Author: Varnan Bureau

  • सैनिकों का सम्मान हो हमारी प्राथमिकता : उपायुक्त

    सैनिकों का सम्मान हो हमारी प्राथमिकता : उपायुक्त

    संवाददाता 
    बोकारो : कारगिल विजय दिवस का आयोजन बोकारो के पूर्व सैनिकों की अगुवाई में एक बार फिर भव्यता के साथ किया गया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से शुक्रवार को स्थानीय सिटी पार्क स्थित शहीद स्मारक उद्यान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस बार के कार्यक्रम की खासियत यह रही कि जिले के डीसी, एसपी व डीडीसी सहित कई वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों, समाज के गणमान्यजनों तथा पूर्व सैनिकों के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में आमलोगों ने वीर सैनिकों की शहादत को नमन किया। उपायुक्त कृपानंद झा, पुलिस अधीक्षक पी. मुरुगन व डीडीसी रविरंजन मिश्रा सहित सभी लोग जवानों की शहादत और मां भारती के सम्मान में जयकारे लगाते देखे गये। कारगिल युद्ध के दो दशक पूरे होने के इस खास मौके पर उपायुक्त ने कहा कि हर भारतीय को सैनिकों को सम्मान करना चाहिए। अपने कार्यालय में भी अगर किसी काम से पूर्व सैनिक आए, तो उनके काम को प्राथमिकता के साथ करना चाहिए, क्योंकि उनके पास समय की कमी होती है। वे अपना जीवन का अहम हिस्सा बोर्डर पर गुजारते है। वे देश और देशवासियों की रक्षा में अपनी जान की बाजी तक लगा देते है। अतः उनका सम्मान हमारी प्राथमिकता होनी चाहिये। उन्होंने परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना संचारित करने के उद्देश्य से एेसे कार्यक्रम आयोजित करते रहने का संदेश दिया।
    kargil day1
    आज भी गर्व से ऊंचा हो जाता है सिर : एसपी 
    मौके पर एसपी पी मुरूगन ने कहा कि कारगिल युद्ध में हमने 527 जवानों को खो दिया था, वहीं 1363 जवान घायल हुए थे। चार जवानों को सेना का सर्वोच्च पदक परमवीर चक्र प्रदान किया गया था। इनमें से दो को मरणोपरांत यह पदक दिया गया था। योगेंद्र सिंह यादव इस पदक को पाने वाले सबसे कम उम्र के जवान हैं। जवानों ने उस युद्ध में खून का आखिरी कतरा तक बहा दिया था। जांबाजों की वीरगाथा सुनकर आज भी हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है। डीडीसी श्री मिश्रा ने भी कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के रणबांकुरों की भूमिका और उनकी बदौलत विजयश्री मिलने के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। सेना मेडल से सम्मानित कैप्टन गौरी शंकर ने कहा कि कारगिल युद्ध में सैनिकों ने अदम्य साहस के बल पर पाकिस्तानी घुसपैठियों के छक्के छुड़ा दिए। विजय दिवस के मौके पर हम उन सूरमाओं के बारे में बता रहे हैं जो देश के लिए आन, बान और शान हैं।
    ये रहे मौजूद
    मौके पर सरस्वती शिशु मंदिर सेक्टर- 9 के सचिव सिद्धेश नारायण दास, पीएनबी सेक्टर- 4 के मुख्य प्रबंधक दीपक गुप्ता, बीओआई सेक्टर 4 के मुख्य प्रबंधक महेंद्र नाथ सोरेन,  कवि ब्रजेश बृजवासी, बीजीएच के निदेशक प्रभारी डा. एके सिंह आदि सहित अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद बोकारो अध्यक्ष सुरेश बाबू, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश्वर सिंह, महासचिव राकेश मिश्रा, मनोज  सिंह, मनोज झा, मनोज कुमार, अमित कुमार, राजीव रंजन, राजहंस, गौतम, शशिभूषण, शत्रुघ्न, जनवंत सिंह, देव प्रकाश, दीपक कुमार, संतोष कुमार, अजय कुमार सिंह, राज कुमार प्रसाद, महेंद्र थापा, मदन मोहन सिंह, सुरेश कुमार, संजीव कुमार आदि उपस्थित थे। संचालन राकेश मिश्रा व धन्यवाद ज्ञापन दिनेश्वर सिंह ने किया।
    – Varnan Live Report.

