Author: Varnan Bureau

  • संघर्ष की जीवंत प्रेरणा हैं डॉ. अशोक सिंह : खेत-खलिहान से राष्ट्रपति पुरस्कार तक का सफर एेसे किया तय

    संघर्ष की जीवंत प्रेरणा हैं डॉ. अशोक सिंह : खेत-खलिहान से राष्ट्रपति पुरस्कार तक का सफर एेसे किया तय

    बोकारो नहीं नहीं, पूरे बिहार-झारखंड और देश में शिक्षा जगत मं डॉ. अशोक सिंह का नाम आज किसी परिचय का मोहताज नहीं है। बोकारो स्थित चिन्मय विद्यालय को एक नए मुकाम पर पहुंचाने वाले, सीबीएसई स्कूलों में गणित की स्वलिखित पुस्तकों की तूती मनवाने डॉ. अशोक ने जो मुकाम पाया, वह यूं नहीं मिल जाता। जीवन का हरेक पल कैसे जिया जाता है और कैसे संघर्ष व आत्मविश्वास के बल पर एक सफल शख्सियत पाई जा सकती है, आइए जानते हैं खुद राष्ट्रपति पुरस्कार सरीखे कई विश्वप्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजे गए डॉ. अशोक सिंह की कलम से-

    पल पल जीना ही जिंदगी, जिस दिन थक गया, समझो थम गया

    अ सल जिंदगी वही है, जब हम इसके पल-पल का सदुपयोग करें। यानी पल-पल जीना ही असली जिंदगी है। जिस दिन हम थक गए और खुद को थका-हारा समझकर, लाचार और असहाय मानकर रुक गए तो समझिए हमारी जिंदगी, हमारे हौसले, हमारे इरादे वहीं रुक गए। मैं अगर अपनी बात करूं तो जिस हालात में मैं पला-बढ़ा, सीधे वहां से सफलता के उस मुकाम पर पहुंच पाना इतना सहज नहीं, जहां आज ईश्वर ने मुझे प्रतिष्ठापित किया है। मेरा जन्म उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के एक छोटे से गांव में हुआ। एक मध्यमवर्गीय किसान परिवार में जन्म लेने के बाद विश्वस्तरीय अच्छी शिक्षा-दीक्षा पाना अपने-आप में एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। लेकिन, ईश्वर के आशीर्वाद, माता-पिता के पूर्ण सहयोग और विपरीत परिस्थितियों से हर पल आगे बढ़ने की सीख लेते हुए मैंने अपने लक्ष्य की ओर अपना कदम आरंभ से ही बढाना शुरू कर दिया था। खेत-खलिहान में पिता के साथ काम करते हुए मैंने सरकारी स्कूल से ही स्कूली शिक्षा पूरी की। स्कूल-कॉलेजों में मेधावी छात्र के रूप में अपनी शिक्षा पाई।

    बचपन से ही मेरे रुचि अध्यापन के क्षेत्र में रही और गणित मेरा पसंदीदा विषय रहा। एमएससी में कॉलेज टॉपर होने के बाद गणित में मेरा पीएचडी शोधपत्र भारत, कनाडा, ग्रेट ब्रिटेन, बेल्जियम, फ्रांस से निकलने वाले कई अंतर्राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित किए गए। अध्यापन के क्षेत्र में विशेष रुचि के कारण मैंने बैंक की नौकरी तक छोड़ दी। बच्चों के साथ मेरा जुड़ाव हमेशा से ही बना रहा, क्योंकि बच्चे ही कल की जिंदगी है और उज्जवल भारत के भविष्य भी। उन्हें अगर सही दिशा दे दी तो समझिए देश को एक अच्छा मार्गदर्शन मिल गया। इसके साथ ही मैंने बच्चों को पढ़ाना शुरू किया। कभी कई कोस पैदल चलकर तो कभी मीलों साइकिलों पर चलकर बिना थके, बिना रुके अपने अध्यापन के दायित्व को पूरा किया। इसी कड़ी में कक्षा एक से 12वीं तक के लिए मैंने गणित की 13 पुस्तकें लिखीं, जिनमें से मैथ्स बूस्टर और सृजन मैथमेटिक्स देश के कई सीबीएसई सम्बद्ध स्कूलों में पढ़ाई जाती हैं। काफी वर्षों तक सीबीएसई तथा भारत सरकार के मानव संसाधन विकास विभाग की ओर से प्रदत्त कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन भी मैंने किया। पिछले 36 वर्षों से जारी मेरे अध्यापन-कार्य के परिणामस्वरूप आज कई छात्र दुनिया के कोने-कोने में उच्च पदों पर आसीन हैं और आज भी जुड़े हुए हैं। इसी क्रम में मुझे दर्जनों राष्ट्रीय पुरस्कार के लायक समझा गया और नवाजा भी गया। इनमें भारत सरकार के राष्ट्रपति पुरस्कार के साथ-साथ ब्रिटिश काउंसिल की ओर से ग्लोबल टीचर एक्रीडिटेशन अवार्ड, सीबीएसई टीचर अवार्ड आदि उल्लेखनीय हैं।

    तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से पुरस्कार प्राप्त करते डॉ. अशोक सिंह (फाइल फोटो)।


    आज अपनी 62 साल की आयु में भी मैं बच्चों से घिरा रहता हू। जिस दिन बच्चे आपको अपने माता-पिता से भी बढ़कर सम्मान देने लग जाएं, समझिए आप उसी दिन एक सफल शिक्षक हो गए।
    मेरा यह भी मानना है कि बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाना और उन्हें संस्कारित करना एक बड़ी उपलब्धि और चुनौती है। Spoon Feeding से ज्यादा महत्वपूर्ण है कि उनके आचार-विचार और व्यवहार को प्रदूषित होने से बचाना। एक बार बच्चे जागृत और प्रेरित हो गए तो फिर उन्हें साधारण से असाधारण और असाधारण से महान बनने से कोई नहीं रोक सकता। परिवार, समाज और देश का भविष्य आज के बच्चों को दी जाने वाली शिक्षा पर निर्भर करता है। बच्चों को भी चाहिए कि सफलता के लिए वे असफलताओं से घबराए नहीं, बल्कि असफलता की सीढ़ी उससे चारगुना सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। साथ ही, Short Cut का रास्ता न बनाएं, क्योंकि सच्ची कामयाबी के लिए कोई भी शॉर्टकट नहीं होता।
    चलते-चलते निदा फ़ाज़ली की चार पंक्तियों के साथ अपने विचारों को यहीं विराम देता हूं-
    अपना गम लेके कहीं और न जाया जाए,
    घर में बिखरीं हुई चीजों को सजाया जाए।
    घर से मस्जिद है बहुत दूर, चलो यूं कर ले
    किसी रोते हुए बच्चे को हंसाया जाए।
    हरिओम!

    प्रिय पाठक, आपको यह आलेख कैसे लगा, कृपया नीचे कमेन्ट बॉक्स में अपनी प्रतिक्रिया, विचार अथवा सुझाव से अवगत कराएं।
    धन्यवाद।

  • बोकारो पहुंचे शंकराचार्य, धर्मावलंबियों ने किया स्वागत

    बोकारो पहुंचे शंकराचार्य, धर्मावलंबियों ने किया स्वागत

    बोकारो : पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती गुरुवार रात बोकारो पहुंचे। राजधानी एक्सप्रेस से पहुंचे शंकराचार्यजी का यहां बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में पहुंचे धर्मावलंबियों ने जोरदार स्वागत किया। इस क्रम में पूरा स्टेशन परिसर जय जगन्नाथ और शंकराचार्यजी की जय-जयकार से गुंजरित हो उठा।
    20191226_223755
      बता दें कि शंकराचार्य की ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग 11 घंटे विलंब से पहुंची। इसके कारण बोकारो क्लब में पूर्व निर्धारित उनकी धर्मसभा नहीं हो सकी। रात लगभग साढ़े आठ बजे यहां स्टेशन पर आगमन के बाद पीठाधीश्वर को 118, लोहांचल में लाया गया। वहां रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से वे जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसमें सीधे आमलोगों से वे धर्म-संस्कृति को लेकर रू-ब-रू होंगे और उनकी जिज्ञासाएं भी मिटाएंगे।
          शंकराचार्य के स्वागत के दौरान ललन सिंह, राम अयोध्या सिंह, ओम पांडेय, शैलन्द्र पांडेय, अजय चौधरी दीपक, साकेत सिंह, बचन सिंह, अश्विनी सिंह, प्रो. अनिल सिंह, डॉ. महेन्द्र सिंह, विपिन ठाकुर आदि मौजूद रहे।
    – Varnan Live Report.
  • ठंड और कोहरे ने थामी बोकारो में जनजीवन की रफ्तार, आज से और लुढ़केगा पारा

