राजकीय मध्य विद्यालय माराफारी के विद्यार्थियों में कैंडल और गिफ्ट बांट साझा की दिवाली की खुशियां
बोकारो ः राजकीय मध्य विद्यालय, माराफारी में शुक्रवार को दिवाली उत्सव के क्रम में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस क्रम में बच्चों ने मोमबत्ती जलाकर दीपोत्सव की खुशियां साझा की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित वरिष्ठ समाजसेवी कुमार अमरदीप ने दीपावली की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम चौदह वर्ष के वनवास के बाद अपनी पत्नी सीता व भाई लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे। श्रद्धालुओं ने भगवान के स्वागत को लेकर अयोध्या को दीपक व फूलों से सजाया था। दीपावली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व खुशी, उमंग व उत्साह लेकर आता है। लोगों को प्रेम व सद्भाव का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि लोग मिलजुल कर इस उत्सव को मनाते हैं। उन्होंने बच्चों को दिवाली पर पटाखा नहीं जलाने का भी संदेश दिया। प्राचार्य मनोज कुमार ने कहा कि यह पर्व लोगों के जीवन में उजियारा बिखेरता है। घर-घर में शिक्षा का दीप जले, इस दिशा में प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान समाजसेवी कुमार अमरदीप ने विद्यार्थियों को मोमबत्ती व उपहार प्रदान किए। मौके पर विपिन बिहारी प्रसाद, मंजू कुमारी, लक्ष्मण सिंह, सुनीता कुमारी, मधु रानी, दीपक कुमार महथा आदि मौजूद रहे।
– Varnan Live Report.
बहुत अच्छा