Author: Varnan Bureau
-

रड के हमले से गंभीर जख्मी करने वाले को सात साल की जेल
बोकारो : बोकारो के अपर सत्र न्यायाधीश- द्वितीय रंजीत कुमार की अदालत ने बुधवार को गंभीर मारपीट के एक मामले की सुनवाई करते हुए भगलू साव नामक आरोपी को सात वर्ष के कारावास की सजा सुनायी। उसे पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। जुर्माना की राशि न देने पर उसे छह महीने की अतिरिक्त जेल होगी। मामला दो वर्ष पहले सिटी थाना क्षेत्र का था। मामले के अपर लोक अभियोजक आरके राय ने बताया कि नौ जुलाई, 2017 को भगलू ने सरोज सिंह नामक एक आटो ड्राइवर के सिर पर लोहे की रड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। भगलू दुंदीबाद में ईंख बेच रहा था। वहीं सरोज ने अपना आटो लगाया था। भगलू ने सरोज को वहां से टेम्पो हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों में गाली-गलौज और मारपीट हुई। देखते ही देखते भगलू ने सरोज के सिर पर लोहे की रड से हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया था।– Varnan Live Report. -

बोकारो में विस्थापित अधिनियम का पालन नहीं, मंच ने लगाया आरोप, किया प्रदर्शन
बोकारो। विस्थापित साझा मंच के बैनर तले बुधवार को बोकारो के सैकड़ों विस्थापित महिला पुरुषों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे मंच के संयोजक मदन मोहन में कहा कि बोकारो इस्पात संयंत्र प्रबंधन विस्थापितों की अनुपयुक्त जमीन जल्द से जल्द वापस करे या अद्यतन मूल्य के अनुसार मुआवजा-भुगतान करे। उन्होंने प्रबंधन पर विस्थापित अधिनियम 2013 के प्रावधान 24 1(ए) का उल्लंघन किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके तहत कोई भी जमीन जिस काम के लिए ली जाती है, अगर उस पर पांच वर्षों तक पूरा काम नहीं हुआ तो उसे वापस कर दिया जाना है। फिर अगर उसे उपयोग में लाना है तो 01.01.2014 को आधार वर्ष मानकर वर्तमान बाजार मूल्य से चार गुना मुआवजा देना है, लेकिन बोकारो जिले में विस्थापित अधिनियम का पालन नहीं किया जा रहा है। प्रबंधन विस्थापितों की जमीन लेकर उस पर अतिक्रमण करवा रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय उच्चपथ- 23 के इसके बगल में पिपराटांड़, कसवाटांड़ में विस्थापितों की खेती में उपयोग लाई जाने वाली जमीन को कथित तौर पर एक कंपनी को आवंटित करने का विरोध किया। मदन मोहन ने कहा कि विस्थापित अधिनियम के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से ही उपायुक्त से मांग की गई है और यह प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने तीर-धनुष लहराते हुए अपने आक्रोश का भी इजहार किया।
- Varnan Live Report.
-

कालिका और एलडी मोटर्स बसों में सीधी भिड़ंत, तीन घायल
जरीडीह (बोकारो)। जरीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर में एनएच- 23 रांची-बोकारो मार्ग पर दो बसों की सीधी भिड़ंत हो गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गये। रांची से बोकारो की ओर जा रही एलडी मोटर बस (संख्या JH01BJ 9988) और बोकारो की ओर से आ रही कालिका बस (संख्या WB55A 4261) के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में कई सवारी घायल हो गए, जिन्हें जरीडीह थाना प्रभारी पूनम कुजूर के प्रयास से राहत कार्य में सहयोग करते हुए इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया जाता है कि कालिका बस दुर्गापुर से रांची जा रही थी और विपरीत दिशा से रांची से घनबाद की ओर से आ रही एलडी मोटर बस से भिडंत हो गई। इस घटना में तीन यात्रियों को काफी चोट लगी, जिनमें अरविंद बनर्जी (दुर्गापुर), टी. परवीन (लातेहार) व रंजीत उरांव (गुमला) के नाम शामिल हैं। सभी को ईलाज के लिए जैनामोड़ रेफरल अस्पताल लाया गया। घायलों में गंभीरवस्था को देखते हुए टी. परवीन को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बोकारो भेज दिया गया। घटना के वक्त तेज बारिश होनेे के कारण दोनों के चालक का घटना स्थल से भाग निकले थे। दोनों गाड़ियों को जरीडीह प्रशासन ने अपने कब्जे में लिया। बस में सवार यात्रियों से जानकारी मिली कि एलडी मोटर्स की बस ने पेटरवार थाना क्षेत्र की चरगी घाटी में भी एक मोटरसाइकिल वाले को मारकर भागते हुए उक्त दुर्घटना को अंजाम दिया।
– Varnan Live Report.
-

