Author: Varnan Bureau

  • शोभा की वस्तु बनकर रह गया फुसरो में हाईमास्ट लाईट

    शोभा की वस्तु बनकर रह गया फुसरो में हाईमास्ट लाईट

    Khirodhar Raj

    बेरमो (बोकारो) : बेरमो की हृदय स्थली फुसरो बाजार स्थित बैंक मोड पर लगा लाखों रुपये का हाईमास्ट लाईट विभागीय लापरवाही के कारण आज शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। पिछले छह माह से अधिक दिनों से खराब पड़े रहने के कारण शाम ढलते ही बैंक मोड के अास पास अंधेरा छा जाता है। यहां से दिन रात सैकडों छोटे-बडे वाहनों का आवागमन होता रहता हैै। भीड़-भाड़ वाला क्षेत्र होने से शाम के बाद पैदल आवाजाही करने वाले लोगों के लिये हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। अंधेरा छाए रहने से दुकानदारों को भी दिक्कतें होती हैं। चोर उच्चके भी अंधेरा का भरपूर लाभ उठाते हैं।ओवरब्रिज पर भी अंधेरा रहने से चोरी छिनतई की घटना होती रहती है।

    बताया जाता है कि दुर्गा पूजा कमिटी के दबाव पर उसे दुरूस्त किया जाता है, फिर पूजा समाप्त होते ही लाईट बस शोभा की वस्तु बनकर रह जाता है। दिवाली, रामनवमी में भी दबाव बनाने पर एकाध दिन के लिए मरम्मत होती है, बस। उसके बाद सबकी जवाबदेही खत्म हो जाती है। इसके बाद विभाग को कोई पूछने तक नहीं जाता कि लाईट खराब क्यों पड़ा है। हालांकि, दुर्गापूजा नजदीक है, शायद बैंक मोड पर फिर से रोशनी जगमगा सके, लेकिन एेसी लापरवाही ठीक नहीं।

    • Varnan Live Report.
  • गोमिया की 600 आंगनबाड़ी सेविकायें हड़ताल पर, कुपोषण-मुक्ति कार्यक्रम पर पड़ेगा असर

    गोमिया की 600 आंगनबाड़ी सेविकायें हड़ताल पर, कुपोषण-मुक्ति कार्यक्रम पर पड़ेगा असर

    Vishal Agrawal

    गोमिया (बोकारो) : राज्य की करीब 88, 832 आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और पोषण सखी पिछले सप्ताह से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसी क्रम में गोमिया के करीब 300 आंगनबाड़ी केंद्र की लगभग 600 सेविका, सहायिका हड़ताल पर हैं। एेसे में सरकार का राष्ट्रीय कृमि-मुक्ति दिवस अभियान की सफलता चुनौती बन गयी है। कुपोषण से लड़ने वाली सैनिक आंगनबाड़ी कर्मचारी, पोषण सखी हीं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे यह अभियान संकट में दिख रहा है।

    हड़ताल के कारण मंगलवार को आयोजित होने वाली बीएलओ की बैठक भी यहां नहीं हो सकी। गोमिया प्रखंड के आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की अध्यक्ष अनिता देवी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मांग है कि वायदे के मुताबिक मानदेय में बढ़ोतरी की जाए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कर्मियों का स्थायीकरण, जनवरी 2018 में सरकार से हुए समझौते को लागू करना, मानदेय के स्थान पर वेतन, समान काम के लिए समान वेतन, रिटायरमेन्ट की उम्रसीमा 65 वर्ष करने सहित पेंशन, आकस्मिक निधन पर उनके आश्रितों को अनुकंपाधारित नियुक्ति आदि मांगें भी शामिल हैं।

    • Varnan Live Report.

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • कुपोषण दूर करने को लेकर रोटरी का सेमिनार आयोजित

    कुपोषण दूर करने को लेकर रोटरी का सेमिनार आयोजित

    संवाददाता
    बोकारो :
    रोटरी क्लब, चास  की ओर से मंगलवार को आभा सेवा सदन, काशी झरिया में कुपोषणमुक्त समाज के उपायों पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में हाई स्कूल के 100 से भी ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया। रोटरी चास के अध्यक्ष अमन मल्लिक और सचिव डा. सुमन ने बच्चों के बीच पोषन को लेकर अपने विचार रखे एवं 15 बच्चों ने भी भरी सभा में कुपोषण को दूर करने के विषय में अपनी अपनी बातें रखीं। उनमें से छह बच्चों को रोटरी चास द्वारा सम्मानित भी किया गया। आयोजन के नेतृत्वकर्ता रोटेरियन हरबंस सिंह सलुजा ने कहा कि शरीर के लिए आवश्यक सन्तुलित आहार लम्बे समय तक नहीं मिलना ही कुपोषण है। कुपोषण के कारण बच्चों और महिलाओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है, जिससे वे आसानी से कई तरह की बीमारियों के शिकार बन जाते हैं। अत: कुपोषण की जानकारियां जरूरी हैं।

