Author: Varnan Bureau

  • PMCH – संवेदनहीनता की मिसाल

    PMCH – संवेदनहीनता की मिसाल

    Late Vashishth Narayan Jee (File Photo)

    वशिष्ठ नारायण सिंह। गणित की दुनिया में यह नाम ही काफी है। आइंस्टाइन तक को चुनौती देने वाली बिहार के यह असल सपूत पिछले हफ्ते यह भूलोक छोड़ स्वर्ग सिधार गए। उनके निधन के साथ ही जहां बिहार ने एक बेशकीमती हीरा खो दिया, वहीं दूसरी तरफ सरकारी अस्पतालों की संवेदनहीनता और लापरवाही भी एक बार फिर जगजाहिर हुई। दिखावे के लिए वशिष्ठ बाबू को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत सबों ने श्रद्धांजलि तो जरूर दी, लेकिन उन्हें उनके हक का सम्मान लोग नहीं दिला पाए। पीएमसीएच ने श्रद्धांजलि के बजाय मानवीयता को ही तिलांजलि दे डाली।

    लंबी बीमारी से ग्रसित दुनिया के महान गणितज्ञ डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन के बाद उनका पार्थिव देह डेढ़ घंटे स्ट्रेचर पर पड़ा रहा। पीएमसीएच प्रशासन ने केवल डेथ सर्टिफिकेट (मृत्यु प्रमाणपत्र) देकर अपना पल्ला झाड़ लिया। अस्पताल प्रबंधन ने उनके परिजनों को शव ले जाने के लिए एंबुलेंस तक नहीं मुहैया कराया। इस महान विभूति के निधन के बाद उनके छोटे भाई ब्लड बैंक के बाहर शव के साथ घंटों खड़े रहे। बाद में वे अपने बड़े भाई के पार्थिव शरीर को गांव ले गए। वशिष्ठ नारायण सिंह के छोटे भाई ने पत्रकारों से रोते हुए कहा कि अंधे के सामने रोना, अपने दिल का खोना। उन्होंने कहा कि उनके  भाई के साथ लगातार अनदेखी हुई है। जब एक मंत्री के कुत्ते का पीएमसीएच में इलाज हो सकता है तो फिर उनके भाई का क्यों नहीं? वशिष्ठ बाबू के साथ सुशासन राज का यह सौतेलापन पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

    • प्रह्लाद मिश्रा, पुपरी (सीतामढ़ी)।
  • जानिए अदरक के ये अचूक घरेलू नुस्खे

    जानिए अदरक के ये अचूक घरेलू नुस्खे

    रोजाना चाय और कई तरह की मसालेदार सब्जियों में डाले जाने वाला अदरक आपकी सेहत को बेहतरीन फायदे देता हैं। अदरक को केवल चाय और खाना पकाने में ही नहीं इस्तेमाल किया जाता। इसके कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे भी है, जिन्हें आजमाने से आपकी कई अन्य परेशान करने वाली सेहत समस्याओं को दूर किया जा सकता है। आइए, जानते हैं –

    1). प्रतिदिन सब्जियों में अदरक का उपयोग करने से शरीर के होने वाले वात रोगों से मुक्ति मिलती है।

    2). कब्ज, गैस बनना, वमन, खांसी, कफ, जुकाम आदि में इसका प्रयोग किया जाता है।

    3). अदरक का सुखाया रूप सौंठ कहलाता है।

    4). अदरक का ताजा रस पीने से मू?त्र संबंधी रोगों का निवारण होता है।

    5). अदरक एवं गुड़ मिलाकर मट्ठे के साथ पीने से पीठ व कमर दर्द में आराम मिलता है।

    6). अदरक का रस शहद में मिलाकर लेने से क्षय रोग में फायदा होता है।

    7). हिचकी चलने पर अदरक का टुकड़ा मुंह में रखकर चूसने से आराम मिलता है।

    8). अगर किसी व्यक्ति को खांसी के साथ कफ भी हो गया हो तो उसे रात को सोते समय दूध में अदरक डालें और उबालकर पिएं। यह प्रक्रिया करीबन पंद्रह दिनों तक अपनाएं। इससे सीने में जमा कफ आसानी से बाहर निकल आएगा। इससे रोगी को खांसी और कफ दोनों आराम भी महसूस होगा। इस बात का ध्यान रखें कि रोगी को अदरक वाला दूध पिलाने के बाद पानी न पीने दें।

    (साभार : जीवन मंत्र)

  • चंदनकियारी में अमर बाउरी व उमाकांत रजक के बीच सीधा मुकाबला

    चंदनकियारी में अमर बाउरी व उमाकांत रजक के बीच सीधा मुकाबला

    संजय भारद्वाज
    चंदनकियारी :
    भाजपा-आजसू पार्टी का गठबंधन टूटने और इन दोनों दलों द्वारा अपने उम्मीदवारों की घोषणा किये जाने के साथ ही यह तय हो गया है कि चंदनकियारी विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं राज्य सरकार के मंत्री अमर कुमार बाउरी और आजसू पार्टी के प्रत्याशी व पूर्व मंत्री उमाकांत रजक के बीच सीधा मुकाबला होगा। हालांकि, कांग्रेस-झामुमो-राजद के महागठबंधन और झाविमो ने अभी तक यहां अपने पत्ते नहीं खोले हैं। अगर इन दलों ने भी यहां से अपने उम्मीदवार उतार दिये तो स्थिति में छोड़ा-बहुत बदलाव भी आ सकता है।

    रजक और बाउरी के बीच होगी वर्चस्व की लड़ाई
    चंदनकियारी में भाजपा और आजसू के बीच गठबंधन टूटने की एक खास वजह यह भी है कि पिछले विधानसभा चुनाव परिणाम के साथ ही अमर और उमाकांत के बीच वैमनस्यता कायम रही। कारण यह है इस क्षेत्र में दोनों ही एक-दूसरे के कट्टर विरोधी रहे हैं। वर्ष 2009 के चुनाव में उमाकांत रजक ने अमर बाउरी से महज लगभग तीन हजार मतों से जीत हासिल की थी। जबकि वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में झाविमो प्रत्याशी के रूप में अमर बाउरी ने आजसू के उमाकांत रजक को लगभग 31 हजार मतों के अन्तर से पराजित किया। चुनाव जीतने के बाद अमर बाउरी भाजपा में चले गये और उन्हें राज्य सरकार में मंत्री बनाया गया। इसके बाद से ही उमाकांत रजक अमर बाउरी के खिलाफ मुखर रहे। आरोप तो यहां तक है कि गठबंधन में रहते हुए भी विगत लोकसभा के चुनाव में श्री रजक ने धनबाद से भाजपा के सांसद उम्मीदवार पशुपति नाथ सिंह का साथ न देकर कांग्रेस उम्मीदवार की मदद की। लिहाजा भाजपा के साथ उनकी आंतरिक दूरी बनी रही। अब विधानसभा चुनाव में भाजपा और आजसू अलग-अलग मैदान में है। ऐसी स्थिति में दोनों ही उम्मीदवारों के बीच वर्चस्व की लड़ाई होना भी स्वाभाविक है। 

