चेतना
बोकारो हवाई अड्डे के समीप ब्लड बैंक का शुभारंभ तत्कालीन उपाध्यक्ष स्व. एसएसपी वर्मा एवं सचिव डॉ. मोहंती के प्रयासों का ही परिणाम था। बोकारो जनरल अस्पताल से ब्लड बैंक प्रभारी के रूप में रिटायरमेंट के बाद डॉ. मोहंती ने रक्त-सेवा का सिलसिला थमने नहीं दिया। उस मुहिम में उनके सहयोगी रहे रक्तवीर संजय शर्मा ने बताया कि डॉ. मोहंती स्वयं के साथ-साथ उस समय बीजीएच से रिटायर हुए कई तकनीशियनों को भी लेकर आए। उन्हें भी जोड़ा और दशकों तक पूरी टीम ने रक्तदान की दिशा में क्रांति का जो अलख जगाया, वह बोकारो के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया। डॉ. मोहंती के भागीरथ प्रयासों का ही यह परिणाम था कि शहर में रक्तदान के प्रति जागरूकता की एक लहर जगी और विभिन्न संगठनों की ओर से उनके चिकित्सीय निर्देशन में ताबड़तोड़ सैकड़ों रक्तदान शिविर लगाए जाते रहे, जिससे अब तक हजारों लोगों को नई जिंदगी मिल चुकी है। यही कारण है कि पूरा शहर उनका परिवार था और आज वे सभी परिवार वाले शोकाकुल हैं और मौन हैं। उनके निधन पर शहरवासियों की आंखें अश्रुपूरित हैं। हो भी क्यों न, आखिर डॉ. मोहंती थे ही जो ऐसे!
दवा से अधिक अपने मृदु स्वभाव से किया मरीजों का इलाज
डॉ. मोहंती मानवता के पुजारी सही मायने में थे। शहर के लक्ष्मी मार्केट स्थित एक दवा दुकान के साथ-साथ सेक्टर-4 में अपने आवास एवं अन्य जगहों पर भी वह चिकित्सीय सेवा भी लोगों को दिया करते थे। जब भी कोई जरूरतमंद या निर्धन व्यक्ति उनके पास पहुंचता, बिना किसी स्वार्थ के वह तत्काल उसका इलाज शुरू कर दिया करते थे। यहां तक की वह खुद से ही उसे दवा भी दे दिया करते थे। उनका स्वभाव और व्यवहार ही ऐसा था कि मरीज की आधी तबीयत उनसे मिलने के बाद ही ठीक हो जाया करती थी। ब्लडमैन हरबंस सिंह सलूजा ने कहा कि डॉ. मोहंती के योगदान का बोकारो सदा ऋणी रहेगा। लहू का कर्ज चुकता करना नामुमकिन है।
उनके मधुर व्यवहार और सकारात्मक विचारों ने दवा से कहीं अधिक काम किया। दूसरों की जिंदगी में मुस्कान बिखेरने वाला वह खिलखिलाता चेहरा आज हमेशा के लिए शांत हो गया। उनके निधन पर बोकारो मर्माहत है। हर तबके के लोगों, हर सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, सरकारी व गैरसरकारी संगठन से लेकर आमलोगों तक में उनके निधन पर गहरी शोक की लहर दौड़ गई है। जगह-जगह शोक और श्रद्धांजलि सभाओं का दौर शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों के साथ शोक ही शोक देखा जा रहा है।
उत्कल सेवा समिति के जरिए ओडिशी समुदाय को एक मंच पर जोड़ा
इतना ही नहीं, डॉ. मोहंती ने उत्कल सेवा समिति के सचिव के रूप में बोकारो के सेक्टर- 4 में श्री जगन्नाथ मंदिर की स्थापना से लेकर विगत लगभग ढाई दशक से यहां जगन्नाथ रथयात्रा के आयोजन में अपनी केंद्रीय भूमिका निभाई। उत्कल समाज को बोकारो में एक मंच पर जोड़कर, झारखंड की माटी में ओडिशी संस्कृति के संरक्षण व संवर्द्धन में डॉ. मोहंती के प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे। आज भले ही वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपने कृतित्व, अपने योगदानों और अपनी अनमोल पहचान की बदौलत वे सदैव बोकारो की रगों में लहू की तरह याद बनकर दौड़ते रहेंगे। उन्हें हमारी कोटि-कोटि श्रद्धांजलि!
डीसी ने जताया शोक, कहा- अविश्वसनीय घटना
डॉ. यू. मोहंती के निधन पर हर कोई शोकाकुल है। बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए इस घटना को अविश्वसीय बताया। उन्होेंने एक्स पर लिखा – डॉ. मोहंती आपसे 17 अगस्त को भगवान जगन्नाथ के मंदिर में मिला था। बोकारो के विकास के लिए आपने बहुत सी बातें साझा की थीं। आपका असमय जाना पूरे बोकारो को खल रहा है। बोकारोवासियों की ओर से श्रद्धा सुमन!! आपकी आत्मा भगवान जगन्नाथ के आश्रय में हमेशा सुखपूर्वक रहे, यही कामना है।
ब्लड बैंक परिवार ने दी श्रद्धांजलि, कहा- कभी नहीं भरेगी यह रिक्तता
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के बोकारो स्थित ब्लड बैंक परिसर में एक शोकसभा आयोजित कर संस्था के पूर्व अध्यक्ष सह ब्लड बैंक के संस्थापक डॉ. यू. मोहंती को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन को दूसरों के लिए निस्वार्थ भाव से समर्पित कर दिया था। सदैव दूसरों की सेवा में लगे रहते थे। बोकारो में कई लोगों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया करते थे और न जाने कितने लोगों को रक्तदान करवाकर जीवनदान दिया। उनके इस रिक्त स्थान की भरपाई नहीं हो सकती है। मौके पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र नाथ चौबे, आपदा प्रबंधन के अध्यक्ष ज्योति प्रकाश द्विवेदी, कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार बुधिया, ए. सिंह, ब्लड बैंक के रंजन कुमार, राज कुमार महथा, मुजीबा खानम, प्रकाश मिश्रा, संजय कुमार, सिस्टर सेलिन, मनोज कुमार चौबे, ब्रह्मदेव सिंह, युधिष्ठिर कुमार, प्रियंका कुमारी आदि मौजूद रहे।