Author: Varnan Bureau

  • झारखंड के लिए वरदान साबित होगी ONGC की CBM परियोजना

    झारखंड के लिए वरदान साबित होगी ONGC की CBM परियोजना

    प्राकृतिक ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में बड़ा कदम

    विजय कुमार झा
    बोकारो :
    आॅयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) की सीबीएम (कोल बेड मिथेन) परियोजना प्रगति के पथ पर निरन्तर अग्रसर है। ओएनजीसी ने अगले चार वर्षों में बोकारो, झरिया, नॉर्थ कर्णपुरा तथा रानीगंज परियोजना के तहत 349 कूपों के वेधन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें से बोकारो में 141, झरिया में 60, नॉर्थ कर्णपुरा में 68 तथा रानीगंज में 80 कूपों के वेधन की योजना है। बोकारो में 12, झरिया में 15 तथा रानीगंज में 3 कूप कोल बेड मिथेन गैस उत्पादन की स्थिति में पूरी तरह तैयार हैं। इसी वर्ष इन कूपों से सीबीएम का उत्पादन प्रारम्भ किया जायेगा और इसकी उपलब्धता से झारखंड के उद्योगों को एक नई दिशा मिलेगी। साथ ही झारखंड सरकार को राजस्व की प्राप्ति होगी और परिचालन क्षेत्र में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। सीबीएम की यह परियोजना झारखंड के लिए वरदान साबित होगी और प्राकृतिक ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में ओएनजीसी का यह बड़ा कदम साबित होने वाला है।

    एक प्रदूषणरहित गैस
    उक्त जानकारी देते हुए ओएनजीसी के समूह महाप्रबंधक सह- सीबीएम परिसम्पत्ति के प्रबंधक आर पी पाण्डेय ने ‘मिथिला वर्णन’ से खास बातचीत में बताया कि कोल बेड मिथेन गैस एक प्रदूषणरहित, स्वच्छ ऊर्जा का अपरंपरागत स्रोत है, जो कोयले की परतों में समाहित रहता है। इसकी उत्पत्ति कोयले के बनने की प्रक्रिया के दौरान ही होती है। सीबीएम को ग्रीन हाउस गैस भी कहा जाता है और यह सामान्य कार्बन डाईआक्साइड (सीओ 2) की तुलना मे 30 गुना अधिक हानिकारक है। इसी वजह से वैश्विक स्तर पर कोयले की खदानों से पहले सीबीएम गैस को बाहर निकाल लिया जाता है, ताकि यह कोयला खनन के दौरान यह वायुमंडल में उत्सर्जित न होने पाये। सीबीएम को कोयला खनन से पूर्व बाहर निकालने का एक कारण यह भी है कि इससे कोयले का उत्खनन सुरक्षित हो जाता है और खनन के दौरान विस्फोट की संभावना बिल्कुल ही कम हो जाती है।

    चार ब्लॉकों में अन्वेषण पूर्ण
    श्री पाण्डेय ने बताया कि इसी को ध्यान मे रखते हुए देश में ही यह प्रक्रिया शुरू की गयी और इसी के तहत भारत सरकार ने विभिन्न सरकारी और निजी कंपनियों को सीबीएम अन्वेषण एवं उत्पादन के लिये सीबीएम ब्लॉकों का आवंटन किया है। इस क्रम में केन्द्र सरकार द्वारा आवंटित चार ब्लॉकों में ओएनजीसी क्रियाशील है, जिसमें अन्वेषण का कार्य पूरा हो चुका है और अभी सीबीएम के उत्पादन की प्रकिया पर तेजी से कार्य हो रहे हैं। 

    झारखंड में 269 कूप-वेधन का लक्ष्य 
    सीबीएम परिसम्पत्ति प्रबंधक श्री पाण्डेय ने बताया कि इस परियोजना के तहत झारखंड राज्य मे कुल 269 कूपों का वेधन किया जाना है, जिसके लिए सभी जरूरी कार्यवाही, सरकारी अनुमति प्राप्त की जा चुकी है। झारखंड राज्य के पांच जिलों बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, चतरा और रामगढ़ में इन कूपों का निर्माण किया जाना है। इसके आलावा सरफेस फैसिलिटी का भी निर्माण किया जाएगा, जहां पर सीबीएम कूपों से निकलने वाली गैस पाइपलाइन के माध्यम से एकत्रित होगी और फिर इनका विपणन किया जाएगा।

    चार वर्षों में 319 कूपों का ड्रिलिंग प्लान
    श्री पाण्डेय ने बताया कि अगले चार वर्षों के अन्दर 319 कूपों का ड्रिलिंग प्लान है। इनमें बोकारो में वर्ष 2019-20 में 20, 20-21 में 48 तथा 21-22 में 45, झरिया में 2019-20 में 4, 20-21 में 24 तथा 21-22 में 23, रानीगंज में 21-22 में 24, 22-23 में 24 तथा 23-24 में 19 कूपों के वेधन का लक्ष्य निर्धारित है।

    ईंधन के रूप में भी इस्तेमाल
    उन्होंने बताया कि बोकारो में 12, झरिया में 15 तथा रानीगंज में 3 कूपों से सीबीएम का वाणिज्यिक उपयोग करने की स्थिति में हम तैयार हैं। सीएनजी की आपूर्ति प्रारंभ हो चुकी है और इसका उपयोग भी लोग वाहनों में ईंधन के रूप में कर रहे हैं। जबकि पाइप लाइन से रसोई गैस के रूप में इसका उपयोग जल्द ही किया जाने लगेगा। इसके लिए ‘गेल’ द्वारा पाइप लाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। 

    लघु ऊर्जा के रूप में होगा उपयोगी
    श्री पाण्डेय ने बताया कि सीबीएम का उपयोग लघु ऊर्जा के रूप में भी होगा। औद्योगिक क्षेत्र में केमिकल, फर्टिलाइजर, धातु उद्योग, सेरामिक उद्योग, ग्लास उद्योग आदि कारखानों में ऊर्जा के रूप में इसका उपयोग किया जा सकेगा। इसके अलावा सीजीडी (सीटी गैस विपणन) के तौर पर भी यह उपयोग में लाया जा सकता है।

    पेयजल पूणर्त: सुरक्षित
    श्री पाण्डेय ने बताया कि लोगों के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि सीबीएम के दोहन से पेयजल पर संकट उत्पन्न होगा, जबकि यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने बताया कि ओएनजीसी के वेधन कार्य में जमीन की सतह से लगभग 50 मीटर से 200 मीटर नीचे तक स्टील पाइप तथा विशेष तकनीक से पाइप के बाहरी हिस्से और जमीन के बीच सीमेन्ट डालकर बंद किया जाता है। ओएनजीसी 700 से 1200 मीटर की गहराई में मौजूद कोयले की सतह से पानी निकालकर सीबीएम गैस का उत्पादन करती है। यह सतह पेयजल की सबसे निचली सतह से कम से कम 500 मीटर नीचे है। इसलिए जमीन के नीचे मौजूद पेयजल पूरी तरह सुरक्षित रहता है। अर्थात सीबीएम के उत्पादन से पेयजल को कोई खतरा नहीं है।

    सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग 
    श्री पाण्डेय ने यह भी बताया कि ओएनजीसी अपने परिचालन क्षेत्रों में अपने निगमित सामाजिक दायित्वों (सीएसआर) के तहत कार्य करने हेतु सजग है। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता और युवाओं के कौशल विकास हेतु प्रशिक्षण आदि के माध्यम से आम जनता के जीवन स्तर को भी ऊपर उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन हम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।

    • Varnan Live Report.
  • तंत्र साधना का चैतन्य पर्व है विजयादशमी : गुरुदेव श्री नंदकिशोर श्रीमाली

    तंत्र साधना का चैतन्य पर्व है विजयादशमी : गुरुदेव श्री नंदकिशोर श्रीमाली

    Gurudev Shree NK Shrimali.

