Author: Varnan Bureau
-

दुष्कर्म के आरोपी को 10 वर्ष का सश्रम कारावास
– Our Correspondent.बोकारो : बोकारो के विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) रंजीत कुमार की अदालत में शुक्रवार को साढ़े 17 वर्षीय एक पीड़िता के साथ कुकर्म के मामले की सुनवाई करते हुए आरोपी राजकुमार उर्फ राजा उर्फ राजीव कुमार मिश्र (36) को 10 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 20 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं देने पर उसे तीन महीने का अतिरिक्त कारावास होगा। मामला इसी साल सेक्टर- 6 थाना क्षेत्र का था।इस संबंध में मामले के विशेष लोक अभियोजक संजय कुमार झा ने बताया कि सेक्टर 4एफ स्थित आवास संख्या- 2063 निवासी व निजी पेशे से जुड़े राजीव कुमार मिश्र ने 17.5 वर्षीय अपनी कथित प्रेमिका को उसके घर से दूर एक गाड़ी में ले जाकर लगातार दो-तीन दिनों तक खिलाने-पिलाने के बाद उसके साथ अवैध संबंध बनाया था। इस मामले में जब पीड़िता की मां ने सेक्टर- 6 थाने में मामला दर्ज कराया था तो अपने बड़े भाई के कहने पर राजीव कुमार मिश्र ने थाने में सरेंडर कर दिया था। अदालत ने इस मामले में बीते सात अगस्त को उसे दोषी करार दिया था और आज सजा के बिंदु पर सुनवाई की गई।– Varnan Live Report. -

लोहे के वार से अधेड़ की हत्या, पुलिस जुटी जांच में
– Our Correspondent.बोकारो : चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजुलिया ग्राम में 50 वर्षीय दुर्योधन माहथा नामक एक व्यक्ति की हत्या से शुक्रवार को सनसनी फैल गयी। सुबह उसकी लाश उसके घर के भीतर बरामद की गयी। पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिये भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंची चास मुफस्सिल पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का ही मामला प्रतीत हो रहा है। चास के अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बहामन टूटी ने कहा कि मामला हत्या का ही है। किसी लोहे के कम धारदार वाले सामान से उसकी हत्या की गयी है। उसके सिर और गर्दन बुरी तरह कटे व कुचले से पाये गये हैं। हत्या का कारण पूछे जाने पर एसडीपीओ ने फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बता पाने में अपनी असमर्थता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि इस पहलू पर जांच की जा रही है।मृतक इधर-उधर मजदूरी कर अपना भरन-पोषण करता था। एसडीपीओ के अनुसार अपने घर में वह अकेला ही रहा करता था। वह शादी-शुदा भी नहीं था। उसका भाई वीरेन्द्र माहथा चास में रहा करता है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा मामले के पूर्ण अनुसंधान के बाद ही घटना के कारण को लेकर वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। इधर सूत्रों के अनुसार घटना के पीछे जमीनी विवाद होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।घटना को लेकर पूरे बिजुलिया गांव में चर्चा का माहौल गर्म हो गया है। एसडीपीओ बहामन टूटी के अलावा चास मुफस्सिल थाना प्रभारी नूतन मोदी व अन्य पुलिसकर्मियों ने टीम ने खोजी कुत्ते के साथ घटनास्थल पर छानबीन भी की, परंतु समाचार लिखे जाने तक कोई भी सुराग हाथ नहीं लग सका था।– Varnan Live Report. -

सरकार कृषि व कृषक-हित में तत्पर : उपायुक्त | बोकारो के 17941 किसानों को शनिवार को मिलेगा ‘रघु-आशीर्वाद’
संवाददाताबोकारो : बोकारो के उपायुक्त कृपानंद झा ने कहा कि सरकार कृषि और कृषकों के हित में लगातार तत्पर है। इसी उद्देश्य से एक से बढ़कर एक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना अपने-आप में महत्वाकांक्षी योजना है। रांची में 10 अगस्त को जहां उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू इस योजना का शुभारंभ करेंगे, वही बोकारो में इसकी शुरुआत को लेकर जिला स्तर पर सेक्टर- 5 स्थित बोकारो क्लब में समारोह का आयोजन किया जा रहा है। पूर्वाह्न 11.00 बजे से आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के मंत्री अमर बाउरी होंगे। कार्यक्रम में गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, धनबाद सांसद पशुपतिनाथ सिंह, बोकारो विधायक बिरंची