संवाददाता
बोकारो : बोकारो के उपायुक्त कृपानंद झा ने कहा कि सरकार कृषि और कृषकों के हित में लगातार तत्पर है। इसी उद्देश्य से एक से बढ़कर एक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना अपने-आप में महत्वाकांक्षी योजना है। रांची में 10 अगस्त को जहां उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू इस योजना का शुभारंभ करेंगे, वही बोकारो में इसकी शुरुआत को लेकर जिला स्तर पर सेक्टर- 5 स्थित बोकारो क्लब में समारोह का आयोजन किया जा रहा है। पूर्वाह्न 11.00 बजे से आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के मंत्री अमर बाउरी होंगे। कार्यक्रम में गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, धनबाद सांसद पशुपतिनाथ सिंह, बोकारो विधायक बिरंची नारायण, डुमरी विधायक जगरनाथ महतो, गोमिया विधायक बबीता देवी, बेरमो विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, चास के महापौर भोलू पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा देवी, बीस सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मण नायक सहित सभी प्रमुख, मुखिया एवं गणमान्यजन शामिल होंगे। इस अवसर पर बोकारो जिले के 17941 किसानों को मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत कुल 6,81,11,792 रुपए की राशि उनके खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जायेगी। पहले प्रथम किस्त की राशि ढ़ाई-ढ़ाई हजार रुपये भेजी जायेगी। समारोह के पूर्व दिवस शुक्रवार को जिला समाहरणालय में आयोजित एक पत्रकार-वार्ता में उपायुक्त ने इस आशय की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बोकारो जिले में इस योजना के लिए कुल 66000 किसानों ने अपना निबंधन कराया है। शेष किसानों के खातों की जांच की जा रही है और सितंबर मध्य तक उनके बचे हुए किसानों के खाते में भी राशि जमा करा दी जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि शनिवार को बोकारो क्रम में होने वाले आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों में इस योजना के बारे में जानकारी देना है। उपायुक्त ने बताया कि चास के 2614, चंदनकियारी के 2695, गोमिया के 2359, पेटरवार में 1603, नावाडीह में 1109, जरीडीह में 2214, कसमार में 2772, चंद्रपुरा में 1945 और बेरमो के 630 किसानों के बीच प्रथम किस्त की राशि दी जानी है। किसानों की बीच सांकेतिक चेक का वितरण मंत्री एवं अन्य अतिथियों के द्वारा किया जाएगा। डीसी ने कहा कि इस योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़, प्रतिवर्ष पांच हजार रुपये की सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जायेगी।
सुखाड़ के मुद्दे पर की जा रही समीक्षा
एक सवाल के जवाब में उपायुक्त ने किसानों की मांगों के आलोक मे बोकारो को सूखाग्रस्त घोषित किये जाने को लेकर कहा कि इस संबंध में लगातार का टास्क फोर्स की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इस बीच बारिश भी अच्छी हुई है। अभी समय है। वैसे प्रशासन अपने स्तर से लगातार किसानों के हित में कदम बढ़ा रहा है तथा इस मामले की समीक्षा की जा रही है। प्रेसवार्ता में उपायुक्त के साथ नजारत उप समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता, जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार मिश्र, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी राजीव कुमार, वरीय लिपिक राकेश कुमार सिन्हा, कंप्यूटर ऑपरेटर संतोष कुमार चौरसिया, जनसंपर्क विभाग के कर्मी कामता सिंह एवं अन्य उपस्थित थे।
– Varnan Live Report.