    युद्ध और संघर्ष जीवन के सत्य हैं और संघर्ष में विजय प्राप्त करना मनुष्य का धर्म है। तंत्र साधना में विजयादशमी पर्व चैतन्य पर्व है। इस दिन विजय-संकल्प लेकर जब साधना संपन्न की जाती है तो साधक की कर्म शक्ति जागृत होती है और वह विजय के पथ पर अग्रसर हो जाता है, विजय उसका वरण करती है। जीवन भौतिक एवं आध्यात्मिक, दोनों ही स्थितियों का संगम है। दोनों क्षेत्र अलग-अलग नहीं हैं। कहीं न कहीं एक दूसरे से अवश्य ही मिलते हैं। आवश्यकता इस बात की है कि दोनों ही स्थितियों में सामंजस्य रखा जाए। वह व्यक्ति सौभाग्यशाली होते हैं, जिन्हें अच्छे मित्र मिलते हैं, अच्छे सहयोगी मिलते हैं और सबसे बड़ी बात उन्हें पूर्ण योग्य गुरु प्राप्त होते हैं, जिनके एक आशीर्वाद से ही, जिनकी कृपा से ही उनके हृदय में हर समय उत्साह बना रहता है। तंत्र और मंत्र का संसार अत्यंत विशाल है और हमारे पूर्वज ऋषि-मुनियों ने इन सभी स्थितियों को देखकर, अपने अनुभव के आधार पर जो ज्ञान ग्रंथों में दिया है, वह अपने आपमें पूर्ण प्रामाणिक एवं सिद्ध हैं। उन साधनाओं को संपन्न करने के लिए हृदय में पूर्ण आस्था आवश्यक है, वहीं गुरु का पूर्ण आशीर्वाद एवं निर्देश भी। यदि आपको साधना का तत्व प्राप्त है और आप अपने कर्म पथ पर अग्रसर हैं तो उन्नति अवश्य प्राप्त होगी। आपका जीवन साधारण जीवन से अलग होगा। इस हेतु आवश्यक है कि आपके जीवन में बाधाएं नहीं रहें, आप जो भी कार्य करना चाहें, वह आपके एक ही बार के प्रयास से पूर्ण हो जाएं, ताकि जीवन में ‘विजय श्री’ आपको प्राप्त हो। प्रत्येक साधना का विशेष समय अवश्य होता है और उस समय साधना संपन्न करने से सफलता अवश्य ही प्राप्त होती है, क्योंकि उस समय ग्रहों की गति, वायुमंडल में चेतना उसी प्रकार की होती है, जो कि आपके मंत्रों के जाप के माध्यम से, आपकी साधना के माध्यम से होती है और आपका कार्य सफल होता है।
    पराजय का तात्पर्य है- पीड़ा, हानि, नुकसान, बाधा, विरोध, कार्य में अपूर्णता, अपमान इत्यादि। पराजित होने का तात्पर्य है, आप पर कोई हावी हो रहा है, आप दबकर जी रहे हैं और ऐसा जीवन में होता है। अपराजेय होने का तात्पर्य है कि आपके दोष दूर हो जाएं, आप स्वयं पहचान सकें, अपने संकल्प के अनुसार कार्य कर सकें, दूसरे यदि आपको हानि पहुंचाने का प्रयास करें तो आपको हानि न पहुंचे, जो भी शत्रु आप पर किसी भी प्रकार का तांत्रिक प्रयोग करे, वह उल्टा पड़ जाय, आपको प्रभावित करने की बजाय उल्टा उसे ही हानि दे दे, तभी तो विशेषता है, जीवन का आनन्द है।
    पराजय को विजय में बदलना बहुत मुश्किल कार्य नहीं है। आपका जन्म जिस धर्म, जाति, कुल, घर में हुआ है, उसे आप बदल नहीं सकते। उसके बारे में चिन्ता करने से आपके जीवन में विजय प्राप्त नहीं हो सकती। इसलिए सद्गुरुदेव निखिल कहते हैं- तुम भूल जाओ कि किस देश, प्रान्त, जाति, धर्म के हो। इस बात पर विचार करो कि तुम्हारा स्व क्या है? और तुम अपने स्व को सार्थक किस प्रकार से बना सकते हो? जिस दिन इस प्रकार का चिन्तन प्रारम्भ हो जायेगा, वही जीवन की साधना है, जप है, यज्ञ है, तब तुम सफलता की ओर कदम बढ़ाने लगोगे। सफलता का यह राज है कि हम असफलताओं की मलीनता को अपने से चिपकाकर नहीं रखें, उसे उतारकर दूर फेंकें। सद्गुरुदेव कहते हैं कि- हमारे जीवन में किसी एक क्षेत्र में हजार प्रतिशत सुधार की आवश्यकता नहीं है, बल्कि आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने जीवन के हजार क्षेत्रों में से प्रत्येक क्षेत्र में एक-एक प्रतिशत सुधार कर लें तो जीवन में हजार प्रतिशत परिवर्तन आ जाता है और सफलता अवश्य मिलती है।
    विजय का तात्पर्य है कि जो भी जीवन में कांटे हैं, जो भी जीवन में कंकड़ हैं, जो भी जीवन में न्यूनताएं हैं, जो भी जीवन में शत्रु हैं, उन सब पर विजय पाना और उन सबको समाप्त कर देना। यदि जीवन में विजयी बनना है तो मनुष्य को कुछ ऐसा कार्य करने के लिए निरन्तर प्रेरित होना पड़ेगा, जिससे कि उसका जीवन दूसरों से कुछ अलग बन सके। सही समय पर सही कार्य किये जाने पर उसका फल निश्चय ही शीघ्र प्राप्त होता है और कार्य भी त्वरित गति से सम्पन्न होता है। प्रत्येक पर्व अपने आप में एक विशेष रहस्य लिये हुए रहता है और विजयादशमी पर्व वास्तव में एक तांत्रोक्त साधना सिद्घि पर्व है। तंत्र वह प्रक्रिया है, जिसके द्वारा कार्य को सही रूप में सम्पन्न किया जाय, सही क्रिया की जाय।

    विजयादशमी और रावण दहन

    शक्ति साधना के 9 दिन नवरात्रि हैं और दसवां दिन विजयादशमी है। मान्यता है कि इस दिन राम ने रावण का वध किया था। इसलिए हर वर्ष विजयादशमी के दिन रावण, मेघनाद, कुंभकरण का पुतला जलाया जाता है। विचारणीय प्रश्न है कि क्यों रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण का पुतला हर साल जलाने की आवश्यकता है? क्या इनका संहार एक बार में नहीं हो सकता है? उत्तर हां और ना! क्योंकि मेघनाद, कुंभकरण और रावण प्रतीक है हमारे अंदर बसने वाली नकारात्मक भावनाओं का। रावण अतिशय अहंकार का द्योतक है, जिसे आम बोलचाल में घमंड कहते हैं, कुंभकरण जड़ता है, वह भाव कि आज करे सो काल कर और काल करे सो परसों एवं मेघनाद अतिशय महत्वाकांक्षा है, ऐसी महत्वाकांक्षा लालच में तब्दील हो जाती है। महत्वाकांक्षा और लालच के बीच एक महीन सी लकीर है, जैसे ही ‘महत्वाकांक्षा’ भय और असुरक्षा से घिर जाती है, वह लालच का रूप ले लेती है। कई बार लालच में हमें सत्य और मिथ्या का भेद नहीं दिखाई देता है। मेघनाद ने हनुमान को ब्रह्म-पाश में क्या बांध लिया, उसे लगा कि वह हनुमान से अधिक शक्तिशाली है और यही भ्रम उसके अंत का कारण बना।
    रामायण-नायक राम मयार्दा पुरुषोत्तम हैं। उनके चरित्र में कहीं भी आवेग नहीं है और रावण आवेश को ही समर्पित है। उसके लिए तो ‘जो मैंने सोचा, वही सही है’। क्योंकि कमोवेश यह भाव हम सबके मन में बार-बार उठते हैं। इसीलिए विजयादशमी को प्रतीक रूप में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण हर साल जला दिए जाते हैं। क्योंकि, वास्तविक विजयदशमी का अर्थ आत्मिक स्तर पर परिवर्तन है। जब संकीर्णता उदारता में, क्रूरता करुणा में, विचारहीव कुतर्क सृजनात्मक आलोचना में और पूर्वाग्रह प्रौढ़ता में बदल जाए, तब जीवन में वास्तविक विजयादशमी है।

