Author: Varnan Bureau

  • समझें आजादी की कद्र और लायें बदलाव

    समझें आजादी की कद्र और लायें बदलाव

    – सरोज झा
    आज हम सभी अपने देश का 73वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। स्वतंत्रता शब्द चाहे दैहिक हो, वैचारिक हो, आर्थिक या सामाजिक हो, इसके लिए लोग हर प्रयास करना चाहते हैं। हजार साल की दासतां से आजादी के लिए हजारों शूरवीरों ने किस तरह से सर्वस्व न्योछावर किया। इसके लिए न जाने कितनी पुस्तकें लिखीं गयीं, इतिहास की रूप-रेखा तय की गयी। भारतीय इतिहास का सर्वाधिक गौरवशाली दिवस था वो, जब हमारी स्वतंत्रता पर वैधानिक मुहर लगायी गयी। 15 अगस्त 1947 को हमने विदेशी चंगुल से मुक्ति पायी, अखंड भारत के टुकड़े भी हुये, खून की नदियां भी बहीं, तथापि हम शायद इस रक्तरंजित दिवस की महत्ता को नहीं समझ पाते और यदि समझते हैं तो उसकी पर्याप्त कद्र नहीं कर पाते।

    स्वतंत्रता के साथ ही तत्कालीन भारत के दो टुकड़े हुए, मानचित्र बदले नहीं, बल्कि बदल दी गये। पुरातन समाज में जाति भेद, छुआछूत, महिला उत्पीड़न आदि कुप्रथाओं पर संवैधानिक मुहर लगीं। मैं नहीं जानता कि इन सब कुप्रथाओं में कितनी सच्चाई थी, क्योंकि प्राचीन भारतीय समाज से संबंधित इतिहास की पुस्तकों में, मत्यस्य पुराण, ऋग्वेद जैसे प्रमाणिक ग्रन्थों में इन कुप्रथाओं का जिक्र जन्म आधारित नहीं बताया गया है। उषा, गारगी, मैत्री जैसे विभूषियां उन्नत समाज की बेहद सम्मानित स्त्रियां थीं। 100 प्रतिशत साक्षरता दर यह प्रमाणित करता है कि अपना प्राचीन समाज महिला उत्पीड़न, जाति- प्रथा वगैरह से दूर था। राजपूत शासन के समय विदेशी आक्रमण को सती प्रथा का जन्मदाता माना जाता है। सल्तनत, मुगल दौर में यह प्रथा अनिवार्य सी बन गयी! हालांकि, वे स्त्रियां अपने सतीत्व के रक्षार्थ अग्नि की बलि-वेदी पर चढ़ती थीं। ब्रिटिश शासन का दौर शुरू हुआ और कई समाजिक बुराइयों के खात्मे के साथ समाज में जाति प्रथा को सुनोयोजित तरीके से प्रबल बनाने की पुरजोर कोशिश की गयी। प्रश्न केवल हिंदू समाज के अंदर ही विखंडन का नहीं था, बल्कि और भी कई संप्रदायों का वर्चस्व भी था। जातीय लड़ाई, मजहबी बैर आदि ब्रिटिश शासन की नींव को टिकाये रखने में मददगार साबित हुआ।

    अब भी पिछड़ापन
    कभी 100 प्रतिशत साक्षर भारत से वर्तमान भारत की तुलना करें तो हमें समाज अभी पिछड़ा लगेगा। आर्थिक व वाणिज्यिक रूप से संपन्न भारत में आज सुबह से लेकर रात को सोने तक उपभोग की गयी वस्तुओं में शायद ही कोई ऐसी वस्तु हो, जिनमें विदेशी हाथ संलिप्त न हों। अपने मजबूत औद्योगिक ढ़ांचे को हमने ब्रिटिश साजिश के तहत धराशायी कर लिया। हमारे बच्चे जन्म लेते ही चाइनीज खिलौनों की ओर आकर्षित होते हैं और हम एक बेहतर भारत की कल्पना करते हैं। संविधान में जातीय अधिनियम, अल्पसंख्यक व जनजातीय कानून, क्षेत्र विशेष आधारित प्रावधान हमारे देश में सरकारी योजनाओं का आधार बनता है। लाखों प्रतिभाएं अपनी अस्तित्व की लड़ाई-लड़ते लड़ते दम तोड़ती हैं, गरीबों के नाम पर लड़ने वाले लोग कुबेर खजाने के मालिक बनते हैं। छोटे-छोटे मासूम बच्चों को शिशुवस्था से ही यह अहसास कराया जाता है कि वो गरीब हैं, अमुक जाति का है और उसके संतुलित आहार, समुचित इलाज वगैरह देश के खंडित सरकारी योजनाओं से तय किया जाएगा।