    ठंड और कोहरे ने थामी बोकारो में जनजीवन की रफ्तार, आज से और लुढ़केगा पारा

    संवाददाता

    बोकारो। इस्पातनगरी बोकारो और उपशहर चास समेत आसपास का पूरा इलाका इन दिनों घने कोहर की आगोश में समाया हुआ है। पिछले तीन-चार दिनों से जो थोड़ी राहत थी, वह एक बार फिर दूर हो गई है। बुधवार से ही पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा है। ऊपर से बुधवार देररात थोड़ी देर के लिए हुई झमाझम बारिश ने रही-सही कसर भी पूरी कर दी। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी मौसम साफ नहीं हो सका। दिनभर सूर्यदेव बादलों में ही छिपे रहे और इधर, शीतलहरी और कुहासे ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी।शाम के 6-7 बजे के बाद से ही फिजां में कोहरे छा जाते हैं, जिससे दृश्यता भी कम हो जाती है और वाहनों के साथ-साथ आम जनजीवन की रफ्तार भी थम जा रही है। पूरी रात और सुबह तक यही स्थिति बनी रहती है। तापमान में भले ही गिरावट नहीं हुई, लेकिन शीतलहरी, कनकनी और दिन-दिनभर सूरज का दर्शन होने के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोग अपने घरों में दुबकने को विवश रहे। गुरुवार को अधिकतम तापमान घटकर मात्र 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 14 डिसे दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार से स्थिति पहले से भी बिगड़ने की संभावना दिख रही है। मौसम विज्ञान संबंधी सूत्रों के अनुसार शुक्रवार से लेकर रविवार तक लगातार न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़के रहने की संभावना है। सोमवार को एक डिग्री की बढ़ोत्तरी होकर 8 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है। कुल मिलाकर इस सर्द से अभी और अगले कुछ दिनों तक बोकारोवासियों को दो-चार होना ही पड़ेगा। हाड़ कंपकपाती इस जाड़े में अब तक प्रशासन की तरफ से अलाव की समुचित व्यवस्था न होने से रैनबसेरा, फुटपाथ और खानाबदोश की तरह जहां-तहां दिन गुजारने वाले लोगों की हालत काफी खराब हो गई है। उनकी परेशानी बढ़ गई है।

    • Varnan Live Report.
  • भाजपा को भाजपा ने ही हराया : नरसिंह

    भाजपा को भाजपा ने ही हराया : नरसिंह

    बोकारो : झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली हार के पीछे कहीं न कहीं अपने ही कारण बने हैं। भाजपा को भाजपा ने ही हराया है। पार्टी का भितरघात ही इस पराजय का मूल कारण बना। यह कहना है मनु विश्वकर्मा कल्याण समिति के केन्द्रीय अध्यक्ष नरसिंह शर्मा का। चुनाव परिणाम के बाद पत्रकारों से एक बातचीत में श्री शर्मा ने कहा कि यकीनन देश में भाजपा अच्छा काम कर रही है, मगर भाजपा कार्यकर्ताअाें ने सही तरीके से जनता के बीच विकास की बात नहीं रख सके।