    आपके सुझाव एवं विचारों  का स्वागत है। कृपया अपनी राय हमें नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में टिप्पणी कर दें।

    धन्यवाद!

  • सुविधाओं से वंचित विस्थापित गांवों के दिन बहुरने के आसार, विधायक ने सदन में उठाया मामला

    सुविधाओं से वंचित विस्थापित गांवों के दिन बहुरने के आसार, विधायक ने सदन में उठाया मामला

    संवाददाता
    बोकारो। झारखंड विधानसभा मानसून सत्र में ध्यानाकर्षण के माध्यम से बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने शुक्रवार को बोकारो स्टील प्लांट द्वारा अधिग्रहित 20 विस्थापित गांवों को पंचायती राज व्यवस्था के अंतर्गत पंचायत में शामिल कर उन्हें समस्त सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का मामला उठाया। सरकार की ओर ग्रामीण विकास मंत्री  नीलकण्ड सिंह मुंडा ने सदन को अवगत कराया कि सरकार ने उपायुक्त, बोकारो से प्रस्ताव मांगा गया है। प्रस्ताव मिलते ही 20 गांवो को पंचायती राज अधिनियम 2001 के तहत पंचायत में शामिल कर लिया जाएगा।
    विधायक प्रतिनिधि संजय त्यागी के अनुसार ध्यानाकर्षण के माध्यम से बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने बोकारो स्टील प्लांट द्वारा अधिग्रहित महुआर, श्यामपुर, चैताटांड़, कुंडौरी, वैदमारा, वास्तेजी, धनगड़ी, मधुडीह, महेशपुर, पिपराटांड़, शिबूटांड़, बनसिमिली, पचौरा, कनपट्टा, बोदराटांड़, जरीडीह, कनारी, आगरडीह, जमुनियाटांड़ एवं बोधनाडीह को विस्थापित गांव उकरीद, माराफारी, गोड़ाबाली के तर्ज पर पंचायती राज व्यवस्था के अंतर्गत पंचायत में शामिल कर समस्त सरकारी योजनाओं का लाभ देने पर ध्यान आकृष्ट कराया। कहा कि पंचायती राज व्यवस्था लागू होने से इस क्षेत्र में निवास करनेवाले लगभग दो लाख की आबादी को केंद्र व राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। अभी इन गांवों के लाेगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
    – Varnan Live Report.

    आपके सुझाव एवं विचारों  का स्वागत है। कृपया अपनी राय हमें नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में टिप्पणी कर दें।

    धन्यवाद!

  • No ‘Welcome’, No ‘Thanks’ : झारखण्ड के सरकारी कार्यक्रमों में धन्यवाद ज्ञापन व पुष्प-गुच्छ की परिपाटी खत्म, CS का फैसला

    No ‘Welcome’, No ‘Thanks’ : झारखण्ड के सरकारी कार्यक्रमों में धन्यवाद ज्ञापन व पुष्प-गुच्छ की परिपाटी खत्म, CS का फैसला

    विशेष संवाददाता

    रांची। आम तौर पर जब हम किसी कार्यक्रम में जाते रहे हैं तो उसकी शुरुआत में अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ से करने और समाप्ति पर धन्यवाद ज्ञापित करने की परंपरा रही है। लेकिन, झारखण्ड के सरकारी कार्यक्रमों में अब यह परंपरा बस अतीत बनकर रह जाएगी। जी हां! यह परिपाटी अब समाप्त करने का सरकारी निर्देश जारी किया जा चुका है। राज्य सरकार के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार मुख्य सचिव डॉ डी के तिवारी ने आज एक अहम फैसला लेते हुए राज्य सरकार के कार्यक्रमों और राजकीय समारोह के प्रोटोकॉल में धन्यवाद ज्ञापन और पुष्प गुच्छ की परिपाटी समाप्त करने का निर्देश दिया।

    images-1

    मुख्य सचिव ने यह निर्देश दिया है कि राजकीय कार्यक्रमों/समारोह में गणमान्य अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिन्ह आदि से करने की परंपरा का परित्याग करते हुए उनका स्वागत सीधे स्वागत संबोधन के माध्यम से किया जाए। किसी कार्यक्रम में यदि पुष्प गुच्छ देना अत्यंत आवश्यक महसूस हो रहा हो तो इसके स्थान पर एक अकेला पुष्प दिया जा सकता है। किंतु यह भी अपवाद स्वरूप होगा।