    श्री सलुजा ने कहा कि इसी जानकारी को जन जन तक पहुंचाने के लिये भारत सरकार द्वारा 1 सितंबर से 7 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के रूप में मनाया जाता है। रोटरी क्लब चास द्वारा सभी स्कूली बच्चों के बीच स्टेशनरी के सामान वितरित किये गये एवं सभी के लिये पौष्टिक भोजन की भी व्यवस्था की गयी। सेमिनार में रोटरी चास के दीपक झाझरिया, चनप्रीत सिंह, संजय सिंह, गौरव रस्तोगी, कविता मल्लिक, परिंदा सिंह, डा. पुष्पा, रविंदर कौर (सुम्मी), मीता सिंह एवं आभा सेवा सदन के डा. डी. के. राउत एवं उनकी पूरी टीम उपस्थित थी।

    • Varnan Live Report.

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • BSL में CEO Trophy QC प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण

    BSL में CEO Trophy QC प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण

    संवाददाता
    बोकारो :
    बोकारो स्टील प्लांट के क्वालिटी सर्किल (क्यूसी) टीमों के लिये तीन चरणों में आयोजित सीईओ ट्राॅफी प्रतियोगिता-2019 का समापन समारोह मंगलवार को अधिशासी निदेशक (संकार्य) सेमिनार हाल में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में संयंत्र के सीईओ पीके सिंह मुख्य अतिथि रहे। समारोह में अधिशासी निदेशक (संकार्य) आरसी श्रीवास्तव, अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) वीके पाण्डेय, महाप्रबंधकगण एवं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न विभागों कोक ओवन, सिंटर प्लांट, एसएमएस-2 सीसीएस, एचआरसीएफ, एचएसएम, सामान्य अनुरक्षण (विद्युत), डीएनडब्लू, सामान्य अनुरक्षण (यांत्रिक), भारी अनुरक्षण (यांत्रिक), इसीडी, यातायात एवं बीजीएच के अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के आरम्भ में उप महाप्रबंधक (बिज़नेस एक्सलेन्स) अनुपमा तिवारी ने सभी का स्वागत किया। मुख्य अतिथि श्री सिंह एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने क्यूसी माॅडल प्रतियोगिता, क्यूसी क्विज़ स्पर्धा एवं क्यूसी प्रस्तुतीकरण स्पर्धा के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि श्री सिंह ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए संयंत्र में क्यूसी गतिविधियों की सक्रियता बढा़ने तथा अधिकाधिक कर्मियों को इस अभियान से जुडऩे का संदेश दिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्रबंधक (बिजनेस एक्सलेन्स) एस. साहु ने किया। कार्यक्रम का समन्वयन उप महाप्रबंधक (बिज़नेस एक्सलेन्स) बी. बनर्जी, तथा उपप्रबंधक (बिजनेस एक्सलेन्स) डी. चक्रवर्ती ने किया।

    प्रतियोगिता का परिणाम
    क्यूसी माॅडल प्रतियोगिता में कैपिटल रिपेयर (विद्युत) की क्यूसी-692 को प्रथम स्थान मिला। द्वितीय स्थान पर कोक ओवन की एलक्यूसी-01, सीईडी की क्यूसी-186 तथा भारी अनुरक्षण (यांत्रिकी) की क्यूसी-639 रहे। तृृतीय स्थान सिंटर प्लांट की क्यूसी-480, भारी अनुरक्षण (यांत्रिकी) की क्यूसी-3505 एवं सामान्य अनुरक्षण (यांत्रिकी) की क्यूसी – 1856 को प्राप्त हुआ। क्यूसी क्विज़ स्पर्धा में कोक ओवन की एलक्यूसी-01 तथा एचएसएम की क्यूसी-701 को प्रथम स्थान मिला। द्वितीय स्थान पर डीएनडब्लू की क्यूसी-2013, सिंटर प्लांट की क्यूसी-480 तथा सीसीएस की क्यूसी-1713 रहे। तृृतीय स्थान ओजी की क्यूसी-2636 एवं इटीएल की क्यूसी – 145 को प्राप्त हुआ।