    • Varnan Live.
  • Editorial : बिहार में जल प्रलय से तबाही

    Editorial : बिहार में जल प्रलय से तबाही

    बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में पिछले दिनों बारिश ने ऐसी तबाही मचायी कि उसने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये। खासकर, बिहार की राजधानी पटना में जो जल प्रलय हुआ, उसने बड़े बड़ों का कलेजा दहला दिया। राजधानी पटना में जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कई इलाकों में लोगों के घर डूब गये और सड़कों पर वाहनों की जगह नाव चलते रहे। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम ने पीड़ित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और अभी तक राहत अभियान चला रही है। कई सामाजिक संगठन भी लोगों को सहायता पहुंचा रहे हैं। लेकिन, तमाम कोशिशों के बावजूद शहर के नाले जाम पड़े हैं और जल निकासी के सारे इंतजाम फेल हो गये हैं। बारिश थमने के बाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति है और महामारी फैल रही है। इसी बीच मौसम विज्ञान ने फिर से अलर्ट जारी कर दिया है। इससे लोग दहशत में हैं। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी पटना समेत मध्य बिहार के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। पिछले चार दिनों की हुई भारी बारिश में पटना सहित राज्य के कई इलाकों में 55 लोगों की मौत हो चुकी है। जलजमाव वाले क्षेत्रों में वायुसेना के जवान भी लोगों को सहायता पहुंचाने में जुटे हैं।
    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बारिश से हुई या तबाही को प्राकृतिक आपदा बता रहे हैं। उनके अनुसार इस पर किसी का कोई नियंत्रण नहीं है, लेकिन सच्चाई यही है कि इस प्राकृतिक आपदा के लिए बहुत हद तक मनुष्य भी जिम्मेदार है। पर, शहर में भयानक जलजमाव ने पटना नगर निगम की कार्य-प्रणाली की भी पोल खोलकर रख दी है। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर जरूर सवाल खड़े करते हैं। केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानन्द राय के अनुसार केन्द्र सरकार अपने स्तर से पटना समेत बिहार में बारिश एवं नदियों में आयी बाढ़ से निपटने के लिए राज्य सरकार को हर संभव मदद कर रही है। इसी बीच पटना शहर के कई इलाकों में मची तबाही और इससे निपटने में राज्य सरकार की बदइंतजामी को लेकर मुख्यमंत्री की आलोचना भी हो रही है। लोग परेशान हैं। अस्पतालों में लम्बी कतारें लग रही हैं। ऐसी स्थिति में राज्य सरकार को चाहिये कि वह प्रभावित क्षेत्रों से जल निकासी के साथ-साथ फैल रही महामारी को रोकने और लोगों को राहत देने की दिशा में जल्द से जल्द ठोस और सार्थक कदम उठाये।

  • चंदनकियारी से भाजपा की चुनावी हुंकार, फिर बनेगी रघुवर सरकार!

    चंदनकियारी से भाजपा की चुनावी हुंकार, फिर बनेगी रघुवर सरकार!

    कार्यालय संवाददाता
    बोकारो/चंदनकियारी :
    बोकारो जिले की चंदनकियारी विधानसभा सीट को लेकर भाजपा-आजसू के अपने-अपने दावों और एक-दूसरे पर बीच वार-पलटवार के बीच भाजपा के केन्द्रीय व प्रदेश नेतृत्व ने आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो को यह संदेश दे दिया है कि विधानसभा के आगामी चुनाव में उनका ‘प्रेशर पॉलिटिक्स’ नहीं चलने वाला है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूरी दुनिया में सनातन धर्म का डंका बजाने वाले भारत के देव-पुरुष स्वामी विवेकानंद एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर चंदनकियारी स्थित चंडीपुर फुटबॉल मैदान में न सिर्फ क्षेत्र की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में स्थानीय विधायक व राज्य सरकार के मंत्री अमर कुमार बाउरी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया, बल्कि प्रदेश में भारी बहुमत के साथ पुन: भाजपा सरकार के गठन का दावा भी किया। उल्लेखनीय है कि विधायक अमर बाउरी ने पिछले चुनाव में चंदनकियारी के पूर्व विधायक व आजसू पार्टी के उम्मीदवार उमाकांत रजक को भारी मतों के अन्तर से पराजित किया था और इससे खुंदक खाये श्री रजक आजसू पार्टी के सरकार में शामिल रहते हुए भी क्षेत्र में श्री बाउरी के खिलाफ लगातार न सिर्फ आग उगल रहे हैं, बल्कि विगत लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने धनबाद से भाजपा उम्मीदवार व वर्तमान सांसद पशुपति नाथ सिंह की खिलाफत करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी का साथ दिया था। यह आरोप भाजपा के भी कई दिग्गज नेता पहले ही लगा चुके हैं। इसी बीच आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने चंदनकियारी के भोजूडीह में आयोजित एक कार्यक्रम में उमाकांत रजक को अपना भावी उम्मीदवार घोषित करते हुए क्षेत्र को ‘केला’ अर्थात अपने दल के लिए उपजाऊ भूमि बताया था और लोगों से श्री रजक का साथ देने की अपील की थी। श्री महतो के इस बयान के बाद भाजपा ने उन पर प्रेशर पॉलिटिक्स करने का आरोप लगाते हुए यहां से आजसू पार्टी की दावेदारी को सिरे से खारिज कर दिया था।

    2022 तक होगा नये झारखंड का निर्माण : मुख्यमंत्री

    पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस तथा प्रदेश स्तर पर झामुमो पर तीखे हमले किये। उन्होंने कहा कि पिछले 67 वर्षों में कांग्रेस ने सिर्फ दीमक की तरह देश को खोखला किया, जबकि झामुमो के नेताओं ने प्रदेश को लूटकर सिर्फ अपने परिवार को समृद्ध बनाया। उन्होंने कांग्रेस-झामुमो के ठग-महागठबंधन की जाल में लोगों से नहीं फंसने का आह्वान करते हुए कहा कि कमजोर सरकार होने से भ्रष्टाचार बढ़ता है, विकास नहीं होता है। आज चंदनकियारी के हर घर में बिजली पहुंची है। जल्द ही 24 घंटे बिजली मिलने लगेगी। आज हर गांव में स्ट्रीट लाइट लग रहे हैं। गांव में सोलर जलापूर्ति योजना बनाई जा रही है। उसके बाद पाइप लाइन के माध्यम से हर घर तक पेयजल पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि अब गरीबों को मिलने वाले पेंशन को 1000 रुपया किया गया है। गरीब माता-पिता की चिंता करते हुए चंदनकियारी के विधायक ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की शुरुआत की। गरीब बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने का काम सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल में हमारी सरकार ने प्रदेश के विकास में कीर्तिमान स्थापित किया है, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है। यह देश का नम्बर 1 राज्य बन सकता है। 2022 तक नये झारखंड का निर्माण होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा झारखंड तथा देश के विकास में किये गये कार्यों तथा अपनी उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया। 

    साकार होता स्वामी विवेकानंद का सपना

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक वैश्विक नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में भारत का मान-सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है और देश-विरोधी ताकतों को मनोबल टूटा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक स्वामी विवेकानंद ने अपने 24 वर्ष की उम्र में भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना देखा था। उसी सपने को आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी साकार कर रहे हैं। वे आज वैश्विक नेता बन चुके हैं। 2014 से पहले कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद की राजनीति करती रही, वही काम झारखंड में झामुमो कर रही है। उन्होंने प्रदेश की जनता से ऐसे दलों से इस चुनाव में सावधान रहने की अपील की। 