NRHM कर्मियों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, हड़ताल से चरमरायी चिकित्सा-सेवा
बोकारो। सेवा-नियमितीकरण की मांग को लेकर अनुबंध आधारित बोकारो के स्वास्थ्य कर्मियों (एनआरएचएमकर्मियों) ने सरकार के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बोकारो में इनकी दोदिवसीय हड़ताल बुधवार को शुरू हुई। हड़ताल के कारण सरकारी अस्पतालों में सभी तरह की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होनी शुरू हो गईं। मरीजों को वापस लौटना पड़ रहा है। इम्यूनाइजेशन, टीकाकरण, रक्त जांच, ब्लड प्रेशर जांच, रसीद कटाई से लेकर मरीज को देखने व ओपीडी सेवाएं समेत कार्यालयीन कार्य भी बुरी तरह चरमरा गए हैं। आंदोलनकारियों ने बोकारो सदर अस्पताल और सिविल सर्जन कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
मौके पर एनआरएचएम अनुबंध कर्मचारी संघ के प्रमंडलीय सचिव पवन श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को लेकर काफी नकारात्मक रुख अपना रही है। स्वास्थ्यकर्मियों के हित को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा- हाल ही में नीति आयोग की रिपोर्ट आई, जिसमें झारखंड को यक्ष्मा के मामले में अव्वल बताया गया। यह एसी चेंबर में बैठने वाले अधिकारियों की बदौलत नहीं, बल्कि हम जैसे धरातल पर काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत का परिणाम है। सरकार तो पहले आश्वासन भी दिया करती थी, मांगों को जायज बताती थी लेकिन अब उससे भी मुंह मोड़ने लगी है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाल ही में स्वास्थ्य सचिव का एक पत्र आया है, जिसमें अनुबंधकर्मियों को नियमित नहीं किए जाने की बात कही गई है। यह सरासर गलत है सुप्रीम कोर्ट का भी आदेश है कि लगातार 10 वर्षों की सेवा के बाद संबंधित कर्मचारियों को नियमित करना है। केंद्र सरकार ने भी कुछ ऐसा ही निर्देश पूर्व से जारी कर रखा है, लेकिन राज्य सरकार नियमित करने के बजाय लगातार एनआरएचएमकर्मियों का शोषण कर रही है। उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। अगर बीमार पड़ गये तो 16 दिन के बाद 17वें दिन से वेतन में कटौती शुरू हो जाएगी। एक सवाल के जवाब में पवन ने कहा कि यकीनन इससे मरीजों को परेशानी हो रही है, उन्हें मरीजों की दिक्कतों को लेकर सहानुभूति तो है, परंतु इसके साथ ही उनलोगों का अपना घर-परिवार और अपनी अपनी समस्याएं भी हैं जब सरकार उनके हित को लेकर नहीं सोचेगी तो वे लोग आंदोलन करने पर विवश हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में जनता उनकी मांगे पूरी कराने में सरकार पर दबाव बनाने को लेकर मदद करे। उन्होंने कहा कि 24 और 25 जुलाई की हड़ताल पूरे राज्यभर में चल रही है। गुरुवार को होने वाली बैठक में जो निर्णय होगा, उसके आलोक में फिर अगली रणनीति तैयार की जाएगी। मौके पर एनआरएचएम अनुबंधित कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अभय कुमार, जिला अध्यक्ष जयप्रकाश नायक, सचिव मनीष कुमार सहित सदस्यों में रास बिहारी, शैलेश, मधुमिता, पूनम, रंभा, उर्मिला के अलावा बड़ी संख्या में एनआरएचएमकर्मी उपस्थित थे।
मांगें पूरी करना हमारे बस में नहीं : सिविल सर्जन
एनआरएचएमकर्मियों की हड़ताल से बोकारो जिले में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पूछे जाने पर सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार पाठक ने अपनी अक्षमता जाहिर की। उन्होंने कहा कि एनआरएचएम कर्मियों की मांगे पूरी करना उनके बस की बात नहीं है। राज्य सरकार ही इस पर निर्णय ले सकती है। उन्होंने माना कि जहां-जहां एनआरएचएम कर्मियों की ड्यूटी है, वहां काफी बुरी तरह चिकित्सीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आपात सेवा बाधित न हो, इसका प्रयास वह कर रहे हैं। साथ ही कम से कम मरीजों को परेशानी हो, इसके लिए भी कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का रुख सकारात्मक दिख रहा है। आशा है कि जल्द ही कुछ सही कदम उठाया जाएगा
-

SAIL ने चन्द्रयान – 2 के लिए की स्पेशल क्वालिटी के स्टील की आपूर्ति
बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने भारत के चंद्रयान मिशन – 2 के लिए स्पेशल क्वालिटी के स्टेनलेस स्टील की अपने सेलम स्टील प्लांट से आपूर्ति की है। सेल द्वारा आपूर्ति की गई स्पेशल क्वालिटी स्टील शीट का इस्तेमाल चंद्रयान – 2 के क्रायोजेनिक इंजन (सीई-20) में किया गया है, जो इसके स्पेसिफिकेशन को पूरा करने,सर्फ़ेस के फिनिश को बेहतर रखने और मानकों के हिसाब से बनाने में उपयोगी रहा है। पहले की ही तरह सेल ने इस बार भी देश के प्रतिष्ठित और स्वदेशी स्पेस मिशन के लिए स्पेशल क्वालिटी के स्टेनलेस स्टील की आपूर्ति करके इसरो के साथ देश निर्माण की दिशा में अपनी भागीदारी को और मजबूत किया है।
“Make in India” की दिशा में एक और कदमप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “मेक इन इंडिया” की पहल की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए, सेल ने इसरो के साथ मिलकर क्रायोजेनिक रॉकेट इंजन के निर्माण में उपयोग किए जाने वाले रूसी ग्रेड आईसीएसएस-1218-321 (12एक्स18एच10टी) ऑस्टेनेटिक स्टैबलाइज्ड स्टेनलेस स्टील को स्वदेशी तौर पर बनाया है। इसी सफलता के साथ सेल आने वाले समय में स्पेस लांच व्हिकल में उपयोग किए जाने वाले अन्य और भी तरह के एयरोस्पेस ग्रेड स्टेनलेस स्टील के विकास और उत्पादन को लेकर आशान्वित है। इस पहल की सफलता के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और सेल-सेलम स्टील प्लांट टीम ने मिलकर काम किया है। सेल की ओर से उक्त आशय की जानकारी बोकारो स्टील के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने दी।– Varnan Live Report.