सियासी अखाड़ा बनी श्रद्धांजलि सभा, नेताजी के बिगड़े बोल

बोकारो: झारखंड में सत्ता के गलियारे से एक ऐसी खबर आ रही है, जिसने प्रशासनिक अमले और राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है। चंदनकियारी के विधायक उमाकांत रजक अपने एक विवादास्पद और अहंकार भरे बयान के कारण चर्चा के केंद्र में हैं। एक सामाजिक मंच, जिसे श्रद्धांजलि के लिए सजाया गया था, उसे विधायक जी ने अपनी जुबानी और सियासी जंग का अखाड़ा बना डाला।

Video नीचे दिए लिंक पर देखें-

रविवार को चंदनकियारी के बाईपास चौक पर क्षेत्र के भूतपूर्व विधायक स्वर्गीय हरदयाल शर्मा की जयंती समारोह का आयोजन किया गया था। इस गरिमामयी सामाजिक कार्यक्रम में विधायक उमाकांत रजक मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद थे। लेकिन, श्रद्धांजलि देने के बजाय उन्होंने संवेदनशीलता को भी श्रद्धांजलि दे दी। विधायक ने मंच से जो जहर उगला, उसने सबको हैरान कर दिया। खास तौर से सरकारी अफसरों और कर्मचारियों को।

अपने भाषण में बोलते-बोलते उमाकांत अधिकारियों के सम्मान पर पैर का प्रहार कर गए। विधायक उमाकांत रजक ने खुलेआम अपनी कार्यशैली का बखान करते हुए कहा – मैं जनता को अपने माथे पर रखता हूं, लेकिन सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने पैरों के नीचे दबाकर रखने का काम करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि वह इसी रूप में अपने स्वाभिमान को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। उनके इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे उनके अहंकार की पराकाष्ठा माना जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों को अपमानित करने के साथ-साथ विधायक ने क्षेत्र के अन्य नेताओं पर भी तंज कसा। उन्होंने कुछ नेताओं को भाषणबाज करार देते हुए चंदनकियारी की जनता को आश्वस्त रहने की सलाह दी। एक जन-प्रतिनिधि द्वारा लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ (कार्यपालिका) के अधिकारियों के प्रति ऐसी भाषा का प्रयोग करना अब उनके लिए गले की फांस बन सकता है। जहां जनता के बीच वे इसे अपनी ताकत बता रहे हैं, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में इस बयान को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

सत्ता पक्ष और विपक्ष सहित विभिन्न दलों के लोग थे मौजूद

ब्रहर्षि परिवार के बैनर तले चास चंदनकियारी पाडा के भूतपूर्व विधायक सह स्वतंत्रता सेनानी स्व. हरदयाल शर्मा के जयंती समारोह के जिस मंच पर विधायक उमाकांत रजक ने सरकारी बाबुओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की, वहां सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष सहित विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक दलों के लोग मौजूद थे। इनमें धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुल्लू महतो, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मौजूदा जिला अध्यक्ष जवाहलाल माहथा, बेरमो विधायक जयमंगल सिंह की धर्मपत्नी एवं धनबाद लोकसभा सीट की पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह, भाजपा नेता मृत्युंजय शर्मा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष मिहिर सिंह चौधरी, भाजपा के बोकारो जिला अध्यक्ष जयदेव राय आदि मौजूद रहे। इन सबके बीच उमाकांत रजक ने अपने विवादित बयान से चर्चा का माहौल गर्म कर दिया।

  • Varnan Live Report.

Leave a Reply

Trending