    एक-दूसरे को पछाड़ने की बनने लगी रणनीति
    गठबंधन टूटने की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में एक-दूसरे को इस चुनावी दंगल में पछाड़ने की रणनीति भी बनने लगी है। भाजपा उम्मीदवार अमर बाउरी जहां पिछले पांच साल के दौरान मंत्री के रूप में क्षेत्र में किये गये विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों के बारे में लोगों बता रहे हैं तो दूसरी ओर उमाकांत रजक हाल के दिनों तक सरकार में साझेदारी रहने के बावजूद उन्हें आईना दिखाते हुए उनके कार्यकाल की उपलब्धियों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। 

    विकास की गति को आगे बढ़ाना है : बाउरी
    भाजपा की ओर से प्रत्याशी बनाये जाने की घोषणा के बाद प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंत्री अमर बाउरी ने कहा कि पार्टी ने मुझ पर विश्वास करते हुए मुझे चंदनकियारी की जनता को सुपुर्द किया है। 2014 से जो विकास की गाड़ी चली, उसकी गति को अब आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी क्षेत्र की जनता को है। चंदनकियारी को समृद्ध, खुशहाल और एक ‘मॉडल चंदनकियारी’ बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है, जो विकास की राजनीति करती है। आने वाले चुनाव में जनता को कमल पर मोहर लगाकर भाजपा को विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि आज चंदनक्यारी में सड़कों का जाल बिछ गया है, घर-घर बिजली पहुंची, कौशल विकास केन्द्र, नहर निर्माण का कार्य, भैरवनाथ महोत्सव के जरिये चंदनकियारी को राष्ट्रीय मानचित्र पर लाना, शिक्षा का विकास, सरकारी योजनाओं को गांव-गांव पहुंचाना आदि जो भी विकास के काम हैं, वे सब भाजपा के कार्यकाल में हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा अकेले ही 65 से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त कर झारखंड की जनता को फिर से एक स्थाई सरकार देगी।

    प्रतियोगिता में आउट होगी भाजपा : रजक
    उधर, आजसू पार्टी के उम्मीदवार उमाकांत रजक ने कहा इस राजनीतिक प्रतियोगिता में भाजपा का आउट होना निश्चित है। उन्होंने कहा पिछले 5 सालों में भाजपा ने कोई भी ऐसा विकास कार्य नहीं किया, जिसे सराहा जा सके। भाजपा की हर बात, हर ऐलान, हर वादा खोखला निकला। चंदनकियारी में बड़े-बड़े ढोल बजे। जैसे फूड पार्क आ रहा है, सीमेंट प्लांट बन रहा है, पावर प्लांट बन रहा है, रेलवे की फैक्ट्री लगेगी और न जाने क्या-क्या। असलियत में सब मुंगेरीलाल के सपने बनकर रह गये। जनता सब जानती है। इस बार के चुनाव में जनता को आजसू पर ही भरोसा है।

    मैदान में 30 वर्षों के बाद उतरी भाजपा
    1990 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा लगभग 30 वर्षों के बाद चंदनकियारी में चुनाव मैदान में उतरी है। 1990 में गौर हरिजन भाजपा से पहली बार चुनाव लड़कर जीते थे। इसके बाद वे 1995 के चुनाव में समरेश सिंह के सम्पूर्ण क्रांति दल से बैलगाड़ी चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़े और जीते। वहीं भाजपा के उम्मीदवार दपु दास का नामांकन ही रद्द हो गया था। इसके बाद वर्ष 2000 व 2005 के चुनाव में गठबंधन के तहत जद (यू) से क्रमश: गौर चन्द्र बाउरी व हारू रजवार चुनाव लड़कर हारे। वहीं 2009 एवं 2014 के चुनाव में गठबंधन के तहत आजसू के उमाकांत प्रत्याशी बनकर उतरे थे, जिसमे 2009 में आजसू के उमाकांत जीते एवं 2014 में गठबंधन के उम्मीदवार उमाकांत को जेवीएम के अमर बाउरी ने हराया। अब 30 वर्षों बाद भाजपा ने टिकट देकर पार्टी प्रत्याशी के तौर पर अमर बाउरी को उतारा है।

  • JHARKHAND : जवां प्रदेश और राजनीतिक अस्थिरता

    JHARKHAND : जवां प्रदेश और राजनीतिक अस्थिरता

    झारखंड, 19 साल का जवां और युवा प्रदेश। प्राकृतिक संपदाओं की रत्नगर्भा यह भूमि विकास की असीम संभावनाओं को अपने भीतर समेटे है, लेकिन आज तक उम्मीदें बस उम्मीदें ही बनी हैं। वजह रही है कि राजनीतिक अस्थिरता। विगत विधानसभा चुनाव में मोदी लहर के बीच संयोगवश झारखंड को स्थायी सरकार मिली और यकीनन विकास के नए-नए आयाम स्थापित हुए। लेकिन, अबकी बार चुनाव का नजारा और कुर्सी की खातिर दल-बदल की जो स्थिति है, वह कहीं फिर पुराना इतिहास न दुहराए।