    चंदनकियारी में कमल खिलाने का आह्वान

    मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की समृद्धि के लिए यहां के लोगों से आने वाले चुनाव में चंदनकियारी से भी एक कमल खिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस तरह पांच वर्ष का मौका हमारी सरकार को मिला है और राज्य में जिस तरह विकास कार्य हुए हैं, उसी तरह एक बार फिर से इस बार के चुनाव में आप चंदनकियारी से एक कमल खिलाएं। कमल आएगा तो गरीब को रोटी मिलेगी, घर मिलेगा, नौकरी मिलेगी।

    पांच वर्षों में बदली देश व प्रदेश की तस्वीर : नड्डा


    सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि आपने तह तय कर लिया है कि इस बार फिर से झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष में झारखंड और भारत की तस्वीर बदली है। आपको याद होगा कि विगत पांच वर्ष पूर्व किस तरह की भ्रष्ट सरकारें होती थीं। आज हम कह सकते हैं कि झारखंड में सशक्त सरकार है। श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले सप्ताह जब प्रधानमंत्री अमेरिका में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम में गये थे तो देश और दुनिया के लोगों ने देखा कि भारत का क्या मान-सम्मान है। पहले देश टूटा हुआ था, लेकिन पीएम ने आज देश को जोड़ा है। सही मायने में पाकिस्तान पूरी दुनिया में अलग-थलग हो गया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और उससे वहां के लोगों को होने वाले फायदे का भी उल्लेख किया। उन्होंने अपने जन-प्रतिनिधि और अपने क्षेत्र को मजबूत करने के लिए विधायक अमर कुमार बाउरी को फिर से जीत दिलवाने का आह्वान किया।

    विपक्ष का होगा सूपड़ा साफ : अमर बाउरी

    अपने स्वागत भाषण में स्थानीय विधायक एवं राज्य सरकार के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने नवरात्र के पर्व पर मां दुर्गा का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में जो 65 पार का लक्ष्य मिला है, उससे अधिक 70 विधानसभा पर सीटों पर भाजपा जीतेगी। उन्होंने कहा कि एक लाख 27 हजार मतों से चंदनकियारी के लोगों ने लोकसभा के चुनाव में अपना सांसद चुना था। उसी तरह रघुवर दास को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए ऐसा ही मत चंदनकियारी विधानसभा में मिलेगा। इस बार विपक्ष का सुपरा साफ हो जायेगा। उन्होंने बिना नाम लिये आजसू पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज की सभा वैसे लोगों की नींद उड़ाने के लिए काफी है, जो जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं।

    • Varnan Live Report.
  • पाकिस्तान में अब तख्ता पलट की तैयारी, इमरान के जेल जाने की बारी!

    पाकिस्तान में अब तख्ता पलट की तैयारी, इमरान के जेल जाने की बारी!

    नीरज कुमार झा
    नई दिल्ली : पाकिस्तान में ‘यू-टर्न’ के नाम से मशहूर हो चुके वजीर-ए-आजम इमरान खान की सरकार पर तख्ता पलट का खतरा मंडराने लगा है। यह सब तब हो रहा है, जब संयुक्त राष्ट्र में भारत से पिटकर खाली हाथ लौटे इमरान की पूरे देश में फजीहत हो रही है। फिर उनकी पार्टी पीटीआई के एक नेता बाबर ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। चुनाव आयोग ने भी उनकी फाइल खोल दी है। इमरान पर विदेशों से करोड़ों रुपये का धन इकट्ठा करने का आरोप है। इन घटनाक्रमों के बीच पाकिस्तानी सेना प्रमुख बाजवा ने वहां के व्यवसायियों की एक अहम बैठक बुलाकर यह संदेश दे दिया है कि इमरान खान पाकिस्तान में बिल्कुल नकारा साबित हो चुके हैं। पाकिस्तान की रसातल में जाती अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए वहां की सेना को आगे आना पड़ा है। सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा ने देश के बड़े कारोबारियों से निजी मुलाकात की है। यह मुलाकातें कराची के सैन्य कार्यालय के अलावा सेना के रावलपिंडी स्थित हेडक्वार्टर में आयोजित की गई, जहां पर बाजवा ने कारोबारियों से अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए सुझाव मांगे हैं। विशेषज्ञ इसको एक तरह से सेना की तख्तापलट करने की तैयारी के तौर पर भी देख रहे हैं। इमरान खान के कार्यकाल से खुश न होने पर ही बाजवा ने यह कदम उठाया है। इससे पहले इमरान खान की सरकार में कभी भी सेना ने आर्थिक हालात पर दखल नहीं दिया है।
    पाकिस्तान के अखबार ‘डॉन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, बाजवा ने कारोबारियों से कहा कि वे जल्द से जल्द निवेश बढ़ाने के बारे में विचार करें, ताकि अर्थव्यवस्था में आयी कमियों को दूर किया जा सके। यह पहली बार है कि जब सेना ने अर्थव्यवस्था को लेकर के कारोबारियों के साथ मुलाकात की है। पाकिस्तान के ज्यादातर बड़े कारोबारियों को इमरान खान सरकार से ज्यादा सेना परभरोसा है। आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि सेना देश के आर्थिक हालात को अच्छे से सुधार सकती है। उनका मानना है कि इमरान सरकार इस मामले से निपटने के लिए ज्यादा सक्षम नहीं है। हालांकि कुछ का कहना है कि इससे पाकिस्तान की डेमोक्रेसी और असैन्य संगठनों पर पर असर पड़ सकता है और सेना जल्द ही इमरान खान सरकार को हटाकर के खुद ही देश की कमान अपने हाथों में ले सकती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि पाकिस्तान के इतिहास में कई बार यह देखने को मिला है, जब सेना ने निर्वाचित सरकार को हटाकर खुद ही कमान संभाल ली है। फिलहाल पाकिस्तान में जो हालात दिख रहे हैं, उससे यह साफ संकेत मिलने लगे हैं कि फौरेन फंडिंग के मामले में इमरान फंस चुके हैं। पाकिस्तान आशिफ अली जरदारी और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को जेल भेजने वाले इमरान की खुद की बारी आ गयी है।
    दरअसल, जम्मू-कश्मीर के मसले पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के हाथों कूटनीतिक हार और देश में चल रही अर्थव्यवस्था की बुरी हालत ने पाकिस्तान को इन दिनों मुश्किलों में डाल दिया है। हर किसी के निशाने पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान हैं। पाकिस्तानी मीडिया में इस बात की अटकलें तेज हैं कि पाकिस्तान के बड़े बिजनेसमैन इमरान खान की नीतियों से परेशान चल रहे हैं। इसी वजह से अब कमर बाजवा ने उनकी परेशानी जानने की कोशिश की। कमर बाजवा अक्सर सेना की वर्दी में ही नजर आते हैं, लेकिन यहां वह वर्दी नहीं, बल्कि सूट-बूट में बैठक करते नजर आये। मीडिया चैनल में एक्सपर्ट भी इस बात को रख रहे हैं कि पाकिस्तान में अब लोग नए विकल्प को ढूंढ रहे हैं, लेकिन सेना से बड़ा विकल्प कोई नहीं है। ऐसे में अब तख्तापलट ही सबसे बड़ा रास्ता है। गौरतलब है कि पाकिस्तान में आम चुनाव से पहले आतंकियों और सेना ने खुले तौर पर इमरान खान का समर्थन किया था, लेकिन इमरान खान कामकाज संभाल नहीं पाये। न ही अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर पाकिस्तान में कुछ हो पाया और न ही जम्मू-कश्मीर के मसले पर कुछ हो पाया।

    • Varan Live Report.
  • Editorial- मोदी का ‘मिशन झारखंड’

    Editorial- मोदी का ‘मिशन झारखंड’