नारायण, डुमरी विधायक जगरनाथ महतो, गोमिया विधायक बबीता देवी, बेरमो विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, चास के महापौर भोलू पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा देवी, बीस सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मण नायक सहित सभी प्रमुख, मुखिया एवं गणमान्यजन शामिल होंगे। इस अवसर पर बोकारो जिले के 17941 किसानों को मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत कुल 6,81,11,792 रुपए की राशि उनके खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जायेगी। पहले प्रथम किस्त की राशि ढ़ाई-ढ़ाई हजार रुपये भेजी जायेगी। समारोह के पूर्व दिवस शुक्रवार को जिला समाहरणालय में आयोजित एक पत्रकार-वार्ता में उपायुक्त ने इस आशय की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि बोकारो जिले में इस योजना के लिए कुल 66000 किसानों ने अपना निबंधन कराया है। शेष किसानों के खातों की जांच की जा रही है और सितंबर मध्य तक उनके बचे हुए किसानों के खाते में भी राशि जमा करा दी जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि शनिवार को बोकारो क्रम में होने वाले आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों में इस योजना के बारे में जानकारी देना है। उपायुक्त ने बताया कि चास के 2614, चंदनकियारी के 2695, गोमिया के 2359, पेटरवार में 1603, नावाडीह में 1109, जरीडीह में 2214, कसमार में 2772, चंद्रपुरा में 1945 और बेरमो के 630 किसानों के बीच प्रथम किस्त की राशि दी जानी है। किसानों की बीच सांकेतिक चेक का वितरण मंत्री एवं अन्य अतिथियों के द्वारा किया जाएगा। डीसी ने कहा कि इस योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़, प्रतिवर्ष पांच हजार रुपये की सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जायेगी।सुखाड़ के मुद्दे पर की जा रही समीक्षाएक सवाल के जवाब में उपायुक्त ने किसानों की मांगों के आलोक मे बोकारो को सूखाग्रस्त घोषित किये जाने को लेकर कहा कि इस संबंध में लगातार का टास्क फोर्स की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इस बीच बारिश भी अच्छी हुई है। अभी समय है। वैसे प्रशासन अपने स्तर से लगातार किसानों के हित में कदम बढ़ा रहा है तथा इस मामले की समीक्षा की जा रही है। प्रेसवार्ता में उपायुक्त के साथ नजारत उप समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता, जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार मिश्र, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी राजीव कुमार, वरीय लिपिक राकेश कुमार सिन्हा, कंप्यूटर ऑपरेटर संतोष कुमार चौरसिया, जनसंपर्क विभाग के कर्मी कामता सिंह एवं अन्य उपस्थित थे।– Varnan Live Report. -

प्रीति बनीं मिथिला महिला समिति की ‘सावन क्वीन’, जयंती रहीं ‘फर्स्ट रनर-अप’
संवाददाताबोकारो। बोकारो की प्रतिष्ठित संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद की इकाई मिथिला महिला समिति की ओर से शुक्रवार को सेक्टर- 4 स्थित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल के सभागार में सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डाली सजाओ प्रतियोगिता व सावन क्वीन प्रतियोगिता के साथ-साथ गीत-नृत्य में समिति की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर प्रीति राय को सावन क्वीन के खिताब से नवाजा गया। जयंती पाठक फर्स्ट रनरअप व नीलू झा सेकंड रनरअप रहीं। वहीं, डाली सजाओ प्रतियोगिता में किरण मिश्रा, पूनम मिश्रा, मीरा मिश्रा, अलका झा व पुष्पा रानी कर्ण ग्रुप को प्रथम स्थान मिला।कजरी की प्रस्तुतियों से मोहित हुए लोग
इसके पूर्व समारोह का उद्घाटन समिति की वरिष्ठ सदस्याओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। तत्पश्चात् समिति की सचिव उषा झा व कोषाध्यक्ष संगीता मिश्रा ने गणेश वंदना प्रस्तुत किया। इसके बाद कजरी ‘सखि हे सावन बहुत सुहावन…’ गीत की सुमधुर प्रस्तुति जयंती पाठक, पूनम मिश्रा, प्रीति राय, संगीता मिश्रा, उषा झा व नीलू झा ने की। रानी दास ने कजरी, भारती झा, ममता झा ने मैथिली नचारी गीत की संुदर प्रस्तुति से सबको आनंदित किया। प्रतियोगिताओं की निर्णायक मंडली में पूनम मिश्रा, आशा झा, अलका झा, अमिता झा, किरण मिश्रा, लीला झा शामिल थीं। कार्यक्रम का संचालन संगीता मिश्रा ने किया। इस अवसर पर उक्त महिलाओं के अलावा मुख्य रूप से इंदिरा झा, मीरा मिश्रा, चन्दा झा, कंचन झा, पूनम सिंह आदि उपस्थित थीं।– Varnan Live Report. -