    मुख्य सचिव ने कहा कि किसी कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों का पुष्प गुच्छ/उपहार से स्वागत किया जाना अत्यंत अपेक्षित हो तो ऐसी परिस्थिति में राज्य सरकार का पहले अनुमोदन प्राप्त करना होगा।

    अति विशिष्ट कार्यक्रमों का संचालन मिनट टू मिनट कार्यक्रम के आधार पर

    मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि ऐसे राजकीय कार्यक्रम जिसमें भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं झारखंड राज्य के माननीय राज्यपाल मुख्य अतिथि अथवा गणमान्य अतिथि के रुप में सम्मिलित होते हैं वैसे कार्यक्रमों का संचालन संबंधित कार्यालय के द्वारा अनुमोदित होने वाले मिनट टू मिनट कार्यक्रम के आधार पर ही किया जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि सामान्यतः स्वागत संबोधन के दौरान आमंत्रित और मंचासीन गणमान्य अतिथियों का परिचय प्रस्तुत करते हुए उनका स्वागत उद्घोषक या स्वागत भाषण देने वाले के संबोधन के माध्यम से होगा।

    धन्यवाद ज्ञापन भी अब से इतिहास

    कार्यक्रम की समाप्ति पर धन्यवाद ज्ञापन के जाने की परंपरा का भी परित्याग कर मंच संचालक उद्घोषक द्वारा आवश्यकता अनुसार कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की जा सकती है। अब से धन्यवाद ज्ञापन राज्य के किसी भी कार्यक्रम और राजकीय समारोह का भाग नहीं होगा।

    मुख्य सचिव ने यह स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों तथा योजनाओं के उद्घाटन शिलान्यास परिसंपत्तियों के वितरण इत्यादि से संबंधित राजकीय कार्यक्रम एवं विभिन्न राज्य के समारोहों के आयोजन के संचालन में अक्सर समय सीमा के भीतर कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से करने में अत्यंत कठिनाई होती है, इन सब को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न करने के लिए ये निर्णय लिए गए हैं।

    अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश

    मुख्य सचिव ने राज्य के सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव सभी प्रधान सचिव सभी सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्त सभी विभागाध्यक्ष और सभी उपायुक्त को इससे अवगत कराते हुए इन निर्देशों का दृढ़ता पूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

    • Varnan Live Report.

    आपके सुझाव एवं विचारों  का स्वागत है। कृपया अपनी राय हमें नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में टिप्पणी कर दें।

    धन्यवाद!

  • डा. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की नयी कमेटी में गंगवार बने अध्यक्ष व नीलकमल बनीं सचिव

    डा. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की नयी कमेटी में गंगवार बने अध्यक्ष व नीलकमल बनीं सचिव

    बोकारो। सेक्टर-3सी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में गुरुवार को डॉ राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की बैठक हुई। बैठक में सत्र 2019-21 के लिए नयी कमेटी का चुनाव किया गया। इसमें डीपीएस बोकारो के प्राचार्य एएस गंगवार -अध्यक्ष, दि पेंटीकॉस्टल एसेंबली स्कूल की प्राचार्या रीता प्रसाद व क्रिसेंट पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अनिल कुमार गुप्ता उपाध्यक्ष, डीपीएस चास की प्राचार्या नीलकमल सिन्हा सचिव, एआरएस पब्लिक स्कूल के प्राचार्य बी पात्रा संयुक्त सचिव व आदर्श विद्या मंदिर चास के प्राचार्य चिन्मय घोष, कोषाध्यक्ष बनाये गये। नयी कमेटी सहोदया की अगली बैठक में कमेटी का विस्तार करेगी। नयी कमेटी एक अगस्त 2019 से प्रभावी होगी।
    बैठक में सहोदया से जुडे जिला के तीस स्कूल के प्राचार्य, प्राचार्या, निदेशक व प्रतिनिधि शामिल हुए. दी पेंटीकॉस्टल एसेंबली स्कूल के निदेशक डॉ डीएन प्रसाद चुनाव के समन्वयक थे। वर्तमान कमेटी का कार्यकाल 31 जुलाई 2019 को समाप्त हो जायेगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष एएस गंगवार ने कहा कि स्कूल व शिक्षक-शिक्षिकाओं को बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किया जायेगा। समस्या का समाधान एकजुटता के साथ होगा। सचिव नीलकमल सिन्हा ने कहा कि सहोदया से जुडे सभी स्कूलों में बच्चों के सर्वागीण विकास के लिए तरह-तरह की गतिविधियों व प्रतियोगिताओं का आयोजन सहोदया के बैनर तले होगा। बच्चों का सर्वागिण विकास प्राथमिकता होगी।
    – Varnan Live Report.