    विकृत मानवता
    एक गरीब आम जनता की असाध्य बीमारियां भी देश के भाग्य विधाताओं के रुटीन चेकअप की तुलना में कम मायने रखता है। सरकारी अस्पतालों में मानवता का विकृत विखंडन देखने को मिलता है, जहां कोई असहाय गरीब बच्चा उस अधिकार से वंचित होता है, जो अधिकार आला सेवकों के दूर-दूर के रिश्तेदारों तक को भी दी जाती है। चिकित्सीय जांच भी हमारे स्टेटस व हैसियत पर निर्भर करता है। सरकारी स्कूलों के लिए अरबों रुपए से बनी शिक्षा समितियां सुधार का बेहद हास्यास्पद प्रदर्शन करते दिखती हैं। नीति-निर्माण से सम्बंधित लोगों में से एक फीसदी के भी बच्चे भारत में निवास नहीं करते और यदि करते हैं तो तमाम निजी शिक्षण संस्थानों की शान बढ़ाते हैं।

    सोशल मीडिया पर ही देशभक्ति
    देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम सोशल मीडिया पर आज लोकप्रियता की जड़ेें बनकर रह गयीं। बड़े-बड़े नारों से लोकतंत्र की गरिमा मजबूत की जाती है। बरसात के मौसम में देश के तमाम इलाके बाढ़-ग्रस्त हो जाते हैं। रोकथाम व निपटने की हमारी तैयारी भले ही न हो, लेकिन ऐसी विभीषिकाएं सेल्फीप्रेमियों के जरिये यह संदेश अवश्य देती हैं कि हमें अब ऐसी त्रासदी झेलने की लत पड़ गयी हैं। बहुत पॉजिटिव हो गये हैं हम।

    जमीनी सच जस की तस
    15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उस क्षण को याद दिलाता है, जब हमें ब्रिटिश-अत्याचार से वैधानिक मुक्ति दी गयी। अत्याचारी बदल गये हों, स्वरूप बदल गया है, परंतु जमीनी सच जस की तस है या हो सकता है हमने समझौते कर लिए हैं। हां, हमने काफी कुछ पाया है, सुधार भी किये हैं, परंतु इनकी गति अत्यंत धीमी रही है। चंद्र-फतह और भूख से बिलखते मासूम जिंदगानियां हमारी तरक्की व जमीनी सच दोनों से ही रू-ब-रू कराता है। अब यह आप पर निर्भर करता है कि चन्द्र फतह की आड़ में आप देश में व्याप्त भ्रष्टाचार, मानसिक व समाजिक गुलामी, आर्थिक व औद्योगिक निकम्मेपन को नजर-अंदाज करें या इनके इनके उन्मूलन हेतु व्यक्तिगत भागीदारी बढ़ाएं। व्यवस्था को अचानक नहीं बदल सकते, लेकिन व्यक्तिगत भागीदारी व अपनी स्वदेशी निर्मित वस्तुओं के उपभोग, मानव-प्रेम से हम अपने पारिवारिक वातावरण अवश्य बदल सकते हैं। परिवार बदलेगा, तो समाज बदलेगा और समाज बदलेगा तो परिवर्तन का राष्ट्रीय पैमाना काफी आसानी से बदल जाएगा।
    जय भारत, वंदे मातरम्!

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • आजादी – हमारे पुरखों की हमें अनुपम भेंट