तीन दिनों बाद ऐसे टूटा PG पढ़ाई के लिए चल रहा अनशन
बोकारो। बोकारो में सभी विषयों की पीजी की पढाई बहाल करने की मांग को लेकर बीते छह अगस्त से चल रहा छात्रों का आमरण अनशन गुरुवार को तीसरे दिन अंततः टूट गया। झारखंड के पूर्व मंत्री समरेश सिंह ने जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल तुड़वाई। इस अनशन को विद्यार्थियों की जान पर बनते देख श्री सिंह ने आने स्तर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए अनशनकारियों को जूस पिलाकर उनके अनशन को तुड़वाया। साथ ही, 15 दिनों के अंदर मामले का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
बता दें कि सेक्टर- 6 स्थित बोकारो स्टील सिटी कालेज के समक्ष चल रहे इस अनशन के दौरान गुरुवार को राकेश महथा नामक एक छात्र की तबीयत बिगड़ गयी और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। झारखंड सशक्त युवा मंच और संयुक्त छात्र संघ के संयुक्त तत्वावधान में यह अनशन बीते छह अगस्त को शुरू हुआ था, जिसमें सभी कालेजों के प्रतिनिधि मृत्युपर्यंत भूख-हड़ताल पर लगातार डटे रहे। अनशन पर सशक्त युवा मंच के अध्यक्ष सह पूर्व छात्र संघ सचिव सोमनाथ नायक, चास कॉलेज चास के पूर्व छात्र संघ सचिव युगदेव महथा, एस. एस कॉलेज के छात्रसंघ पूर्व सचिव सोनू राय, आरवीएस कॉलेज के पूर्व छात्र संघ सचिव राकेश महथा तथा छात्र नेता विक्की राज बैठे थे।

क्या कहते हैं प्राचार्य
सभी विषयों में पीजी की पढ़ाई को लेकर एक तरफ जहां छात्र अपनी जान जोखिम में डालकर लगातार अनशन पर डटे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रीमियम कालेज के दर्जे वाले बोकारो स्टील सिटी कालेज के प्राचार्य डा. एसके शर्मा का कहना है कि मौजूदा सत्र में पीजी की पढ़ाई संभव नहीं है। अगले सत्र से विचार किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने स्तर से सरकार को लिख दिया है। अगर सरकार कहती है कि इस प्रीमियर कालेज में पीजी की पढ़ाई शुरू होगी तो विचार किया जायेगा। अभी शिक्षकों की घोर कमी है। बिना शिक्षकों के और बगैर आधारभूत संरचना के पीजी की पढ़ाई चालू करा पाना संभव नहीं है।
- Varnan Live Report.
-

खतरे में SAIL अध्यक्ष की जान? | जानिए क्या थी हमले के बाद उनकी प्रतिक्रिया
संवाददाता
नई दिल्ली/बोकारो। सेल अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी की जान का दुश्मन अचानक कौन बन बैठा, यह सवाल आज इस्पात जगत में चर्चा और चिंता का विषय बन गया है। बुधवार रात के हमले ने इस सवाल को बलवती बना दिया कि क्या सेल चैयरमैन की जान वाकई खतरे में है? अगर हां, तो आखिर कौन है उनका जानी दुश्मन और क्यों? बहरहाल, इस मसले पर पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद श्री चौधरी ने क्या कहा आइये जानते हैं-
सेल अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं हमलावरों द्वारा किए गए इस अप्रत्याशित और हिंसक हमले से आश्चर्यचकित हूँ। मुझ पर जानलेवा हमला किया गया, अगर पुलिस मौके पर नहीं पहुँचती तो कुछ भी हो सकता था?; मैं दिल्ली पुलिस का बहुत-बहुत आभारी हूँ। पुलिस अगर समय पर नहीं पहुँचती तो 2 हमलावरों को नहीं पकड़ा जा सकता था। मुझे पूरा भरोसा है कि पुलिस इस मामले की जांच करेगी और सभी दोषियों को गिरफ्तार करेगी।”
गौरतलब है कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इण्डिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी पर कल रात करीब 10:30 बजे हुडको प्लेस के पास जानलेवा हमला किया गया। यह हमला उस दौरान हुआ जब वह लोदी रोड स्थित अपने ऑफिस से एशियाड विलेज स्थित अपने आवास की ओर लौट रहे थे। सेल अध्यक्ष की कार को एक गाड़ी ने जानलेवा हमले के इरादे से हिट किया। यह गाड़ी सेल अध्यक्ष की कार का पीछा कर रही थी।
