बोकारो ट्रेजरी में महाघोटाले का एसपी ने किया खुलासा, ‘ई-कुबेर’ ने खोली ‘कुबेर’ बनने की सारी पोल
Bokaro : झारखंड के प्रशासनिक गलियारों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बोकारो जिला कोषागार (Treasury) से करोड़ों रुपये की सेंधमारी का काला सच सामने आया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के एक शातिर लेखापाल (Accountant) कौशल कुमार पांडेय ने सिस्टम की खामियों का फायदा उठाकर एक रिटायर्ड हवलदार के वेतन के नाम पर 4,29,71,007 रुपये डकार लिए। चौंकाने वाली बात यह है कि घोटाले की यह पूरी रकम किसी और के नहीं, बल्कि आरोपी ने अपनी पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर की थी। मंगलवार को एसपी हरविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता कर कौशल के ‘लूट-कौशल’ का पर्दाफाश किया।

25 महीनों में 63 बार फर्जी निकासी, ऐसे हुआ करोड़ों का हेरफेर
एसपी के मुताबिक, इस घोटाले की पटकथा नवंबर 2023 से लिखी जा रही थी, जो मार्च 2026 तक निर्बाध रूप से चलती रही। जांच टीम ने जब झारखंड सरकार के ‘ई-कुबेर’ पोर्टल की गहराई से पड़ताल की, तो उनके होश उड़ गए। लेखापाल ने पिछले तीन वित्तीय वर्षों में हवलदार उपेंद्र सिंह के नाम पर कुल 63 बार वेतन मद में अवैध निकासी की। आरोपी इतना शातिर था कि उसने जुलाई 2016 में ही रिटायर हो चुके हवलदार के डेटा को पोर्टल पर एडिट कर दिया। उसने उपेंद्र सिंह की जन्मतिथि और बैंक खाता संख्या बदलकर अपनी पत्नी अनु पांडेय का खाता नंबर डाल दिया और आहरण एवं वितरण पदाधिकारी (डीडीओ) की आंखों में धूल झोंककर सरकारी खजाने को चूना लगाता रहा।
खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R
रांची से चली जांच की धमक और एसपी का ‘एक्शन’
इस महाघोटाले की गूंज सबसे पहले रांची में सुनाई दी, जब प्रधान महालेखाकार (PAG) चंद्रमौली सिंह की गोपनीय रिपोर्ट ने वित्त सचिव को हिला कर रख दिया। पीएजी की जांच में पेरोल प्रोसेसिंग और डेटा वैलिडेशन में भारी ‘कंट्रोल गैप’ पाए गए। जैसे ही डीसी अजय नाथ झा को इसकी भनक लगी, उन्होंने तुरंत कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया। एसपी हरविंदर सिंह ने खुद कमान संभाली और डीएसपी मुख्यालय व डीएसपी नगर की संयुक्त टीम गठित की। पहले तो आरोपी लेखापाल कौशल पांडेय ने अनजान बनने की कोशिश की, लेकिन जब ‘ई-कुबेर’ के डिजिटल साक्ष्य सामने आए, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
सलाखों के पीछे ‘घोटालेबाज’ पति, पटना से बोकारो तक जुड़ी हैं कड़ियां
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना (दानापुर) निवासी कौशल कुमार पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जो इस अपराध की कड़ी जोड़ने में अहम साबित होंगे। जिला कोषागार पदाधिकारी गुलाबचंद उरांव की शिकायत पर बीएस सिटी थाना में कांड संख्या 62/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
क्या यह सिर्फ शुरुआत है? कटघरे में सरकारी सिस्टम
PAG की रिपोर्ट ने न केवल बोकारो बल्कि राज्य के अन्य जिलों की कोषागार कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि अन्य जिलों में भी ‘दोहरे वेतन’ और अवैध निकासी के मामले हो सकते हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह घोटाला सिर्फ एक लेखापाल तक सीमित है या इसमें ट्रेजरी के अन्य ‘बड़े प्यादे’ भी शामिल हैं? फिलहाल, आरोपी लेखापाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, लेकिन इस खुलासे ने पूरे महकमे की वित्तीय शुचिता को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
- Varnan Live Report




Leave a Reply