    RUPAK JHA

    यह इस राज्य का दुर्भाग्य रहा है कि आरंभ के 14 वर्षों मे यहां अस्थिर सरकारों का दौर चला। इस दौरान 9 बार सरकारें बदलीं। कोई भी राजनीातिक दल ऐसा नहीं रहा, जिसे किसी न किसी दौर में सत्ता में रहने का अवसर प्राप्त नहीं हुआ हो। हद तो तब हो गयी, जब एक बार एक निर्दलीय विधायक मुख्यमंत्री बन गया। यहां तीन बार राष्ट्रपति शासन लगाने की नौबत आ गयी। खंडित जनादेश के परिणाम स्वरूप विकास कार्य तेज रफ्तार से नहीं हो पाये। रघुवर दास के नेतृत्व की वर्तमान सरकार पहली सरकार है, जिसे पूर्ण बहुमत प्राप्त है और यह पहली सरकार है, जिसे पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने का अवसर मिला है। इसके कार्यकाल में विकास कार्यों ने गति तो पकड़ी है, लेकिन विकास की दौड़ में अग्रणी पंक्ति के राज्यों के स्तर पर पहुंचने के लिए अभी इस राज्य को लंबी दौड़ लगानी होगी।

    देश का सबसे लम्बा आंदोलन
    पद्मश्री बलबीर दत्त के अनुसार झारखंड आंदोलन देश के इतिहास का सबसे लम्बा आंदोलन माना जाता है, जो प्रकारान्तर से देश की आजादी के पूर्व ही आरंभ हो गया था। झारखंड के मुकाबले उत्तराखंड आंदोलन बहुत अल्पकालिक व मंद रहा, जबकि छत्तीसगढ़ में तो कोई खास आंदोलन हुआ ही नहीं। यदि वृहत झारखंड राज्य की मांग मान ली गयी होती तो छत्तीसगढ़ का भी एक बड़ा भाग झारखंड का ही अंग होता। झारखंड का पूरा अर्थ है छोटानागपुर प्लेटो, जो काफी विस्तृत भू-भाग में फैला हुआ है।

    एक लघु भारत
    क्षेत्रफल के लिहाज से झारखंड राज्य असम, केरल, हरियाणा, हिमाचल औैर पंजाब आदि करीब एक दर्जन राज्यों से बड़ा है। झारखंड देश का एकमात्र ऐसा क्षेत्र है, जहां तीन प्रमुख सांस्कृतिक धाराओं- आर्य, द्रविड़ और आस्ट्रेलेशियाई का विभिन्न भाषाओं के रूप में प्रतिनिधित्व है और इन तीनों ने मिलकर अपनी एक नयी सांस्कृतिक पहचान बनायी है। वास्तविक अर्थों में यह एक लघु भारत है।

    सबकी आहुति जरूरी
    झारखंड के नवनिर्माण यज्ञ में सबको आहुति देनी होगी। आदिवासी-सदान, गैर-आदिवासी सबको कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। झारखंड को समृद्धि के शिखर तक पहुंचाना कोई असंभव कार्य नहीं है। राष्ट्रपति अब्दुल जे. कलाम के शब्दों में झारखंड देश का ‘मॉडल स्टेट’ (आदर्श राज्य) बन सकता है।

    – Varnan Live Report.

  • झारखंड में भाजपा के लिए भारी कश्मकश- सांप भी बच गया और लाठी भी टूट गई

    झारखंड में भाजपा के लिए भारी कश्मकश- सांप भी बच गया और लाठी भी टूट गई

    विशेष संवाददाता
    रांची :
    हरियाणा और महाराष्ट्र में वोटों की गिनती के बाद भाजपा में राजनीतिक उठा-पटक देखने को मिला, लेकिन झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले ही भाजपा की चुनावी रणनीति फेल होती नजर आ रही है और गठबंधन टूटने से अलग-थलग पड़ी भाजपा के लिए काफी कश्मकश की स्थिति दिख रही है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पार्टी के कई शुभचिंतकों की बात को तरजीह ना देते हुए, खुद फैसला लिया। नतीजतन, सांप तो बचा ही और लाठी भी टूट गयी। जिस तरह से भाजपा और आजसू के गठबंधन के हालात हैं, उससे साफ तौर से कहा जा सकता है कि पार्टी न ही गठबंधन बचा सकी और न ही बागी उम्मीदवारों को रोकने में कामयाब हो सकी। कहीं न कहीं भाजपा के बागी नेता ही पार्टी के लिए आगे चलकर चुनौती बनने वाले हैं। जबकि आजसू के मुखिया सुदेश महतो साफ तौर से गठबंधन नहीं बनने का ठीकरा भाजपा पर फोड़ चुके हैं। उनका आरोप है कि भाजपा ने आजसू के प्रस्ताव को दरकिनार किया, इसलिए उन्होंने भी अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी। सुदेश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि ‘यह कैसा गठबंधन है, जिसमें सीट शेयरिंग पर बात बनी नहीं और पार्टी लिस्ट जारी कर देती है?’

    गठबंधन की रणनीति भी फेल
    भाजपा, आजसू और लोजपा यानी जिस एनडीए के गठबंधन की बात पार्टी कर रही थी, वह भी फेल रहा। लोजपा ने राज्य में अपने करीब 50 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। लाख कोशिशों के बाद भी सुदेश भाजपा से अलग हो गये। आजसू जहां एनडीए की मुख्य पार्टी मानी जा रही थी, उसी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ के खिलाफ चक्रधरपुर में अपना उम्मीदवार उतार दिया। इधर, चंदनकियारी में भाजपा के मंत्री अमर बाउरी के सामने भी आजसू की तरफ से उमाकांत रजक मैदान में उतर चुके हैं। चुनाव से लगभग एक-डेढ़ माह पहले ही सुदेश इसे साफ कर चुके थे और खुद उमाकांत ने भी घोषणा कर रखी थी।

    – Varnan Live Report.