सेल अध्यक्ष जब अपने ड्राइवर के साथ कार से बाहर निकले तो हिट करने वाली गाड़ी में सवार चार लोगों में से एक ने सेल अध्यक्ष के ड्राइवर का गला दबाकर उसे कब्जे में ले लिया और बाकी तीन ने सेल अध्यक्ष के सिर, गले, घुटने और पैर पर लोहे की रॉड से हमला किया। इन हमलावरों के पास चाकू भी था।
इस दौरान घटनास्थल से गुजर रही डिफेंस कॉलोनी पुलिस स्टेशन की पेट्रोल मोटरसाइकिल ने तत्परता से चार हमलावरों में से 2 को पकड़ लिया। सेल अध्यक्ष को तुरंत एम्स (AIIMS) ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया और तत्काल प्रभाव से हौज़ खास पुलिस स्टेशन में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई गई।
सेल अध्यक्ष को मेडिकल ट्रीटमेंट एंड एडवाइज़ के बाद अस्पताल से रिलीज कर दिया गया है। पुलिस सेल अध्यक्ष पर हुए इस जानलेवा हमले की हर संभव पहलुओं से जांच कर रही है।
बोकारो में सेल की ओर से बोकारो स्टील के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए घटना की निंदा की तथा प्रशासन से कार्रवाई का आग्रह किया।
- Varnan Live Report.
-

खुशी के माहौल को गमगीन बना चल बसीं सुषमा स्वराज, जाते-जाते दे गयीं बधाई और कर गयीं अभिनंदन
दिल्ली ब्यूरो
नई दिल्ली। पूरा देश एक तरफ जहां कश्मीर से धारा 370 के हटने को लेकर जश्न में डूबा था, वहीं दूसरी तरफ भारतीय राजनीतिक फलक का ध्रुवतारा, आयरन लेडी पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज देशवासियों को गम के आंसू बहाकर चिरनिंद्रा में सो गयीं।मंगलवार रात दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका निधन हो गया। 67 वर्षीय सुषमा स्वराज को हार्ट अटैक आने पर एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां पांच-पांच वरीय डाक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया गया, परंतु नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनके निधन की खबर जैसे ही पहले मीडिया में आयी कि लोगों ने इसे अफवाह समझा, फिर थोड़ी ही देर बाद इसकी पुष्ट खबरें आने के बाद समूचे देश में शोक-संवेदनाओं का तांता लग गया।सूत्रों के अनुसार खबर लिखे जाने तक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और डॉ हर्षवर्धन एम्स अस्पताल में मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के अन्य नेता भी कुछ ही देर में एम्स पहुंचने वाले बताये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने लगभग आधा दर्जन ट्वीट कर अपनी शोक-संवेदना व्यक्त कीं। उन्होंने इसे निजी क्षति बताते हुए भारत के लिये उनके अविस्मरणीय योगदान की चर्चा की है-सुषमा स्वराज- एक परिचय
सुषमा स्वराज भारतीय राजनीति का एक बहुत बड़ा चेहरा थीं। साल 2009 में वह भाजपा द्वारा संसद में विपक्ष की नेता चुनी गयी थीं। इस नाते वह भारत की पंद्रहवीं लोकसभा में प्रतिपक्ष की नेता रही थीं। इसके पहले भी वो केन्द्रीय मन्त्रिमण्डल में रह चुकी थीं और दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रही थीं। हरियाणा के अम्बाला छावनी में जन्मीं सुषमा स्वराज ने एसडी कॉलेज अम्बाला छावनी से बीए और पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से कानून की डिग्री हासिल की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पहले जयप्रकाश नारायण के आन्दोलन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और आपातकाल का पुरजोर विरोध करने के बाद वह सक्रिय राजनीति से जुड़ गयीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्रिमंडल में साल 2014 में वो भारत की पहली महिला विदेश मंत्री बनीं।
सुषमा स्वराज ने मंगलवार, 6 अगस्त को ही लोकसभा से जम्मू-कश्मीर राज्य पुनर्गठन विधेयक पास होने पर मोदी सरकार को बधाई देते हुए अपनी मृत्यु के तीन घंटे पहले अपने आखिरी ट्वीट में लिखा था, “प्रधानमंत्री जी आपका हार्दिक अभिनंदन। मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी।” इसके पूर्व आज दिन में गृहमंत्री अमित शाह के लोकसभा में कड़े तेवर की भी उन्होंने अपने ट्वीट से सराहना की थी।
ये थे सुषमाजी के आखिरी ट्वीट-
THE LAST TWEET “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” पर अभिनंदन कर चली गयीं सुषमा जी… - Varnan Live Report.