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • जानलेवा हमले के आरोपी पिता-पुत्र को सात साल की जेल

    जानलेवा हमले के आरोपी पिता-पुत्र को सात साल की जेल

    – Our Correspondent.
    बोकारो।  बोकारो के अपर सत्र न्यायाधीश- द्वितीय जनार्दन सिंह की अदालत ने गुरुवार को जानलेवा हमले से संबंधित एक मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी पिता-पुत्र को सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। नावाडीह के रहने वाले पिता प्रेमलाल सिंह और उसके बेटे विश्वनाथ सिंह को सात वर्ष की कैद के साथ-साथ 5000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। जुर्माना नहीं देने पर उन्हें छह महीने की अतिरिक्त जेल होगी। घटना के छह वर्षों के बाद दोनों आरोपियों को आज सजा सुनाई गई। मामले के अपर लोक अभियोजक आरके राय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 23 जुलाई 2013 को चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कालापत्थर ग्राम निवासी जगदीश तुरी एवं अन्य दो लोगों पर आरोपियों ने जमीनी विवाद ने जानलेवा हमला किया था।
               काला पत्थर में जगदीश तुरी, वीरेंद्र तुरी और सुरेश तुरी जमीन की मापी करवा रहे थे। उसी क्रम में प्रेमलाल सिंह और विश्वनाथ सिंह वहां पहुंचे। उन दोनों ने जमीन अपनी होने का दावा किया। इसी बात को लेकर उनलोगों में बहस हुई और देखते ही देखते दोनों पिता-पुत्र ने फरसा लेकर टांगी से उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद तीनों घायलों को चास के नीलम नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक इलाज के बाद वे ठीक हो सके। अदालत ने भादवि की धारा 326 के तहत प्रेमलाल और विश्वनाथ को दोषी पाते हुए सात साल के कारावास की सजा मुकर्रर की है।
    – Varnan Live Report.

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • PG में सभी विषयों की पढ़ाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी, कुलपति को सौंपा ज्ञापन

    PG में सभी विषयों की पढ़ाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी, कुलपति को सौंपा ज्ञापन

    संवाददाता
    बोकारो। झारखंड सशक्त युवा मंच का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति से मिला और उन्हें सिटी कॉलेज बोकारो में सभी विषयों के स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू कराने के संबंध में पुनः स्मरण पत्र सौंपा। अपने पत्र में संगठन के लोगों ने कहा कि छात्रहित में अगर इस विषय को गंभीरता से नहीं लिया गया और सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो बाध्य होकर मंच के छात्र आगामी दो अगस्त से चरणबद्ध आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे। इसकी सारी जवाबदेही विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। आंदोलन के तहत दो अगस्त को एकदिवसीय तालाबंदी की जाएगी तथा छह अगस्त से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
    कुलपति को दिए गए पत्र में कहा गया है कि बोकारो स्टील सिटी कॉलेज बोकारो विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद की अंगीभूत इकाई है तथा झारखंड सरकार द्वारा घोषित प्रीमियर कालेज है। यहां सरकार द्वारा सभी वांछित सुविधाएं दी जानी है, लेकिन खेद के साथ कहना है कि अभी तक इस कॉलेज में मात्र दो ही विषय (गणित तथा इतिहास) में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू हो सकी है। जबकि छात्रों एवं अभिभावकों की आस जगी थी कि जल्द ही हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र विज्ञान, रासायनिक विज्ञान, भौतिक शास्त्र, वाणिज्य विषयों में भी स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। यह नहीं होने से प्रतिवर्ष बोकारो से हजारों छात्र-छात्राएं की पढ़ाई के लिए दूसरे विश्वविद्यालयों एवं दूसरे राज्यों में पलायन करने के लिये विवश हैं। प्रतिनिधिमंडल में सोमनाथ नायक, राजवीर शर्मा, पीयूष पल्लव, सोनू कुमार, गणेश, मनीष, कुश, सोनू कुमार, रंजीत महतो, शुभम, सत्य प्रकाश, अमरनाथ कुमार आदि शामिल थे।
    – Varnan Live Report.