    आजादी – हमारे पुरखों की हमें अनुपम भेंट

    • घनश्याम झा
      सदियों की गुलामी के बाद 15 अगस्त सन् 1947 के दिन भारत देश आजाद हुआ। पहले हम अंग्रेजों के गुलाम थे। उनके बढ़ते हुए अत्याचारों से सारे भारतवासी त्रस्त हो गए और तब विद्रोह की ज्वाला भड़की और देश के अनेक वीरों ने प्राणों की बाजी लगाई, गोलियां खाईं और अंतत: आजादी पाकर ही चैन लिया। आज हम खुले वातावरण में चैन की सांस ले रहे हैं। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर कुछ भी बोल रहे हंै, कहीं भी जा रहे हैं। लेकिन, जब आजादी की कहानियां पढ़ते हैं तो रोम-रोम सिहर जाता है। कैसे एक नौजवान भगत सिंह ने हमारी स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदों को चूम लिया होगा। अंग्रेजों ने लाला लाजपत राय की हत्या लाठियों से पीट-पीटकर कर दी, लेकिन अंतिम सांस तक वो हार नहीं माने और मरते-मरते अंग्रेजों को यह कहते हुए गए कि ‘मेरे शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी ब्रिटिश सरकार के ताबूत में एक-एक कील का काम करेगी।’ सुभाषचन्द्र बोस, खुदीराम बोस, चंद्रशेखर आजाद जैसे कई महापुरुषों के बलिदान, महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महापुरुषों के त्याग और उनकी तपस्या ने हमें खुले में जीने की स्वतंत्रता दी है। कुल मिलाकर हमें हमारे पूर्वजों ने लहू से सींचकर हमलोगों को आजादी का लहलहाता पौध दिया। अब हमलोगों का कर्तव्य है कि हम अपनी आजादी के मतलब को समझें। आजादी का मतलब यह कतई नहीं है कि हम राष्ट्र के मसलों पर अपने ही देश का विरोध करें। आजादी का मतलब यह नहीं कि हम जातिगत विद्वेष या धार्मिक विद्वेष फैलाकर अपने ही राष्ट्र को खंड-खंड करने का प्रयास करें।
      यह आजादी हमें मिली है एकता के बूते और कायम भी रह सकती है एकता के बल पर ही। देश में इस वक्त मॉब लिचिंग, धार्मिक उन्माद की घटनाएं जो बढ़ रही हंै, हमें उनसे मुक्ति पाने का उपाय सोचना चाहिए। देश में कुछ ही ऐसे तत्व के लोग है, जो इस आजादी का नाजायज फायदा उठा रही है, क्योंकि मेरा देश 73वां स्वतन्त्रता दिवस मना रहा है, जो एक गौरवपूर्ण क्षण है। इस क्षण को प्राप्त करने के लिए हमारे महापुरुषों ने वर्षों संघर्ष किए। कठोर से कठोर यातनाएं झेलीं, तब जाकर हम आज उन्मुक्त होकर सांसे ले रहे हैं और अपनी जिंदगी अपने मन से जी रहे हंै। तो क्या हमारा फर्ज नहीं है कि हम इन द्वेष को दूर करने का प्रयास करें। असलियत तो यह है कि जो लड़ाई हमारे पूर्वजों ने इसको पाने के लिए किया वो लड़ाई हमें अब इसकी रक्षा के लिए लड़नी है।

    आप शांत चित्त से सोचिए, अंग्रेजों से तो हमें आजादी मिल गई है, लेकिन क्या हमें स्वतन्त्रता सही मायने में मिली है? देश अभी भी कई अंग्रेजरूपी समस्याओं का गुलाम है। जैसे- गरीबी, गंदगी, बेरोजगारी, अशिक्षा, भ्रष्टाचार, हत्या, बलात्कार, हिंसा, आतंकवाद, भेदभाव आदि। देश तभी पूर्ण स्वतंत्र हो पाएगा जब हमें इस सबसे मुक्ति मिल जाएगी। हम आपस में लड़ने के बजाय इन बुराइयों, इन समस्याओं से क्यों न लड़े? तो आइए इस स्वतन्त्रता दिवस पर हम संकल्प लेते हैं कि देश को गरीबी, भेदभाव सहित सभी प्रकार के बुराइयों से मुक्त करेंगे और एक ऐसे भारत का निर्माण करें, जिसमें सभी को समान हक एवं सम्मान मिले। देश के अंतिम पायदान पर रहने वाले व्यक्तियों तक विकास एवं जागरुकता की लौ जलायें और उनकी आवाज बुलंद करें। तभी मेरा भारत सही मायनों में अपनी महानता को सिद्ध करेगा तथा आजादीरूपी अपने पुरखों की अनुपम भेंट की सार्थकता सिद्ध होगी।
    जय हिंद ,जय भारत।

    • Varnan Live.

