Author: Varnan Bureau
-

विधायक राज सिन्हा से मिले सहायक प्राध्यापक, मांगों को सदन में रखने पर जताया आभार
संवाददाताधनबाद/बोकारो। झारखंड सहायक प्राध्यापक अनुबंध संघ के प्रदेश सचिव डा. प्रभाकर कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को धनबाद विधायक राज सिन्हा से मिलकर उनकी मांगों को प्रमुखता से सदन पटल पर रखने के लिये आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल में डा. प्रभाकर के अलावा बीबीएमकेयू अनुबंन्धित संघ के अध्यक्ष डा. हिमांशु शुक्ला, बीएस सिटी सिटी कालेज के डा. वीणा झा, डा. चित्रा श्रीवास्तव, डा. मीनू अख्तर, चास कॉलेज से डा राजेंद्र प्रसाद, आरएसपी झरिया से डा. पप्पू कुमार रजक, विवेक कुमार, डा. धनंजय पाठक, मनीषा मंडल समेत धनबाद और बोकारो जिले के कई अनुबंध सहायक प्राध्यापक शामिल थे। सबों ने विधायक राज सिन्हा से मिलकर पुष्पगुच्छ भेंटकर तथा माल्यार्पण कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।डा. प्रभाकर ने बताया कि धनबाद विधायक ने विधानसभा के मानसून सत्र में अनुबंध सहायक प्राध्यापकों के हित मे सदन में पुरजोर तरीके के बात रखी थी। इस पर राज्य सरकार ने स्प्ष्ट किया था कि अनुबंध सहायक प्राध्यापक गेस्ट टीचर नही हैं, जिन्हें 1500 प्रति कक्षा के हिसाब से 50000 प्रतिमाह नही दिया जा सकता है। इस ध्यानाकर्षण के बाद राज्य सरकार के जवाब में विधायक ने पुनः भारत के राजपत्र, 18/07/2018 का हवाला देते हुए यूजीसी अहर्ताओ व मापदंडों पर खरा उतरने वाले झारखंड के सभी अनुबंध सहायक प्राध्यापकों को समान कार्य, समान वेतन अतिशीघ्र देने की बात कही।– Varnan Live Report.. -

बिल्ली के दांत गिने नहीं, चल दिये शेर के मुंह में हाथ डालने!