    • Varnan Live Report.
  • बच्चों का शारीरिक विकास प्रभावित करते हैं कृमि : सिविल सर्जन

    बच्चों का शारीरिक विकास प्रभावित करते हैं कृमि : सिविल सर्जन

    – बोकारो में कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम शुरू

    संवाददाता
    बोकारो :
    कृमि से छुटकारा एवं बच्चों को सेहतमन्द भविष्य देने के उद्देश्य से चास स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्च विद्यालय में सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार पाठक के द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।सिविल सर्जन डा. पाठक ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को कृमि की दवाई (एल्बेंडाजोल) खिलाना है। कृमि की वजह से बच्चों का शारीरिक विकास पूर्ण रूप से मुकम्मल नहीं हो पाता। इस कारणवश से उनकी मानसिक क्षमताओं पर भी असर पड़ता है। इसलिए सभी बच्चों को कृमि-मुक्ति दिवस के तहत एल्बेंडाजोल की दवाई खिलाई जाती है। कार्यक्रम मे मुख्य रूप से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. अनिल कुमार, डी.आर.सी.एच.ओ. शालिन टुडू, डीपीएम प्रदीप कुमार एवं प्रधानअध्यापिका दीपाली कुमारी, बी.पी.एम. आलोक नाथ सहित स्कूल के सभी बालिकाएं व कर्मी उपस्थित थे।

    • Varnan Live Report.
  • बोकारो में Sub-Junior National Football Championship शुरू, पहले दिन बंगाल और झारखंड ने जीते मैच

    बोकारो में Sub-Junior National Football Championship शुरू, पहले दिन बंगाल और झारखंड ने जीते मैच

    संवाददाता
    बोकारो :
    ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन, झारखण्ड फुटबॉल एसोसिएशन तथा बोकारो स्टील प्लांट के संयुक्त तत्वावधान में पूर्वी जोन के लिए आयोजित सब-जूनियर नेशनल फुटबॉल चैम्पियनशिप -2019 का उद्घाटन मंगलवार को बीएसएल के महाप्रबंधक (नगर प्रशासन) विभाकर ने किया। इस मौके पर उप महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन) बीजे प्रकाश, सहायक महाप्रबंधक (जलापूर्ति) एके अविनाश तथा अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। मोहन कुमारमंगलम स्टेडियम में 3 सितम्बर से 8 सितम्बर तक चलने वाले इस चैम्पियनशिप में झारखंड, ओडिसा, बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, सिक्किम एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के प्रथम दिन पूर्वाहन पश्चिम बंगाल एवं छत्तीसगढ़ की टीमों के बीच मुक़ाबला हुआ, जिसमें पश्चिम बंगाल की टीम ने छत्तीसगढ़ को 7-1 के अंतर से पराजित किया। अपराह्न झारखण्ड और बिहार की टीमों के बीच मैच हुआ, जिसमें झारखण्ड ने बिहार को 13-0 के बड़े अंतर से पराजित किया। 

    • Varnan Live Report.
  • पानी बचाने को सड़क पर उतरे BSL अधिकारी, जागरूकता के लिये Walkathon आयोजित

    पानी बचाने को सड़क पर उतरे BSL अधिकारी, जागरूकता के लिये Walkathon आयोजित

    संवाददाता
    बोकारो :
    भारत सरकार के जल शक्ति अभियान के आलोक में जन-सामान्य के बीच जल संरक्षण जागरूकता बढ़ाने हेतु बोकारो स्टील प्लांट द्वारा मंगलवार को गांधी चौक से बीएसएल प्रशासनिक भवन तक वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। बीएसएल के सीईओ पवन कुमार सिंह की अगुवाई में आयोजित वॉकाथॉन में अधिशासी निदेशक आरसी श्रीवास्तव व आर. कुशवाहा, महाप्रबंधक प्रभारी (वित्त एवं लेखा) डीके साहा, महाप्रबंधक, अन्य वरीय अधिकारी, बीएसएल स्कूलों के बच्चे तथा एसएफए कैडेट्स शामिल हुए। वॉकाथॉन के दौरान प्रतिभागियों ने जल-संरक्षण की महत्ता से संबन्धित नारे लगाए और सभी को इसे सफल बनाने की अपील की। उल्लेखनीय है कि इस अभियान के तहत बीएसएल द्वारा संयंत्र परिसर व नगर क्षेत्र में जल संरक्षण जागरूकता के प्रयास लगातार जारी है। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए गृहिणियों को भी इस अभियान से जोड़ने की पहल की जा रही है।