    इतना ही नहीं, रघुवर दास के व्यवहार से अधिकांश कार्यकर्ता काफी खफा थे। खास तौर से टिकट बंटवारे को लेकर जिस प्रकार कई समर्पित कार्यकर्ताओं व नेताओं की उपेक्षा की गई, वह सब भितरघात का कारण बना और अंततः यही सत्ता खोने की वजह भी साबित हुई। अगर भाजपा को झारखंड में फिर से अपने रुतबा पाना है तो सबका सम्मान करना करना होगा। जनमैत्री, कार्यकर्ताओं के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार आदि अहम कारक हैं। शर्मा ने हेमंत सोरेन को नई सरकार अपनी शुभकामनाएं देते हुए राज्य का विकास सुनिश्चित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

    • Varnan Live Report.
  • अब सकारात्मक विपक्ष की भूमिका में होगी भाजपा : सांसद

    अब सकारात्मक विपक्ष की भूमिका में होगी भाजपा : सांसद

    संवाददाता
    बोकारो : झारखंड विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर धनबाद सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने क्षेत्र की छह विस सीटों पर पांच में विजयश्री दिलाने पर इलाके की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। कहा कि क्षेत्र की जनता ने भारतीय जानता पार्टी में अपना विश्वास दिखाया है, जिसका निर्वाचित जनप्रतिनिधि जरुर ख्याल रखेंगें। जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करने के कारण ही सभी को सफलता हासिल हुई है।

    सांसद ने कहा कि आज प्रदेश स्तर पर जनादेश भले ही हमारे खिलाफ गया है, जिससे सबक लेकर हम सभी आगे बढ्ने का काम करेंगें। सम्पूर्ण प्रदेश के स्तर पर देखा जाय तो भाजपा सबसे बढ़िया प्रदर्शन धनबाद लोक सभा क्षेत्र में की है। अब हमारी भूमिका सकारात्मक विपक्ष की है, जिसका निर्वहन जनता की आवाज बनकर सदन में मजबूती से रखने का काम निश्चित रूप से भाजपा करेगी।

    सांसद ने निर्वाचित विधायक राज सिन्हा, अर्पणा सेन गुप्ता, विरंची नारायण, इन्द्रजीत महतो, अमर कुमार बाउरी सहित धनबाद लोक सभा क्षेत्र के निकटवर्ती बाघमारा के विधायक ढूल्लु महतो को भी जीत की बधाई देते हुए उनके उज्वल भविष्य की कामना की है।

  • प्याज लूट : गाड़ी पलटने पर इधर कराहता रहा ड्राइवर,  उधर लोग लूटते रहे प्याज

    प्याज लूट : गाड़ी पलटने पर इधर कराहता रहा ड्राइवर, उधर लोग लूटते रहे प्याज

    संवाददाता

    बोकारो। यह तस्वीर है बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलापुर बहादुरपुर की। बुधवार को प्याज लदा एक वाहन पलट क्या गया, इलाके के लोगों की तो किस्मत ही खुल गई। प्याज की 50 बोरियों से लदा पिकअप 407 वाहन खांजो नदी के पास NH पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को कुछ संवेदनशील लोगों ने अस्पताल तो पहुंचा दिया, उसके बाद जो लूट मची, उसके बारे में पूछिए ही मत। 10-15 मिनट में पूरी गाड़ी का प्याज सफाचट। जिस सड़क पर थोड़ी देर पहले तक प्याज ही प्याज बिखरे थे, वहां कुछ मिनटों बाद ही बस प्याज के छिलके ही शेष रह गए।

    IMG-20191225-WA0017

       बता दें कि घटना के बाद वाहन का चालक जेठू (35) गाड़ी पलटने के बाद गंभीर अवस्था में घायल हो भीतर दर्द से कराहता रहा, तड़पता रहा और मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन लोग महज प्याज लूटने में मगन रहे। प्रदीप नायक नामक एक समाजसेवी ने समय रहते एम्बुलेंस बुलवाया और उसे इलाज को भिजवाया। बोकारो के बाद घायल ड्राइवर को रिम्स भेज दिया गया। वहीं, खलासी हादसे के बाद निकलने मौके से निकलता बना। 

         इधर, देशभर में इन दिनों प्यार की किल्लत और भारी कीमत के कारण पलटे वाहन के गिरे प्याज को लूटने की होड़ मच गई। न केवल आसपास के लोग, बल्कि उस रास्ते से आने-जाने वाले कई लोग भी अपनी गाड़ियां रोक-रोक कर प्याज लूटने में लग गए। जिसे जो मिला, उसमें भरता चला गया। बगल के लोगों में कोई झोले लेकर आया तो कुछ महिलाएं टोकरियाें में ही बटोरने लगीं। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। लूटे गए प्याज की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है, जो रामगढ़ के किसी व्यापारी द्वारा बोकारो की मंडी में लाया जा रहा था। फिलहाल बाजार में प्याज 110 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर बिक रहा है।

    • Varnan Live Report.