अशोक पांडेय
सत्ता का मद भी अजीब है। तख्त पर बैठने वाला शख्स यह भूल जाता है कि उसे भी कल खास से आम होना पड़ेगा। कहा गया है कि ‘ये शान-ओ-शौकतें सदा किसी की नहीं, बुझेंगे हर चिराग ये हवा किसी की नहीं।’ लेकिन, शायद कारोबारी-कौशल से अमेरिकी राष्ट्रपति का तख्त हासिल करने वाले डोनाल्ड ट्रंप सत्ता के मद में यह भूल गए हैं कि अमेरिकी जनता लोकतंत्र की पुजारी है और तानाशाही सोच को उखाड़ फेंकने का माद्दा रखती है।
ऐसे में घरेलू समस्याओं से जूझ रहे ट्रंप को अब विश्वनेता बनने की सूझी है। इसी सोच के तहत हुजूर की जुबान फिसली और कश्मीर पर भारत-पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता का आॅफर फोकट में दे दिया। हुजूर शायद यह भूल गये कि उनसे पहले भी कई और लोग कश्मीर पर मध्यस्थ बनने का ख्वाब देखते रह गए। साहब को यह बताना जरूरी है कि बिना बुलाए किसी के झगड़े में पंचायती करने वाले को हिन्दुस्तानी लोग घुसड़पंच कहा करते हैं। आॅफर मिलते ही कमाल हो गया। उधर साहब ने पंच बनने कहा, इधर दिल्ली ने प्रस्ताव को लतिया दिया। फिर भी हुजूर इतने से शर्मिंदा नहीं होने वाले।
अफगानिस्तान और इराक में सेना उतारकर आज तक भले ही बीमारी ढो रहे हैं। किसी पतली गली से निकलने की राह खोज रहे हैं, लेकिन ‘फेंकने’ की आदत नहीं गई। एक किम जॉन्ग उन से क्या भिड़े कि सारी शेखी निकल गई।
फेंकू प्रैक्टिस के तहत ही किम को खूब धमकाया। बम मारकर बर्बाद करने की धमकी दे डाली। जवाब में जब किम गुरार्या तो धमकाने वाले हुजूर पिद्दी पहलवान बन गए। समझौते को बेचैन होने लगे। मुलाकातें बढ़ीं और सुना है कि आजकल दोस्ती हो चली है। अब किम जैसे तानाशाह की गीदड़भभकी से थर्राने वाले लोग यदि भारत को छेड़ने की सोचें तो इसे मजाक नहीं तो और क्या कहा जाएगा। हुजूर के दरबारियों से गुजारिश है कि अपने फेंकू बादशाह को सलाह दें। सलाह यह कि पहले बिल्ली के दांत गिनना सीखें, उसके बाद शेर के मुंह में हाथ डालें।
ध्यान रहे कि भारत की मर्जी के विरुद्ध साजिशन यदि कोई खेल खेला गया, तो सवा सौ करोड़ से अधिक की आबादी बहुत भारी पड़ेगी। अमेरिकी इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने की कोशिश में हुजूर को भूगोल से खेलना नहीं चाहिए। भारत को खिलौना बनाने की सोच से पहले ट्रंप साहब को अफगानिस्तान, पाकिस्तान, इराक, सीरिया और लीबिया में अपनी फजीहत का ध्यान रखना होगा। रही बात भारत की, तो आप बेफिक्र रहें। भारत को अपनी समस्याओं से निपटने की कला आती है। कश्मीर हमारा अटूट हिस्सा है और हम इसे दो पक्षों की बैठक में ही सुलझाएंगे। तीसरे की जरूरत हमें नहीं। हुजूर, भारत से खेलने की चेष्टा को अच्छी आदत नहीं कहा जाएगा। हो सके तो आदत बदल लीजिए। और अगर खुद नहीं बदल सके तो इत्मीनान रखिए, रही सही कसर भी जरूर पूरी हो जाएगी। दुनिया की चौधराहट के चस्के से तौबा कर लेना ही बेहतर है हुजूर। फैसला आप पर है।(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।)
-

ये लूट की “बाढ़” है उधो!
घनश्याम झा
दरभंगा : भारत के मानचित्र पर एक कराहता, पिछड़ता और सिसकता राज्य बिहार है, जहां हर वर्ष कोई न कोई आपदा निगलने के लिए मुंह बाए खड़ी रहती है। खासकर, बिहार के उत्तरी क्षेत्र, जिसे मिथिलांचल कहा जाता है, यहां पर आपदा विपदा त्योहार की तरह आन्ती जाती रहती है। हाल में ही चमकी बुखार से करीब 200 बच्चों की मौत से सिसक रही मां जानकी की जन्मस्थली मिथिला एक बार फिर बाढ़ से दहल उठी है। 2017 में आयी बाढ़ की भीषण तबाही से मिथिलावासी उबर भी नही पाए थे कि इसबार के बाढ़ ने उठने की कोशिश कर रहे गांवों को पूरी तरह अपाहिज बना दिया। उद्योग धंधे और बेरोजगारी की मार झेल रही मिथिला बाढ़ की दंश से बार-बार मर रही है। आम जनमानस सालभर पसीना बहाकर पैसे कमाकर अपना आशियाना बनाते तो हैं, लेकिन साल-दो साल पर बाढ़ आकर उसे नेस्तनाबूत कर देती है। लाखों रुपए की लागत से बने मकान मिनटों में ध्वस्त हो जाते हैं और सरकार छह हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करके अपनी पल्ला झाड़ लेती है। उस छह हजार के लिए भी रुलिंग पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं प्रखंड दौड़ने वाले गांव के ‘अच्छे-अच्छे मुंह-कान वालों’ को ‘चाय-पान’ देना ही पड़ता है। खैर, वो जो भी हो, लेकिन शून्य पर आ चुके उस पीड़ित को उसी छह हजार से पुन: अपनी आगे की जिंदगी का नवनिर्माण करना है। कुछ दिन तंबूओं में गुजारा, फिर आशियाना बनाने एवं पेट पालने के लिए पानी का स्तर कम होते ही दूसरे देशों में पलायन को उन्हें मजबूर होना पड़ता है। शायद सरकार की मंशा भी यही होती है।
सरकार के लिये ‘कामधेनु’

