‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ को मिलेगी नई उड़ान
विजय कुमार झा
बोकारो: भारत सरकार की महारत्न कंपनी सेल (SAIL) के ‘विजन-2030’ के तहत प्रस्तावित महत्वाकांक्षी ब्राउनफील्ड विस्तार परियोजना बोकारो स्टील प्लांट (BSL) को नई उत्पादन क्षमता, अत्याधुनिक तकनीक और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता से सुसज्जित करते हुए विकास के एक ऐतिहासिक अध्याय की ओर अग्रसर करने जा रही है। पिछले पांच दशकों से देश के औद्योगिक व आर्थिक विकास का सशक्त आधार रहा यह संयंत्र अब देश को इस्पात क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह महा-विस्तार केवल बोकारो स्टील प्लांट की उत्पादन क्षमता में वृद्धि का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र एवं प्रदेश के लिए एक नई दिशा, नए विश्वास और स्वर्णिम भविष्य की मजबूत आधारशिला है।

इस भव्य और बहुप्रतीक्षित परियोजना के तहत लगभग ₹15,000 करोड़ की प्रत्यक्ष पूंजीगत लागत से संयंत्र की कच्चे इस्पात उत्पादन क्षमता को वर्तमान 4.65 मिलियन टन प्रति वर्ष से बढ़ाकर सीधे 7.25 मिलियन टन प्रति वर्ष किया जाएगा। इसके साथ ही हॉट मेटल उत्पादन क्षमता को भी 7.55 मिलियन टन प्रति वर्ष तक विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस ब्राउनफील्ड विस्तार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे संयंत्र की उपलब्ध भूमि एवं मौजूदा आधारभूत संरचना का अधिकतम उपयोग करते हुए विकसित किया जाएगा, जिससे अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता न्यूनतम रहेगी और संसाधनों का बेहद प्रभावी व संतुलित उपयोग सुनिश्चित होगा।
खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R
तकनीकी क्रांति… ‘इंडस्ट्री 4.0’ और डिजिटल ट्विन से लैस होगा प्लांट
तकनीकी क्रांति के मामले में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। इसके अंतर्गत 4500 घनमीटर क्षमता वाली नई विशाल ब्लास्ट फर्नेस, आधुनिक स्टील मेल्ट शॉप, अत्याधुनिक थिन स्लैब कास्टिंग एवं डायरेक्ट रोलिंग (TSCDR) संयंत्र, नई एयर सेपरेशन यूनिट और उन्नत रॉ मटेरियल हैंडलिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी। इतना ही नहीं, उद्योग जगत की नवीनतम क्रांति ‘इंडस्ट्री 4.0’ पर आधारित डिजिटल ऑटोमेशन और ‘डिजिटल ट्विन’ जैसी उन्नत तकनीकों को भी इस प्लांट का हिस्सा बनाया जाएगा। इन विश्वस्तरीय सुविधाओं के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले फ्लैट स्टील, हाई स्ट्रेंथ स्टील तथा ऑटोमोबाइल ग्रेड इस्पात का बड़े पैमाने पर उत्पादन संभव होगा, जो घरेलू और वैश्विक बाजारों में बोकारो की धाक जमाएगा।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

Sustainable Development को प्राथमिकता
इस मेगा प्रोजेक्ट में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास (Sustainable Development) को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। कार्बन उत्सर्जन की तीव्रता में भारी कमी लाने, ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्रणाली लागू करने, ऊर्जा दक्ष तकनीकों का उपयोग करने और बड़े पैमाने पर हरित क्षेत्र (ग्रीन बेल्ट) विकसित करने की परिकल्पना की गई है, जो आधुनिक औद्योगिक विकास एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के संतुलित समन्वय की एक अनोखी नजीर पेश करेगी।
रोजगार और व्यापार के नए अवसर
आर्थिक मोर्चे पर, इस विस्तार से निर्माण, engineering, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, उपकरण आपूर्ति सहित लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) और सेवा क्षेत्र में रोजगार व व्यापार के अभूतपूर्व अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय उद्यमिता और कौशल विकास को एक नई व तीव्र गति मिलेगी। भारतीय नौसेना के युद्धपोतों से लेकर देश की अवसंरचना, रेलवे, रक्षा और ऑटोमोबाइल सेक्टर में बीएसएल के विशेष इस्पात की बढ़ती मांग को देखते हुए यह कदम ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों को एक नया आसमान देगा।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
प्रबंधन की अपील- समाज के सकारात्मक सहयोग और विश्वास से रचेंगे नई इबारत
बोकारो स्टील प्लांट का दृढ़ विश्वास है कि किसी भी बड़े औद्योगिक निवेश की सफलता केवल मशीनों और तकनीकी उत्कृष्टता पर नहीं, बल्कि समाज के सकारात्मक सहयोग, संवाद और अटूट विश्वास पर टिकी होती है। बोकारो की समृद्ध औद्योगिक विरासत, अनुशासन और सामाजिक समरसता ने सदैव इसे देश के अग्रणी औद्योगिक नगरों में शीर्ष पर रखा है। ऐसे में प्रबंधन ने सभी सम्मानित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, उद्योग जगत, व्यापारिक समुदाय एवं सामाजिक संगठनों से यह आत्मीय अपेक्षा की है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर को क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास के परिप्रेक्ष्य में देखें और अपनी सकारात्मक व रचनात्मक सहभागिता के माध्यम से बोकारो को औद्योगिक प्रगति की एक नई और अनंत ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें। तभी बोकारो सभी के सहयोग से विकास की नई इबारत रच सकेगा।
- Varnan Live Report




Leave a Reply