  • जहां आते हैं लोग रोगमुक्त होने, वहीं बीमारियों को बुलावा

    जहां आते हैं लोग रोगमुक्त होने, वहीं बीमारियों को बुलावा

    संवाददाता
    बोकारो :
    भांति-भांति की बीमारियों से ग्रसित लोग जिस जगह पर डॉक्टरों से अपना इलाज कराने आते हैं और दवाइयां खरीदते हैं, वही जगह आज बीमारियों का केंद्र बन चुका है। हम बात कर रहे हैं बोकारो के सेक्टर-4 स्थित लक्ष्मी मार्केट की, जहां इन दिनों बारिश के मौसम में स्थिति काफी खतरनाक और नारकीय सी हो चुकी है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था या कहें तो कोई भी व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि पिछले दो-तीन दिनों की बारिश के चलते यहां बाढ़ सी हालत उत्पन्न हो गई है। ऐसे में बीमार मरीजों का डॉक्टर को तो पहुंच पाना काफी मुश्किल हो गया है। जवान तो किसी तरह आ भी जाएं, लेकिन खास तौर से बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानई होती है। घुटने भर-भर पानी से पार होकर उन्हें दवा दुकानों और डॉक्टरों तक जाना पड़ता है।
    जल-जमाव और कीचड़ के चलते यहां रास्ता भी काफी खतरनाक और हादसों को आमंत्रित करने वाला बन चुका है। आये दिन लोग बाइक समेत फिसलकर गिर जाया करते हैं। बारिश खत्म होने के बाद भी लगातार दो-तीन दिनों तक यहां पानी की स्थिति जस की तस रहती है। वजह एक ही है कि जल-निकासी की कोई उपयुक्त व्यवस्था नहीं की जा सकी है। दो-तीन दिनों के बाद जब पानी सूख जाता है तो कीचड़ से निकलने वाली सड़ांध और दुर्गंध हमेशा लोगों को परेशान करने के साथ-साथ उन्हें बीमार बनाने का भी खतरा लेकर आती है। सूत्रों के अनुसार जिस जगह से जल की निकासी व्यवस्था होनी थी, वहां पक्का निर्माण कर दिया गया है, जिसके चलते हैं यह विकराल स्थिति उत्पन्न हो चुकी है।
    मार्केट के दवा व्यवसायियों का कहना है कि इस संबंध कई बार उनलोगों ने सामूहिक रूप से बोकारो स्टील प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन आज तक कोई भी कारगर कदम उठाया नहीं जा सका है। दवा व्यवसायी सह युवा समाजसेवी अंकित कुमार ने कहा कि लक्ष्मी मार्केट का यह मेडिसिन कोरिडोर लोगों को रोगमुक्त बनाने में दशकों से अग्रणी भूमिका निभाता रहा है, लेकिन जलजमाव की इस विकट स्थिति के कारण आज यही जगह बीमारियों को बुलावा दे रहा है। वरिष्ठ अतीन्द्र सिंह ने भी प्रबंधन से इस मामले में यथाशीघ्र सकारात्मक कदम उठाए जाने की मांग की है, ताकि मार्केट में आने वाले मरीजों को दिक्कत न हो। उन्होंने स्थानीय विधायक एवं सांसद से भी इस दिशा में अपने स्तर से आवश्यक कदम उठाए जाने की आग्रह किया है।

    • Varnan Live Report.

    प्रिय पाठक, आपके सुझाव एवं विचार हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। आग्रह है कि नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपना मन्तव्य लिख हमें बेहतरी का अवसर प्रदान करें।

    धन्यवाद!

  • 15 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप मामले में 20 वर्ष का कारावास, अगवा करने वालों को सात साल की जेल

    15 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप मामले में 20 वर्ष का कारावास, अगवा करने वालों को सात साल की जेल

    संवाददाता
    बोकारो :
    बोकारो के विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) रंजीत कुमार की अदालत ने मंगलवार को अगवा कर गैंगरेप के मामले की सुनवाई करते हुए इसके सिद्धदोष आरोपियों को सजा मुकर्रर की। अगवा करने तथा गैंगरेप के मुख्य आरोपी तसलीम अंसारी को 20 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 20 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनायी गयी। जुर्माना न देने पर उसे तीन महीने की अतिरिक्त जेल होगी। वहीं अगवा करने को लेकर कोर्ट ने तसलीम के साथ-साथ घटना में शामिल उसके भाई अफरोज अंसारी तथा एक अन्य बदमाश विक्की कर्मकार को सात वर्ष के कारावास तथा 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनायी। जुर्माना न देने पर दो माह की अतिरिक्त जेल उन्हें काटनी होगी। इसी प्रकार पोक्सो की तीन अलग-अलग धाराओं में तीनों को पांच साल व 10 हजार रुपये जुर्माना तथा एक अन्य धारा में दो साल जेल की सजा सुनायी गयी। मामला दो वर्ष पहले का पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र का था। बीते आठ अगस्त को अदालत ने इस मामले में तीनों को दोषी करार दिया था। जबकि एक अन्य आरोपी अर्जुन कर्मकार पर अलग से वाद चल रहा है।