हेलीकाप्टर से राहत सामग्री गिराते जिलाधिकारी व अन्य। दूसरी तरफ, इस विषय पर गहन अध्ययन किया जाय तो सरकार के लिए यह बाढ़ एक कामधेनु गाय है। बाढ़ से पहले तटबंध की मरम्मत और निर्माण के लिए बड़ी-बड़ी परियोजना तैयार की जाती है। बने बनाये तटबंध पर मिट्टी डालकर राशि लूट प्रतियोगिता में सरकार, अधिकारी से लेकर मंत्री तक जमकर हाथ-पैर मारते हैं । करोड़ों रुपया बाढ़ के बाद मरम्मत के नाम पर खर्च दिखाया जाता है, लेकिन परिणाम तो ढ़ाक के तीन पात ही होते हैं। तटबंध टूटते हैं। फिर शुरू होता है “बाढ़ लूट” का असली एपिसोड। सरकारी डाटा खंगाले तो फूड पैकेट एवं कम्युनिटी किचेन के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च दिखाये जाते हैं, लेकिन अगर तटबंधों पर आसरा लिए लोगों के पास कुछ सामाजिक संगठनों द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्य के जरिये भोजन पानी न पंहुचे तो कई लोग भूखे-प्यासे ही मर जाए। फूड पैकेट्स के नाम पर रुपए तो खर्च हो जाते हैं, लेकिन सही व्यक्ति तक पंहुचता है या नहीं, इसकी जांच आज तक हुई ही नहीं। यह तो है लूट की बाढ़ की बानगी है। और तो और, इस बीच अगर मुख्यमंत्री या कोई मंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर आ गये तो उसका खर्च अलग है। साहब हेलीकॉप्टर से आयेंगे, बिस्लेरी पीयेंगे। उसमें भी तो खर्च है। हमारी समझ में यह अभी तक नहीं आया है कि हेलीकॉप्टर से निरीक्षण करके होता क्या है? हर साल तो साहब आते हैं, बाढ़ से लड़ने का संकल्प लेते हैं, स्थायी निदान का आश्वासन देकर चले जाते हैं। लेकिन, स्थायी निदान के बजाय फिर अगले साल बाढ़ लेकर चले आते हैं।
बाढ़ में भी कालीन!

कालीन पर चलकर बाढ़ का जायजा लेने जाते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। अब आप ही बताइये छाती पर हाथ धरकर कि मुख्यमंत्री बाढ़ के निरिक्षण में आये थे तो गाड़ी से उतरने वाले स्थान से निरीक्षण-स्थल तक काल१न बिछाने की क्या प्रासंगिकता है? आप स्थायी निदान लेकर आते तब कालीन की जगह फूलों का गद्दा आपके श्री चरणों के नीचे होता और यह लोगों को बिल्कुल भी नहीं खटकता। निरीक्षण करके तो चले गए, लेकिन कम से कम बाढ़ के बाद होने वाली परेशानियों पर तो ध्यान देकर जाते! पानी कम होते ही लोग बीमार हो रहे हैं, लेकिन न तो अस्पतालों में डाक्टर हैं और न ही दवा।
स्थायी निदान की पहल नहीं