    खबरों पर आपकी प्रतिक्रिया का स्वागत है। कृपया नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय या अपने सुझाव जरूर दें।

    धन्यवाद!

  • बोकारो जिले की दो सीटों पर भाजपा और दो पर कांग्रेस व आजसू की जीत

    बोकारो जिले की दो सीटों पर भाजपा और दो पर कांग्रेस व आजसू की जीत

    संवाददाता

    बोकारो : जिले की चार विधानसभा सीटों में दो सीटों के चुनाव परिणाम भाजपा तथा एक-एक सीट कांग्रेस व आजसू के पक्ष में आये हैं। बोकारो से भाजपा के बिरंची नारायण व चंदनकियारी से भाजपा के अमर कुमार बाउरी ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है।जबकि बेरमो से कांग्रेस के राजेन्द्र प्रसाद सिंह व गोमिया से आजसू के लम्बोदर महतो विजयी रहे हैं।

    23bkr2

    बोकारो विधानसभा सीट से भाजपा के बिरंची नारायण अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस की श्वेता सिंह ने 13,313 मतों के अन्तर से, जबकि चंदनकियारी में राज्य सरकार के मंत्री व भाजपा प्रत्याशी अमर कुमार बाउरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी आजसू के उमाकांत रजक को 9,220 मतों के अन्तर से पराजित किया। बोकारो से बिरंची नारायण को 1,12,333 मत मिले, जबकि श्वेता को 99,020 मत लाकर दूसरे स्थान पर रहीं। चंदनकियारी से अमर बाउरी को 67,704 तथा उमाकांत रजक को 58,484 मत मिले, जबकि 36,357 मत पाकर झामुमो के विजय रजवार तीसरे स्थान पर रहे।

    23bkr3

    जिले की बेरमो विधानसभा सीट पर कांग्रेस के राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के योगेश्वर महतो बाटुल को 25,112 मतों के भारी अन्तर से पराजित कर पांच साल बाद इस सीट पर पुनः अपनी वापसी की। कांग्रेस के राजेन्द्र सिंह को 88,809 तथा भाजपा के योगेश्वर महतो को 63,697 मत प्राप्त हुए।

    23bkr4

    जबकि गोमिया विधानसभा सीट इस बार आजसू के लम्बोदर महतो ने झामुमो की बबीता देवी को 10,982 मतों से पराजित कर उनसे यह छीन ली। आजसू के लम्बोदर महतो को 71,799 तथा बबीता देवी को 60,817 मत प्राप्त हुए। जबकि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह 26,089 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। यहां भाजपा के लक्ष्मण नायक को मात्र 18,011 मत प्राप्त हुए और उन्हें चौथा स्थान प्राप्त हुआ।

    • Varnan Live Report.
  • उज्जैन में दिखा बोकारो के देवी प्रसाद का बाहुबल, राष्ट्रीय फेडरेशन कप में रहे प्रथम

    उज्जैन में दिखा बोकारो के देवी प्रसाद का बाहुबल, राष्ट्रीय फेडरेशन कप में रहे प्रथम

