संवाददाता

बोकारो ः केन्द्रीय रक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा किझामुमो ने वास्तव में भारत के माथे पर कलंक का टीका  लगाया है। झारखंड रत्नगर्भा प्रदेश है। झामुमो की सरकार आने के बाद जिस प्रकार से यहां भ्रष्टाचार बढ़ा है, उसने यहां की छवि को कलंकित किया है।मंगलवार को बोकारो के सेक्टर-2सी दुर्गापूजा मैदान में धनबाद लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को वह संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘मैं झामुमो के लोगों से पूछना चाहता हूं क्या इसलिए अटल बिहारी वाजपेयी जी ने झारखंड को बनाया था? उनकी कल्पना थी कि बड़ी संख्या में यहां गरीब और आदिवासी रहते हैं। अलग राज्य बनने से उनका विकास होगा। लेकिन, जेएमएम की सरकार बनने के साथ ही यहां भ्रष्टाचार का सिलसिला शुरू हो गया। मुख्यमंत्री की बात तो छोड़िए, मंत्री और उनके सहयोगियों तक के पास से नोटों की गड्डियां मिल रही हैं। बिना सीएम की शह के यह काम नहीं हो सकता। आज ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया, तो कहते हैं कि भाजपा सारे विरोधियों को प्रताड़ित कर रही है। हम यकीन दिलाना चाहते हैं कि हमारी पार्टी का भी कोई नेता भ्रष्टाचार में अगर पकड़ा गया, तो उसकी जगह जेल होगी।’

साकार होकर रहेगा रामराज्य का सपना

श्री सिंह ने कहा कि भारत में रामराज्य का आगाज होकर रहेगा। हम इस राह पर बढ़ चले हैं। हमने जो कहा था, करके दिखा दिया। कश्मीर से धारा 370 हटाई और राम मंदिर का निर्माण संभव कर दिखाया। 1984 में हमलोग नारे लगाते थे मंदिर वहीं बनाएंगे… और हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी प्राण-प्रतिष्ठा कर दी है। आने वाले दिनों में भारत में निश्चय ही रामराज्य की स्थापना होगी। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत और हैसियत विरोधी दल के लोगों को रास नहीं आ रही है, इसलिए वे लगातार मनगढ़ंत आरोप लगाते रहे हैं। आज किसी की हिम्मत नहीं कि भारत की ओर आंख उठाकर देख सके।

राजनाथ सिंह की चुनावी सभा में उमड़ी भाजपाइयों की भीड़।

यह नया भारत है, छेड़ेगा तो छोड़ेंगे नहीं

राजनाथ ने कहा कि यह आज का भारत है, नया भारत है।इसकी ताकत का लोहा पूरी दुनिया मानती है। भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा। हमें जो छेड़ता है, हम उसे छोड़ते नहीं। योग दिवस का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि योग को पूरी दुनिया मानने लगी। यह हमारे राष्ट्र के मनीषियों की देन रही है। 172 देश के प्रतिनिधियों ने ताली बजाकर स्वागत किया और आज पूरी दुनिया हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाती है। यह है भारत की ताकत, जो विरोधियों को पसंद नहीं। इसलिए, वे उल-जलूल आरोप लगाकर केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं।

जनता की आंखों में धूल झोंक रही कांग्रेस

श्री सिंह ने कहा कि भारत की आरक्षण-व्यवस्था को बदलने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहती है। भाजपा ने जनता की आंखों में धूल झोंककर कभी भी राजनीति नहीं की। पूरी दुनिया के लोग मानते हैं  कि बीजेपी बहुत ही विश्वसनीय पार्टी है। संविधान के साथ खिलवाड़ हमने नहीं, बल्कि किसी ने किया है तो वह है कांग्रेस। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा कि कलेजे में अगर दम है तो जनता की आंखों में धूल झोंककर नहीं, आंखों में आंखें डालकर राजनीति करो। पं. नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और डॉ मनमोहन तक ने गरीबी हटाने का वादा किया, लेकिन उन्होंने क्या किया, यह हरेक देशवासी जानता है। लेकिन, हमारे प्रधानमंत्री ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाल दिया वह भी महज साढ़े नौ वर्षों में। 

कांग्रेस ने देश को बनाया दिया था तमाशा

श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचारियों को शह दी जाती रही है। कांग्रेस शासनकाल में ईडी, सीबीआई ने केवल 32 लाख रुपए जब्त किए थे, जबकि 2014 से पहले 32 लाख करोड़ का भ्रष्टाचार हुआ था। ईडी-सीबीआई कांग्रेस की सरकार में कार्रवाई करने की हिम्मत ही नहीं करती थी। जब से नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है, तब से एक लाख करोड़ की संपत्ति जब्त की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में बैंकों की हालत खराब हो गई थी। हिंदुस्तान के सारे बैंक घाटे में थे। इतिहास में पहली बार तीन लाख करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। सरकार ऐसी चलाई जाती है, जबकि कांग्रेस ने देश को तमाशा बनाकर रख दिया था। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। भारत का कद ऊंचा होता जा रहा है। 

सदन में प्रभावी आवाज के लिए भाजपा को जिताने की अपील

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि बोकारो को सारी दुनिया में स्टील के लिए जाना जाता है, तो धनबाद कोयले के लिए प्रसिद्ध है। इस क्षेत्र के लोगों की आवाज को प्रभावी तरीके से सदन में रखे जाने के लिए उन्होंने भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो को जिताने की अपील की। इस चुनावी सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, धनबाद लोकसभा भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, विधायक बिरंची नारायण, विधायक भानु प्रताप शाही, भारत सिंह सिसोदिया सहित कई केंद्रीय नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

– Varnan Live Report.

Leave a Reply

Trending