कैबिनेट कमेटी ने दी मंजूरी, प्राचार्य सहित समस्त विद्यालय परिवार ने दी बधाई; मिथिला समाज में भी खुशी की लहर

दीपक झा
बोकारो:
इस्पातनगरी बोकारो के नाम आज एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। बोकारो के गौरव, DPS Bokaro के पूर्व छात्र और देश के जाने-माने अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा को विश्व बैंक (वर्ल्ड बैंक) के वाशिंगटन डीसी स्थित मुख्यालय में भारत का अगला कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार की कैबिनेट नियुक्ति समिति (एसीसी) ने आधिकारिक तौर पर उनके नाम को मंजूरी दे दी है। श्री मिश्रा यहां उत्तर प्रदेश कैडर के 1981 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी परमेश्वरन अय्यर का स्थान लेंगे। जारी आदेश के अनुसार, उनका यह कार्यकाल कार्यभार संभालने की तिथि से अगले तीन वर्षों के लिए या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R

बता दें कि नीलकंठ मिश्रा अर्थशास्त्र की दुनिया में एक बेहद सम्मानित और जानी-मानी शख्सियत हैं। देश की आर्थिक नीतियों को दिशा देने में उनकी भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। एक्सिस बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री रहे श्री मिश्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य के रूप में भी देश को अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा, भारत की डिजिटल पहचान क्रांति की रीढ़ माने जाने वाले भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के सलाहकार के रूप में भी उन्होंने अपनी तकनीकी और आर्थिक सूझबूझ का लोहा मनवाया है। अब विश्व बैंक के मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनकी इसी अद्वितीय मेधा का परिणाम है।

खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें

1993 बैच के छात्र रहे हैं नीलकंठ, आईआईटी में देशभर में था शीर्ष स्थान

इस ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के लिए एक अद्भुत उत्सव के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि नीलकंठ मिश्रा इसी संस्थान के बैच 1993 के छात्र रहे हैं। उनकी इस वैश्विक सफलता से पूरे विद्यालय परिवार के साथ-साथ समस्त बोकारो और झारखंड राज्य में हर्ष का माहौल है। विदित हो कि बीएसएल अधिकारी रहे प्रकाश चन्द्र मिश्रा और श्रीमती किरण मिश्रा के होनहार पुत्र नीलकंठ मिश्रा आईआईटी की परीक्षा में भी 1993 में देशभर में शीर्ष स्थान पर थे। उन्होंने पूरे देश में चौथा स्थान प्राप्त किया था।

खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan

बोले प्राचार्य डॉ. गंगवार- गर्व है कि मैंने उन्हें पढ़ाया, अर्थजगत में बताया वैश्विक धरोहर

इस स्वर्णिम उपलब्धि पर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने श्री मिश्रा को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य डॉ. गंगवार ने उन्हें अर्थजगत की एक वैश्विक धरोहर बताते हुए कहा कि नीलकंठ मिश्रा की यह सफलता देश के करोड़ों युवाओं और विशेष रूप से बोकारो के विद्यार्थियों के लिए एक महान प्रेरणा है। उन्हें इस बात का गर्व है कि उन्होंने उन्हें केमिस्ट्री पढ़ाई है। गणित, विज्ञान और अर्थशास्त्र विषयों में उनकी विशेष रुचि थी। न केवल पढ़ाई, बल्कि सह-शैक्षिक गतिविधियों में भी उनकी अच्छी सहभागिता होती थी। वे बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी रहे हैं। उनकी उपलब्धि न केवल डीपीएस बोकारो परिवार, बल्कि पूरे भारतवर्ष के लिए अत्यंत ही गर्व का विषय है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि विश्व बैंक में भारत के कार्यकारी निदेशक के रूप में नीलकंठ अपनी अद्वितीय आर्थिक समझ से न केवल भारत का मान बढ़ाएंगे, बल्कि विकासशील देशों के आर्थिक उत्थान के लिए भी नए रास्ते तैयार करेंगे। उनकी यह यात्रा हमारे स्कूल के हर बच्चे को यह सिखाती है कि बड़े सपने देखना और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर अनुशासित रहना ही सफलता का एकमात्र मूलमंत्र है।

मिथिला सांस्कृतिक परिषद ने भी दी बधाई

नीलकंठ मिश्रा को वर्ल्ड बैंक का कार्यकारी निदेशक बनाए जाने पर बोकारो के मिथिला समाज के लोगों में भी हर्ष और गर्व का माहौल है। मिथिला सांस्कृतिक परिषद के निदेशक मंडल संयोजक राजेन्द्र कुमार, सदस्य केसी झा, विजय कुमार झा सहित अध्यक्ष जेपी चौधरी, महासचिव नीरज चौधरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम निदेशक अरुण पाठक, कोषाध्यक्ष मिहिर मोहन ठाकुर, मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल के पूर्व अध्यक्ष हरि मोहन झा, वर्तमान सचिव दिलीप कुमार झा, मैथिली कला मंच काली पूजा ट्रस्ट के महामंत्री सुनील मोहन ठाकुर, वरिष्ठ साहित्यकार बुद्धिनाथ झा, तुला नंद मिश्र, अमन कुमार झा, वरिष्ठ रंगकर्मी बटोही कुंवर, श्रवण कुमार झा, शंभु झा आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है और नीलकंठ व उनके परिवार को बधाई दी है।

  • Varnan Live Report.

Leave a Reply

Trending