  • कल तक थे साथ-साथ, अब लड़ेंगे दो-दो हाथ : गठबंधन टूटे, पुराने साथी छूटे

    कल तक थे साथ-साथ, अब लड़ेंगे दो-दो हाथ : गठबंधन टूटे, पुराने साथी छूटे

    विजय कुमार झा
    रांची :
    जिसका डर था, वही हुआ। आसन्न विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारी को लेकर टिकट की जीच ने ऐसा रंग दिखाया कि सियासी उथल-पुथल के पिछले तमाम रिकॉर्ड धराशायी हो गए। टिकट ने ऐसी विकट स्थिति ला दी कि कल के पुराने सियासी दोस्त, आज के प्रतिद्वंद्वी बन आमने-सामने दो-दो हाथ करने को खड़े हो चुके हैं। क्या एनडीए और क्या यूपीए, सबकी गांठें खुलकर अलग-थलग पड़ गईं। हालांकि, इसके लक्षण पहले से ही दिख रहे थे। सत्तोलोलुपता चीज ही ऐसी है कि अच्छे-अच्छों का धैर्य जवाब दे जाता है। दे भी क्यों न! भाई लोकतंत्र में सबको अपनी भागीदारी का अधिकार है, लेकिन जब बात साथ निभाने के संकल्प की रही हो, वह अगर अवसरवादिता की बलिवेदी पर शहीद हो जाय तो इसे विडम्बना ही कहेंगे और ऐसा ही हुआ। टिकट को लेकर आपसी सहमति नहीं बन पाने के साथ-साथ अपने राजनीतिक वर्चस्व की अंदरूनी लड़ाई में 19 साल पुराना भाजपा और आजसू का सियासी याराना भी आखिरकार टूट गया। वहीं दूसरी तरफ यूपीए में झाविमो ने किनारा पकड़ते हुए अपनी डफली अलग ही बजाने का निर्णय लिया। लिहाजा, राज्य में यूपीए महागंठबंधन कांग्रेस, झामुमो और राजद तक का ही होकर रह गया है। हालांकि, इनके आपसी समझौते के बावजूद कई विधानसभा सीटों में उम्मीदवारी को लेकर भीतर ही भीतर बगावती स्वर भी उठते दिख रहे हैं। नतीजा क्या होता है, यह देखना बाकी है। फिलहाल, टिकट की आस में इधर से उधर और उधर से इधर दल-बदल का सिलसिला लगातार जारी है।

    80 सीटों पर लड़ेगी भाजपा
    81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अकेले 80 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है, जबकि एक सीट पर वह अपना समर्थन देगी। भाजपा राज्य की कुल 81 विधानसभा सीटों में से 53 प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुकी है, जबकि आजसू पार्टी ने भी 12 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। आजसू के केन्द्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि उनकी तैयारी 26 सीटों पर है।

    सेंधमारी की चुनौती
    राहें अलग होने के बाद भाजपा और आजसू के समक्ष अपना गढ़ बचाने व दूसरे के गढ़ में सेंधमारी की चुनौती होगी। आजसू प्रमुख सुदेश महतो, सांसद चन्द्रप्रकाश चौधरी, भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई नेताओं को अब अपने बल पर लड़ने के साथ ही भाजपा को प्रतिद्वंद्वी के रूप में लेकर रणनीति बनानी होगी

    नहीं झुकेगी भाजपा
    सूत्रों के अनुसार भाजपा ने गठबंधन में सहयोगी दलों के सामने नहीं झुकने का निर्णय ले लिया है। सूत्रों ने बताया कि झारखंड के मुद्दे पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और उपाध्यक्ष सह झारखंड के चुनाव प्रभारी ओपी माथुर ने बैठक की और यह निर्णय लिया कि पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन टूटने के बाद भाजपा के लिए 65 प्लस के लक्ष्य के विपरीत 42 सीटें जीतना अहम माना जा रहा है।

    दबाव की राजनीति
    दरअसल, गठबंधन में आजसू प्रमुख सुदेश महतो दबाव की राजनीति शुरू कर चुके थे। पार्टी की पहली सूची जारी कर भाजपा की सीटों पर उम्मीदवार देकर उन्होंने पहला दबाव बनाया। उसके बाद हर दिन एक-एक हैवीवेट नेताओं को पार्टी में शामिल कराते रहे। दूसरे दल से आने वाले नेताओं को उनकी पसंदीदा सीट दी जा रही है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू और छतरपर के भाजपा विधायक राधाकृष्ण किशोर तक आजसू का पट्टा धारण कर चुके हैं। यानी केले की मिठास भाजपा के लिए खटास बनने की तैयारी में लगी है।

    जदयू, लोजपा भी अलग
    आजसू से अलग होने वाली भारतीय जनता पार्टी अब झारखंड में अकेले नजर आ रही है। यही कारण है कि इस चुनाव में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पूरी तरह बिखरा नजर आ रहा है। बिहार में भाजपा के साथ मिलकर सरकार चला रहा जनता दल (यू) जहां झारखंड में अकेले चुनावी मैदान में उतर गया है, वहीं राजग की घटक लोजपा ने भी सीट बंटवारे से नाराज होकर 50 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है।

    – Varnan Live Report.

  • गरीबों की सेवा ही परमात्मा की सेवा : वेंकटेश शर्मा

    गरीबों की सेवा ही परमात्मा की सेवा : वेंकटेश शर्मा

    संवाददाता
    बोकारो। बोकारो के चुनावी मैदान में बतौर निर्दलीय प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने को तैयार शिक्षाविद सह समाजसेवी वेंकटेश शर्मा ने बुधवार को क्षेत्र में जगह-जगह जनसंपर्क अभियान चलाया। इस क्रम में उन्होंने सेक्टर – आठ स्थित संत निरंकारी सत्संग आश्रम में वहां उपस्थित लोगों के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने संत निरंकारी आश्रम के कार्यों की सराहना करते हुए समाज सेवा को अपना ध्येय बताया।

    लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने जीवन में सच्चाई अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में सुख दुख आते जाते रहते हैं। गरीबों की सेवा करना ही परमात्मा की सेवा है। उन्होंने लोगों से अपने पक्ष में आशीर्वाद की मांग करते हुए हर सुख-दुख में जनता का साथ निभाने का वचन दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में शिक्षित एवं स्वच्छ छवि के लोगों की आज नितांत आवश्यकता है। तभी समाज और क्षेत्र का सही मायने में विकास संभव हो पाएगा।

    • Varnan Live Report.
  • पक्ष-विपक्ष का अखाड़ा बोकारो : कहीं जन-आशीर्वाद, कहीं जनाक्रोश तो कहीं जनभावना