    मामले के विशेष लोक अभियोजक संजय कुमार झा ने उक्त संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता 14 सितम्बर, 2017 को अपने स्कूल का रिजल्ट लाने गयी थी। कोलबेंदी मोड़ आम पेड़ के पास जैसे वह पहुंची कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया। वे लोग उसे बोकारो रेलवे स्टेशन ले गये, जहां से अफरोज लौट आया। पीड़िता जब छटपटाने लगी तो तसलीम ने उसे बेहोशी की सुई दे दी। उसके बाद वे लोग उसे एक ट्रेन में ले गये। होश आने पर खुद को पीड़िता ने ट्रेन में पाया। उसके साथ तसलीम, अर्जुन कर्मकार तथा विक्की कर्मकार थे। शोर मचाने पर उनलोगों ने उसका गला दबा दिया और चाकू का डर दिखाकर चुप करा दिया। वे लोग उसे कोलकाता स्टेशन ले गये, जहां से विक्की वापस लौट आया। कोलकाता से फिर गोवा में ले जाकर उसके साथ अर्जुन और तसलीम ने उसके साथ कुकर्म किया। फिर पीड़िता के परिजन वहां पहुंचे और 13 सितम्बर, 2017 को उसे बोकारो ले आये।

    • Varnan Live.
  • इस्पात मंत्री ने किया बोकारो स्टील प्लांट का भ्रमण, उत्पादन, परियोजनाओं व गतिविधियों का लिया जायजा

    इस्पात मंत्री ने किया बोकारो स्टील प्लांट का भ्रमण, उत्पादन, परियोजनाओं व गतिविधियों का लिया जायजा

    – Our Correspondent.
    बोकारो। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा इस्पात मंत्रालय के केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने रविवार को बोकारो दौरे के क्रम में बोकारो स्टील प्लांट की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन कर यहां की उत्पादन गतिविधियों व परियोजनाओं की जानकारी ली। मंत्री ने सर्वप्रथम इस्पात भवन स्थित मॉडल रूम में बोकारो स्टील प्लांट के ले-आउट का अवलोकन कर संयंत्र से संबन्धित जानकारी प्राप्त की। संयंत्र दौरे के क्रम में श्री प्रधान ने कोक ओवेन्स, आरएमएचपी, ब्लास्ट फर्नेस-2, सीसीएस, हॉट स्ट्रिप मिल एवं सीआरएम -3 विभागों का अवलोकन किया और उत्पादन प्रक्रिया से अवगत हुए।
            संयंत्र भ्रमण के पश्चात बोकारो निवास में आयोजित समीक्षा बैठक में सेल एवं बीएसएल अधिकारियों की मौजूदगी में मंत्री के सम्मुख एक प्रस्तुतीकरण के द्वारा उन्हें बीएसएल के उत्पादन, परियोजना, सीएसआर गतिविधियों से अवगत कराया गया। मंत्री ने अपने संबोधन में झारखंड एवं देश की प्रगति में बोकारो के महत्व को रेखांकित करते अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें संयंत्र को ऊंचाइयों तक ले जाने का संदेश दिया। मंत्री ने अपने उद्बोधन में टीम वर्क और कार्यस्थल पर सुरक्षा की महत्ता पर भी विशेष बल दिया।
            केंद्रीय मंत्री के बोकारो दौरे के क्रम में  उनके साथ इस्पात मंत्रालय की अपर सचिव रसिका चौबे, संयुक्त सचिव पुनीत कंसल, निदेशक डा. रोहित यादव आदि भी बोकारो पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री के साथ-साथ राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास के बोकारो आगमन पर बोकारो हवाई अड्डे पर सेल के निदेशक (परियोजनाएं) डा. जी विश्वकर्मा, निदेशक (वाणिज्यिक) सोमा दत्ता, निदेशक (तकनीकी) हरिनन्द राय तथा बोकारो इस्पात संयंत्र के सीइओ पी के सिंह समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
    – Varnan Live Report.
  • मेरी हत्या की साजिश रच रहे बोकारो विधायक : डा. प्रकाश