    संवाददाता
    बोकारो। बोकारो में फिटनेस की जीवंत पाठशाला माने जाने वाले पावरलिफ्टर सह डाक विभाग, बोकारो के विपणन पदाधिकारी देवी प्रसाद चटर्जी ने एक बार फिर से अपने बाहुबल का प्रदर्शन किया है। उज्जैन में 20-22 दिसम्बर को आयोजित राष्ट्रीय फेडरेशन कप में देवी प्रसाद चटर्जी ने अपना जलवा बरकरार रखते हुए शानदार प्रदर्शन किया तथा पूरे शहर, डाक विभाग और झारखंड प्रदेश का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में में देवी प्रसाद ने 120 वर्ग भार में 825 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। साथ ही पूरी प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा वजन उठाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने।
    IMG-20191222-WA0033
    इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए चटर्जी ने कहा कि प्रतियोगिता में कुल 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें से झारखंड राज्य से मैनेजर सोमेन कुमार दे और केवल उनका चयन हो सका था। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर भी देवी प्रसाद ही रहे और इसके साथ ही भारतीय टीम में उन्होंने अपनी जगह पक्की कर ली। आगामी 06 मई से 10 मई 2020 को इंडोनेशिया में होने वाली राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता में देवी प्रसाद चटर्जी अब भाग लेंगे। देवी पोस्टल विभाग के बोकारो प्रधान डाकघर में कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि पर बोकारो डाक परिवार की तरफ से संतोष सिंह, विपिन कुमार सिन्हा, कौशल कुमार उपाध्याय, अमर कुमार मिश्रा, अजय कुमार आदि ने बधाई दी है।
    – Varnan Live Report.
  • एक हफ्ते से लापता अधेड़ की मिली लाश, तो भड़का जनाक्रोश, पुलिस पर रोड़ेबाजी

    एक हफ्ते से लापता अधेड़ की मिली लाश, तो भड़का जनाक्रोश, पुलिस पर रोड़ेबाजी

    संवाददाता
    बोकारो। चीराचास टीओपी क्षेत्र अंतर्गत गांधाजोर बस्ती का इलाका रविवार को घंटों पुलिस छावनी में तब्दील रहा। पिछले लगभग एक सप्ताह से लापता सुभाष राय नामक एक अधेड़ का शव तालाब से बरामद होने के बाद पुलिस की कथित शिथिलता को लेकर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पुलिस और लोग आमने-सामने हो गए। मामले में पुलिस की तरफ से सहयोगात्मक कार्रवाई न होने के आरोप में लोगों ने आक्रोशवश पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। चास थाना प्रभारी चुनमुन सिंह जब सदल-बल शव बरामदगी मामले की जांच करने घटनास्थल पर पहुंचे तो लोगों ने विरोध करने के साथ आते ही सीधे उन पर पत्थरों से हमला कर दिया। इस पथराव में थाना प्रभारी चुनमुन सिंह कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही एसपी पी. मुरुगन, सिटी डीएसपी ज्ञान रंजन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार पुलिस के लाठीचार्ज में कई लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए वहां भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई और क्षेत्र छावनी में तब्दील नजर आया।
    22bkr2
    पुलिस के खदेड़ने में मौत की आशंका
    बताया जाता है कि 15-16 दिसंबर की मध्यरात्रि के बाद लगभग साढ़े 12 बजे पुलिस के गश्ती दल को देखकर तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने उन्हें दौड़ाया। इनमें से दो तो भाग गए, जबकि एक तालाब में गिर गया। आशंका है कि जिस सुभाष की लाश रविवार सुबह तालाब से मिली, उस रात वही उसमें गिर गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सुबह सुभाष की लाश बरामद होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, परंतु पुलिस काफी देर बाद पहुंची। इससे लोगों का आक्रोश उबल गया।
     
    22bkr4
    15 की शाम से ही लापता था सुभाष
    मृतक के परिजनों के अनुसार चास नगर निगम के वार्ड संख्या- 4 का सुपरवाइजर सुभाष राय बीते 15 दिसंबर की शाम से ही लापता था। वह शौच जाने की बात कहकर चादर और गमछे में ही घर से निकला था। अगले दिन परिवार वालों ने उसकी काफी खोजबीन की, परंतु उसका पता नहीं चला। 17 दिसंबर को इस बावत उन्होंने चास थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया।मृतक के पुत्र अमर कुमार राय ने पुलिस पर असहयोगात्मक रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि चास थाने में जाने पर उसे कुछ भी नहीं बताया गया। पुलिस ने तो पहले गश्ती गाड़ी नही जाने की बात कही, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में पुलिस वाहन के आने का पता चला और आज पुलिस ने बार-बार में तालाब में देखने को कहा।
    22bkr3
     