राहत सामग्री पाने के लिये हाथ पसारते बच्चे। आजकल सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें देखने को मिलती हैं। कोई लिखता है, ‘बाढ़ का स्थायी निदान क्यों नहीं किया जाता’, तो उसे उसी के पोस्ट पर इतना जलील किया जाता है कि बेचारा पोस्ट डिलीट करके चैन की सांस लेता है। उसे लोग यह तक कह देते है कि ‘आप मानसिक रूप से कमजोर हैं। आपको पता होना चाहिए कि बाढ़ का कोई स्थायी निदान नहीं है।’ क्यों नहीं है भाई? बाढ़ का पानी नेपाल छोड़ता है। केंद्र सरकार उससे वार्ता क्यों नही करती है? पानी सीमित मात्रा में आता है तो फिर राज्य सरकार उसका उचित बंटवारा कर संचय क्यों नहीं करती? अब कई लोग कहते है कि बंटबारा कैसे होगा, भाई आधा से ज्यादा बिहार बाढ़ होने के बावजूद भयंकर सुखाड़ से ग्रस्त होता है! हम पानी को विभिन्न नदियों, उपनदियों और जलाशयों में संचय क्यों नहीं कर सकते? यही बाढ़ अगर गुजरात में आती तो वहां की सरकार इससे बिजली उत्पादन कर पूरे राज्य को सस्ती बिजली मुहैया करवा देती, लेकिन बिहार सरकार को तो शायद इस ‘जल-कामधेनु’ से अपना लाभ निकालकर मिथिला क्षेत्र के लोगों को बाढ़ में डुबोना है। जाहिर है, अगर स्थायी निदान मिल गया तो माननीय मंत्रीजी हेलीकॉप्टर से निरीक्षण कैसे करेंगें? राहत पैकेट के नाम पर अपनी जेबें कैसे भरेंगें? ऐसे में तो एक ही उपाय है कि जनता खुद सोचे कि उसे बाढ़ से कैसे निपटना है, क्योंकि नेताओं के लिये तो यह बस लूट की ‘बाढ़’ है।
-

मनभावन नृत्य-प्रस्तुति से बच्चों ने दी “गुरु दक्षिणा”
संवाददाताबोकारो। बोकारो में नृत्य व संगीत-कला की विविध विधाओं के प्रचार-प्रसार में सतत् प्रयासरत संस्था त्रिसप्तिका की ओर से गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गुरु-दक्षिणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रविवार को स्थानीय आशालता केन्द्र में यह कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्था में प्रशिक्षण-प्राप्त बच्चे-बच्चियाें ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के जरिय गुरु-दक्षिणा दी। अलग-अलग थीम्स पर आधारित नृत्यों में अपनी मनभावना अदायगी व कलात्मकता से बच्चों ने सबका मन मोह लिया।संस्था की निदेशक अंकिता चक्रवर्ती के अनुसार प्रतियोगिता में लगभग 100 प्रतिभागी शामिल हुए। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में निर्णायकों के फैसले के अनुसार आम्रपाली डांस ग्रुप प्रथम, नटराज डांस ग्रुप द्वितीय एवं आर्किड डांस ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। पायल डांस ग्रुप को चौथा तथा बंजारा डांस ग्रुप को पांचवां स्थान मिला। अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनकी हौसला-अफजायी की। प्रातःकालीन सत्र के निर्णायकों में मधुमिता भौमिक एवं गोपाल रक्षित शामिल थे। वहीं सायंकालीन सत्र में आशालता के प्राचार्य प्रमोद कुमार दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।– Varnan Live Report. -