    मेरी हत्या की साजिश रच रहे बोकारो विधायक : डा. प्रकाश

    बोकारो। बोकारो स्टील के अधिकारी अजीत कुमार की कुछ दिनों पूर्व बोकारो विधायक द्वारा कथित तौर पर पिटाई मामले में विधायक को घेरकर पीटने की धमकी देने वाले झाविमो नेता डा. प्रकाश सिंह ने अब विधायक पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
    रविवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान झारखण्ड विकास मोर्चा के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ. प्रकाश सिंह ने कहा- विधायक बिरंची नारायण मेरी हत्या की साजिश रच रहे है। यह इस बात से प्रमाणित होता है कि उनके निजी सहायक दीपेश कुमार निराला ने मेरे कार्यस्थल मारवाड़ी काॅलेज, रांची में एक आरटीआई लगाकर मेरे पत्राचार और स्थाई पता बताने की मांग की है। आरटीआई मांगने वाले दीपेश ने अपना पता रांची में बोकारो विधायक के आवास का पता दिया है। सिंह ने बताया कि वह अपनी आशंका को इसलिए भी सार्वजनिक कर रहे हैं कि 11.08.2019 को मोबाईल नम्बर- 09546549822 से सुबह 08.40 मिनट पर एक महिला ने खुद को चास का एसडीओ बताते हुए धमकाया कि वह उनका राजनीतिक कैरियर चौपट कर देगीं। उन्हें जनाक्रोश रैली के लिए अनुमति दी गयी थी, तो उसमें काले वस्त्र और काले गुब्बारे का प्रयोग क्यों किया गया? इस संबंध में जब डा. प्रकाश ने अपना पक्ष रखने की कोशिश की तो वह आक्रोश में आकर फिर से राजनीतिक कैरियर चौपट कर देने की धमकी देने लगीं। अगर चुनावी वर्ष में एक जिम्मेदार पदाधिकारी की ओर से ऐसी धमकी दी जाती है तो निश्चित रूप से इसकी शिकायत मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, बोकारो के साथ-साथ राज्य के निर्वाचन आयोग को भी की जाएगी, क्योंकि ऐसे पदाधिकारी के रहने से निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद नहीं की जा सकती हैं। डा. प्रकाश ने बताया कि वे इसकी सूचना पार्टी सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी जी को दे चुके हैं। उन्होंने आश्वस्त किया है कि वे रांची पहुंचते ही मुख्यमंत्री समेत भारत के निर्वाचन आयोग से समय लेकर इसकी लिखित सूचना देंगे उन्होंने डा. प्रकाश को निर्देश दिया कि शिकायत लिखित होने के साथ-साथ पदाधिकारियों और आयोग के ई-मेल पते पर भी भेजें। अगर इस पर किसी ने संज्ञान नहीं लिया तो राज्य के हाईकोर्ट में भी इसकी शिकायत की जाएगी।
    – Varnan Live Report.
    प्रिय पाठक, आप अपने सुझावों व मंतव्यों से हमें अवश्य अवगत करायें। नीचे कमेन्ट बाक्स में अपनी राय दे। आपके विचारों का स्वागत है।
  • जनसम्पर्क-कर्मियों ने बतायी सरकार की जनकल्याणकारी योजनायें

    जनसम्पर्क-कर्मियों ने बतायी सरकार की जनकल्याणकारी योजनायें

    संवाददाता
    बोकारो : केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न प्रकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जिले के हर एक व्यक्ति तक पहुंचाकर उनको इन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने व लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की आकांक्षा के साथ सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बोकारो ने अपने वृहद जन जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे चरण के चौथे दिन नावाडीह प्रखंड के गोनियाटो पंचायत एवं पलामू पंचायतों में स्थित पंचायत भवन में जागरूकता शिविर लगाकर ग्रामीणों के बीच जागरूकता फैलाया गया। इस वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे चरण के चौथे दिवस पर मुख्यमंत्री जनसंवाद के बोकारो जिला समन्वयक अरविंद कुमार ने जनसंवाद केंद्र की कार्यशैली के बारे में विस्तृत जानकारी सभी उपस्थित ग्रामीणों को उपलब्ध करायी। ग्रामीणों को कहा कि मुख्यमंत्री जनसंवाद आपके शिकायतों के समाधान हेतु एक अनोखा माध्यम है। जनसंवाद केंद्र सीधा मुख्यमंत्री के निगरानी में संचालित होता है तथा इस मंच से प्राप्त मामलों की समीक्षा मुख्यमंत्री स्वयं ’सीधी बात’ कार्यालय आयोजित कर करते हैं।
                 जिला समन्वयक ने मुख्यमंत्री सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना आयुष्मान भारत योजना, 108 द्वारा एंबुलेंस सेवा के अलावा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, महिलाओं के लिए एक रुपये में जमीन-रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित लगभग 30 प्रकार की महत्वपूर्ण जन- कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित सभी ग्रामीणों को देते हुए उनको इन इस योजना से जुड़कर लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया। मौके पर गोनियाटो पंचायत के मुखिया गणेश सोरेन, पलामू पंचायत के उप मुखिया भागीरथी महतो, पलामू पंचायत के सचिव भरत लाल स्वर्णकार, ग्राम रोजगार सेवक ईश्वर साव, पंचायत सदस्य, पंचायत सचिव, स्वयंसेवक, सेविका, सहायिका सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
    – Varnan Live Report.
  • अनंत हैं विज्ञान की सीमाएं : महेश त्रिपाठी | जिलास्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