    मामले की कराएंगे निष्पक्ष जांच : एसपी
    घटनास्थल पर पहुंचे एसपी पी. मुरुगन ने कहा कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 16 दिसंबर को पेट्रोलिंग गाड़ी को देखकर तीन लोग भागने लगे। अंधेरे के कारण दिखाई नहीं दिया। अभी 4 दिन के बाद सुभाष राय नामक एक व्यक्ति की लाश तालाब से बरामद की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसके बाद मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। मृत्यु का कारण क्या है, यह जांच में पता चल जाएगा। बड़े पदाधिकारी के स्तर से मॉनिटरिंग कराई जाएगी। इसी की जांच के क्रम में चास के थाना प्रभारी आए थे। उनके वाहन पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और थाना प्रभारी को भी चोटे आई हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून को हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। जिनलोगों ने यह कार्य किया है, उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
     
    हाल ही में जेल से छूटा था मृतक
    एक सवाल के जवाब में एसपी ने बताया कि मृतक सुभाष राय अापराधिक प्रवृत्ति का रहा है। हाल ही में वह जेल से एक मामले में छूटकर आया है। उसका आपराधिक इतिहास क्या है, इसकी भी जांच कराई जा रही है। एसपी ने भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज करने की बात कही। हालांकि, उन्होंने इसमें किसी भी आमलोगों के चोटिल होने की बात से इनकार किया, परंतु इतना जरूर कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वस्तुस्थिति का खुलासा हो सकेगा।
    – Varnan Live Report.
  • लोकतंत्र के महापर्व में कहीं उत्साह, तो कहीं बेरुखी : बोकारो में मात्र 51.5%, तो चंदनकियारी में रिकार्ड 75% मतदान

    लोकतंत्र के महापर्व में कहीं उत्साह, तो कहीं बेरुखी : बोकारो में मात्र 51.5%, तो चंदनकियारी में रिकार्ड 75% मतदान

    संवाददाता
    बोकारो ः झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 के चाैथे चरण में बोकारो जिले के बोकारो, चंदनकियारी एवं डुमरी विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्वक मतदान सम्पन्न हो गया। लोकतंत्र के इस महापर्व में एक तरफ जहां ग्रामीण वोटरों का अपार उत्साह दिखा, वहीं दूसरी तरफ शहरी बाबू बने मतदाताओं की भारी बेरुखी भी सामने आई। प्राप्त आंकड़ो के अनुसार बोकारो विधानसभा क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत मात्र 51.50 प्रतिशत तथा चंदनकियारी में रिकार्ड तोड़ 75 प्रतिशत मतदान हुआ। बोकारो में यह आंकड़ा 2014 के विधानसभा चुनाव से भी कम है। पिछले विस चुनाव में यहां 53.47 तथा चंदनकियारी में 73.43 प्रतिशत मतदान सम्पन्न हुआ था। 2009 में विगत विधानसभा चुनाव में बोकारो में लगभग 44 तथा चंदनकियारी में लगभग 65 प्रतिशत मतदान हुए थे। यानी एक तरफ प्रशासन की लाख कवायदों के बावजूद बोकारो में स्थिति डमाडोल हुई है, वहीं दूसरी तरफ चंदनकियारीवासियों ने अपनी भरपूर सजगता का परिचय दिया है। उपायुक्त सह जिला निर्वाची पदाधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण रहा। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। वैसे कुछेक बूथों पर वोट बहिष्कार, कहीं हंगामा तो कहीं-कहीं तकनीकी खराबी के कारण कुछ मिनट विलम्ब से वोटिंग शुरू होने की खबर है, परंतु कुल मिलाकर सबकुछ शांतिपूर्ण बीत गया। इसके साथ ही बोकारो विधानसभा क्षेत्र के 25 और चंदनकियारी के 15 प्रत्याशियों की तकदीर ईवीएम में कैद हो गई। बोकारो विधानसभा के 5,26,660 में मतदाता है।

