विशेष परीक्षण, Cross Matching और एंटीजन टेस्ट के बाद हुई विशिष्ट रक्त समूह की आधिकारिक पुष्टि
संवाददाता
बोकारो: बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित बोकारो सामान्य अस्पताल के रक्त केंद्र में चिकित्सीय सजगता और सूक्ष्म जांच के दौरान दुनिया के सबसे विरल रक्त समूहों में शामिल बॉम्बे रक्त समूह की पहचान की गई है। अस्पताल के रक्त केंद्र में विशेष परीक्षण, क्रॉस मैचिंग और एंटीजन टेस्ट के बाद इस विशिष्ट रक्त समूह की आधिकारिक पुष्टि हुई। चिकित्सकों के अनुसार, बॉम्बे ब्लड ग्रुप (जिसे O-H या H-H ग्रुप भी कहा जाता है) विश्व के अत्यंत दुर्लभ रक्त प्रकारों में से एक है। वैश्विक स्तर पर यह प्रति चालीस लाख लोगों में से किसी एक में पाया जाता है, जबकि भारत में इसकी उपस्थिति औसतन प्रति दस हजार व्यक्तियों में से एक में होती है। इस अनोखे रक्त समूह की खोज पहली बार वर्ष 1952 में तत्कालीन बॉम्बे (अब मुंबई) में हुई थी, जिसके आधार पर इसका नामकरण किया गया।
खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R
अस्पताल के चिकित्सकों ने इस रक्त समूह की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अधिकांश लोग ए, बी, एबी और ओ ब्लड ग्रुप तथा उनके पॉजिटिव व नेगेटिव प्रकारों से ही परिचित होते हैं। बॉम्बे ब्लड ग्रुप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह सामान्य ओ ब्लड ग्रुप जैसा प्रतीत होने के बावजूद इसमें एच एंटीजन उपस्थित नहीं होता। इस कारण इस ग्रुप के मरीजों को केवल बॉम्बे ब्लड ग्रुप का ही खून चढ़ाया जा सकता है और उन्हें ओ पॉजिटिव या ओ नेगेटिव रक्त नहीं दिया जा सकता। यदि अनजाने में कोई अन्य रक्त चढ़ा दिया जाए तो शरीर में अत्यंत गंभीर और जानलेवा रक्ताधान प्रतिक्रिया (हेमोलिटिक ट्रांसफ्यूजन रिएक्शन) हो सकती है।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
अस्पताल के प्रमुख, लैब सर्विसेज व ब्लड सेंटर प्रभारी, प्रभारी उप मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) तथा उनकी संपूर्ण चिकित्सा टीम के कुशल मार्गदर्शन में इस दुर्लभ रक्तदाता की पूरी जानकारी रिकॉर्ड में सुरक्षित कर ली गई है। इसका मुख्य उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीज की जान बचाने के लिए रक्तदाता से तत्काल संपर्क साधना है।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद, अस्पताल प्रबंधन अब संबंधित परिवार के अन्य सदस्यों की भी व्यापक पारिवारिक जांच (फैमिली स्क्रीनिंग) कर रहा है, क्योंकि यह एक आनुवंशिक लक्षण है। इस विरल रक्त समूह की सटीक पहचान बोकारो सामान्य अस्पताल की अत्याधुनिक नैदानिक क्षमताओं, उच्च विशेषज्ञता और उत्कृष्ट चिकित्सा मानकों को दर्शाती है।
- Varnan Live Report.




Leave a Reply