    • Varnan Live Repot.   
  • बिना हेलमेट के आये तो नहीं मिलेगा पेट्रोल, DC ने दिया सख्त निर्देश

    बिना हेलमेट के आये तो नहीं मिलेगा पेट्रोल, DC ने दिया सख्त निर्देश

    संवाददाता
    बोकारो :
     उपायुक्त मुकेश कुमार ने सभी पेट्रोल पंप प्रबंधकों को निदेश दिया है कि बिना हेलमेट पहने आए हुए दोपहिया चालकों को किसी भी हालत में पेट्रोल नहीं दिया जाए। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन तरह-तरह के माध्यम से लोगों और खासकर दुपहिया चालकों के बीच उनकी खुद की सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने की आदत डलवाने का प्रयास कर रहा है। कभी लोगों को कार्यशाला से प्रेरित किया जा रहा है, तो कभी फाइन व चालान काटकर लोगों को हेलमेट पहनने के लिए विवश किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रमों के बावजूद इस दिशा में वांछित प्रगति नहीं हुई है और लोग अक्सर बिना हेलमेट के घूमते हुए नजर आ जाते हैं। इसी कारणवश उपायुक्त कुमार ने सभी पेट्रोल पंप प्रबंधकों को बिना हेलमेट पहने चालकों को पेट्रोल नहीं देने का आदेश दिया है।

    Mukesh Kumar, DC Bokaro.

     सरकारी कार्यालयों में प्रवेश भी नहीं

    उपायुक्त ने पेट्रोल पम्प प्रबंधकों को बिना हेलमेट वाले बाइकसवारों को पेट्रोल न देने की जहां सख्त हिदायत दी है, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में बिना हेलमेट पहने आये पदाधिकारियों व कर्मियों को भी प्रवेश की अनुमति नहीं देने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भलाई का काम घर से होती है इसलिए सबसे पहले हमें खुद को ठीक करने की आवश्यकता है, इसीलिए यह नियम सबसे पहले हम अपने कर्मियों व पदाधिकारियों के ऊपर लागू कर रहे हैं।

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • उजड़े लोगों के पुनर्वास को आगे आये जनप्रतिनिधि, पर शुरू हुआ ये नया बखेड़ा

    उजड़े लोगों के पुनर्वास को आगे आये जनप्रतिनिधि, पर शुरू हुआ ये नया बखेड़ा

    संवाददाता
    बोकारो।
    बोकारो हवाई अड्डा की चहारदीवारी के किनारे से अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उजाड़े गये लोगों को अन्यत्र बसाने की दिशा में स्थानीय जनप्रतिनिधि देर से ही सही, परंतु दुरुस्त कदम उठाते दिख रहे हैं। बेघरों को पुनर्वासित करने को लेकर सांसद पीएन सिंह ने जहां त्रिपक्षीय वार्ता के जरिये बसाये जाने का भरोसा दिलाया, वहीं दूसरी तरफ बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने सेक्टर-12ई के बंद पड़े बीएसएस स्कूल के सामने वाली खाली पड़ी जमीन चिन्हित कर अपने स्तर से उजाड़े गये लोगों को बसने की अनुमति दे दी। न केवल अनुमति दी, बल्कि खुद वहां पहुंचकर उनके लिये आधा दर्जन चापाकल अपने विधायक मद से मुहैया कराने का भी आश्वासन दिया। बारिश के इस मौसम में छोटे-छोटे बच्चों को लेकर भटकते गरीब बेघरों को फिर से बसाने की यह कवायद शुरू हुई थी कि प्रस्तावित पुनर्वास क्षेत्र के इर्द-गिर्द रहने वाले बस्तीवासियों ने इसका पुरजोर विरोध शुरू कर दिया। स्थिति एेसी हुई कि दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गयी। पहले से आसपास बसे लोगों तथा बसाये जाने की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों के बीच जबरदस्त मारपीट हुई। लाठी-डंडा, फरसा, टांगी तक चले और लगभग आधा दर्जन लोग इस घटना में घायल हो गये। चोट दोनों तरफ के लोगों को चोटें लगीं। बाद में विधायक के वहां से जाते ही मारपीट की स्थिति और भी खतरनाक हो गयी। पुरुष ही नहीं, महिलायें भी लाठी, हंसुआ और टांगी जैसे पारम्परिक हथियारों से लैस नजर आयीं। मामले की जानकारी मिलने पर सिटी डीएसपी ज्ञान रंजन सदल-बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए स्थिति शांत करायी। इस क्रम में पूरा इलाका छावनी में पुलिस तब्दील रहा। घंटों मशक्कत के बाद स्थिति शांत हुई और इस बावत पूछने पर डीएसपी ने भी कहा कि स्थिति अब वहां सामान्य हो चुकी है।