    खराब मौसम के बाद भी पहुंचे वोटर
    मतदान के दौरान जहां कइयों ने बेरुखी दिखाई तो आधे मतदाता उत्साहित भी दिखे। खराब मौसम के बाद भी मतदाता निर्धारित समय प्रातः सात बजे से वोटिंग में लग गए। कोई अकेले, तो कोई गोद में अपने बच्चे को लेकर तो कोई पूरे परिवार, इष्ट-मित्र व पड़ोसियों के साथ झुंड बनाकर मतदान केन्द्रों पर पहुंचा। सभी ने कतारबद्ध होकर अनुशासित तरीके से अपने पसंदीदा प्रत्याशी के समर्थन में मत डाले। भारतीय नागरिक के रूप में हर खासो-आम ने अपने वोट डालकर लोकतंत्र की मजबूती में अपना योगदान किया। पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा वोटरों में मतदान के बाद काफी उत्साह देखा गया।

    लाचारी को दिखाया ठेंगा
    पांच वर्षों में एक बार राज्य की तकदीर बदलने का मौका किसी जागरुक वोटर ने नहीं चूका। लोकतंत्र के इस पावन पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने में कई वोटरों ने अपनी शारीरिक अक्षमता व लाचारी को भी ठेंगा दिखा डाला। बोकारो व चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केन्द्रों पर ऐसे बहुत से मतदाता वोट डालने पहुंचे जो अत्यंत वृद्धावस्था में थे, विकलांगता से ग्रस्त थे और ठीक से खुद चल पाने में भी अक्षम थे। परंतु, ऐसे वोटरों ने अपनी लाचारी को मतदान में आड़े नहीं आने दिया और पूरे उत्साह के साथ बूथों पर पहुंचकर उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कोई खाट पर लदकर तो कोई दूसरों के सहारे बूथों पर पहुंचकर मतदान करता पाया गया। इसी क्रम में आदर्श को-आपरेटिव कालोनी में 105 साल की वृद्धा सीता देवी का भी जज्बे से भर पहुंचना और पूरे अधिकार से वोट डालना प्रेरणाप्रद रहा।

    हर खासो-आम रहे संजीदा
    अपने मताधिकार को लेकर हर खासो-आम वोटर सजग रहे। शहर के गणमान्यजनों के साथ-साथ तमाम प्रत्याशियों ने उत्साहपूर्वक पहुंच अपने वोट डाले। मंत्री सह चंदनकियारी विधायक अमर कुमार बाउरी, बोकारो विधायक सह भाजपा प्रत्याशी बिरंची नारायण सहित कांग्रेस की श्वेता सिंह, पूर्व सीएम शिबू सोरेन आदि सभी वोट डालने पहुंचे।

    सुरक्षा-व्यवस्था रही चाक-चौबंद
    बोकारो, चंदनकियारी में मतदान के दौरान सुरक्षा चाक-चौबंद रही। परिन्दा भी पर न मार सके, ऐसी सुरक्षा बहाल की गयी थी। प्रशासनिक गंभीरता के परिणामस्वरूप यह सं भव हो सका। प्रत्येक बूथ पर पर्याप्त सुरक्षाबल के जवान तैनात देखे गये। जिला पुलिस बल के पुलिसकर्मियों व पदाधिकारियों के अलावा एसएसबी, सीआरपीएफ, बीएसएफ के जवान मुस्तैदी से डटे रहे। कोई बूथों के मुख्यद्वार, कोई मतदान-केन्द्र में भीड़- भाड़ को नियंत्रित करने हेतु तैनात था तो कोई बूथ की छतों पर चढ़कर चौतरफा निगरानी में लगा रहा।

    पहली बार बूथ एप का प्रयोग
    बोकारो में इस विधानसभा चुनाव से पहली बार बूथ एप का प्रयोग किया गया। पहले जहां मतदाताओं को काफी देर कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब बूथ एप से सीधे क्यूआर कोड स्कैनिंग की नई प्रणाली ने इसे सरल और सुविधाजनक बना दिया।

    • Varnan Live Report.