कार्यालय संवाददाता
बोकारो/चंदनकियारी : बोकारो जिले की चंदनकियारी विधानसभा सीट को लेकर भाजपा-आजसू के अपने-अपने दावों और एक-दूसरे पर बीच वार-पलटवार के बीच भाजपा के केन्द्रीय व प्रदेश नेतृत्व ने आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो को यह संदेश दे दिया है कि विधानसभा के आगामी चुनाव में उनका ‘प्रेशर पॉलिटिक्स’ नहीं चलने वाला है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूरी दुनिया में सनातन धर्म का डंका बजाने वाले भारत के देव-पुरुष स्वामी विवेकानंद एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर चंदनकियारी स्थित चंडीपुर फुटबॉल मैदान में न सिर्फ क्षेत्र की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में स्थानीय विधायक व राज्य सरकार के मंत्री अमर कुमार बाउरी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया, बल्कि प्रदेश में भारी बहुमत के साथ पुन: भाजपा सरकार के गठन का दावा भी किया। उल्लेखनीय है कि विधायक अमर बाउरी ने पिछले चुनाव में चंदनकियारी के पूर्व विधायक व आजसू पार्टी के उम्मीदवार उमाकांत रजक को भारी मतों के अन्तर से पराजित किया था और इससे खुंदक खाये श्री रजक आजसू पार्टी के सरकार में शामिल रहते हुए भी क्षेत्र में श्री बाउरी के खिलाफ लगातार न सिर्फ आग उगल रहे हैं, बल्कि विगत लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने धनबाद से भाजपा उम्मीदवार व वर्तमान सांसद पशुपति नाथ सिंह की खिलाफत करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी का साथ दिया था। यह आरोप भाजपा के भी कई दिग्गज नेता पहले ही लगा चुके हैं। इसी बीच आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने चंदनकियारी के भोजूडीह में आयोजित एक कार्यक्रम में उमाकांत रजक को अपना भावी उम्मीदवार घोषित करते हुए क्षेत्र को ‘केला’ अर्थात अपने दल के लिए उपजाऊ भूमि बताया था और लोगों से श्री रजक का साथ देने की अपील की थी। श्री महतो के इस बयान के बाद भाजपा ने उन पर प्रेशर पॉलिटिक्स करने का आरोप लगाते हुए यहां से आजसू पार्टी की दावेदारी को सिरे से खारिज कर दिया था।
2022 तक होगा नये झारखंड का निर्माण : मुख्यमंत्री
पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस तथा प्रदेश स्तर पर झामुमो पर तीखे हमले किये। उन्होंने कहा कि पिछले 67 वर्षों में कांग्रेस ने सिर्फ दीमक की तरह देश को खोखला किया, जबकि झामुमो के नेताओं ने प्रदेश को लूटकर सिर्फ अपने परिवार को समृद्ध बनाया। उन्होंने कांग्रेस-झामुमो के ठग-महागठबंधन की जाल में लोगों से नहीं फंसने का आह्वान करते हुए कहा कि कमजोर सरकार होने से भ्रष्टाचार बढ़ता है, विकास नहीं होता है। आज चंदनकियारी के हर घर में बिजली पहुंची है। जल्द ही 24 घंटे बिजली मिलने लगेगी। आज हर गांव में स्ट्रीट लाइट लग रहे हैं। गांव में सोलर जलापूर्ति योजना बनाई जा रही है। उसके बाद पाइप लाइन के माध्यम से हर घर तक पेयजल पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि अब गरीबों को मिलने वाले पेंशन को 1000 रुपया किया गया है। गरीब माता-पिता की चिंता करते हुए चंदनकियारी के विधायक ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की शुरुआत की। गरीब बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने का काम सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल में हमारी सरकार ने प्रदेश के विकास में कीर्तिमान स्थापित किया है, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है। यह देश का नम्बर 1 राज्य बन सकता है। 2022 तक नये झारखंड का निर्माण होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा झारखंड तथा देश के विकास में किये गये कार्यों तथा अपनी उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया।
साकार होता स्वामी विवेकानंद का सपना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक वैश्विक नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में भारत का मान-सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है और देश-विरोधी ताकतों को मनोबल टूटा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक स्वामी विवेकानंद ने अपने 24 वर्ष की उम्र में भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना देखा था। उसी सपने को आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी साकार कर रहे हैं। वे आज वैश्विक नेता बन चुके हैं। 2014 से पहले कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद की राजनीति करती रही, वही काम झारखंड में झामुमो कर रही है। उन्होंने प्रदेश की जनता से ऐसे दलों से इस चुनाव में सावधान रहने की अपील की।
चंदनकियारी में कमल खिलाने का आह्वान
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की समृद्धि के लिए यहां के लोगों से आने वाले चुनाव में चंदनकियारी से भी एक कमल खिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस तरह पांच वर्ष का मौका हमारी सरकार को मिला है और राज्य में जिस तरह विकास कार्य हुए हैं, उसी तरह एक बार फिर से इस बार के चुनाव में आप चंदनकियारी से एक कमल खिलाएं। कमल आएगा तो गरीब को रोटी मिलेगी, घर मिलेगा, नौकरी मिलेगी।
पांच वर्षों में बदली देश व प्रदेश की तस्वीर : नड्डा
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि आपने तह तय कर लिया है कि इस बार फिर से झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष में झारखंड और भारत की तस्वीर बदली है। आपको याद होगा कि विगत पांच वर्ष पूर्व किस तरह की भ्रष्ट सरकारें होती थीं। आज हम कह सकते हैं कि झारखंड में सशक्त सरकार है। श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले सप्ताह जब प्रधानमंत्री अमेरिका में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम में गये थे तो देश और दुनिया के लोगों ने देखा कि भारत का क्या मान-सम्मान है। पहले देश टूटा हुआ था, लेकिन पीएम ने आज देश को जोड़ा है। सही मायने में पाकिस्तान पूरी दुनिया में अलग-थलग हो गया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और उससे वहां के लोगों को होने वाले फायदे का भी उल्लेख किया। उन्होंने अपने जन-प्रतिनिधि और अपने क्षेत्र को मजबूत करने के लिए विधायक अमर कुमार बाउरी को फिर से जीत दिलवाने का आह्वान किया।
विपक्ष का होगा सूपड़ा साफ : अमर बाउरी
अपने स्वागत भाषण में स्थानीय विधायक एवं राज्य सरकार के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने नवरात्र के पर्व पर मां दुर्गा का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में जो 65 पार का लक्ष्य मिला है, उससे अधिक 70 विधानसभा पर सीटों पर भाजपा जीतेगी। उन्होंने कहा कि एक लाख 27 हजार मतों से चंदनकियारी के लोगों ने लोकसभा के चुनाव में अपना सांसद चुना था। उसी तरह रघुवर दास को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए ऐसा ही मत चंदनकियारी विधानसभा में मिलेगा। इस बार विपक्ष का सुपरा साफ हो जायेगा। उन्होंने बिना नाम लिये आजसू पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज की सभा वैसे लोगों की नींद उड़ाने के लिए काफी है, जो जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं।
- Varnan Live Report.