BSL के ऐतिहासिक Food Street में दिखी मिनी इंडिया की झलक, लिट्टी-चोखा से धुस्का तक, स्टॉलों पर टूट पड़ी पब्लिक
संवाददाता
बोकारो: जिस सड़क पर हर दिन गाड़ियों के टायर तपते थे और धुएं का गुबार दिखता था, रविवार की शाम वहां देसी घी की खुशबू और लजीज पकवानों का जादू बिखरा नजर आया। बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) की अनूठी और ऐतिहासिक पहल पर शहर के इतिहास में पहली बार आयोजित ‘Food Street’ ने सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। गांधी चौक से लेकर बोकारो मॉल मोड़ तक की सड़क एक विशाल ‘ओपन एयर फूड कोर्ट’ में तब्दील हो गई, जहाँ पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। फिर भी, शहरवासियों के चेहरे पर थकावट नहीं, बल्कि जायके की चमक साफ दिख रही थी।

खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया आगाज़
इस अनोखे स्वाद मेले का विधिवत उद्घाटन बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया। उनके साथ सीआईएसएफ के डीआईजी राजीव मिश्रा, महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती शुभम रंजन और संयंत्र के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

मेले का मुख्य आकर्षण वे 70 स्टॉल्स थे, जिन्होंने भारत के कोने-कोने के स्वाद को एक ही सड़क पर उतार दिया। बिहार की विश्वप्रसिद्ध लिट्टी-चोखा हो, झारखंड का पारंपरिक धुस्का-पीठा, पंजाबी तड़का, साउथ इंडियन इडली-डोसा या फिर बच्चों का पसंदीदा चाइनीज—हर स्टॉल पर शौकीनों की लंबी कतारें लगी रहीं। उद्घाटन के बाद शाम पांच बजे से लेकर देर रात साढ़े 10 बजे तक शहरवासियों की भीड़ उमड़ी रही।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
महिला समिति का स्टॉल रहा आकर्षण का केंद्र
हमेशा की तरह बीएसएल महिला समिति के स्टॉल ने अपने खास और शुद्ध लजीज व्यंजनों से लोगों का दिल जीत लिया। भीड़ ऐसी थी कि पैदल चलना भी किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन बोकारो वासियों ने पूरे धैर्य और उत्साह के साथ हर व्यंजन का लुत्फ उठाया। चिलचिलाती धूप के बाद शाम की ठंडक ने इस माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। यह आयोजन सिर्फ खाने-पीने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक मिलन का एक ऐसा मंच बन गया, जहां हजारों लोग एक-दूसरे से गर्मजोशी के साथ मिलते दिखे। जगह-जगह संगीतमय कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

सांस्कृतिक और सामाजिक जीवंतता की नई मिसाल
देर रात तक चले इस उत्सव ने साबित कर दिया कि बोकारो न केवल स्टील बनाने में माहिर है, बल्कि जश्न मनाने में भी इसका कोई सानी नहीं है। नगर वासियों ने प्रबंधन की इस पहल की जमकर सराहना की और इसे शहर की सांस्कृतिक पहचान बढ़ाने वाला एक सफल कदम बताया। इस ‘फूड स्ट्रीट’ की सफलता के बाद अब शहरवासियों को उम्मीद है कि ऐसे आयोजन बार-बार होंगे, ताकि स्टील सिटी की शामें इसी तरह महकती रहें।
- Varnan Live Report.




Leave a Reply