    अनंत हैं विज्ञान की सीमाएं : महेश त्रिपाठी | जिलास्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

    संवाददाता
    बोकारो : प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्यौगिकी विभाग के तत्वावधान में साईंस फाॅर सोसायटी, बोकारो, विज्ञान जागरण समिति, झारखण्ड व चिन्मय विद्यालय, बोकारो द्वारा 27वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस एवं 21वें बाल अधिकार कांग्रेस 2019 को लेकर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को किया गया। स्थानीय चिन्मय विद्यालय में आयोजित इस वर्ष एन.सी.एस.सी का मुख्य विषय ‘‘साईंस टेक्नोलाॅजी एंड इन्वोवेशन फाॅर क्लीन, ग्रीन एंड हेल्थी नेशन’’ तथा सी.आर.सी. का मुख्य विषय ‘‘राईट टू हेल्थ’’ अथवा ‘‘राईट टू इनावाॅरमेन्ट प्रोटेक्शन’’ है। इस कार्यशाला में जिले के 52 स्कूलों के बाल वैज्ञानिक एवं बाल अधिकारी एवं शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि महेश त्रिपाठी, सचिव चिन्मय विद्यालय, बोकारो थे। अपने संबोधन में श्री त्रिपाठी ने कहा कि विज्ञान की सीमाएं अनंत हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय में नन्हें वैज्ञानिकों को आराम से खोजा जा सकता है। नन्हें वैज्ञानिकों के सोच को नई उड़ान मिलती है। प्रभारी प्राचार्य एके झा ने आगंतुकों का स्वागत किया। साइंस फाॅर सोसायटी, बोकारो के महासचिव, राजेन्द्र कुमार ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की गतिविधियाँ पर विस्तृत प्रकाश डाला।
                     कार्यशाला के दौरान डाॅ टी पाचाल (प्रोजेक्ट मोर्फोलौजी) राजेन्द्र कुमार (प्रोजेक्ट राइटिंग, प्रेजेन्टेशन स्कील) एवं अरुण कुमार द्वारा प्रोजेक्ट की तैयारी एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। डाॅ टी पांचाल ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बच्चों में नई खोज की भावना को विकसित करना है। कार्यक्रम सफल बनाने में एस.एफ.एस के एस.पी. सिंह, एस के राय, जे.पी. पांडेय, पी. ज्येतिर्यमय, संजय कुमार, पीआरके वर्मा एवं चिन्मय विद्यालय के गोपाल चंद्र मुंशी (पर्यवेक्षक), शैवाल गुप्ता, संजीव कुमार, देव ज्योति बराल, सोनाली गुप्ता, तवशरण मारवाह, पूजा, नेहा, प्रणीता, डाॅ शुभ्रा मुखोपाध्याय, कंचन, मनोरंजन मित्रा आदि का प्रमुख योगदान रहा। ज्ञात हो कि जिलास्तरीय 27वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस एवं 21वें बाल अधिकार कांग्रेस 2019 आयोजन चिन्मय विद्यालय, सेक्टर-5, बोकारो में होगा। तिथि की घोषणा बाद में होगी।
    – Varnan Live Report,
  • पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान व CM रघुवर दास 11 को बोकारो में, गढ़ेंगे विकास की नयी बुनियाद

    पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान व CM रघुवर दास 11 को बोकारो में, गढ़ेंगे विकास की नयी बुनियाद