-

इस्पात मंत्रालय से हटने व NBCC में विलय के बाद HSCL का अस्तित्व संकट में
विजय कुमार झा
बोकारो : वर्ष 1964 में स्थापित सार्वजनिक क्षेत्र की कम्पनी हिन्दुस्तान स्टीलवर्क्स कंस्ट्रक्शन लिमिटेड (एचएससीएल) आज अपनी बबार्दी पर आंसू बहा रही है। विगत 25 मई, 2016 को केन्द्र सरकार ने इस्पात मंत्रालय के अधीनस्थ कार्यरत एचएससीएल को शहरी विकास मंत्रालय के उपक्रम एनबीसीसी (नैशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन लिमिटेड) के हवाले सौंप दिया। मसलन, एचएससीएल के ऊपर एनबीसीसी का आधिपत्य स्थापित हो गया। इसके बाद से एचएससीएल की हालत लगातार खराब होती जा रही है। यहां ‘माल महाराज का, मिर्जा खेले होली’ जैसी कहावत बिल्कुल चरितार्थ हो रही है, क्योंकि मुनाफा कमाती है एचएससीएल और ऐश करते हैं एनबीसीसी के अधिकारी।
लूटपाट के कारण कंगाल हुई इकाइयां

दरअसल, भारत के आर्थिक विकास में अहम योगदान देने के उद्देश्य से वर्ष 1964 में एचएससीएल की स्थापना की गयी। इस कम्पनी ने बोकारो स्टील प्लांट, भिलाई स्टील प्लांट, राउरकेला स्टील प्लांट आदि के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया। बोकारो में एचएससीएल की सबसे बड़ी इकाई खड़ी हुई और यह कम्पनी सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात कारखानों के रख-रखाव के साथ-साथ कई अन्य क्षेत्रों में निरन्तर कार्यरत रही। परन्तु दिसम्बर 1998 में इसका ग्राफ नीचे गिरने लगा। कर्मचारियों के मासिक वेतन भुगतान पर भी आफत आ गयी। धीरे-धीरे छह-छह माह के बाद वेतन भुगतान होने लगे। जब कर्मचारियों के 36 माह का वेतन रुक गया तो फरवरी 2005 में रामाधार झा कम्पनी की बोकारो इकाई के प्रभार में पदस्थापित हुए। मुख्यालय की सहायता से उन्होंने 36 माह के बकाये वेतन का भुगतान करवाया। कम्पनी की हालत सुधारने में तत्कालीन सीएमडी पार्थसारथी की भी अहम भूमिका रही। फिर 2009 में मलय चटर्जी कम्पनी के सीएमडी बने और उन्होंने भी इसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जुलाई 2013 तक कर्मचारियों का वेतन भुगतान नियमित रूप से होता रहा। चार जून 2013 को सीएमडी के पद पर भादुरी चटर्जी पदस्थापित हुए और उनके आने के बाद कम्पनी धीरे-धीरे अवसान की ओर चल पड़ी। उनके बिठाये गये लोगों द्वारा भयंकर लूटपाट मचाने के कारण एचएससीएल की सभी इकाइयां कंगाल होने लगीं। कम्पनी की बोकारो इकाई में जुलाई 2013 से दिसम्बर 2016 तक यूनिट इंचार्ज के रूप में के के बंदोपाध्याय पदस्थापित रहे, जिन्हें दुगार्पुर स्टील प्लांट से सेवानिवृत्त होने के बाद यहां लाया गया था। उन्होंने सेवानिवृत्त लोगों को अनावश्यक यहां जीएम व डीजीएम के पदों पर बहाल कर उन पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा दिये। जो काम यहां सिर्फ एक जीएम से चल रहा था, वहां पांच-पांच लोगों को बैठाकर उन्हें लूट का साझेदार बना दिया। लिहाजा कम्पनी की हालत बेहद खराब हो गयी और अंतत: इसका विलय एनबीसीसी में कर दिया गया।
एचएससीएल के साथ हुई नाइंसाफी