    पक्ष-विपक्ष का अखाड़ा बोकारो : कहीं जन-आशीर्वाद, कहीं जनाक्रोश तो कहीं जनभावना

    विजय कुमार झा
    बोकारो :
    चुनावी मौसम ने अपना रंग दिखाना अब शुरू कर दिया है। इस हफ्ते बोकारो भगवा झंडे और तिरंगे से रंगा तथा पक्ष-विपक्ष का अखाड़ा बना रहा। लगातार तीन-चार दिनों तक शहर में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों की रैलियां होती रहीं। सभी दलों के पक्ष में खूब नारेबाजियां हुईं और कार्यकर्ताओं की चहल-कदमी और डीजे की धमक वाले चुनावी गीतों से सियासी माहौल चरम पर रहा। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जहां जोहार जन-आशीर्वाद यात्रा के दौरान यहां पहुंच लोगों से इस बार के चुनाव के लिए भी आशीर्वाद मांगा, वहीं दूसरी तरफ उसी दिन कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी पार्टियों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्थानीय मजदूर मैदान में जुटकर जनाक्रोश रैली आयोजित की। इसके बाद जदयू ने भी अलग से बकरी बाजार में जनभावना रैली का आयोजन कर सरकार के खिलाफ अपनी रणनीति घोषित की। कुल मिलाकर सबों ने अपनी चुनावी हुंकार भर दी है।

    मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां, कांग्रेस ने दिखाया आईना
    मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बंगाल सीमा चंदनकियारी से लेकर जिले के कोयलांचल तक अपनी सरकार की पिछले पांच साल की जहां उपलब्धियां गिनाईं, वहीं बोकारो इस्पात नगर के मजदूर मैदान में कांग्रेस के प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने सरकार को आईना दिखाकर उसे घेरने का प्रयास किया। भाजपा की जन-आशीर्वाद यात्रा लेकर बोकारो पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर दास का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। इस यात्रा में उनके साथ राज्य सरकार के मंत्री व चंदनकियारी के विधायक अमर कुमार बाउरी भी मौजूद रहे।

    जगह-जगह स्वागत
    जोहार जन-आशीर्वाद यात्रा के तहत पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर दास का यहां विभिन्न क्षेत्रों में भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर सुदामडीह स्थित नगीना बाजार फुटबॉल मैदान में उतरा, जहां उन्हें जिला प्रशासन द्वारा गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। वहां से चंदनकियारी के विधायक एवं मंत्री अमर कुमार बाउरी व सांसद पशुपति नाथ सिंह ने उनकी आगवानी की।

    लोगों का कुशल-क्षेम पूछा
    मुख्यमंत्री ने अपने घरों के बाहर खड़े ग्रामीणों, वृद्धजनों व बच्चों तक से हाथ मिलाकर उनका कुशलक्षेम पूछा। इससे बच्चे व बड़े तक गदगद हो गए। इस क्रम में उन्होंने पिछले पांच साल के दौरान अपनी सरकार द्वारा किये गये कार्यों पर संक्षिप्त प्रकाश डाला और सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए आगामी चुनाव में भाजपा के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके उपरांत सुभाष चौक होते हुए शहीद चौक पर डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के पश्चात बरकामा, रामडीह मोड़, चन्द्रा, साबड़ा, टियाडा, हरिडीह व मामरकुदर के रास्ते वाहन से ही लोगों का अभिवादन करने के पश्चात चास के रामडीह मोड़ स्थित विनोद बिहारी महतो की मूर्ति पर माल्यार्पण कर चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र की यात्रा की समाप्ति की। इस दौरान उनके भारी संख्या में मोटरसाइकिल सवार कार्यकर्ताओं ने रैली की शक्ल में मुख्यमंत्री की आगवानी की। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने चंदनकियारी मध्य बाजार स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में पहुंचकर दर्शन किया। इस क्रम में पुजारी ने उन्हें माता की चुनरी भेंट की।

    चास में हुई फूलों की वर्षा
    जन आशीर्वाद यात्रा के तहत चास में भी विभिन्न जगहों पर मुख्यमंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। चास मेनरोड में मुख्यमंत्री के काफिले पर फूलों की वर्षा की गयी। सबसे पहले भवानीपुर के पत्थरकट्टा चौक पर बोकारो विधायक बिरंची नारायण के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर रांची सांसद संजय सेठ, जिलाध्यक्ष बिनोद महतो, चास उप महापौर अविनाश कुमार, रोहित लाल सिंह, ऋतुरानी सिंह, चास महामंत्री रंजीत बर्णवाल, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष राजेश बर्णवाल, युवा नेता संजीत पोलटा, राजदेव महथा, हाबुलाल गोराई, अशोक जगनानी, अभय कुमार मुन्ना आदि मौजूद थे। चास के जोधाडीह मोड़ स्थित कुरमी छात्रावास के समक्ष भाजपा के वरीय नेता व पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र महतो तथा महावीर चौक पर मो. सुल्तान के नेतृत्व में स्वागत किया गया। चेकपोस्ट में भाजपा नेत्री आरती राणा एवं भाजपा नेता कृष्णा तिवारी ने मुख्यमंत्री रघुवर दास को तलवार भेट कर स्वागत किया।

    रितुडीह में विपक्ष पर किया हमला
    बोकारो के रितुडीह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए झामुमो और कांग्रेस पर जोरदार हमले किये। उन्होंने कहा कि झारखंड ने जो विकास पिछले पांच वर्षों में किया, वह बेमिसाल है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता सिर्फ झारखंड को लूटने में लगे रहे। उन्होंने सोरेन परिवार पर झारखंडवासियों के साथ छलावे का आरोप लगाते हुए विपक्ष पर खूब निशाने साधे। सत्ता में पुन: वापसी से जन आशीर्वाद मांगने के साथ-साथ उन्होंने बोकारो की इंडस्ट्रियल टाउनशिप को और विकसित किए जाने तथा माराफारी को बोकारो स्टील सिटी से पृथक करने की भी बात कही।

    सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान
    प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस भी कमर कस चुकी है। इसी क्रम में जनाक्रोश रैली के बहाने नगर के सेक्टर-4 स्थित मजदूर मैदान में कांग्रेस का उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रैली भी निकाली, जिसमें कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह, मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री सह झारखड के सह-प्रभारी उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उंराव, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, सीके ठाकुर के अलावा प्रदेश व जिला स्तर के पदाधकारी समेत बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, कोडरमा और धनबाद के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। छह जिलों से आये नेता व कार्यकर्ता झारखंड प्रभारी और सह प्रभारी के सामने अपने-अपने नेताओं के पोस्टर व बैनर के साथ शक्ति-प्रर्दशन करते नजर आये।