    संवाददाता
    बोकारो : केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री रघुवर दास 11 अगस्त को बोकारो पहुूंच रहे हैं। वे यहां एचपी के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट, पीओएल टर्मिनल के साथ-साथ साफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के निर्माण की आधारशिला रखेंगे। समारोह में सांसद पशुपतिनाथ सिंह, राज्य सरकार के मंत्री अमर बाउरी, बोकारो विधायक बिरंची नारायण सहित कई गणमान्यजन भी उपस्थित रहेंगे। शुक्रवार को बोकारो विधायक बिरंची नारायण के आवास पर जिला अध्यक्ष बिनोद महतो ने मंत्री व मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर बैठक कर उनके भव्य स्वागत का निर्णय लिया।
                मौके पर विधायक ने कहा कि 11 अगस्त बोकारो के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि बोकारो में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का सपना आने वाले दो वर्षों में साकार हो जाएगा। बालीडीह के स्थित बियाडा कार्यालय के बगल में 1.45 एकड़ जमीन पर साफ्टवेयर के साथ इलेक्ट्रोनिक का भी केंद्र बनाया जाएगा, ताकि एसटीपीआई की मदद से बियाडा क्षेत्र में इलेक्ट्रानिक वस्तुओं के निर्माण करने वाली इकाई की स्थापना हो सके। इस केंद्र की स्थापना से रोजगार का अवसर बढ़ेगा। उक्त जानकारी विधायक प्रतिनिधि संजय त्यागी ने दी। पेट्रोलियम मंत्री व मुख्यमंत्री के आगमन की पुष्टि हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारियों ने भी की।
    – Varnan Live Report.
  • साकार नहीं हो सकी झारखंड-निर्माण की परिकल्पना : चौधरी | अगस्त क्रांति दिवस पर जदयू का धरना

    साकार नहीं हो सकी झारखंड-निर्माण की परिकल्पना : चौधरी | अगस्त क्रांति दिवस पर जदयू का धरना

    संवाददाता
    बोकारो : अगस्त क्रांति दिवस सह विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा बोकारो जिला समाहरणालय पर विभिन्न मांगों को लेकर एक-दिवसीय धरना दिया गया। धरना की अध्यक्षता वरीय नेता जदयू नेता हराधन मरांडी ने की तथा संचालन युवा नेता राजकिशोर गोप ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक चौधरी ने विश्व आदिवासी दिवस को राष्ट्रीय छुट्टी घोषित करने की मांग सरकार से करते हुए कहा कि बिहार से अलग हुए लगभग 19 साल हो गए, लेकिन झारखंड निर्माण के लिए जो परिकल्पना की गई थी, वह अभी तक संभव नहीं हो सका। इन इलाकों में सबसे ज्यादा उपेक्षित आदिवासी समुदाय ही रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को वर्तमान स्वरूप में ही चलना था तो राज्य का बंटवारा न्यायोचित नहीं था। विश्वास के साथ हम यह कह सकते है कि नीतीश कुमार जी का नेतृत्व रहता तो आज झारखंड का भी विकास दर बिहार की तरह रहता, जो देश में सर्वोत्तम है।
    श्री चौधरी ने कहा कि आदिवासी समाज में शिक्षा दर बहुत कम है। वैसे पढ़े-लिखे नेतृत्व का भी अभाव है, जो उनके विकास की रणनीति, योजना एवं कार्यक्रम बनाने में सहभागी हो सके। होता यह है कि यह सब कुछ ऐसे लोगों द्वारा तैयार किया जाता है, जिनका नजरिया आदिवासी समूहों के नजरिए से भिन्न है। श्री चौधरी ने चास तथा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों की खस्ताहाल बिजली पर जिला प्रशासन से बिजली पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की, ताकि आमजन यह जान सके कि किन कारणों से समुचित बिजली की आपूर्ति नहीं हो पा रही है!
    धरना को संबोधित करने वालों में वरीय नेता विदेशी महतो, रामपद  रविदास, ओम प्रकाश प्रसाद, डा. के कुमार, नेपाल महतो, सुभाष महतो, देवनारायण मुर्मू, अरुण किस्कू, खिरोधर मुर्मू, बहादुर केवट, जनार्दन चौधरी, कन्हाई महतो, युवा जदयू नगर अध्यक्ष चंद्र भूषण सिंह, श्याम बिहारी राय, पानू महतो, राजेंद्र पटेल, फूलचंद मांझी, अनिल हेंब्रम, देवी किस्कू आदि प्रमुख थे। धरना के उपरांत पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा।
    – Varnan Live Report.