Commerce में 99.4% के साथ प्रिया, तो Science में 99.2% अंक लाकर आदित्य झारखंड में अव्वल
ऐतिहासिक प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल, प्राचार्य ने दी बधाई
संवाददाता
बोकारो। झारखंड की शैक्षणिक राजधानी मानी जानेवाली इस्पातनगरी बोकारो की गरिमा में एक बार फिर चार चांद लग गया। और, शहर की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को पुनः गौरवान्वित किया है दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो ने। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं बोर्ड की परीक्षा में इस विद्यालय ने न केवल जिले में, बल्कि राज्य स्तर पर अपने दमदार प्रदर्शन से दबदबा बनाने में कामयाबी पाई। सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इसी स्कूल से दो-दो स्टेट टॉपर उभरकर सामने आए। विज्ञान (साइंस) संकाय में जहां आदित्य मिश्रा 99.2 प्रतिशत अंक के साथ पूरे झारखंड में टॉप आए, वहीं वाणिज्य (कॉमर्स) संकाय में प्रिया पालबाबू 99.4 फीसदी अंक अर्जित कर स्टेट टॉपर बनीं। विद्यालय के इस रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन की कड़ी में ह्यूमैनिटीज (कला संकाय) के पहले बैच ने भी संतोषप्रद परिणाम दिया। आर्ट्स में रैना रदान्या सर्वाधिक 96.2 प्रतिशत अंक के साथ स्कूल टॉपर रही तथा जिले के टॉप 10 में अपनी जगह पक्की की।

परीक्षा में शामिल सभी 479 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण
इस वर्ष उक्त तीनों संकायों की परीक्षा में डीपीएस बोकारो से कुल 479 विद्यार्थी शामिल हुए थे और सभी के सभी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण रहे। 121 विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत व इससे अधिक अंक मिले, जिनमें 34 परीक्षार्थियों ने 95 फीसदी व इससे अधिक अंक अर्जित किए। 368 को 80 प्रतिशत व इससे ज्यादा अंक मिले। वहीं, 104 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

साइंस के टॉप 10 विद्यार्थी
घोषित परिणाम के अनुसार, विज्ञान संकाय के टॉप टेन में शामिल विद्यार्थियों में क्रमशः आदित्य मिश्रा (99.2 प्रतिशत), आयुष सुमन (99 प्रतिशत), अयेशा फलक सिद्दीकी (98.4 प्रतिशत), अमन राज अमन (97.8 प्रतिशत), इशिता दुबे (97.6 प्रतिशत), काव्या सिंह (97.2 प्रतिशत), ईधा सिंह (97 प्रतिशत), आदित्य राज (96.8 प्रतिशत), ईशान गौरव (96.6 प्रतिशत) तथा मयंक व सूर्यांश (दोनों को 96 प्रतिशत) शामिल रहे।
कॉमर्स के टॉप 5
इसी प्रकार वाणिज्य संकाय के सर्वश्रेष्ठ पांच विद्यार्थियों में क्रमशः प्रिया पालबाबू (99.4 प्रतिशत), श्रुति प्रिया (97 प्रतिशत), आर्यन अग्रवाल (96.2 प्रतिशत), भूमिका रत्नाकर (96 प्रतिशत) एवं वर्तिका जैन (95.2 प्रतिशत) के नाम शामिल हैं।
आर्ट्स के टॉप 5
कला संकाय के टॉप फाइव में रैना रदान्या (96.2 प्रतिशत), फैजा अथर (96 प्रतिशत), आस्था कुमारी, कुमुद भारती व रिया कुमारी (तीनों को 95.2 प्रतिशत), अक्षत कुमार (94.8 प्रतिशत) एवं आदित्य नारायण (94 प्रतिशत) ने अपनी जगह बनाई।
बोले प्राचार्य डॉ. गंगवार- रंग लाई विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों की मेहनत

अपने विद्यालय के छात्र-छात्राओं की इस उत्कृष्ट सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने विद्यार्थियों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यार्थियों के अभिभावक भी बड़ी तादाद में मौजूद थे। डॉ. गंगवार ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों का श्रेय विद्यालय परिवार द्वारा टीम वर्क के रूप में की गई मेहनत, विद्यार्थियों की लगन व उनके परिश्रम के साथ-साथ अभिभावकों की जागरुकता एवं सहयोग को दिया है।
Toppers Talk
मानवता की सेवा को डॉक्टर बनना चाहता है आदित्य, कोरोनाकाल बना जीवन का टर्निंग प्वाइंट