    मंच से वैसे नेताओं को यहां शक्ति प्रर्दशन नहीं करने की नसीहत दी गयी। मंच से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रसाद सिंह, मन्नान मल्लिक व ददई दुबे समेत अन्य नेताओं से भाजपा की डंबल इंजन सरकार को घेरने का प्रयास किया। जनाक्रोश रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। आखिर किसका आशीर्वाद लेने के लिए? जबकि जनता के लिए कुछ भी नहीं किया। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्ट्राचारियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। जबकि पार्टी के सह-प्रभारी उमंग सिंधाल ने प्रदेश सरकार पर लोगों को सिर्फ ठगने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश मे शिक्षा, बेरोजगारी समेत कई मुद्दे हैं, लेकिन उसको भटकाने का काम डबल इंजन की सरकार कर रही है। उन्होंने ऐसी सरकार को झारखंड से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

    विकास के लिए नीतीश मॉडल की जरूरत : रामचंद्र
    जनता दल (यू) बोकारो के तत्वावधान में सेक्टर-2 बकरी बाजार के मैदान में जनभावना सम्मेलन जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक चौधरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें भारी संख्या में जदयू कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा संसदीय दल के नेता रामचंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि झारखंड के विकास के लिए नीतीश मॉडल की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जमीन के ऊपर जो भी होता है, किसान का होता है, लेकिन जब जमीन के नीचे कोई भी चीज, मसलन- कोयला, अभ्रक या अन्य कोई भी खनिज पदार्थ निकलता है तो किसान को किनारे कर दिया जाता है और सरकार उसे ले लेती है। खनिज पदार्थ से मिल रही रायल्टी में किसानों का भी हिस्सा होना चाहिए।

    सिंह ने बोकारो में विस्थापन की समस्या दूर करने में भी अपने स्तर से मदद की बात कही।
    नीतीश जो कहते हैं, वो करते हैं। इसी बल पर पूरे देश में उन्होंने अपनी साख कायम की है। मौके पर झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने कहा नीतीश मॉडल के कारण ही आज 65% महिलाएं पंचायती राज में काबिज हैं। कहा कि भाजपा और झामुमो से झारखंड के अच्छे भविष्य की उम्मीद बेकार है। अध्यक्षीय संबोधन में अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश माडल अतुलनीय है। जदयू का मुख्य एजेंडा न्याय के साथ विकास है। उन्होंने स्थानीय विधायक पर हमला बोलते हुए कहा कि वह मोदी लहर की उपज और एक्सीडेंटल विधायक हैं। विस्थापन, स्लम तथा उच्चतर शिक्षण के मामले में वह विफल रहे हैं। सभा को जदयू झारखंड प्रभारी अरुण कुमार, राष्ट्रीय सचिव रविंद्र कुमार ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में संजय सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हुए, जिनका रामचंद्र प्रसाद सिंह ने माला पहनाकर स्वागत किया।

  • पात्रता को तीक्ष्ण करने का महापर्व है दीपावली :  गुरुदेव श्री नन्दकिशोर श्रीमाली