    झारखंड की धरती एकबार पुन: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश को नयी योजनाओं की सौगात दिये जाने का गवाह बनी है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को राजधानी रांची की धरती से देश के करोड़ों किसानों को पेंशन देने की प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना, करोड़ों दुकानदारों और स्वरोजगार करने वालों के लिए राष्ट्रीय पेंशन योजना तथा 462 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय निर्माण योजना का शुभारंभ किया। साथ ही झारखंड के नवविर्मित विधानसभा भवन और साहेबगंज में नवनिर्मित मल्टी मॉडल बंदरगाह के टर्मिनल का उद्घाटन तथा नये झारखंड सचिवालय भवन का शिलान्यास भी किया। इससे पहले पिछले वर्ष सितम्बर माह में मोदी ने आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत भी झारखंड की धरती से ही की थी। देश के लोगों को उपर्युक्त नयी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सरकार द्वारा किये गये कार्यों और उसकी उपलब्धियों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला और यह भी बताया कि झारखंड की धरती देश के गरीबों के लिए नयी परियोजनाओं का लॉंचिंग पैड है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री रघुवर दास को अपना मित्र बताते हुए राज्य सरकार के विकास कार्यों पर संतुष्टि जतायी और राज्य के नेतृत्व की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि नये भारत और नये झारखंड के निर्माण के लिए सबों को मिलकर काम करना है। साथ ही प्रदेशवासियों से आगे पांच साल में झारखंड में फिर विकास का डबल इंजन लगाने की अपील की। उल्लेखनीय है कि दो-तीन माह बाद झारखंड में विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में रांची की धरती से देश के लिए नयी योजनाओं की शुरुआत के साथ ही उनका उक्त कथन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मिशन झारखंड’ की एक कड़ी के रूप में देखा जा सकता है। दरअसल, साहेबगंज में गंगा बंदरगाह का सपना बहुत पुराना था। लेकिन, इसमें काफी समय लग गया। साहेबगंज में नवनिर्मित मल्टी मॉडल टर्मिनल प्रोजेक्ट झारखंड को देश ही नहीं, विदेश से भी जोड़ेगा और झारखंड में जल व्यापार मार्ग के एक नये युग की शुरुआत होगी। यह बंदरगाह वाराणसी और कोलकाता के बीच होगा और इसका सीधा सम्पर्क हल्दिया, फरक्का, इलाहाबाद और पटना से होगा। इसलिए यह व्यापार के एक बड़े केन्द्र के रूप में स्थापित हो सकता है। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने ही अप्रैल, 2017 में साहेबगंज मल्टी मॉडल टर्मिनल की आधारशिला रखी थी, जिसका निर्माण लगभग दो साल की रिकॉर्ड अवधि में 290 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। अब यह बिहार और झारखंड के उद्योगों के लिए वैश्विक बाजार का मार्ग खोलेगा और जल मार्ग के जरिये भारत-नेपाल कार्गो कनेक्टिविटी सुलभ करायेगा। साहेबगंज अब नदी-समुद्र मार्ग से बांग्लादेश होते हुए पूर्वोत्तर के राज्यों से भी जुड़ जायेगा। साहेबगंज में गंगा पर एक बड़े पुल का निर्माण भी हो रहा है। इस पुल के बन जाने से संतालपरगना से बिहार के विभिन्न जिलों की दूरी घट जाएगी और जिस सफर में अभी आठ घंटे लगते हैं, वह महज एक घंटे में तय की जा सकेगी। इस प्रकार ये नयी परियोजनाएं झारखंड के लिए निश्चय ही लाभकारी साबित होंगी।

  • लापरवाही का नतीजा ‘जल’जला

    लापरवाही का नतीजा ‘जल’जला

    कुमार संजय
    बोकारो थर्मल : बोकारो थर्मल स्थित कारो स्पेशल फेज दो सहित निशन हाट झोपड़ पट्टी कॉलोनी, डीवीसी की आवासीय एचएमटी कॉलोनी के 50 से भी ज्यादा घरों में रहने वाले लोगों के लिए नूरी नगर स्थित डीवीसी का ऐश पौंड आफत बन टूट पड़ा। जब लोग रात्रि-निंद्रा में थे, उसी वक्त डीवीसी का एक नंबर पौंड 50 मीटर तक भरभराकर टूट गया। रात्रि में अपने घरों में सोये लोग जब तक कुछ समझ पाते, उनके घरों में पांच फीट तक छाई युक्त स्लरी प्रवेश कर गया और घरों में रखे लाखों रुपये के सारे सामानों को नष्ट एवं बर्बाद कर दिया। रात के अंधेरे में डीवीसी के ऐश पौंड से निकलने वाले छाईयुक्त पानी के जलजले ने कारो स्पेशल फेज दो सहित निशन हाट झोपड़ पट्टी कॉलोनी, डीवीसी की आवासीय एचएमटी कॉलोनी के 50 से भी ज्यादा घरों में भारी तबाही मचायी। पौंड से निकलने वाले स्लरी ने सीसीएल के कारो स्पेशल फेज दो स्थित राज्य सरकार के अस्तपाल की चहारदीवारी तोड़कर रख दी, वहीं अस्पताल के सभी कमरों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया था।

     

    लापरवाही के कारण घटी घटना

    डीवीसी के एक नंबर ऐश पौंड की क्षमता 10 लाख क्यूबिक मीटर की थी। पौंड बनने के बाद जब छाई का गिराव सीसीएल की बंद पड़ी खदानों में किया जाता था तो उस पर मिट्टी डालने के लिए पौंड से ही मिट्टी की कटिंग की गयी। अप्रैल महीने में जब सीसीएल से छाई का गिराव बंद खदानों में गिराने पर रोक लगी तो डीवीसी प्रबंधन ने कोलकाता के निर्देश पर पौंड के किनारों को 5-6 फीट छाई एवं मिट्टी भरकर उसमें छाईयुक्त पानी को जमा करना आरंभ कर दिया था। इस प्रकार के उपाय से पौंड की क्षमता 10 लाख क्यूबिक मीटर से बढ़कर लगभग 13 लाख क्यूबिक मीटर हो गयी थी। ऐश युक्त पानी जमा करने के कारण पौंड पर अतिरिक्त दवाब पड़ रहा था और दवाब पड़ने से पानी का रिसाव भी हो रहा था, जिससे पौंड में दरार पड़ने लगी थी और इसके टूटने की संभावना प्रबल हो गयी थी। पौंड से पानी के दवाब को कम करने के लिए पानी भरे पौंड में मोटर और पाईप लगाकर पानी की निकासी की जा रही थी, जिससे दवाब को कम किया जा सके, परंतु पानी निकासी का इस प्रकार का तरीका पौंड के लिए घातक साबित हो रहा था। पौंड से पानी निकालकर उसे बांध पर ही गिराया जा रहा था, जिससे बांध की मिट्टी का कटाव बाहर से हो रहा था और भीतर से दवाब पड़ने के कारण पौंड टूट गया। इस घटना में फेज दो स्थित अस्पताल के पीछे सीसीएल की आवासीय कॉलोनी में पेयजलापूर्ति के लिए लगाया गया पंप हाउस छाई से भर जाने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। पम्प हाउस के क्षतिग्रस्त हो जाने से स्थानीय सीसीएल कॉलोनी में पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गयी।

     

