संवाददाता
बोकारो : कारगिल विजय दिवस का आयोजन बोकारो के पूर्व सैनिकों की अगुवाई में एक बार फिर भव्यता के साथ किया गया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से शुक्रवार को स्थानीय सिटी पार्क स्थित शहीद स्मारक उद्यान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस बार के कार्यक्रम की खासियत यह रही कि जिले के डीसी, एसपी व डीडीसी सहित कई वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों, समाज के गणमान्यजनों तथा पूर्व सैनिकों के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में आमलोगों ने वीर सैनिकों की शहादत को नमन किया। उपायुक्त कृपानंद झा, पुलिस अधीक्षक पी. मुरुगन व डीडीसी रविरंजन मिश्रा सहित सभी लोग जवानों की शहादत और मां भारती के सम्मान में जयकारे लगाते देखे गये। कारगिल युद्ध के दो दशक पूरे होने के इस खास मौके पर उपायुक्त ने कहा कि हर भारतीय को सैनिकों को सम्मान करना चाहिए। अपने कार्यालय में भी अगर किसी काम से पूर्व सैनिक आए, तो उनके काम को प्राथमिकता के साथ करना चाहिए, क्योंकि उनके पास समय की कमी होती है। वे अपना जीवन का अहम हिस्सा बोर्डर पर गुजारते है। वे देश और देशवासियों की रक्षा में अपनी जान की बाजी तक लगा देते है। अतः उनका सम्मान हमारी प्राथमिकता होनी चाहिये। उन्होंने परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना संचारित करने के उद्देश्य से एेसे कार्यक्रम आयोजित करते रहने का संदेश दिया।

आज भी गर्व से ऊंचा हो जाता है सिर : एसपी
मौके पर एसपी पी मुरूगन ने कहा कि कारगिल युद्ध में हमने 527 जवानों को खो दिया था, वहीं 1363 जवान घायल हुए थे। चार जवानों को सेना का सर्वोच्च पदक परमवीर चक्र प्रदान किया गया था। इनमें से दो को मरणोपरांत यह पदक दिया गया था। योगेंद्र सिंह यादव इस पदक को पाने वाले सबसे कम उम्र के जवान हैं। जवानों ने उस युद्ध में खून का आखिरी कतरा तक बहा दिया था। जांबाजों की वीरगाथा सुनकर आज भी हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है। डीडीसी श्री मिश्रा ने भी कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के रणबांकुरों की भूमिका और उनकी बदौलत विजयश्री मिलने के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। सेना मेडल से सम्मानित कैप्टन गौरी शंकर ने कहा कि कारगिल युद्ध में सैनिकों ने अदम्य साहस के बल पर पाकिस्तानी घुसपैठियों के छक्के छुड़ा दिए। विजय दिवस के मौके पर हम उन सूरमाओं के बारे में बता रहे हैं जो देश के लिए आन, बान और शान हैं।
ये रहे मौजूद
मौके पर सरस्वती शिशु मंदिर सेक्टर- 9 के सचिव सिद्धेश नारायण दास, पीएनबी सेक्टर- 4 के मुख्य प्रबंधक दीपक गुप्ता, बीओआई सेक्टर 4 के मुख्य प्रबंधक महेंद्र नाथ सोरेन, कवि ब्रजेश बृजवासी, बीजीएच के निदेशक प्रभारी डा. एके सिंह आदि सहित अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद बोकारो अध्यक्ष सुरेश बाबू, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश्वर सिंह, महासचिव राकेश मिश्रा, मनोज सिंह, मनोज झा, मनोज कुमार, अमित कुमार, राजीव रंजन, राजहंस, गौतम, शशिभूषण, शत्रुघ्न, जनवंत सिंह, देव प्रकाश, दीपक कुमार, संतोष कुमार, अजय कुमार सिंह, राज कुमार प्रसाद, महेंद्र थापा, मदन मोहन सिंह, सुरेश कुमार, संजीव कुमार आदि उपस्थित थे। संचालन राकेश मिश्रा व धन्यवाद ज्ञापन दिनेश्वर सिंह ने किया।
– Varnan Live Report.
आपके सुझाव एवं विचारों का स्वागत है। कृपया अपनी राय हमें नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में टिप्पणी कर दें।
धन्यवाद!