    पात्रता को तीक्ष्ण करने का महापर्व है दीपावली : गुरुदेव श्री नन्दकिशोर श्रीमाली

    Gurudev N.K. Shrimali

    दीपावली पर हर साल आप लक्ष्मी और गणेश का पूजन करते हैं। घर में धन-धान्य, सुख-संपत्ति के आगमन की प्रार्थना करते हैं। आइए, दीपावली में छिपे लक्ष्मी पूजन एवं गणेश वन्दन के गूढ़ार्थ को समझने का प्रयास करते हैं। लक्ष्मी आपके पास अवश्य आएगी, जब आप बुद्धि से युक्त होकर कार्य करेंगे, अहंकार से रहित होंगे और स्वाभिमान से युक्त होंगे। द्वन्द्व से रहित होकर निरंतर कार्यरत रहेंगे और सुमति से युक्त होंगे।
    भारत की धर्म-संस्कृति में प्रत्येक परंपरा के पीछे कारण अवश्य है। राम के 14 वर्ष के वनवास के बाद घर वापसी पर दीपावली का पर्व मनाया जाना ‘असतो मा सद्गमय’ का द्योतक है। असत्य यानि अंधकार से सत्य अर्थात प्रकाश की ओर जीवन ले जाने का पर्व है।
    प्रकट तौर पर दीपावली प्रकाश पर्व है, आनंद एवं उल्लास का उत्सव है, जिसकी अभिव्यक्ति दीपों की माला, दोस्तों से मिलना-जुलना एवं फुलझरियां जलाना है। पर दीपावली उल्लास की इन अभिव्यक्तियों से अधिक गहन और प्रगाढ़ है, जिसे समझने के लिए सुर-असुर के बीच हुए संघर्ष को समझना होगा। विष्णु पुराण के अनुसार एक बार दुवार्सा ऋषि वैकुंठ लोक से आ रहे थे रास्ते में ऐरावत हाथी पर बैठे इंद्र को उन्होंने कमल के फूलों की एक माला भेंट की, लेकिन वैभव में डूबे इंद्र ने अहंकार में उस माला को ऐरावत के सिर पर फेंक दिया। ऐरावत हाथी ने उस माला को अपने पैरों तले कुचल दिया। ऋषि दुवार्सा ने इसे स्वयं के साथ कमल के फूलों पर बैठने वाली लक्ष्मी जी का भी अपमान माना। इसलिए इंद्र को श्रीहीन होने का शाप दे दिया और उनका सारा वैभव समुद्र में गिरकर समा गया। दैत्यों ने स्वर्ग पर अपना अधिकार कर लिया। स्वर्ग का वैभव और राज्य फिर से पाने के लिए विष्णु ने समुद्र मंथन करने की योजना बनाई, जिससे लक्ष्मी देवी के साथ अमृत भी उत्पन्न हुआ, जिसके लिए सुर और असुर के बीच घनघोर विवाद छिड़ गया। उस विवाद का हल करने के लिए विष्णु ने मोहिनी का रूप धारण करके छल से अमृत को देवताओं में बांट दिया। विष्णु के पास लक्ष्मी सागर से निकलकर स्वयं आ गई थीं और अमृत देवताओं को मिल गया। वास्तव में लक्ष्मी जब आती है तो उसके साथ ही साथ अहंकार छल, बल और कुबुद्घि भी आ जाते हैं। जो इन दोषों पर विजय प्राप्त कर लेते हैं, लक्ष्मी उनके पास स्थिर अवस्था में रहती है और जो इन दोषों को अपना गुण बना लेते हैं, लक्ष्मी उनसे दूर चली जाती हैं।
    अमृत मंथन से लेकर आज तक मनुष्य लक्ष्मी को पाने के लिए संघर्ष कर रहा है, क्योंकि जिसके पास लक्ष्मी है, वह समर्थ से युक्त और दोष-मुक्त है। हर कोई उसके समीप आना चाहता है, क्योंकि वह देवताओं की भांति अपनी कृपा दृष्टि से मनुष्य का जीवन बदल सकता है।
    हिन्दू धर्म में दीपावली का त्यौहार एक अवसर है, प्रत्येक व्यक्ति को लक्ष्मी की निधियां एकत्र करने के लिए। मनुष्य के मन में सदियों से लक्ष्मी को आबद्ध करने की इच्छा को कार्यान्वित करने का समय दीपावली की रात है। किसी प्रयोजन को शुरू करने के लिए दीपावली की रात स्वयं सिद्ध मुहूर्त है। इस रात व्यापारी बही-खाता बदल देते हैं और अपने नए वित्तीय वर्ष का आरंभ करते हैं।
    जैसे जल है तो कल है, वैसे ही लक्ष्मी आपके जीवन में रहती हैं, तब उल्लास हंसी-खुशी, उत्सव का माहौल रहता है, जिसकी अनुभूति हमें दीपावली पर होती है। लक्ष्मी और जल का अभिन्न संबंध है। समुद्र मंथन से लक्ष्मी उत्पन्न हुई हैं। प्रचलित लक्ष्मी के चित्र में दो श्वेत हाथी उन पर जल बरसाते हैं। जैसे जल हमारे जीवन के लिए अनिवार्य है, उसी प्रकार लक्ष्मी जीवन को गतिशील करने वाली तत्व है। लक्ष्मी का एक नाम कमला है, क्योंकि वे कमल पर आसीन हैं। कमल कीचड़ भरे जल में उगता है, पर उसमें निर्लिप्त नहीं होता है। उसी प्रकार लक्ष्मीपति किसी भी परिस्थिति में द्वंद्व रहित होकर धन प्राप्ति के लिए कर्मरत रहता है।
    लक्ष्मी और भूख दोनों एक ही सिक्के के दो पक्ष हैं। लक्ष्मी भूख मिटाने वाली शक्ति हैं, हमें तृप्त करती हैं, कामनाएं पूर्ण करती हैं। इसलिए इनकी पूछ है, सभी को लक्ष्मी चाहिए। दीपावली की रात लक्ष्मी पूजन तीन सत्यों की पुनरावृत्ति है।
    तमसो मा ज्योतिर्गमय
    असतो मा सद्गमय
    मृत्योर्मा अमृतंगमय
    जब तक जीवन है, तब तक लक्ष्मी जरूरी है और उसे पाने के लिए कोई भी कीमत किसी भी काल में बड़ी नहीं रही है। लक्ष्मी के लिए रावण ने अपने भाई कुबेर को लंका से निष्कासित कर दिया और कौरवों ने छल से पांडवों का राज छीन लिया। लक्ष्मी को प्राप्त करने के लिए देवता, दानव एवं मनुष्य, तीनों छल का सहारा लेते हैं। जरूरत पड़े तो बल का भी। बात तो यही हो गई कि सफलता के लिए कोई भी कीमत बड़ी नहीं है। कई बार हम जीवन में सफलता को जीवन का लक्ष्य मान लेते हैं। जीवन का लक्ष्य तो स्वयं जीवन है। कहा भी गया है जान है तो जहान है।
    आमतौर पर मनुष्य के लिए जीवन की अभिव्यक्ति शरीर है। इसलिए लक्ष्मी जिसके पास होती हैं, वह व्यक्ति अपने शरीर के सुखों या इंद्रिय सुख के प्रति सतर्क रहता है, जैसे भोजन, वस्त्र, आवास, मन-बहलाव।
    इंद्र भी प्रतीक रूप में इंद्रिय सुख है, स्वर्ग का वैभव इंद्रिय सुखों का चरमोत्कर्ष है और उस सुख को बनाए रखने के लिए इंद्र को लक्ष्मी का सानिध्य चाहिए, बिना लक्ष्मी के इन्द्र भी श्री विहीन हो जाते हैं। अर्थात शरीर के सुखों में जब हमारी आसक्ति बढ़ती है, हमारा लक्ष्मी को हड़पने की मानसिकता भी घनीभूत होती है। यह मानसिकता आसुरी है, रावण और दुर्योधन की है, लेकिन इंद्र भी इस मानसिकता से परे नहीं हैं। जहां ऋषियों का तपोबल बढ़ा, इंद्र ने अप्सराओं को भेज उन्हें इंद्रिय सुख के प्रपंच में फंसा दिया, क्योंकि इंद्र को स्वर्ग के सिंहासन को सुरक्षित रखना है। मतलब अगर लक्ष्मी आपके पास है तो संघर्ष भी साथ होगा, क्योंकि लक्ष्मी तो दूसरों को भी चाहिए। ऐसा कौन है, जिसे लक्ष्मी नहीं चाहिए? पर लक्ष्मी को कौन चाहिए?
    उत्तर तुलसी बता रहे हैं-
    जहां सुमति तहां संपत्ति नाना
    जहां कुमति तहं विपत्ति निदाना
    लक्ष्मी तो बुद्धिमान व्यक्ति के साथ है। छल तो सुरों का भी था। अमृत मंथन में मोहिनी रूप में, परंतु उस छल में बल शामिल नहीं है। उसमें बुद्धि का प्रयोग हुआ है, तार्किक बुद्धि, अन्वेषक बुद्धि, जो परिस्थिति का चीर-फाड़ कर उसमें से अपना भला निकाल ले। समस्याओं को कुतरकर रास्ता बना सकें। ऐसी बुद्धि, ज्ञान, विवेक देते हैं शक्तिपुत्र गणपति।
    तंत्र में शक्ति का स्रोत महालक्ष्मी हैं और शक्ति के अंश गणपति उन्हें पूरा कर देते हैं। गणपति प्रथम पूज्य हैं, क्योंकि उनके पास वह मति है, जो उन्हें प्रश्नों को देखने का एक बिल्कुल अलग दृष्टिकोण देती है। जब संसार की परिक्रमा करनी होती है, गणपति माता-पिता की परिक्रमा कर लेते हैं, क्योंकि संतान का संसार उसके माता-पिता होते हैं। जिसमें पात्रता होती है, उसके पास लक्ष्मी हैं और गणपति भी सुपात्र के साथ ही हैं। लक्ष्मी से इंद्र का अहंकार भी नहीं सहन होता है और रावण का भी नहीं। लक्ष्मी की शब्दावली में युक्ति और छल में भेद है, क्योंकि पात्रता तो वही निर्धारित करती हैं। दीपावली पात्रता को तीक्ष्ण करने का महापर्व है।
    (साभार : निखिल मंत्र विज्ञान)

  • 30 वर्षों की गौरवशाली यात्रा…!