    50 घरों में लाखों की क्षति

    बोकारो थर्मल के निशन हाट झोपड़ पट्टी कॉलोनी सहित डीवीसी की आवासीय एचएमटी कॉलोनी के 50 से भी ज्यादा घरों में पौंड के पानी ने भारी तबाही मचायी। रात्रि में पौंड से आये पानी को देखते हुए नंदिनी देवी ने अपने छोटे बच्चों को घर से निकालकर एसबेस्टस की छत पर ही रात बितायी। एचएमटी कॉलोनी के समीप अपना खुद का मकान बनाकर रहनेवाली विधवा लक्ष्मी देवी का आधा घर टूटकर तेज पानी के बहाव में बह गया। साथ ही पानी की तेज धारा में उसके घर का सारा सामान, बिस्तर, बर्तन एवं बक्सा आदि भी बह गये। उसके घर में पानी पीने को ग्लास तक नहीं बचा। निशन हाट झोपड़ पट्टी कॉलोनी की रहने वाली रमा देवी की दो माह की पोती पानी की तेज धार में घर से बह निकली तो उसने किसी तरह उसे बचाया। कॉलोनी के 30 से ज्यादा घरों में रहने वालों में से कैलाश तुरी, लाल बाबू तुरी, दुर्गा तुरी, विकास, सुनील सिंह, रामचंद्र मुंडा, रमा देवी, संजय प्रसाद साव के घरों में घुसे पानी ने सारा सामान बर्बाद कर दिया। यहां तक कि खाने को घरों में एक दाना भी नहीं बचा। डीवीसी के आवासीय कॉलोनी एचएमटी 22, 23, 24, 25 एवं 32 में रहने वाले कई कामगारों के घरों में पांच फीट तक पानी भर जाने से लाखों की संपत्ति बर्बाद हो गयी।

     

    धान के खेत बन गये मैदान

    ऐश पौंड के निचले हिस्से में गोविंदपुर बस्ती के किसानों के धान के खेत पौंड टूटने के बाद उससे निकलने वाले छाई एवं स्लरी से मैदान बन गये। किसानों में से हुलास महतो, सूकर महतो, बासुदेव महतो, संतोष महतो, जयलाल महतो, परमेश्वर महतो आदि का कहना था कि उनके खेतों में लगे धान बर्बाद हो गये, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है और डीवीसी को इसकी भरपायी करनी होगी, वरना पौंड का काम करने नहीं दिया जाएगा।

     

    मैकनेली भारत को चार करोड़ का नुकसान

    पौंड के निचले हिस्से में पंप हाउस एवं पैनल रूम का काम करने वाली कंपनी मैकनेली भारत को पौंड के टूटने से लगभग चार करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। कंपनी के स्थानीय इंचार्ज क्रांति का कहना था कि मलबे में 200 टन स्टील, पंप हाउस का मोटर, पैनल आदि दबकर खराब हो गये हैं, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये होगी। इसी प्रकार केबी इंजीनियरिंग एवं जेजी इंजीनियरिंग को भी काफी क्षति उठानी पड़ी है।

     

    प्रशासनिक टीम ने लिया जायजा

    फ्लाई ऐश पौंड पॉण्ड टूट जाने की वजह से आसपास के इलाकों में फ्लाई ऐश युक्त पानी के घुसने से हुई क्षति की जांच करने हेतु उपायुक्त द्वारा गठित चार-सदस्यीय टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उपायुक्त के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो (तेनुघाट) प्रेम रंजन तथा जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार की टीम ने घटनास्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण करते हुए, घटना के कारणों को चिन्हित करते हुए घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। इस निरीक्षण के क्रम में बेरमो विधायक योगेश्वर महतो बाटुल भी उपस्थित थे। साथ ही उन्होंने पूरे क्षेत्र का भेद्यता मानचित्रण करते हुए आस-पास के क्षेत्रों में फसलों व घरों के नुकसान का भी अध्ययन करते हुए प्रतिवेदन तैयार किया। तत्पश्चात उन्होंने इस फ्लाई ऐश पाउंड सहित पूरे इलाके का सुरक्षा आॅडिट भी किया। घटनास्थल के निरीक्षण के क्रम में डीवीसी के पदाधिकारी, इंजीनियर सहित जिला प्रशासन के कई कर्मी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान बेरमो विधायक बाटुल ने भी माना कि पूर्व में ही पौंड के निर्माण में काफी अनियमितता बरती गयी है। निर्माण के समय पौंड में बांध बांधने में मिट्टी के स्थान पर मोरम का उपयोेग किया गया है, जिसके कारण पौंड टूट गया। कहा कि पौंड टूटने के कई कारण हैं, जो जांच के बाद ही सामने आयेंगे। बता दें कि उक्त मामले की जांच को लेकर दामोदर बचाओ आंदोलन के प्रणेता और झारखंड सरकार के मंत्री सरयू राय ने पत्र लिखा था। समझा जाता है कि इसी आलोक में प्रशासनिक दल ने जांच की।

     

    बंद खदानों में छाई-निस्तारण की मांग

    बोकारो के अपर समाहर्ता ने ऐश पौंड पर टूटे एक नंबर पौंड से कोनार नदी में जा रहे छाई को तत्काल रोक लगाने का निर्देश डीवीसी के स्थानीय प्रोजेक्ट हेड कमलेश कुमार को दिया। एसी के निर्देश पर प्रोजेक्ट हेड ने कहा कि अवलिम्ब रोक लगा दी जाएगी। प्रोजेक्ट हेड ने जांच टीम के अधिकारियों से कहा कि कुछ दिनों के अंदर टूटे सेटलिंग पौंड के मरम्मत का काम पूरा कर 500 मेगावाट के ए पावर प्लांट को चालू करने का काम किया जाएगा। साथ ही एक माह के अंदर टूटे हुए एक नंबर पौंड की मरम्मत कर ली जायेगी। प्रोजेक्ट हेड ने विधायक सहित जांच टीम के अधिकारियों से छाई के डिस्पोजल की समस्या रखी और कहा कि पूर्व की ही तरह इसे सीसीएल के बंद खदानों में गिराने की अनुमति प्रदान की जाय, ताकि पावर प्लांट को सुचारू रुप से चलाया जा सके।

     

    प्रदूषण-नियंत्रण टीम ने कहा- मानकों का हुआ उल्लंघन, होगी कार्रवाई

    बोकारो थर्मल में नूरीनगर स्थित डीवीसी के एक नंबर ऐश पौंड टूटने तथा हजारों टन छाई कोनार एवं दामोदर नदी में बहकर जाने मामले की जांच के लिए राज्य के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय धनबाद एवं रांची से पांच सदस्यों की टीम शुक्रवार को जिले के बोकारो थर्मल आयी। प्रदूषण बोर्ड की टीम में प्रदूषण अभियंता डीपी सिंह, धनबाद के क्षेत्रीय अभियंता आरएन चौधरी, आशुतोष और आनंद शामिल थे। टीम ने बोकारो थर्मल नूरीनगर स्थित पौंड पर जाकर मामले की जांच की तथा डीवीसी सिविल के अधिकारियों से पौंड टूटने मामले को लेकर पूछताछ करते हुए वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी करायी। बाद में टीम के सदस्यों में से डीपी सिंह ने पूछे जाने पर कहा कि ऐश पौंड की जो वर्तमान स्थिति है, उसमें पर्यावरण के मानकों का उल्लंघन हुआ है। वर्तमान में प्रदूषण नियंत्रण के मानक पहले से कहीं ज्यादा कठोर हैं। स्पष्ट दिख रहा है कि पौंड के टूटने के बाद पौंड से निकलने वाली छाईयुक्त गंदे पानी से कोनार एवं दामोदर नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में बोर्ड द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

     

    65 एकड़ भूमि पर बना था ऐश पौंड
    बता दें कि डीवीसी द्वारा नूरीनगर में 65 एकड़ भूमि पर वर्ष 2008 में 10 लाख क्यूबिक मीटर की क्षमता वाले दो ऐश पौंड का निर्माण कार्य आरंभ किया गया था। 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पौंड का निर्माण लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2012 में पूरा हुआ था।

    • Varnan Live Report.
  • अब इंडिया मांगे POK…

    अब इंडिया मांगे POK…

    नीरज कुमार झा
    नयी दिल्ली :
    कारगिल की लड़ाई में कैप्टन विक्रम बत्रा का नारा ‘ये दिल मांगे मोर’ वाली बात अब सही मायने में मौजूदा भारत-पाक संदर्भ में भी सटीक बैठती दिख रही है। भारत का अगला लक्ष्य अब पाक-अधिकृत कश्मीर (पीओके) को प्राप्त करना है और खास बात यह है कि देश के सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत ने इसका संकेत भी दे दिया है। उन्होंने साफ-साफ कह दिया है कि उन्हें बस सरकार के इशारे का इंतजार है, सेना तो हर वक्त तैयार है।

    photo courtesy- google images

    गौरतलब है कि पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर को लेकर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के बयान के बाद सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने बड़ी बात कही है। सेना प्रमुख ने कहा है कि अगला एजेंडा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को फिर से हासिल करना और इसे भारत का हिस्सा बनाना है, इसके लिए सेना तैयार है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों पर सरकार ही फैसला लेती है और देश की सभी संस्थाएं सरकार के आदेश के अनुसार काम करेंगी।