99.2 फीसदी अंक लाकर डीपीएस बोकारो के साइंस टॉपर आदित्य मिश्रा की दिली ख्वाहिश आगे चलकर एक सफल चिकित्सक बन मानवता-सेवा करने की है। सेल की रिफैक्ट्री यूनिट (एसआरयू) में मुख्य महाप्रबंधक (वित्त) प्रजेश चन्द्र मिश्रा एवं गृहिणी सस्मिता मिश्रा का होनहार पुत्र आदित्य शुरू से ही मेधावी छात्र रहा है। विषयवार अंग्रेजी में उसे 100, केमिस्ट्री में 100, बायोलॉजी में 96, फिजिक्स में 99, फिजिकल एजुकेशन में 97 और पेंटिंग में 100 अंक मिले हैं। वर्क एक्सपीरियंस, हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन और जनरल स्टडीज, तीनों में उसने ए1 ग्रेड हासिल किया। कुल मिलाकर 500 में से उसे 496 अंक मिले। एक सवाल के जवाब में आदित्य ने कहा कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए वह रोजाना लगभग छह घंटे पढ़ाई किया करता था। अपनी कामयाबी का श्रेय उसने अपने माता-पिता व परिजनों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। आदित्य को 10वीं में कुल 96.8 प्रतिशत अंक मिले थे। डीपीएस बोकारो में उसने शुरू से ही पढ़ाई की है और हमेशा ही अपनी मेधाविता का परिचय दिया है। वह एनएसईजेएस- 2022 में पूरे राज्य से अकेले सफल रहा था। इसके अलावा, विभिन्न ओलंपियाडों में शानदार प्रदर्शन के लिए बेस्ट ओलंपियाड विनर का पुरस्कार, साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा शैक्षणिक उत्कृष्टता छात्रवृत्ति, साइंस ओलंपियाड में ओलंपियाड रैंक 1, एसओएफ नेशनल साइंस ओलंपियाड में जोनल रैंक 1, क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड में देश में दूसरा स्थान आदि उसकी कामयाबियों की फेहरिस्त में शामिल हैं। हाल ही में उसने आईएपीटी की जीव-विज्ञान परीक्षा एनएसईबी में भी सफलता पाई थी। आदित्य को फुटबॉल और कबड्डी खेलना भी पसंद है। एक प्रश्न के जवाब में आदित्य ने बताया कि कोरोना काल उसके जीवन की पढ़ाई में टर्निंग प्वाइंट रहा, जहां से उसने अपनी पढ़ाई को एक नई दिशा दी। ऑनलाइन क्लास में उसकी पढ़ाई शिथिल हो गई थी, जिससे परिणाम प्रभावित होने लगे, जिससे उसने सीख लेते हुए कठिन परिश्रम शुरू किया और पढ़ाई में निरंतरता लाई। इसी का नतीजा रहा कि उसने आज साइंस टॉपर होने का गौरव पाया।
No Social Media… अच्छे रिजल्ट के लिए प्रिया ने फोन से अनइंस्टॉल कर दिए थे सारे सोशल मीडिया एप्स, सीए बनने की तमन्ना

कॉमर्स संकाय में 99.4 प्रतिशत अंक के साथ डीपीएस बोकारो में सर्वश्रेष्ठ परिणाम हासिल करने वाली छात्रा प्रिया पालबाबू ने बताया कि उसने एग्जाम के समय पूरी तन्मयता के साथ रोजाना लगभग चार घंटे पढ़ाई की। खास बात यह रही कि उसने परीक्षा में अच्छे रिजल्ट के लिए उस दरम्यान अपने फोन से तमाम सोशल मीडिया एप्स को अनइंस्टॉल कर दिए थे, ताकि पढ़ाई की एकाग्रता बनी रही। विषयवार प्रिया ने अकाउंटेंसी में 100, बिजनेस स्टडीज में 100, इकोनॉमिक्स में 99, पेंटिंग में 100, इंग्लिश कोर में 98 और अप्लाइड मैथमेटिक्स में 97 अंक प्राप्त किए। वर्क एक्सपीरियंस, हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन और जनरल स्टडीज, तीनों में उसने ए1 ग्रेड हासिल किया। प्रिया ने 500 में से 497 अंक हासिल किए। अपनी इस सफलता का श्रेय उसने विद्यालय के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया है। ओडिशा में व्यवसायी अजीत कुमार पालबाबू और गृहिणी लीला पालबाबू की सुपुत्री प्रिया की दिली ख्वाहिश आगे चलकर एक सफल चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) बनने की है। उसे फाइनेंस में रुचि रही है। 10वीं में उसे 96.8 प्रतिशत अंक मिले थे। वह अपने पिता को ही अपना आदर्श मानती है। पढ़ाई के अलावा पेंटिंग का भी उसे काफी शौक है और कराटे में राष्ट्रीय स्तर की वह खिलाड़ी भी रह चुकी है।
- Varnan Live Report.




Leave a Reply