    एेसे शुरू हुआ विवाद

    प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक बिरंची नारायण के आवास पर सैकड़ों की संख्या में उजाड़े गये लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। उन्होंने पुनर्वास की मांग की, जिसके आलोक में विधायक ने उक्त चिन्हित जमीन पर उन्हें साथ ले विधायक जैसे ही वहां पहुंचे और बसने की उम्मीद में आये लोगों ने जैसे ही तैयारियां शुरू कीं कि आसपास रहने वाले लोग भारी संख्या में वहां आक्रोशित हो लाठी-डंडा व अन्य पारम्परिक हथियारों से लैस होकर पहुंच गये। विधायक की उपस्थिति में ही दोनों तरफ से खूब बहस हुई। बाद में विधायक लोगों को शांत रहने की अपील करते हुए वहां से लौट गये, लेकिन पहले से आसपास बसे लोग और बसने की आस लिये लोगों में भीषण झड़प हो गयी। घटना के बाद वहां आसपास गिरे पड़े चप्पल, टूटी लाठियां आदि वारदात का परिणाम बयां कर रहे थे। घटना में सुजय यादव नामक एक व्यक्ति के हाथ टांगी के हमले से जख्मी हो गया। उसके अलावा दोनों तरफ के लगभग आधा दर्जन लोगों के चोटिल होने की खबर है। हालांकि, डीएसपी ने घायल होने की बात पर अनभिज्ञता व्यक्त की। कहा कि घायल हुए लोग जब थाने आयेंगे तो पुलिस को पता चलेगा।


    आसपास बसे लोगों को नहीं मंजूर

    हवाई अड्डा के किनारे से उजाड़े गये लोगों को सेक्टर-12ई बीएसएल स्कूल (अब बंद) के सामने खाली पड़ी जमीन पर बसाया जाना हरगिज मंजूर नहीं है। मौके पर लाठी, टांगी और हंसुआ थामी महिलाओं ने कहा कि वे लोग उक्त जमीन पर खेती करतीं हैं और वहां किसी भी सूरत में डोमपाड़ा नहीं बसने देगीं। छवि देवी नामक एक महिला ने कहा कि वे विस्थापित उक्त जमीन पर खेती कर अपना गुजारा करती हैं। वहां कारखाना लगे, क्वार्टर बने तो वो खाली कर देगीं, लेकिन उजाड़े गये लोगों को वहां नहीं बसने देगीं। उक्त जमीन पर वे लोग धान, सब्जी उगाती हैं। छवि ने तो मरने-मारने तक की धमकी दे डाली।


    विधायक पर लड़वाने का आरोप

    आसपास पहले बसे लोगों की तरफ से विजय घटवार नामक एक युवक ने विधायक पर दोहरी राजनीति करने तथा लोगों को बाहरी-भीतरी के नाम पर लड़ाने का आरोप लगाया। कहा कि उन विस्थापितों को पानी या अन्य सुविधायें नहीं मिल रहीं। एमएलए के इशारे पर कुछ सक्षम लोग यहां जबरन प्लाटिंग कर रहे थे, जो उन्हें मंजूर नहीं। विधायक को इतनी फिक्र है तो अपने बनवाये गये अपार्टमेन्ट में उजाड़े गये लोगों को जगह दे दें और जिंदगी भर उनका वोट लेते रहें। विजय ने कहा कि इसके खिलाफ वे लोग सड़क से सदन तक आंदोलन करेंगे।

