BSL की एक और अनूठी पहल, सड़कों पर पहियों के साथ दौड़ेगा फिटनेस का जुनून
संवाददाता
बोकारो : क्या आप तैयार हैं बोकारो की सड़कों पर अपनी रफ्तार का लोहा मनवाने के लिए? क्या आप चाहते हैं कि आपकी फिटनेस आपको न केवल सेहत दे, बल्कि ईनाम और मेडल भी दिलाए? तो फिर देर किस बात की! बोकारो स्टील प्लांट (BSL) आपके लिए लेकर आया है ‘Bokaro Cyclothon 2026’ का शानदार मौका। यह आयोजन सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि आपके पास खुद को साबित करने और ‘फिट इंडिया’ का हिस्सा बनने का बेहतरीन अवसर है। 29 मार्च की सुबह जब पूरा शहर सो रहा होगा, तब आप अपनी साइकिल के साथ इतिहास रच रहे होंगे।
अलग-अलग कैटेगरी में अलग-अलग इनाम
इस साइक्लोथॉन में दौड़ने वाली आपकी साइकिल आपको 5,000 रुपए तक का नकद पुरस्कार दिला सकती है। चाहे आप 14 साल के जोशीले युवा हों या 50 पार के ‘एवरग्रीन’ साइकिलिस्ट, हर वर्ग के लिए अलग-अलग श्रेणियां और ईनाम रखे गए हैं। और हाँ, अगर आप रेस पूरी करते हैं, तो जीत का मेडल आपके गले की शोभा जरूर बढ़ाएगा। कल्पना कीजिए, सुबह की ठंडी हवा, हाथ में साइकिल के हैंडल और फिनिशिंग लाइन पर आपकी जीत का इंतजार करता मेडल—यह अहसास वाकई जादुई होगा!
Hurry Up!!! सिर्फ 750 सीटें और समय कम
याद रखिए, इस महामुकाबले में हर कोई हिस्सा नहीं ले पाएगा। सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए केवल 750 जांबाजों को ही पैडल मारने का मौका मिलेगा। सीट पाने की रेस अभी से शुरू हो चुकी है! आपको बस BokaroMarathon.com पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन पक्का करना है। 24 मार्च रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख है, लेकिन जिस रफ्तार से बोकारो के युवा फॉर्म भर रहे हैं, सीटें उससे पहले ही फुल हो सकती हैं। मात्र 100 रुपए का रजिस्ट्रेशन शुल्क आपको एक शानदार टी-शर्ट, बिब नंबर और एक यादगार अनुभव दिलाने वाला है।
पर्यावरण के लिए एक पैडल, सेहत के लिए एक कदम
यह आयोजन आपको मौका दे रहा है अपनी सेहत संवारने का और पर्यावरण को ‘कार्बन मुक्त’ बनाने में योगदान देने का। 14 किलोमीटर का यह सफर आपको पथरकट्टा चौक से लेकर गांधी चौक तक के उन रास्तों से ले जाएगा, जहाँ हर मोड़ पर आपका हौसला बढ़ाने के लिए लोग मौजूद होंगे। बस याद रहे, अपनी मैनुअल साइकिल और हेलमेट साथ लाना न भूलें। तो बोकारो वालों, तैयार हो जाइए अपनी साइकिल की धूल झाड़ने और पैडल पर जोर लगाने के लिए। आइए, मिलकर दिखा देते हैं कि फिट बोकारो ही हिट बोकारो है!
- Varnan Live Report.




Leave a Reply