एनबीसीसी के साथ एचएससीएल का विलय होना काफी दुर्भाग्यपूर्ण माना जा रहा है। आज बोकारो सहित भिलाई, राइरकेला, दुगार्पुर, विशाखापत्तनम, दुबरी, बर्नपुर, जहां-जहां भी इस्पात कारखाने हैं, हर जगह एचएससीएल की अपनी इकाइयां हैं। अपने आलीशान कार्यालय हैं, अपने संसाधन हैं। अगर सिर्फ बोकारो को देखें तो यहां कम्पनी के पास अरबों रुपये मूल्य के ऐसे उपकरण मौजूद हैं, जिनका उपयोग बड़े-बड़े कामों में होता है। लेकिन ये मशीनें बेकार पड़ी हैं और इन्हें जंग खा रही है। कम्पनी की बोकारो इकाई विगत पांच-सात वर्षों से लगातार मुनाफे में है। हाल ही में कम्पनी ने लगभग 35 करोड़ का मुनाफा कमाया है। परन्तु इसकी कमाई से एनबीसीसी ने 43 करोड़ की सम्पत्ति खरीदी है। यह एचएससीएल के साथ नाइंसाफी नहीं तो और क्या है?
BPSCL ने भी दिया धोखा
जानकारों की मानें तो डीवीसी और स्टील अथॉरिटी आॅफ इंडिया लि. (सेल) की संयुक्त इकाई बोकारो पावर सप्लाई कम्पनी लि. (बीपीएससीएल) ने भी एचएससीएल को बड़ा धोखा दिया है। बोकारो में ऐश पौण्ड की सफाई का काम वर्ष 1992 से ही एचएससीएल कर रही थी। इस काम से कम्पनी को अपने कर्मचारियों के वेतन भुगतान और रख-रखाव में बड़ी मदद मिलती थी। परन्तु हाल के दिनों में बीपीएससीएल प्रबंधन ने ऐश पौण्ड की सफाई का काम एचएससीएल से छीनकर प्राइवेट पार्टी को दे दिया। स्पष्ट है कि चूंकि एचएससीएल एक सरकारी कम्पनी है और इससे किसी का व्यक्तिगत हित नहीं साधा जा सकता। लिहाजा कमीशनखोरी के चक्कर में इसके साथ धोखा किया गया है।
जानकारों की मानें तो डीवीसी और स्टील अथॉरिटी आॅफ इंडिया लि. (सेल) की संयुक्त इकाई बोकारो पावर सप्लाई कम्पनी लि. (बीपीएससीएल) ने भी एचएससीएल को बड़ा धोखा दिया है। बोकारो में ऐश पौण्ड की सफाई का काम वर्ष 1992 से ही एचएससीएल कर रही थी। इस काम से कम्पनी को अपने कर्मचारियों के वेतन भुगतान और रख-रखाव में बड़ी मदद मिलती थी। परन्तु हाल के दिनों में बीपीएससीएल प्रबंधन ने ऐश पौण्ड की सफाई का काम एचएससीएल से छीनकर प्राइवेट पार्टी को दे दिया। स्पष्ट है कि चूंकि एचएससीएल एक सरकारी कम्पनी है और इससे किसी का व्यक्तिगत हित नहीं साधा जा सकता। लिहाजा कमीशनखोरी के चक्कर में इसके साथ धोखा किया गया है।
इस्पात मंत्रालय से जोड़ने की मांग
एचएससीएल से सम्बद्ध कतिपय श्रमिक संगठनों ने इस कम्पनी को शहरी विकास मंत्रालय से हटाकर पूर्व की तरह इस्पात मंत्रालय से जोड़ने की मांग की है। एचएससीएल के श्रमिक नेता विजय कुमार ने कहा कि अगर इस कम्पनी को बचाना है तो केन्द्र सरकार बिना देर किये इसे इस्पात मंत्रालय के अधीन वापस सौंप दे। उन्होंने कहा कि चूंकि एचएससीएल इस्पात क्षेत्र में काम करने वाली एक दक्ष कम्पनी है, इसलिए शहरी विकास मंत्रालय से इसे जोड़े रखना इसके साथ सरासर अन्याय है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसे ‘मेकॉन’ के साथ जोड़ना चाहते थे, लेकिन कम्पनी के कोलकाता स्थित मुख्यालय में बैठे टीएमसी यूनियन से जुड़े और एनबीसीसी के समर्थक कुछ स्वार्थी लोगों ने इसका विरोध किया था, जिसके कारण इसे एनबीसीसी के साथ समायोजित किया गया। परन्तु अगर इसके अस्तित्व को बचाये रखना है तो इसे पुन: इस्पात मंत्रालय से जोड़ना ही होगा। उन्होंने कहा कि अगर सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात उद्योगों से इसे 40 प्रतिशत काम भी मिले तो उनके रख-रखाव भी सुचारु रहेंगे और कम्पनी को लाभ अर्जन भी होगा। इसके लिए उन्होंने इस्पात मंत्रालय से भी पहल करने का अनुरोध किया।
बकाया भुगतान का आंदोलन जारी