    हठधर्मिता छोड़ें लोग, कार्रवाई करे प्रशासन-प्रबंधन : बिरंची

    इस बारे में पूछे जाने पर विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि जो लोग बेघर हुए लोगों को उक्त जगह पर पुनर्वासित किये जाने का विरोध कर रहे हैं, वे अपनी हठधर्मिता छोड़ें। यह उनके लिये भी अच्छा होगा। बोकारोवासियों का एक सपना था, यहां हवाई सेवायें शुरू हो और इसके लिये स्वेच्छा से एयरपोर्ट की बाउंड्री से हटने वाले तथा निर्विरोध अतिक्रमण उजाड़ संपन्न कराने वाले लोग धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने शांतिपूर्वक जगह खाली कर दिया। आग्रह है कि दूसरे पक्ष के लोग भी विकास में हाथ बंटायें। उजाड़े गये लोगों में भंगी समाज, खटाल वाले आदि लोग हैं। वे आखिर कहां जायें? एक तो उन्हें पहले बसने ही नहीं देना था और जब 40-50 वर्षों से यहां बस गये हैं तो उनके रहने की व्यवस्था करनी चाहिये। प्रधानमंत्री मोदीजी का सपना है 2022 तक हर गरीब को पक्का मकान मिले और इन उजाड़े गये लोगों को भी पक्का घर मिले, इसके लिये वह मुख्यमंत्री तथा इस्पात मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से बात भी करेंगे। उन्होंने तत्काल स्थानीय प्रशासन तथा बीएसएल प्रबंधन से इस दिशा में कार्रवाई करने का आग्रह किया। विधायक ने यह भी कहा कि उन्हें 12ई स्कूल के सामने वाली खाली जमीन उपयुक्त लगी, क्योंकि यह शहर से किनारे है। प्रशासन या प्रबंधन चाहे तो कहीं और भी पुनर्वास की व्यवस्था कर सकता है, लेकिन करे जरूर।

    – Varnan Live Report.

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • बोकारो में तीज पर्व की धूम, मंदिरों में उमड़ी सुहागिनों की भीड़

    बोकारो में तीज पर्व की धूम, मंदिरों में उमड़ी सुहागिनों की भीड़

    संवाददाता
    बोकारो
    : मांग से लेकर कपाल तक सजा सिंदूर। हाथों में सजी मेंहदी। नई-नई साड़ियां और सोलहों श्रृंगार। जी हां, बोकारो की सड़कों पर आज सुबह से ही रूप-सज्जा, आभूषण सज्जा सहित हर तरह के श्रृंगार से युक्त महिलाओं की कतार मंदिरों तक पहुंचती देखी गई। शहर के तमाम शिव पार्वती मंदिरों में सुहागिन महिलाओं की भीड़ लगी रही। मौका था तीज का। अपने सुहाग की लंबी उम्र और हर जन्म में उसे पाने की कामना के साथ महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव से देवाधिदेव महादेव की पूजा-अर्चना संपन्न की। इस क्रम में महिलाओं ने पारंपरिक भोजपुरी मगही भाषाओं में गीत और भजन गाये। ‘गौरा सोचे दिन-रात, हमरी ओ भोला मानत नईखे बात…’ जैसे शिव-पार्वती से जुड़े प्रसंगों पर आधारित गीत गाकर उन्होंने महादेव की पूजा की। व्रतियों ने पूजा के बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुहागिनों के इस महापर्व की बधाईयां दी।

    इस अवसर पर सेक्टर- दो स्थित मां मंदिर, सेक्टर- 3 में थाना मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर एवं शिव मंदिर, एलोरा हॉस्टल व कैंप-2 स्थित शिव पार्वती मंदिर, श्री राम मंदिर स्थित शिवालय आदि में संख्या में दिनभर व्रती महिलाओं की भारी भीड़ लगी रही। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीज की पूजा संपन्न कराई और कथा भी सुनाई। व्रतियों ने कहा कि अपने सुहाग की लंबी उम्र की कामना के साथ वे लोग दिनभर निर्जला उपवास रखती हैं और परंपरा अनुसार भोलेनाथ की पूजा करती हैं।

    एक पुरोहित सुखदेव उपाध्याय ने बताया कि भगवती पार्वती ने इसी व्रत को संपन्न कर महादेव को प्रसन्न किया था और अपने जीवन में पति के रूप में उन्हें प्राप्त किया था। आदिकाल से इस पर्व का अपना एक विशेष महात्म्य है। दूसरी तरफ तीज को लेकर बाजारों काफी रौनक छाई रही। पूजा पाठ की दुकानों से लेकर श्रृंगार प्रसाधन, मिष्ठान एवं फल की दुकानें खचाखच लोगों की भीड़ से पटी रहीं। महंगाई के बावजूद आस्था में कोई कमी नहीं देखने को मिली। कुल मिलाकर तीज बोकारो, चास एवं आसपास के क्षेत्र में सोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

    • Varnan Live Report.