संस्कृत बिना अच्छे संस्कारों की कल्पना भी बेमानी : स्वामिनी संयुक्तानंद
बोकारो। स्थानीय चिन्मय विद्यालय, जनवृत-5, बोकारो के सभागार में राष्ट्रीय संस्कृत प्रसार परिषद तथा संस्कृतभारती, बोकारो के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को समूहभाव नृत्य, एकलभाव नृत्य, समूहगान तथा एकलगान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि चिन्मय मिशन, बोकारो की आचार्य स्वामिनी संयुक्तानंद सरस्वती ने दीप प्रज्वलन से किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व अधिशासी निदेशक रामाधार झा थे। अपने संबोधन में स्वामिनीजी ने संस्कृत भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संस्कृत भाषा को भारतीय संस्कृति का मूल बताया। कहा कि यह भाषा भारत की प्राण-भाषा है। अध्यात्मदर्शन, ज्ञान- विज्ञान का यह स्रोत है। इसके बिना भारतीय संस्कृति एवं अच्छे संस्कारों की कल्पना नहीं की जा सकती। उक्त प्रतियोगिता में 250 प्रतिभागियों ने भाग लिया। बच्चों ने गीत व नृत्य से अपनी प्रतिभा का कुशल परिचय दिया।
इस अवसर पर मेजबान स्कूल के सचिव महेश त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र नारायण मल्लिक, प्राचार्य प्रभारी अशोक कुमार झा तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डा. विनय कुमार पाण्डेय एवं डा. रणजीत कुमार झा तथा स्वागत भाषण संस्कृत भारती के मंत्री रामवचन सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन सचिव शशिकांत पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डा. आत्मा नन्द सिंह, उदित कुमार पाण्डेय, जयप्रकाश सिंह, हरि पाण्डेय, डा. रामनारायण सिंह, बबीता झा, मीरा शर्मा, माला झा, डा. सुनीता आदि का भरपूर योगदान रहा। गीत प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में डा. आशा रानी, जगदीश बाबला, विश्वकान्त पाठक तथा नृत्य स्पर्धा के लिय नर्मदेश्वर झा, राकेश तथा रामनारायण सिंह की अहम भूमिका रही।
- Varnan Live Report.
-

चासवासियों को एक और पार्क की सौगात जल्द, भोलूर बांध में मेयर ने किया शिलान्यास
चास (बोकारो)। चासवासियों को जल्द ही एक और नए पार्क की सौगात मिलने जा रही है। चास नगर निगम की ओर से अमृत योजना के तहत भोलूर बांध में हाईटेक पार्क का शिलान्यास रविवार को महापौर भोलू पासवान ने किया। इस मौके पर श्री पासवान ने कहा कि चार महीने में भोलूर बांध में हाईटेक पार्क बनकर तैयार हो जायेगा। पासवान ने कहा कि चास के विकास के लिये भले ही उन्हें हजारो बार जेल जाना पड़े, इसके लिये वह तैयार हैं, परंतु चास का विकास जरूर करेंगे। चास नगर निगम लोगो की समस्याओं का समाधान कर रहा है।
उन्होंने 24 घंटे लोगों का काम करने का दावा किया। कहा कि बोकारो जिले में कई विधायक बने, पर चास की समस्या का किसी ने भी समाधान नहीं किया। सब यहां के वोट से जीते, पर चास में समस्या को झांकने तक का काम नही किया। उन्होंने दावा किया कि चास की समस्या को वह भली- भांति जानते हैं। मेयर बनने के चार साल में चास का जितना विकास हुआ, वह पिछले 40 सालों में भी नही हुआ। चास का नाम देश के मानचित्र पर जल्द नजर आयेगा। इस मौके पर नंदलाल मोदक, संजय सिंह, जुबिल अहमद, सत्यनारायण मोदक, बाबू सिन्हा, प्रगति शंकर, शंकर सिन्हा, अभिजीत मोदक, राधेश्याम, मोहन, मैक्स मिंटू, गणेश रजक के अलावा काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
- Varnan Live Report.
-