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • 26 जुलाई : कारगिल विजय दिवस पर विशेष- शादी की पहली सालगिरह भी मनायी थी दुश्मनों से लड़ते-लड़ते

    26 जुलाई : कारगिल विजय दिवस पर विशेष- शादी की पहली सालगिरह भी मनायी थी दुश्मनों से लड़ते-लड़ते

    – Deepak Kumar Jha
    बोकारो। कारगिल की लड़ाई में विजय पताका लहराने में बोकारो के भी एक वीर जवान की अहम भूमिका रही है। द्रास सेक्टर कारगिल में तैनात टाइगर हिल पर कब्जे में अहम भूमिका निभाने वाले इस सैनिक का नाम है सतीश कुमार झा। सिख रेजिमेंट की आठवीं बटालियन में क्लर्क के पद पर कार्यरत रहे सतीश कुमार झा ने इस संवाददाता से एक खास बातचीत में कहा कि उस समय उनकी सेवा का मात्र 2-3 वर्ष ही हुआ था और शादी की पहली सालगिरह भी उन्होंने दुश्मनों के साथ लोहा लेते हुए ही मनायी थी। उस समय टेलीफोन की सुविधा भी वहां नहीं के बराबर थी। सैटेलाइट फोन के जरिये सिर्फ एक बार ही परिवार वालों से बात हो पायी। युद्ध के बारे में कुछ नहीं बताने पर भी उनकी मां स्व. दाई सुंदर देवी और पत्नी रीना झा को आभास हो गया था कि वो युद्ध में हैं। परंतु उनके पिता और बड़े भाई संतोष कुमार झा बहुत समझदारी दिखाते हुए सभी को ढांढस बंधाया।
                 उन्होंने बताया कि 14 मई, 2009 को वह द्रास सेक्टर में जब दाखिल हुए, उस समय बिषम परिस्थितियों में भी सिख रेजिमेंट के जवानों ने अभूतपूर्व शौर्य का परिचय दिया। न रहने का कोई बैरेक, न ठंढ से बचने के लिए उचित कपड़ों की व्यवस्था, फिर भी खुले आसमान के नीचे रहते हुए भी उनकी रेजिमेंट के सभी जवानों ने टाइगर हिल को चारों तरफ से घेरकर दुश्मनों को पस्त कर दिया। सिख रेजिमेंट ने अपने मोटो “निश्चय कर, अपनी जीत करूं” का बहुत सुंदर उदाहरण पेश किया। परंतु, इस लड़ाई में उनकी रेजिमेंट के एक अधिकारी 34 जवान शहीद हुए और लगभग 100 जवान गम्भीर रूप से घायल हो गये थे। कारगिल पर विजय हासिल करने के बाद आठ सिख बटालियन को टाइगर हिल बटालियन की उपाधि से नवाजा गया था। उन्होंने बताया कि उनके अपने छोटे भाई रोशन कुमार झा भी सिग्नल कोर में रहते हुए द्रास सेक्टर में युद्ध मे शामिल हुए। इस प्रकार उन दोनों भाइयों के लिए कारगिल विजय दिवस का बहुत बड़ा महत्व है।
    उन्होंने कहा कि जब भी वो इस युद्ध के बारे में सोचते है तो उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। वो वीर जवान जो कभी उनके साथ हंसते-खेलते थे, जिन्होंने देश की भावी पीढ़ी के लिए अपनी जान की कुबार्नी दी, वो अब नहीं हैं, लेकिन उन्हें वो हमेशा अपने साथ ही महसूस करते हैं और करते रहेंगे।
    kargilll
    A file photo of Kargil Vijay Diwas (Courtesy : google images)
                  सतीश 30 सितंबर, 2017 को फौज से सेवानिवृत्त हुए, परंत अभी भी मिनिस्ट्री आॅफ डिफेंस (रक्षा मंत्रालय) के अंतर्गत कैंटीन भंडार गृह विशाखपट्नम में कार्यरत हैं, जहां आर्मी नेवी और एयर फोर्स को सामान मुहैया कराया जाता है। इस प्रकार वो अभी भी देशसेवा के कार्य से जुड़े हैं। मूलत: दरभंगा जिलांतर्गत तरौनी ग्राम निवासी कुशेश्वर झा के सुपुत्र सतीश कुमार झा के दो पुत्र हैं- शुभम झा और शशांक झा, जो फिलहाल अध्ययनरत हैं।
               14 मई 1999 से 21 अक्टूबर 2001 तक द्रास सेक्टर में तैनात सतीश ने यह भी कहा कि वो भगवान का बहुत शुक्रगुजार हैं कि उनको देश के लिये जांबाजी से काम करने का अवसर मात्र 2-3 वर्षों की अवधि में मिला, लेकिन मिला तो सही। बहुतों को 30 वर्ष की सेवा के उपरांत भी यह मौका नहीं मिलता है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह जन्म अपना सर्वस्व मां भारती की सेवा में न्योछावर करना चाहते हैं।
    – Varnan Live Report.

