बोकारो परिसदन में बोकारो प्रेस क्लब की शोकसभा आयोजित

संवाददाता
बोकारो :
बोकारो प्रेस क्लब की ओर से बोकारो परिसदन (सर्किट हाउस) में बुधवार को प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) जिला संवाददाता अरविन्द शर्मा के असामयिक निधन पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व. शर्मा के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश हुए उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
इधर, बोकारो जिले के उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्वीटर) पर अपने एक पोस्ट के साथ स्व. शर्मा को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके निधन को बोकारो जिले की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति बताया। श्रद्धांजलि सभा में न केवल शहर के कई वरिष्ठ पत्रकारगण, बल्कि जिला प्रशासन और बोकारो इस्पात प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। सभी ने स्व. शर्मा के मिलनसार व मृदु स्वभाव की चर्चा करते हुए उनके आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। सभी ने बारी-बारी से स्व. शर्मा के चित्र पर पुष्पार्चन कर अपनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।

कलमकारों के लिए अनुकरणीय उदाहरण छोड़ गए स्व. शर्मा : DPRO रवि कुमार

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) रवि कुमार ने स्व. शर्मा के कृतित्व और व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण और समर्पित जीवन हर कलमकार के लिए अनुकरणीय है। वहीं, बोकारो स्टील प्लांट के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. शर्मा एक निष्पक्ष, ईमानदार और समर्पित पत्रकार थे। उनकी कार्य के प्रति अटूट निष्ठा, पेशेवर प्रतिबद्धता और मृदुभाषी स्वभाव हमेशा स्मरणीय रहेगा। इसके अलावा बीएसएल जनसंपर्क विभाग के वरीय प्रबंधक अभिनव शंकर एवं रवि कुमार सिन्हा ने भी अपने विचार रखते हुए उनके आकस्मिक जाने को व्यक्तिगत क्षति बताया।

खोजी पत्रकारिता और जुझारूपन को किया याद

शोकसभा में वक्ताओं ने स्व. शर्मा की खोजी पत्रकारिता में गहरी अभिरुचि, उनके मिलनसार स्वभाव और जुझारूपन की स्मृतियों को साझा किया। कार्यक्रम में बोकारो प्रेस क्लब के शशांक शेखर, विजय कुमार झा, जय सिन्हा, अक्षय कुमार, आशीष सिन्हा, रजत नाथ, शशिकांत शर्मा, अखिलेश कुमार सिंह, विनय कुमार तिवारी और पंकज सिंह सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों ने भावपूर्ण विचार व्यक्त किए।

ये रहे मौजूद

इस दौरान त्रिलोकी सिंह, मनीष सिंह, हेमंत कुमार, पीयूष राय, इश्तियाक अहमद, विजय पांडेय, धर्मेन्द्र पांडेय, सुजीत कुमार, सुदीप सिन्हा, मंगलाकान्त तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आशुतोष, मो. सलाम, दीपक सहित भारी संख्या में पत्रकार बंधु, शहर के गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में दिवंगत पत्रकार के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और ईश्वर से प्रार्थना की कि इस कठिन घड़ी में परिवार को संबल प्राप्त हो। उल्लेखनीय है कि बोकारो प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्यों में से एक स्व. शर्मा का आकस्मिक निधन पिछले दिनों इलाज के दौरान चंद्रपुरा स्थित एक अस्पताल में हो गया था। वे हृदयरोग से पीड़ित थे और फेफड़े में पानी जमा हो जाने के कारण उनकी तबीयत खराब हो गई थी।

  • Varnan Live Report.

Leave a Reply

Trending