DC ने मारी किक और शुरू हो गयी जिलास्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता
संवाददाताबोकारो : पर्यटन कला संस्कृति व युवा कार्य विभाग की ओर से जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता शुक्रवार को सेक्टर- 4 स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में शुरू हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर 14 बालक के फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर के कुल नौ प्रखंडों के विजेता आठ स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। तीनदिवसीय इस प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उपायुक्त कृपानंद झा एवं जिला परिषद अध्यक्षा सुषमा देवी ने सभी प्रखंड के फुटबॉल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व फुटबॉल किक मारकर शुभारंभ किया गया। इसके पूर्व अतिथियों का स्वागत जिला खेल पदाधिकारी पीबीएन सिंह ने किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में चास प्रखंड की मध्य विद्यालय भुडरो ने कसमार प्रखंड की टीम को 4 गोलों से पराजित किया। दूसरे मैच में मध्य विद्यालय चंदनकियारी की टीम ने उ. मध्य विद्यालय गोमियाडीह को एक मात्र गोल से पराजित किया।
भगलू मुर्मू ने एकमात्र गोल दागा। तीसरे मैच में उ.म.वि. बेरमो की टीम ने मध्य विद्यालय भुडरो को एक मात्र गोल से पराजित किया। विशाल कुमार राम ने गोल किया। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मैच में उ.म. वि. पेटरवार की टीम ने मध्य वि. पाथुरिया जरीडीह को 4-0 गोलों से पराजित कर फाइनल में स्थान बनाया। दूसरे सेमीफाइनल मैच में हाई स्कूल बेरमो की टीम ने मध्य विद्यालय चंदनकियारी को शुून्य के मुकाबले 5 गोलों से पराजित किया व फाइनल में स्थान बनाया।प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मैच में उ.हाई स्कूल संडे बाजार बेरमो की टीम ने हाई स्कूल पेटरवार को टाइब्रेकर के सहारे 1 के मुकाबले दो गोलों से पराजित किया। इस प्रकार से बेरमो की स्कूल टीम विजेता बनकर प्रमण्डल स्तरीय टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती नीलम आइलिन टोप्पो ने विजेता टीम को व जिला खेल पदाधिकारी श्री पीबीएन सिंह ने उपविजेता टीम को विजेता व उपविजेता ट्राफी व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मण नायक, उप विकास आयुक्त रविरंजन मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि त्रिलोकी सिंह सहित अन्य उपस्थित थे। मैच का संचालन रेफरी आरबी ओझा, बीएन देव, निर्मल मांझी, डीसी महतो, अमजद अंसारी, मुरलीधर महतो, सुनील कुमार, मनोज कुमार महतो, विश्वनाथ महतो ने किया। शनिवार को अंडर 17 बालक वर्ग का मैच खेला जाएगा।– Varnan Live Report.आपके सुझाव एवं विचारों का स्वागत है। कृपया अपनी राय हमें नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में टिप्पणी कर दें।
धन्यवाद!
-

वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, सूमो और पांच मोटरसाइकिलों सहित पांच गिरफ्तार
– Our Correspondent.गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिले में वाहन चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने की दिशा में पुलिस ने महत्वपूर्ण कामयाबी पाई है। जिले के गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गठित एक वाहन चोरी की घटना के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने दौपहिया एवं चारपहिया वाहन चुराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की एक सूमो गोल्ड गाड़ी सहित पांच मोटरसाइकिलों के साथ पांच अपराधकर्मियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए अपराधकर्मियों में नावाडीह के चिरुडीह निवासी पुनीत तुरी उर्फ गंधरू तुरी, गोमिया निवासी चंदन निषाद, पेटरवार के खेतको ग्राम निवासी तैयब अंसारी, गिरिडीह के जमुआ निवासी गुलाब प्रसाद वर्मा तथा कसमार के मंजुरा ग्राम निवासी राधेश्याम महतो के नाम शामिल हैं। शुक्रवार देर शाम पत्रकारों से एक बातचीत के दौरान बेरमो के अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी आर. राम कुमार ने इस आशय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उक्त गिरफ्तार अभियुक्तों के मुख्य सहयोगी एवं कांड में संलिप्त गिरिडीह के बिरनी निवासी पंकज वर्मा को भी पकड़े जाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।एसडीपीओ ने बताया कि पिछले 23 जून की संख्या 6.30 बजे काले रंग का स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (जेएच09 एक्स 00516) स्वांग बाजार से चुरा ली गयी थी। उस बाइक की डिक्की में बाइकस्वामी विजय चौधरी का मोबाइल फोन भी था। उसके लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया। फिर पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम के द्वारा कांड के उद्भेदन के क्रम में कई सूत्रों से कुछ अपराधकर्मियों का नाम प्रकाश में आया, जिनमें से एक को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ करने के क्रम में पता चला कि और भी कुछ अन्य लोग इस कांड में शामिल हैं। गिरफ्तार अपराधकर्मियों ने अपना अपराध स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल हीरो मोबाइल एवं मोबाइल तथा अन्य कई किसानों को बरामद किया गया।उक्त अभियुक्तों की निशानदेही पर वादी विजय का मोबाइल, उसकी बाइक समेत कुल पांच मोटरसाइकिलें, मोटर पंप, जेनरेटर बैटरी, लाल रंग का सूमो गोल्ड गाड़ी आदि को पुलिस टीम ने बरामद किया। छापेमारी टीम में गोमिया अंचल पुलिस निरीक्षक राधेश्याम दास, गोमिया थाना प्रभारी अनिल उरंव, सब इस्पेक्टर मुकेश कुमार आदि शामिल थे।– Varnan Live Report.आपके सुझाव एवं विचारों का स्वागत है। कृपया अपनी राय हमें नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में टिप्पणी कर दें।
धन्यवाद!
-