एचएससीएल स्वेच्छिक सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ द्वारा अपने बकाये का भुगतान करने हेतु आंदोलन का सिलसिला लगातार जारी है। स्वेच्छिक सेवानिवृत्त कर्मचारी इस बात से आहत हैं कि जब केन्द्र सरकार ने कम्पनी के स्वैच्छिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा अन्य बकाये के भुगतान के लिए 110 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज दिया तो इसके बावजूद उनके बकाये का भुगतान आज तक क्यों नहीं हो सका है? उन्होंने बताया कि बोकारो में आज भी लगभग तीन हजार से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों का बकाया भुगतान रुका हुआ है।
- Varnan Live.
-

जन्नत में जैश की ना’पाक’ साजिश, दहशत में अलगाववादी व सत्तालोलुप परिवार
– नीरज कुमार झा
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपना वादा पूरा करने को बेताब हैं। उनके भरोसेमंद गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल मोदी के उस वादे को पूरा करने के लिए लगातार सक्रिय हैं, जो भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जारी किया था। मामला धरती पर जन्नत (स्वर्ग) का दर्जा पा चुके कश्मीर को जहन्नुम (नरक) से निजात दिलाने का है। केन्द्र सरकार जम्मू-कश्मीर की वादियों को फिर से गुलजार करना चाहती है, लेकिन वहां आजादी के बाद से ही ‘राज’ करने वाला अब्दुल्ला परिवार और भारत सरकार के गृह मंत्री रहते पाकिस्तानी आतंकवादियों को भारत की जेलों से पाकिस्तान की धरती पर सही सलामत पहुंचाने वाले मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी महबूबा मुफ्ती, जिन्होंने हाल के दिनों तक भाजपा के सहयोग से जम्मू-कश्मीर पर राज किया, कश्मीर को जहन्नुम बनाये रखने पर ही आमादा हैं। हिमालय की वादियों में बसे बाबा अमरनाथ का दर्शन करने हजारों की संख्या में हिन्दू धर्मावलंबी अमरनाथ यात्रा की कतार में थे, तभी दिल्ली से अमरनाथ यात्रा को रोकने का फरमान आया। केन्द्र सरकार के एडवाइजरी जारी की कि अमरनाथ यात्रियों को वापस भेजा जाय। जम्मू-कश्मीर में हजारों को संख्या में सेना व पारा मिलिट्री फोर्स के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया। कारण यह था कि जन्नत कहे जाने वाले कश्मीर में पाकिस्तानी सेना आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सहारे कोहराम मचाना चाहती थी।
पाकिस्तान की ओर से सेना की वर्दी में भेजे गये कई आतंकवादी ढ़ेर कर दिये गये, अमरनाथ यात्रा के रास्ते से भारी मात्रा में पाकिस्तानी सेना के स्नाइपर राइफल समेत कई हथियार व गोला-बारूद बरामद किये गये। पाकिस्तानी आतंकवादी अमरनाथ यात्रियों के खून से घाटी की वादियां लहूलुहान करना चाहते थे। पर, भारतीय सेना ने पाक की ना‘पाक’ साजिश नाकाम कर दी। दुर्भाग्यपूर्ण बात यह कि इन नेताओं ने पाकिस्तान या आतंकवादियों पर अपना मुंह खोलना मुनासिब नहीं समझा, पर सेना की तैनाती से इनकी नींद उड़ गयी। जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी और सत्तालोलुप परिवार के लोग एकजुट हो गये। इन्होंने लोगों के बीच दहशत का माहौल बनाना शुरू कर दिया। जबकि सच्चाई यह है कि दहशत में जम्मू-कश्मीर के आम-अवाम नहीं, बल्कि ये सत्तालोलुप परिवार हैं। उन्हें डर सताने लगा है। डर इस बात का कि मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर से धारा- 35 ए को समाप्त कर देगी। दरअसल, यह परिवार जम्मू-कश्मीर को अपनी जागीर समझता है। वर्ष 1990 के दशक में वहां पाकिस्तान की शह पर लाखों हिन्दू परिवारों का कत्लेआम किया गया, लेकिन इन सबकी जुबान पर ताले लटके रहे। इन्होंने कभी नहीं सोचा कि इन्सानियत का खून बहाने की इजाजत कोई भी मजहब नहीं देता। पर, इनका सिर्फ एक ही मकसद रहा कि किसी तरह सत्ता के सिंहासन पर इनका आधिपत्य बना रहे। ये जम्मू-कश्मीर की जनता को बरगलाते रहे और यही सिलसिला आज भी जारी है।वादियों में बड़े प्लान की चर्चा
कश्मीर की वादियों में इन दिनों यही चर्चा है कि मोदी सरकार का कुछ बड़ा प्लान है और इन फिजाओं में कुछ बड़ा होने वाला है। अमरनाथ जाने के रास्ते में स्नाइपर राइफल व गोला-बारूद की बरामदगी के बाद यात्रियों को बीच में ही वापस लौट जाने की एडवाइजरी, सरकार व सेना का सख्त रुख तथा लगभग आधा दर्जन आतंकियों को घुसकर मार गिराने की कार्रवाई ने कश्मीर में अटकलबाजियों को तेज कर दिया है। जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में पाकिस्तानी की बॉर्डर एक्शन टीम की ओर से की जा रही घुसपैठ की साजिश को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया तथा इस कार्रवाई में पांच से सात आतंकी मारे गये। मरने वालों में पाक सैनिकों के भी शामिल होने की संभावना जतायी जा रही है। यही सब वजह है कि पिछले कुछ दिनों से कश्मीर में बैचेनी है। यह बेचैनी घाटी तक सीमित नहीं है। इसके दायरे में दिल्ली का राजनीतिक गलियारा भी है।अमरनाथ यात्रा रोकने के फैसले के बाद से ‘लगता है, कुछ बड़ा होने वाला है कश्मीर में…’ वाली बात फिजाओं में है। 35ए पर अभी नहीं, तो कभी नहीं? धारा 35ए पर मोदी सरकार को लगता है कि यह सबसे मुफीद वक्त है जब वह कड़ा स्टैंड दिखा सकती है।
अगले हफ्ते एक याचिका पर सुनवाई हो सकती है, जिसमें इस धारा की वैधता पर सवाल उठाए गए हैं। सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखते हुए कह सकती है कि उसे इस धारा को हटाने से आपत्ति नहीं है। यह धारा 370 के मूल अवधारणा में नहीं थी। मालूम हो कि धारा 35ए के तहत जम्मू-कश्मीर में वहां के मूल निवासी के अलावा देश के किसी दूसरे हिस्से का नागरिक कोई संपत्ति नहीं खरीद सकता। इससे वह वहां का नागरिक भी नहीं बन सकता है। 1954 में इस धारा को धारा 370 के तहत दिए गए अधिकारों के तहत ही जोड़ा गया था।
- Varnan Live Report.
-

बोकारो स्टील प्लांट में नये उद्यान का शुभारम्भ, CEO ने किया उद्घाटन व पौधरोपण
संवाददाता
बोकारो : बीएसएल के सीईओ पवन कुमार सिंह ने शनिवार को अधिशासी निदेशक (संकार्य) परिसर के समीप नये विकसित जीएम (मैकेनिकल) उद्यान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक मुकुल प्रसाद, आरसी श्रीवास्तव, आर कुशवाहा एवं वीके पाण्डेय, महाप्रबंधक प्रभारी (वित्त एवं लेखा) डीके साहा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
जीएम (मैकेनिकल) उद्यान के उद्घाटन के बाद सीईओ श्री सिंह एवं मौके पर उपस्थित सभी अधिशासी निदेशकगण ने अधिशासी निदेशक (संकार्य) परिसर के समीप रोड संख्या-2 मेरिडियन में वृक्षरोपण भी किया। इस उद्यान को विकसित करने में सीईडी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का अहम योगदान रहा।- Varnan Live Report.