    आपको बता दें कि इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा था कि सरकार का अगला एजेंडा जम्मू-कश्मीर के बाकी हिस्से पीओके को भारत में शामिल करना है। उन्होंने कहा कि ये केवल उनकी या पार्टी की प्रतिबद्धता नहीं है। यह प्रस्ताव तो 1994 में संसद में पीवी नरसिम्हा राव की सरकार के वक्त पास किया गया था। सेना प्रमुख ने कहा कि उनका अगला एजेंडा पीओके को भारत में शामिल करना है और इसके लिए सेना तैयार है। सरकार को इस बारे में फैसला करना है। सरकार जो निर्देश देगी, सेना उसका पालन करेगी।

    • Varnan Report.
  • झारखंड ने फिर लिखी नयी इबारत

    झारखंड ने फिर लिखी नयी इबारत

    विजय कुमार झा
    रांची :
    झारखंड की धरती एक बार फिर से राष्ट्रीय स्तर पर धन्य-धन्य हुई। यहां के जरिये पूरे देश के लिये विकास की एक नयी इबारत लिखी गयी है और यह नया और ऐतिहासिक आयाम फिर जोड़ा है देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने।

    बीते हफ्ते अपने रांची दौरे के क्रम में प्रधानमंत्री झारखंड की रत्नगर्भा भूमि पर विकास की एक और नयी इबारत रच गये। उन्होंने कहा भी कि झारखंड की धरती देश में शुरू होने वाली सरकार की बड़ी और महत्कांक्षी योजनाओं के लिये एक लांचिंग पैड है। देश में इस बात की चर्चा होगी कि गरीबों से जुड़ी बड़ी योजनाएं किस राज्य से शुरू हुईं, तो उसमें झारखंड का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आयेगा। विदित हो कि राजधानी का प्रभात तारा मैदान एक बार फिर ऐतिहासिक पलों का गवाह बना और यहीं से उन्होंने राष्ट्र को तीन बड़ी योजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड की सबसे बड़ी पंचायत विधानसभा के अपने भवन का लोकार्पण करने के बाद प्रधानमंत्री ने बिरसा आबा की धरती से प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना, व्यापारी और स्वरोजगारियों के लिए राष्ट्रीय पेंशन योजना का शुभारंभ किया। साहेबगंज मल्टी मॉडल टर्मिनल का उद्घाटन कर उन्होंने झारखंड को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ दिया। प्रधानमंत्री ने तीन साल में 462 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की स्थापना से जुड़ी योजना की शुरुआत की, तो 1238 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले झारखंड सचिवालय का शिलान्यास भी किया।
    मौके पर मोदी ने कहा कि हर भारतीय को सामाजिक सुरक्षा का कवच देने के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध है। झारखंड की धरती से ही दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत हुई थी। देश के लाखों लोग जो धन के अभाव में इलाज नहीं करा पाते थे, अब वह अपना इलाज करा पा रहे हैं। सरकार पर अपना आशीर्वाद बरसा रहे हैं। मोदी ने कहा कि देश के करोड़ों किसानों के लिए पेंशन सुनिश्चित करने वाली योजना की शुरुआत बिरसा मुंडा की धरती से हो रही है। देश के करोड़ों व्यापारियों और स्वरोजगारियों के लिए राष्ट्रीय पेंशन योजना की शुरुआत भी झारखंड से हो रही है। देश को बनाने में जिनकी बहुत बड़ी भूमिका है, ऐसे समाज के सभी वर्गों को बुढ़ापे में मुसीबत में जीना नहीं पड़े, उसकी गारंटी देगी यह पेंशन योजना। पीएम ने कहा कि उनकी सरकार हर भारतीय को सामाजिक सुरक्षा का कवच देने का प्रयास कर रही है। इसी वर्ष मार्च से ऐसी ही पेंशन योजना देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए चल रही है। श्रमयोगी मानधन योजना से अब तक 32 लाख से ज्यादा श्रमिक साथी जुड़ चुके हैं।

    स्वच्छता की अपील
    प्रधानमंत्री ने झारखंड के लोगों से अपील की कि वे ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लें। दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर प्लास्टिक के ढ़ेर को खत्म करने में देश का नेतृत्व करें। नये भारत के लिए सबको मिलकर आगे आना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले पांच वर्ष के लिए झारखंड फिर विकास का डबल इंजन लगायेगा।

    पूरी फिल्म अभी बाकी
    प्रारम्भ में प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के साथ की। उन्होंने कहा- ‘समूचे झारखंडवासियों को मोर बटे बहुत-बहुत जोहार!’ पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद सबसे पहले जिन राज्यों में उन्हें जाने का सौभाग्य मिला, उसमें झारखंड भी शामिल है। उन्होंने कहा कि 100 दिनों में दमदार सरकार का ट्रेलर, अभी पूरी फिल्म बाकी है। पीएम ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने कामदार और दमदार सरकार देने का वादा किया था। एक ऐसी सरकार, जो पहले से भी ज्यादा तेज गति से काम करेगी। एक ऐसी सरकार, जो जनता की आकांक्षाओं को पूरी करने के लिए पूरी ताकत लगा देगी। 100 दिन में देश ने इसका ट्रेलर देख लिया है। अभी पूरी फिल्म बाकी है। इसी क्रम में भ्रष्टाचारी नेताओं पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि अब भारत पहले के 30-40 सालों वाला भारत नहीं रहा। देश को लूटने वाले अंदर चले गये हैं। जो बचे हैं, वे अब कतार में हैं।

    झारखंड को अंतरराष्ट्रीय बाजार का अवसर
    प्रधानमंत्री ने कहा कि साहेबगंज मल्टी मॉडल टर्मिनल का उद्घाटन करने का उन्हें अवसर मिला। यह बेहद महत्वपूर्ण अवसर है। यह प्रोजेक्ट सिर्फ झारखंड का नहीं, यह हिन्दुस्तान और दुनिया में झारखंड को नयी पहचान देने वाला है। यह नेशनल वाटर-वे-हल्दिया-बनारस जलमार्ग विकास परियोजना का एक अहम हिस्सा है। यह जलमार्ग झारखंड को पूरे देश से ही नहीं, बल्कि विदेश से भी जोड़ेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके माध्यम से झारखंड के लोगों के लिए विकास की अपार संभावनाएं खुलने वाली हैं। इस टर्मिनल से यहां के आदिवासी, किसान अपने उत्पाद अब पूरे देश के बाजारों में आसानी से पहुंचा पायेंगे। इसी तरह जलमार्ग के कारण उत्तर भारत से झारखंड समेत पूर्वोत्तर के राज्य असम, नागालैंड, मिजोरम और अन्य राज्य भी जुड़ जायेंगे।

    किसान मानधन योजना
    पीएम ने प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना की शुरुआत करते हुए देश के किसानों को सौगात दी। यह योजना किसानों के जीवन में सामाजिक सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी। इस योजना के तहत 18 से 40 वर्ष की उम्र के किसानों का पंजीकरण हो सकेगा। किसानों को 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद 3000 रुपये की मासिक पेंशन मिलेगी। योजना के लिए झारखंड में एक लाख नौ हजार से अधिक का पंजीकरण हो चुका है।