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • कल तक खिलखिलाने वाली फलक आज हमेशा के लिए हुई चुप, स्वर्णरेखा नदी से मिला नाले में बही बच्ची का शव

    कल तक खिलखिलाने वाली फलक आज हमेशा के लिए हुई चुप, स्वर्णरेखा नदी से मिला नाले में बही बच्ची का शव

    विशेष संवाददाता

    रांची। बुधवार को ट्यूशन से घर लौटने के क्रम में नाले में बह गयी पांच साल की मासूम फलक अख्तर का शव घटना के दो घण्टे के बाद स्वर्णरेखा नदी से बरामद हुआ। बच्ची का शव नदी के किनारे पानी से बाहर तैरता मिला। नदी से निकाले जाने के बाद उसकी सांस लौटाने को लेकर लोगों ने खूब जतन की। लेकिन, फलक हमेशा-हमेशा के लिए चुप हो चुकी थी। उसके परिजन ही नहीं, मौके पर मौजूद सैकड़ों लोगों का कलेजा यह दृश्य देख कांप गया। कल तक जिसकी एक खिलखिलाहट से उसके पिता सद्दाम का घर-आंगन खिल उठता था, वह आवाज हमेशा-हमेशा के लिए थम गई।

    IMG-20190725-WA0019

    नन्ही मासूम को ढूंढने में हर समुदाय के लोगों ने तत्परता दिखाई। नाला रोड से खोयी इस बच्ची को स्वर्णरेखा नदी से चुटिया थाने की तत्परता और आम जनता के अथक प्रयास से बरामद किया गया। दुःख इस बात का रहा कि फलक की सांसें नहीं लौट सकी।

    गौरतलब है कि हिंदपीढ़ी के नाला रोड के नाले में गिरने वाली बच्ची का शव इक्कीसो महादेव शमशान घाट के पास से स्वर्णरेखा नदी से बरामद हुआ। हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के लाेअर पीपी कंपाउंड नाला राेड में ट्यूशन पढ़कर लाैट रही फलक अख्तर खुले नाले में गिर गई। बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि बच्ची छह किलाेमीटर तक बहती हुई चुटिया श्मशान घाट के पास पहुंच गई। खबर है कि सिर में गंभीर चोटें आने से उसकी मौत हो गई। केबी एकेडमी की केजी-1 की छात्रा फलक दाे बच्चियाें के साथ ट्यूशन पढ़ने गई थी। लाैटते समय दाेपहर करीब एक बजे उसका पैर फिसला और वह नाले में गिर गई। घटना के बाद दाेनाें बच्चियाें ने शाेर मचाया। आसपास के युवकाें ने तत्काल नाले में छलांग लगा दी, लेकिन सिर्फ बैग ही मिला। बच्ची बहते हुए आगे निकल गई थी और हमेशा-हमेशा के लिए फलक फलक की ओर चल बसी।

    • Varnan Live Report.

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

     

  • रांची में मुख्यमंत्री किसान आशीर्वाद योजना को लेकर खुला हेल्प सेंटर, DC ने की पहल

    रांची में मुख्यमंत्री किसान आशीर्वाद योजना को लेकर खुला हेल्प सेंटर, DC ने की पहल

    रांची: उपायुक्त रांची राय महिमापत रे के निर्देशानुसार रांची जिले में किसान सहायता केन्द्र स्थापित किया गया है। ज्ञातव्य है कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में मुख्यमंत्री कृषि आर्शीवाद योजना रांची जिले के सभी प्रखण्डों में लागू है।  मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ योग्य किसान शत-प्रतिशत उठा पाएं, इस बावत उपायुक्त रांची श्री रे के निदेशानुसार किसानों की सहायता के लिए किसान सहायता केन्द्र की स्थापना की गयी है।

