Investiture Ceremony में नए छात्र परिषद ने संभाली कमान, गूंजा नेतृत्व का संकल्प
संवाददाता
बोकारो: विद्यार्थियों में सशक्त नेतृत्व कौशल, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के पावन उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), बोकारो में नवगठित छात्र परिषद का भव्य ‘बैज अलंकरण समारोह’ (Investiture Ceremony) गुरुवार को अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवमयी कार्यक्रम में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए नए छात्र प्रतिनिधियों ने पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने-अपने पदों की शपथ ली।

खबरों से Quick Update बनें रहने के लिए Mithila Varnan के Whatsapp Channel से जुड़े- https://whatsapp.com/channel/0029VbAYGcqGZNClorjVZh2R
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो जोन) के पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेंद्र कुमार सिन्हा (भापुसे) ने अनुशासित ढंग से मंच तक मार्चपास्ट कर पहुंचे छात्र परिषद के सदस्यों को सैश पहनाकर और बैज से अलंकृत कर उन्हें उनके दायित्व सौंपे। नव-चयनित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि छात्र परिषद की जवाबदेही का यह बैज केवल एक पद नहीं, बल्कि कर्तव्य और उत्तरदायित्व का अहसास है, जो जीवन के हर मोड़ पर काम आएगा। विद्यार्थी-जीवन के अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को समय और परिस्थितियों के अनुकूल त्वरित निर्णय लेने, जनसेवा को ध्येय बनाने और खेलों से जुड़े रहने का आह्वान किया और कहा कि जब आप औरों से अलग हटकर मेहनत करेंगे, तभी आप समाज में अपनी एक विशिष्ट पहचान बना पाएंगे।
‘DPS बोकारो की पूरे हिन्दुस्तान में अलग पहचान’
उन्होंने कहा कि डीपीएस बोकारो की पूरे हिन्दुस्तान में अपने-आप में विशिष्ट पहचान है। विद्यार्थी यहां के अवसरों का लाभ लें और एक सफल व अच्छा इंसान बनें। आज के वैश्विक परिवेश में करियर का दायरा असीमित है। जिस क्षेत्र में रुचि हो, उसमें अपना लक्ष्य तय करें।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan के #Facebook पेज facebook.com/mithilavarnan से जुड़ें
बेहतर कल के लिए जिम्मेदारी का उत्सव : प्राचार्य डॉ. गंगवार

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि अलंकरण समारोह बेहतर कल के लिए नेतृत्व और जिम्मेदारी का उत्सव है। डीपीएस बोकारो अपने विद्यार्थियों में नेतृत्वकर्ता के गुण गढ़ते हुए समृद्ध राष्ट्र-निर्माण की दिशा में सतत अग्रसर है। उन्होंने नव-चयनित छात्र प्रतिनिधियों को टीम वर्क, विनम्रता, सत्यनिष्ठा और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
स्केटिंग स्टंट, ‘एकला चलो’ नृत्य और सुरों के संगम ने मोहा

समारोह की शुरुआत बेहद रोमांचक अंदाज में हुई, जहाँ स्कूल के बाल स्केटरों की टोली ने स्केटिंग के हैरतअंगेज स्टंट करते हुए मुख्य अतिथि और प्राचार्य का पौधा भेंटकर अनूठा स्वागत किया। इसके उपरांत ‘स्वागत की बेला में…’ और विद्यालय गीत ‘आया है नया सवेरा….’ की सुरीली गूंज ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। वहीं, छात्राओं ने जीवन की चुनौतियों पर विजय पाकर ‘एकला चलो रे…’ यानी अकेले आगे बढ़ते रहने का भावपूर्ण संदेश देते हुए एक शानदार नृत्य प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

ईशान-सफल बने हेड बॉय, अनुष्का-स्वर्णिम हेड गर्ल
नवगठित छात्र परिषद में ईशान अश्विन एवं सफल ने हेड बॉय तथा अनुष्का आर्या एवं स्वर्णिम ने हेड गर्ल के रूप में कमान संभाली। सुवर्ण अग्रवाल को वॉइस हेड बॉय तथा आर्या झा व अन्वेषा शर्मा को संयुक्त रूप से वॉइस हेड गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई। साहित्यिक सचिव पद पर श्रुति शांडिल्य व वर्षा सिंह तथा उप सचिव पद पर आराध्या साहा व नायशा सिंह नागी चुनी गईं।

सांस्कृतिक सचिव के रूप में वर्तिका दुबे तथा उप सचिव के रूप में कृतिका तमांग ने शपथ ली। खेल सचिव के रूप में मृदुल अमन व त्रिनयोना तथा उप खेल सचिव के रूप में सैशा लाला ने कमान संभाली। अनुशासन सचिव पद पर नेहाल शर्मा व आस्था कुमारी तथा उप सचिव पद पर प्रीतम सागर ने जिम्मेदारी ली। साइबर सेक्रेटरी सुकृति सिया तथा डिप्टी साइबर सेक्रेटरी नयन कुमार व शिवम जायसवाल बनाए गए। इनके अलावा विद्यालय के छह सदनों— गंगा, जमुना, रावी, चेनाब, सतलज और झेलम —के नवनिर्वाचित कैप्टन, वाइस कैप्टन और प्रिफेक्ट्स ने भी अपने-अपने सदन के झंडे तले निष्ठा की शपथ ली।
खबरों से अपडेट बनें रहने के लिए Mithila Varnan को #X (Twitter) पर भी Follow करें- twitter.com/mithilavarnan
राष्ट्रगान से हुआ समापन
समारोह के अंत में प्राचार्य डॉ. गंगवार ने मुख्य अतिथि आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। मंच का कुशल संचालन छात्रा अवनी अनन्या पांडेय, आराध्या सिल्की और छात्र रुद्र कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नवचयनित हेड गर्ल अनुष्का आर्या द्वारा प्रस्तुत किया गया। सामूहिक राष्ट्रगान की गूंज के साथ इस भव्य अलंकरण समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
- Varnan Live Report.




Leave a Reply