एक हफ्ते से लापता अधेड़ की मिली लाश, तो भड़का जनाक्रोश, पुलिस पर रोड़ेबाजी

0
398
संवाददाता
बोकारो। चीराचास टीओपी क्षेत्र अंतर्गत गांधाजोर बस्ती का इलाका रविवार को घंटों पुलिस छावनी में तब्दील रहा। पिछले लगभग एक सप्ताह से लापता सुभाष राय नामक एक अधेड़ का शव तालाब से बरामद होने के बाद पुलिस की कथित शिथिलता को लेकर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पुलिस और लोग आमने-सामने हो गए। मामले में पुलिस की तरफ से सहयोगात्मक कार्रवाई न होने के आरोप में लोगों ने आक्रोशवश पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। चास थाना प्रभारी चुनमुन सिंह जब सदल-बल शव बरामदगी मामले की जांच करने घटनास्थल पर पहुंचे तो लोगों ने विरोध करने के साथ आते ही सीधे उन पर पत्थरों से हमला कर दिया। इस पथराव में थाना प्रभारी चुनमुन सिंह कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही एसपी पी. मुरुगन, सिटी डीएसपी ज्ञान रंजन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार पुलिस के लाठीचार्ज में कई लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए वहां भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई और क्षेत्र छावनी में तब्दील नजर आया।
22bkr2
पुलिस के खदेड़ने में मौत की आशंका
बताया जाता है कि 15-16 दिसंबर की मध्यरात्रि के बाद लगभग साढ़े 12 बजे पुलिस के गश्ती दल को देखकर तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने उन्हें दौड़ाया। इनमें से दो तो भाग गए, जबकि एक तालाब में गिर गया। आशंका है कि जिस सुभाष की लाश रविवार सुबह तालाब से मिली, उस रात वही उसमें गिर गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सुबह सुभाष की लाश बरामद होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, परंतु पुलिस काफी देर बाद पहुंची। इससे लोगों का आक्रोश उबल गया।
 
22bkr4
15 की शाम से ही लापता था सुभाष
मृतक के परिजनों के अनुसार चास नगर निगम के वार्ड संख्या- 4 का सुपरवाइजर सुभाष राय बीते 15 दिसंबर की शाम से ही लापता था। वह शौच जाने की बात कहकर चादर और गमछे में ही घर से निकला था। अगले दिन परिवार वालों ने उसकी काफी खोजबीन की, परंतु उसका पता नहीं चला। 17 दिसंबर को इस बावत उन्होंने चास थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया।मृतक के पुत्र अमर कुमार राय ने पुलिस पर असहयोगात्मक रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि चास थाने में जाने पर उसे कुछ भी नहीं बताया गया। पुलिस ने तो पहले गश्ती गाड़ी नही जाने की बात कही, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में पुलिस वाहन के आने का पता चला और आज पुलिस ने बार-बार में तालाब में देखने को कहा।
22bkr3
 
मामले की कराएंगे निष्पक्ष जांच : एसपी
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी पी. मुरुगन ने कहा कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 16 दिसंबर को पेट्रोलिंग गाड़ी को देखकर तीन लोग भागने लगे। अंधेरे के कारण दिखाई नहीं दिया। अभी 4 दिन के बाद सुभाष राय नामक एक व्यक्ति की लाश तालाब से बरामद की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसके बाद मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। मृत्यु का कारण क्या है, यह जांच में पता चल जाएगा। बड़े पदाधिकारी के स्तर से मॉनिटरिंग कराई जाएगी। इसी की जांच के क्रम में चास के थाना प्रभारी आए थे। उनके वाहन पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और थाना प्रभारी को भी चोटे आई हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून को हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। जिनलोगों ने यह कार्य किया है, उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
 
हाल ही में जेल से छूटा था मृतक
एक सवाल के जवाब में एसपी ने बताया कि मृतक सुभाष राय अापराधिक प्रवृत्ति का रहा है। हाल ही में वह जेल से एक मामले में छूटकर आया है। उसका आपराधिक इतिहास क्या है, इसकी भी जांच कराई जा रही है। एसपी ने भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज करने की बात कही। हालांकि, उन्होंने इसमें किसी भी आमलोगों के चोटिल होने की बात से इनकार किया, परंतु इतना जरूर कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वस्तुस्थिति का खुलासा हो सकेगा।
– Varnan Live Report.

Leave a Reply