    पहली बार आयी यह पेंशन योजना
    प्रधानमंत्री ने देश के खुदरा व्यापारिक दुकानदार एवं स्वरोजगार पेंशन योजना की शुरुआत की। भारत की आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने देश में खुदरा व्यापार करने वाले दुकानदारों को पेंशन की योजना से जोड़ने की पहल की है। इसके तहत 18 से 40 वर्ष के खुदरा व्यापारियों एवं दुकानदारों को भी 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद 3000 रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलेगी।

    462 एकलव्य विद्यालय की सौगात
    पीएम मोदी ने इस मौके पर देश के जनजातीय क्षेत्रों में 462 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का आॅनलाइन शिलान्यास किया। इसमें झारखंड के 13 जिलों में 69 एकलव्य विद्यालय खोले जा रहे हैं। अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को शहरों की तरह ही गांव में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए एकलव्य विद्यालय खोले जा रहे हैं। इस मौके पर पीएम के साथ राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, सीएम रघुवर दास, विस स्पीकर दिनेश उरांव समेत अन्य उपस्थित थे।

    • Varnan Live Report.
  • जुनून- कैंसरमुक्त भारत बनाने की मुहिम में जुटे अमित कुमार

    जुनून- कैंसरमुक्त भारत बनाने की मुहिम में जुटे अमित कुमार

    विशेष संवाददाता
    रांची : कभी-कभी ऐसा होता है कि एक घटना जीवन की दिशा बदल देती है। तब इंसान उस घटना से प्रेरणा लेकर एक ऐसी मंजिल की तरफ निकल पड़ता है, जिसका सफर असंभव सा लगता है। लेकिन, अपनी मंजिल तक पहुंचने की दीवानगी, मंजिल को पा लेने का जुनून और सुबह से रात तक मंजिल की तरफ बढ़ते जाने की धुन जिस इंसान में हो, वह हर असंभव को संभव बना कर दम लेता है। कुछ ऐसी धुन, ऐसी ही दीवानगी और ऐसा ही जुनून अमित कुमार की है।

    अमित कुमार समृद्ध भारत ट्रस्ट के चेयरमैन हैं। यह ट्रस्ट देश के कैंसर पीडितों के लिए काम करता है। आज समृद्ध भारत ट्रस्ट देश के सात राज्यों में सक्रिय है और कैंसर अवेयरनेस प्रोग्राम चलाकर हजारों मरीजों को इस जानलेवा बीमारी से मुक्ति के अभियान में जुटा है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि परोपकार की यह भावना अमित कुमार के दिल में कहां से आयी? वे कौन से कारण थे, जिनसे प्रेरित होकर अमित ने अपने जीवन का ऐसा लक्ष्य तय कर लिया, जिसके बारे में ज्यादातर लोग सोचने तक का समय नहीं निकाल पाते।

    मां को बचाने के बाद मिली प्रेरणा
    अमित कुमार बिहार के मोकामा के रहने वाले हैं। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की। सम्पन्न परिवार से संबंध रखने वाले अमित छात्र जीवन से ही समाज सेवा में सक्रिय रहे हैं। अमित 2011 की एक पारिवारिक घटना को याद करते हुए बताते हैं कि उनकी बहन ऋचा कुमारी कैंसर की शिकार हो गयीं। ऋचा की बीमारी का पता तब चला, जब वह कैंसर के तीसरे स्टेज में पहुंच चुकी थीं। एक सम्पन्न परिवार और संसाधनों से परिपूर्ण परिवार के लिए यह एक बेबसी की स्थिति थी। अमित और उनके परिवार की लाख कोशिशों के बावजूद ऋचा को बचाया नहीं जा सका। इस घटना के बाद अमित का परिवार पूरी तरह से हिल गया, लेकिन बहन के इलाज के क्रम में अमित को इतना तो जरूर पता चल गया था कि कैंसर की पहचान अगर प्राइमरी स्टेज में हो जाये तो मरीज की जिंदगी निश्चित ही बचायी जा सकती है। अभी बहन की मृत्यु के ज्यादा दिन हुए भी नहीं थे कि अमित की मां को कैंसर किशायत हो गयी। अपने पुराने अनुभवों से सबक लेते हुए अमित अपनी मां नीलम कुमारी को दिल्ली के राजीव गांधी कैंसर संस्थान में भर्ती कराने ले गये। डॉक्टरों के प्रयास और अमित की सजगता के कारण मां कैंसरमुक्त हो गयीं। मां के ठीक हो जाने के बाद अमित को स्वाभाविक तौर पर काफी खुशी हुई। वह खुशनसीब निकले, क्योंकि मां की ममता की छांव से वह महरूम होने से बच गये। लेकिन, इस घटना के बाद अमित के जीवन में एक व्यापक बदलाव आया। उनके सामने दो उदाहरण थे। पहला, कैंसर के बारे में अवेयरनेस की कमी के कारण बहन को खो देने का दुख तो दूसरा उसी कैंसर से मां को बचा लेने का संतोष। मां को निरोग जीवन मिल जाने के बाद अमित को यह प्रेरणा मिली कि कैंसर के प्रति अवेयरनेस बढ़ाई जाये तो लाखों माताओं, बहनों और बेटों की जान बचायी जा सकती है। बस तब क्या था, अमित ने कैंसर अवेयरनेस को ही अपने जीवन का लक्ष्य बना लिया और फिर अकेले ही निकल पड़े कैंसर कैंसर फ्री इंडिया के अभियान में। यह राह आसान नहीं थी। उन्हें एक विशेषज्ञ टीम की जरूरत थी, संसाधन चाहिए थे और सबसे महत्वपूर्ण था कैंसर के प्रति जनजागरण फैलाने के लिए मानव संसाधन की बड़ी जमात।

    सात राज्यों में फैलाया नेटवर्क
    कैंसर फ्री इंडिया का सपना लिये अमित आगे निकलते गये और फिर 2014 में समृद्ध भारत ट्रस्ट की स्थापना कर डाली। अपनी धुन और जुनून के बल पर आज अमित कुमार बिहार, झारखंड, पंजाब, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और कर्नाटक तक अपने ट्रस्ट का नेटवर्क फैला चुके हैं। इस प्रकार उन्होंने अब तक हजारों लोगों को इस अभियान का हिस्सा बना डाला है। इसी क्रम में उनके ट्रस्ट ने अब तक एक हजार से ज्यादा कैंसर पीड़ितों की जान बचाने में सफलता हासिल की है। कैंसर पीड़ितों के लिए दिन रात एक करने वाले अमित इस बारे में बताते हैं कि अब भी देश में प्रतिदिन 1300 लोग कैंसर के कारण मौत के शिकार होते हैं। इनमें से ज्यादतर मौतें कैंसर के प्रति जागरुकता की कमी के कारण होती है। अमित कहते हैं, समृद्ध भारत ट्रस्ट देश के हर राज्य में पूरी सक्रियता के साथ बढ़ने के लक्ष्य को प्राप्त करने में जुटा है। हर गांव और हर शहर में उनका ट्रस्ट कैंसर अवेयरनेस के लिए नेटवर्क बनाने में जुटा है।

    4 फरवरी को रांची में ‘कैंसर अवेयरनेस’ दौड़
    भविष्य की योजनाओं को बताते हुए अमित कहते हैं कि उनका ट्रस्ट अगले वर्ष विश्व कैंसर दिवसर यानी 4 फरवरी को झारखंड की राजधानी रांची में कैंसर फ्री इंडिया रन 2020 का आयोजन करेगा। इस अवसर पर 20 हजार लोग कैंसर अवेयरनेस के लिए दौड़ लगायेंगे। उनकी पूरी टीम कैंसर फ्री इंडिया रन 2020 की तैयारियों में जुटी है। इस आयोजन का उद्देश्य जहां एक तरफ कैंसर के प्रति जागरुकता फैलाना है, वहीं समृद्ध भारत ट्रस्ट के लिए वॉलेंटियर्स की खोज भी करना है। अमित बताते हैं कि इन वॉलेनटियर्स को प्रशिक्षित करके उन्हें कैंसर जागरुकता अभियान से जोड़ा जायेगा।