    यह किसान सहायता केन्द्र जिला कृषि कार्यालय,संयुक्त भवन, आत्मा राँची (द्वितीय तल्ला) के सभा कक्ष में कार्यरत है।  किसान सहायता केन्द्र के प्रभारी संजय कुमार सिंह, उप परियोजना निदेशक, आत्मा राँची, (मोबाइल संख्या-8340517424) है। उनकी सहायता के लिए अमित कुमार कम्प्यूटर आपरेटर, आत्मा राॅची (मोबाइल संख्या-7903987687) रहेंगे।

    मुख्यमंत्री कृषि आर्शीवाद योजना से संबंधित कोई भी शिकायत किसान भाई सहायता केन्द्र के रक्षित पंजी में दर्ज करा सकते है। यह सहायता केन्द्र प्रत्येक कार्य दिवस को प्रातः 10.00 बजे से संध्या 5.00 बजे तक कार्यरत रहेगा।

    • Varnan Live Report.

    आपके विचारों एवं सुझावों का हम स्वागत करते हैं। अपनी बात नीचे दिये गए कमेंट बॉक्स में आप लिख सकते हैं।

    धन्यवाद!

  • AGM की पिटाई के विरुद्ध चास-बोकारो बंद, MLA की गिरफ्तारी की मांग

    AGM की पिटाई के विरुद्ध चास-बोकारो बंद, MLA की गिरफ्तारी की मांग

    बोकारो। पिछले हफ्ते बोकारो इस्पात संयंत्र के सहायक महाप्रबंधक अजीत कुमार की बोकारो विधायक बिरंची नारायण द्वारा कथित पिटाई का मामला लगातार गरमाया हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनता दल यूनाइटेड ने चास बोकारो बंद कराया। इस बंद को राष्ट्रीय जनता दल और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी अपना समर्थन दिया। सुबह से ही तीनों दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जगह-जगह सड़क पर उतरे और विधायक की कथित गुंडागर्दी के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। बन्द के दौरान समर्थकों ने टेम्पो, ट्रैकर की टायरों से हवा निकाल दी। जहां-तहां मार्ग भी अवरुद्ध कर दिए। इससे आमलोगों को भारी दिक्कतें भी हुईं। जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक चौधरी के अनुसार यह बंद पूरी तरह सफल रहा। जनता ने बंद को सफल बनाने में काफी सहयोग किया। बहुत सी जगहों पर स्वतः स्फूर्त बंद की स्थिति देखने को मिली।

    IMG-20190725-WA0010

     श्री चौधरी ने कहा कि विधायक गुंडागर्दी करने पर आमादा है। पूर्व से ही उन्होंने बोकारो की सांप्रदायिक भावना और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का काम किया है। बारंबार ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बोकारो की जनता बुद्धिजीवी है और ऐसे लोगों को नकारने का काम करती है। सहायक महाप्रबंधक को पीटकर उन्होंने कानून हाथ में लिया है। इसके पहले टाटा और अब दूसरी बार बोकारो में इस तरह की मोब लिंचिंग की घटना सामने आई है। संवेदक के कहने पर अधिकारी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना घोर निंदनीय है। इसी मुद्दे को लेकर चास बोकारो बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने बंद में सहयोग प्रदान करने के लिए झामुमो और राजद के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

    IMG-20190725-WA0012

     इस अवसर पर मीडियाकर्मियों से बातचीत में जिला के अध्यक्ष नारायण यादव ने भी विधायक पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक विधायक की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक यह आंदोलन और विरोध जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ी तो विधानसभा में भी घेराव करने का काम किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बोकारो के कैंप टू और सेक्टर वन स्थित तालाब को सूर्य सरोवर और तिरंगा पार्क के रूप में विकसित किए जाने के कार्य को लेकर उक्त विवाद पैदा हुआ था। बोकारो स्टील प्रबंधन ने एनओसी नहीं दिए जाने के कारण काम रुकवा दिया था, जिसके बाद कथित तौर पर विधायक द्वारा अपने समर्थकों के साथ एजीएम अजीत कुमार को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया था। इस संदर्भ में दोनों तरफ से अलग-अलग मामले सिटी थाने में दर्ज कराया गया है, जिसकी जांच अब तक चल रही है, लेकिन साथ ही सियासत भी लगातार जारी है।

    • Varnan Live Report.