झुंड से बिछड़े हाथी ने मचाया उत्पात, मकान क्षतिग्रस्त, फसलें नष्ट करने के बाद अनाज किया चट
संवाददातागोमिया (बोकारो)। प्रखंड के अति उग्रवाद प्रभावित चुट्टे में हाथी के झुंड से बिछुड़े एक हाथी ने चुट्टे पंचायत अंतर्गत राजडेरवा गांव के कार्तिक महतो के खपरैल मकान को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया और जमकर उत्पात मचाया। घटना गुरुवार देर रात की है। भुक्तभोगी कार्तिक महतो के परिवार बताते हैं कि हाथी के घुसने की आहट सुनते ही घर में सोए सभी लोग भाग खड़े हुए। हाथियों के झुंड से बिछड़े 1-2 हाथी ने उत्पात मचाते हुए एक मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं मकान में रखे दो क्विंटल चावल, राशन सहित अन्य खाद्यान्नों को खा लिया और मकई के फसल को रौंद कर बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि बाड़ी में लगे कटहल के पेड़ पर लगे कटहल को भी हाथी खा गया और पेड़ सहित अन्य चीजों को भी बर्बाद कर दिया।इसी प्रकार बिछड़े हाथी ने एक अन्य सुनील महतो के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि इस दौरान हाथी ने किसी की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। भुक्तभोगी ने वन विभाग को आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है। मकान के क्षतिग्रस्त होने से कार्तिक महतो के परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना के बाद चुट्टे पंचायत के लोगों में दहशत है। बता दें कि दो दिन पूर्व भी उक्त पंचायत में हाथियों के झुंड ने उत्पात मचाया था।– Varnan Live Report.आपके सुझाव एवं विचारों का स्वागत है। कृपया अपनी राय हमें नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में टिप्पणी कर दें।
धन्यवाद!
-

चिन्मय विद्यालय के दो शिक्षकों को Best Zonal Teacher Award
संवाददाताबोकारो। चिन्मय विद्यालय, बोकारो के दो शिक्षकों- संजीव कुमार मिश्रा एवं नेहा सिन्हा को साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा सत्र 2018-2019 के लिए झारखंड के बेस्ट जोनल टीचर अवार्ड से सम्मानित किया है। फाउंडेशन ने दोनों शिक्षकों को बच्चों के प्रोत्साहन, कुशल नेतृत्व, उचित मार्गदर्शन के लिए अपने प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा है। शुक्रवार को चिन्मय विद्यालय में आयोजित प्रार्थना-सभा में विद्यालय के सचिव महेश त्रिपाठी ने संजीव व नेहा को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। श्री त्रिपाठी ने दोनों शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुरस्कार प्राप्त करने के बाद जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। साथ ही समाज को ज्यादा उम्मीदें भी हो जाती हैं। प्राचार्य प्रभारी अशोक कुमार झा ने भी दोनों शिक्षकों के उज्जवल भविष्य की कामना की।विद्यालय के जनसम्पर्क पदाधिकारी संजीव कुमार सिंह ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि चिन्मय विद्यालय बच्चों में बहुमुखी प्रतिभा के विकास के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करता है। साथ ही साइंस ओलयपियड फाउंडेशन भी बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न स्तर पर अलग अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहा है।– Varnan Live Report.आपके सुझाव एवं विचारों का स्वागत है। कृपया अपनी राय हमें नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में टिप्पणी कर दें।
धन्यवाद!