संवाददाता
बोकारो : युद्ध के माहौल में विश्व कल्याण और समस्त मानव जाति के हित की कामना को ले गुरुवार को नगर के सेक्टर- 2डी स्थित श्यामा माई मंदिर परिसर में भागवत कथा का आयोजन शुरू हुआ। मैथिली कला मंच, काली पूजा ट्रस्ट की ओर से श्रीमद्भागवत कथा रस वृष्टि अनुष्ठान मंदिर परिसर स्थित अमरेंद्र मिश्र सभागार में विश्व कल्याण की कामना के साथ भव्य कलशयात्रा के शुरू हुआ। श्यामा मंदिर के समीप स्थित शिव मंदिर के कूप से जल भरकर श्रद्धालु सेक्टर-2ए और डी के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरते हुए पुनः मंदिर पहुंचे। 16 मार्च तक होने वाले इस कार्यक्रम में एक तरफ जहां अध्यात्म और भक्तिरस की बयार बहेगी, वही होली महोत्सव का आनंद भी शुरू हुआ।
मैथिली कला मंच काली पूजा ट्रस्ट के महामंत्री सुनील मोहन ठाकुर ने बताया कि इस कार्यक्रम में श्रद्धेय भागवत भास्कर श्रीकृष्ण चंद्र ठाकुरजी महाराज के शिष्य व्यास विग्रह गोविंद कृष्ण शास्त्री जी महाराज मथुरा श्री धाम, वृंदावन (उत्तर प्रदेश) से पहुंचकर शामिल हैं। पहले दिन उन्होंने श्रीमद् भागवत कथा का रसपान बोकारोवासियों को कराते हुए भागवत कथा के माहात्म्य को समझाया। कहा कि श्रीमद्भागवत मानव जीवन का सार है। विश्व शांति के लिए इसका हरेक अध्याय अपने-आप में मूल मंत्र है।
बता दें कि 16 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 3 से संध्या 7 तक भागवत कथा होगी। 17 मार्च को प्रातः 9 बजे पूर्णाहुति के साथ इसका समापन होगा। मौके महायज्ञ के यजमान ममता झा व मिहिर कुमार झा “राजू” यजमान सहयोगी सुधांशु शेखर झा व पं. चंचल झा के साथ-साथ कलश यात्रा में ट्रस्ट के अध्यक्ष केसी झा, संयुक्त महामंत्री गोविंद कुमार झा, पं. गोविंद झा, मिहिर मोहन ठाकुर, सोनू कुमार, अविनाश झा अवि, रविंद्र कुमार सहित सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे। इस दौरान आसपास का पूरा वातावरण महादेव, मां काली और श्री कृष्ण की जय-जयकार से गुंजरित होता रहा।
– Varnan Live Report.