    30 वर्षों की गौरवशाली यात्रा…!

    विजय कुमार झा

    जगतजननी मां जानकी की जन्मभूमि मिथिलांचल के सीतामढ़ी की पावन धरती से अपनी शुरुआत कर आज झारखंड की धरती बोकारो से प्रकाशित हिन्दी साप्ताहिक ‘मिथिला वर्णन’ ने अपने सफर के 30 वर्ष पूरे कर लिये हैं। एक लघु समाचार-पत्र की यह गौरवशाली यात्रा हमारे सुधी पाठकों और शुभ-चिन्तकों की बदौलत ही पूर्ण हो सकी है और यह हमारे लिए प्रसन्नता की बात है। सीतामढ़ी के एक छोटे से कस्बे पुपरी (जनकपुर रोड) से वर्ष 1988 में प्रारम्भ हुए इस लघु समाचार-पत्र ने राजनीतिक उथल-पुथल और सामाजिक आंदोलनों के कई दौर देखे और उसका चश्मदीद गवाह बना। अपने जन्मकाल से लेकर आज तक इस अखबार को उतार-चढ़ाव और झंझावातों के कई दौर से गुजरना पड़ा। विपरीत परिस्थितियों, कठिन चुनौतियों और संघर्षों को झेलते हुए भी यह अखबार यदि आज प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है तो यह केवल हमारे शुभचिन्तकों, सहकर्मियों, सुधी पाठकों, विज्ञापन-दाताओं और हॉकरों के स्नेह तथा अपने मार्गदर्शकों की प्रेरणा से ही संभव हो सका है। मिथिलांचल, झारखंड और बंगाल के मिलते-जुलते सांस्कृतिक परिवेश में इसके कदम आज निरंतर आगे बढ़ते जा रहे हैं।

    वर्ष 1988 में प्रथमांक विमोचन के बाद ‘मिथिला वर्णन’ पढ़ते पाठकवृंद।  


    यह सच है कि पूंजीवाद के इस दौर में हमारे लिए 30 वर्षों की यात्रा पूरी करना कोई साधारण बात नहीं है। आज देश में अखबार निकालना एक व्यवसाय और उद्योग बन चुका है। समाचारों को आज उत्पाद (प्रोडक्ट) माना जा रहा है। जबकि पत्रकारिता पहले राष्ट्र-भक्ति और जन-चेतना को जाग्रत करने का एक सशक्त माध्यम था। अखबारी जगत पर आज बड़े-बड़े पूंजीपति घरानों का कब्जा है। प्रतिस्पर्धा और बाजारवाद के दौर से गुजरते अखबार आज देश में जागरुक नागरिक बनाने की जगह सिर्फ और सिर्फ अपना ग्राहक बना रहे हैं। इस दौर में छोटे अखबारों के लिए टिके रहना अत्यन्त कठिन है। इनके समक्ष बहुत सारी चुनौतियां हैं। ज्यादातर पत्रकार परावलंबी हो चुके हैं और यही कारण है कि इस विधा में भी बहुत सारी विकृतियां आ चुकी हैं।

    वर्ष 2014 में ‘मिथिला वर्णन’ के बोकारो संस्करण का लोकार्पण करते तत्कालीन आईजी लक्ष्मण प्रसाद सिंह व अन्य (फाइल फोटो)।


    किसी भी समाज या राष्ट्र के उत्थान में मीडिया की बड़ी सशक्त भूमिका होती है। खासकर, आज सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, विजुअल समाचार चैनलों की आपा-धापी और कुछ खास वर्ग की कट्टरतावादी सोच की वजह से समाज में तेजी से बढ़ती वैमनस्यता के दौर में प्रिन्ट मीडिया का दायित्व और अधिक बढ़ गया है। ‘मिथिला वर्णन’ अपने इस दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करता आ रहा है और आगे भी करता रहेगा। ‘मिथिला वर्णन’ के स्थापना दिवस पर हम अपने प्रारंभिक काल से लेकर आज तक हमारा उत्साहवर्धन करने वाले मित्रों, शुभ-चिन्तकों व सुधी पाठकों के प्रति हृदय से आभार प्रकट करते हैं। साथ ही उनके प्रति भी आभार प्रकट करते हैं, जो ‘मिथिला वर्णन’ की मूल-प्रतियों के अवलोकन के साथ-साथ झारखंड, बिहार और देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेशों में भी इसके वेबसाइट, फेसबुक, वाट्सएप और ट्विटर पर भी इससे लाखों की संख्या में जुड़े रहकर हमारा मनोबल बढ़ा रहे हैं। संसाधनों की कमी के बावजूद हमारा यह प्रयास होगा कि आने वाले दिनों में ‘मिथिला वर्णन’ को और भी बेहतर स्वरूप दिया जाय। हमारा यही संकल्प है और जहां संकल्प है, वहां सिद्धि है। हमें पूर्ण विश्वास है कि आप प्रियजनों का स्नेह और सहयोग निरन्तर आगे भी मिलता रहेगा। अभी शारदीय नवरात्र का पावन पर्व चल रहा है और सामने विजयादशमी का महापर्व है, जिस दिन असत्य पर सत्य की विजय हुई थी। इस अवसर पर हम देवाधिदेव महादेव, महाकाल व निखिल स्वरूप मेरे पूज्य गुरुदेव और महाकाली स्वरूप जगतजननी जगदम्बा माता भगवती के श्रीचरणों में नमन करते हुए अपने पाठकों व शुभचिन्तकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हैं।
    आप सबों को नमस्कार…, जोहार!